Thursday, September 6, 2012

दिसंबर के बाद पता चलेगा देश में कितना काला धन

नई दिल्ली देश में कितना काला धन है इसकी जानकारी अब इस साल के अंत तक तक ही मिल पाएगी। देश में काले धन का आकलन कर रही तीनों संस्थाएं इस साल दिसंबर में ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेंगे। इन संस्थाओं को वैसे इसी महीने रिपोर्ट देनी थी। इस साल मार्च में सरकार ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक फाइनेंस एंड पॉलिसी (एनआइपीएफपी), नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट (एनआइएफएम) और नेशनल काउंसिल फॉर अप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) को देश में काले धन की राशि का पता लगाने का जिम्मा सौंपा था। इन संस्थाओं को काले धन के आकलन के साथ-साथ इससे निपटने के उपाय सुझाने को भी कहा गया था। संस्थाओं को अपनी रिपोर्ट सितंबर, 2012 तक सौंपने को कहा गया था। राज्यसभा में दिए एक लिखित उत्तर में वित्त राज्य मंत्री एसएस पलानिमणिक्कम ने बताया है कि तीनों संस्थाओं का अध्ययन अब दिसंबर, 2012 तक पूरा होने की उम्मीद है। उसके बाद ही ये सरकार को अपनी रिपोर्ट देने में सक्षम होंगी। तीनों को उन क्षेत्रों की पहचान करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, जहां काले धन के सृजन की सबसे ज्यादा संभावना रहती है। एनआइपीएफपी ने ही पहली बार 1985 में एक अध्ययन कर देश में मौजूद काले धन का अनुमान लगाया था। उस वक्त देश में करीब 14,000 करोड़ रुपये का काला धन होने की बात कही गई थी। इसके अतिरिक्त सरकार काले धन के सृजन को रोकने के लिए केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) प्रमुख की अध्यक्षता में एक समिति भी बना चुकी है। अपनी रिपोर्ट में समिति ने दावा किया था कि उसकी सिफारिशों को समयबद्ध तरीके से लागू किया गया तो देश में काले धन की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। मौजूदा कानून के तहत ही कुछ ऐसे नियम हैं, जिसका फायदा उठा कर देश-विदेश में अर्जित आय की घोषणा की जा सकती है। समिति ने रीयल एस्टेट में काले धन की निगरानी पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की बात कही है। यही वजह है कि हर तरह की संपत्तियों की खरीद- फरोख्त से पहले आयकर विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेने का प्रावधान करने को कहा गया है। पहले इस तरह का एक नियम था, जिसके तहत 30 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्तियों की बिक्री से पहले एनओसी की जरूरत होती थी।

दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण, पेज 10 , 07-09-2012 Hkz”Vkpkj

जल्द नहीं बुझेगी कोयले की आग

नई दिल्ली कोयला आवंटन में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष जुड़ता और बिखरता भले ही रहा हो, मानसून सत्र की समाप्ति होते-होते सरकार चौतरफा घिर गई। शुक्रवार को जहां एकजुट राजग कोयला आवंटन पर सरकार की जिद के खिलाफ धरना देगा, वहीं अब तक चुप्पी साधे बैठी बसपा ने सरकार को आगाह कर ही दिया है कि उसे जरूरी कदम उठाने चाहिए। ऐसे में तय माना जा रहा है कि कोयले की आग जल्द बुझने वाली नहीं है। सत्र की समाप्ति के बाद भी सरकार को बहुत राहत नहीं मिलेगी। पिछले लगभग एक पखवाड़े से बाधित मानसून सत्र शुक्रवार को खत्म हो जाएगा। भाजपा और वामदलों ने सड़क पर उतरने की रणनीति तय कर ली है। भाजपा अगले कुछ दिनों में इसे अंतिम रूप देगी। कोशिश यह होगी कि कोयला आवंटन के खिलाफ लंबा आंदोलन चले। उससे पहले शुक्रवार को संसद परिसर में धरना के जरिये यह संकेत दे दिया जाएगा कि राजग एकजुट है। भाजपा फिलहाल इससे उत्साहित है कि बुधवार को जहां सरकार को बाहर से समर्थन दे रही सपा ने कोयले की याद दिलाई थी, वहीं गुरुवार को बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस मुद्दे पर थोड़ा सख्त शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा, कोयला घोटाला भी महत्वपूर्ण है। लिहाजा इस मामले में बीच का रास्ता निकाला जाना चाहिए। इस बीच गुरुवार को भी कोयले पर भाजपा और कांग्रेस की तकरार जारी रही। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच करवाए तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। सरकारी दस्तावेज ही बताते हैं कि नीलामी के जरिये कोयला ब्लाक आवंटन का विरोध खुद पीएमओ ने किया था। उसके बाद जिस तरह बंदरबाट हुई उससे स्पष्ट है कि लेन-देन हुआ है। भाजपा सांसद अजय संचेती को छत्तीसगढ़ में मिले कोयला ब्लाक में किसी अनियमितता को नकारते हुए उन्होंने कहा कि वहां तो राज्य सरकार का बड़ा हिस्सा है, लेकिन केंद्र सरकार ने निजी कंपनियों को मुफ्त में खदानें लुटा दीं। दो दिन पहले ही कंपनियों को मिल गई थी छापों की सूचना : केजरीवाल नई दिल्ली : हाल ही में कोयला ब्लॉक आवंटन से जुड़ी कंपनियों के ठिकानों पर सीबीआइ छापों को अरविंद केजरीवाल ने महज दिखावा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों को दो दिन पहले ही छापों की जानकारी दे दी गई थी। हालांकि कांग्रेस ने केजरीवाल के आरोपों को सिरे से खारिज दिया है। केजरीवाल ने सोशल साइट पर ट्वीट किया, उन्हें इनमें से एक कंपनी के अधिकारी का ई मेल मिला है जिसमें उसने कहा है कि कंपनी को इन छापों के बारे में दो दिन पहले ही बता दिया गया था ताकि पहले ही इससे संबंधित सुबूतों को ठिकाने लगाया जा सके। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने केजरीवाल के इस बयान को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए खारिज कर दिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोयला घोटाले के संबंध में पांच कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और इनके कई अधिकारियों के खिलाफ धोखेबाजी और षड्यंत्र रचने जैसे केस लगाए हैं।


एसटीएफ की पहुंच से दूर लैकफेड के अभियुक्त

लखनऊ लैकफेड में करीब तीन अरब के घोटाले में मुख्य आरोपी माने जा रहे पूर्व चेयरमैन सुशील कटियार और उसके पीआरओ प्रवीण सिंह जांच एजेंसी कोआपरेटिव सेल (एसआइबी) के हाथ नहीं आये। अब दोनों एसटीएफ को भी चमका दे रहे हैं। एसआइबी ने इनकी अकूत सम्पत्तियों की छानबीन और पड़ताल शुरू कर दी है। एसआइबी पूर्व मुख्य अभियंता गोविंद शरण श्रीवास्तव को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। एसआइबी ने सीमित संसाधनों का हवाला देकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की मदद मांगी थी। इसके बाद भी कोई कारगर नतीजा नहीं निकला। सूत्रों के अनुसार अभिसूचना संकलन में इन अभियुक्तों के दिल्ली, लखनऊ व कानपुर में होने का पता चला है। पिछले दिनों जिस समय एसआइबी कानपुर में इनकी तलाश में राज कुशवाहा के घर गयी थी, उसी सुबह कटियार तो कुशवाहा के घर गया था। एसआइबी के पहंुचने से पहले ही वह फरार हो गया। एक पूर्व एमडी ने आत्मसमर्पण के लिए अदालत में अर्जी डालने के बाद जांच एजेंसी को खूब छकाया। पूर्व मुख्य अभियंता जीएस श्रीवास्तव व लेखाकार एके अग्रवाल ने अदालती आड़ में पखवारे भर तक खूब आंख मिचौली की है। गुरुवार को जीएस श्रीवास्तव की जमानत खारिज हो गयी। लेकिन अभी तक बाकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने के संदर्भ में एसआइबी के महानिदेशक सुब्रत त्रिपाठी का कहना है कि एसआइबी का गिरफ्तारी से ज्यादा जोर अभियुक्तों की प्रापर्टी की छानबीन और गहराई तक मामले की विवेचना करना है। अभियुक्त भी पकड़े जायेंगे।