Thursday, September 6, 2012

जल्द नहीं बुझेगी कोयले की आग

नई दिल्ली कोयला आवंटन में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष जुड़ता और बिखरता भले ही रहा हो, मानसून सत्र की समाप्ति होते-होते सरकार चौतरफा घिर गई। शुक्रवार को जहां एकजुट राजग कोयला आवंटन पर सरकार की जिद के खिलाफ धरना देगा, वहीं अब तक चुप्पी साधे बैठी बसपा ने सरकार को आगाह कर ही दिया है कि उसे जरूरी कदम उठाने चाहिए। ऐसे में तय माना जा रहा है कि कोयले की आग जल्द बुझने वाली नहीं है। सत्र की समाप्ति के बाद भी सरकार को बहुत राहत नहीं मिलेगी। पिछले लगभग एक पखवाड़े से बाधित मानसून सत्र शुक्रवार को खत्म हो जाएगा। भाजपा और वामदलों ने सड़क पर उतरने की रणनीति तय कर ली है। भाजपा अगले कुछ दिनों में इसे अंतिम रूप देगी। कोशिश यह होगी कि कोयला आवंटन के खिलाफ लंबा आंदोलन चले। उससे पहले शुक्रवार को संसद परिसर में धरना के जरिये यह संकेत दे दिया जाएगा कि राजग एकजुट है। भाजपा फिलहाल इससे उत्साहित है कि बुधवार को जहां सरकार को बाहर से समर्थन दे रही सपा ने कोयले की याद दिलाई थी, वहीं गुरुवार को बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस मुद्दे पर थोड़ा सख्त शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा, कोयला घोटाला भी महत्वपूर्ण है। लिहाजा इस मामले में बीच का रास्ता निकाला जाना चाहिए। इस बीच गुरुवार को भी कोयले पर भाजपा और कांग्रेस की तकरार जारी रही। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच करवाए तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। सरकारी दस्तावेज ही बताते हैं कि नीलामी के जरिये कोयला ब्लाक आवंटन का विरोध खुद पीएमओ ने किया था। उसके बाद जिस तरह बंदरबाट हुई उससे स्पष्ट है कि लेन-देन हुआ है। भाजपा सांसद अजय संचेती को छत्तीसगढ़ में मिले कोयला ब्लाक में किसी अनियमितता को नकारते हुए उन्होंने कहा कि वहां तो राज्य सरकार का बड़ा हिस्सा है, लेकिन केंद्र सरकार ने निजी कंपनियों को मुफ्त में खदानें लुटा दीं। दो दिन पहले ही कंपनियों को मिल गई थी छापों की सूचना : केजरीवाल नई दिल्ली : हाल ही में कोयला ब्लॉक आवंटन से जुड़ी कंपनियों के ठिकानों पर सीबीआइ छापों को अरविंद केजरीवाल ने महज दिखावा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों को दो दिन पहले ही छापों की जानकारी दे दी गई थी। हालांकि कांग्रेस ने केजरीवाल के आरोपों को सिरे से खारिज दिया है। केजरीवाल ने सोशल साइट पर ट्वीट किया, उन्हें इनमें से एक कंपनी के अधिकारी का ई मेल मिला है जिसमें उसने कहा है कि कंपनी को इन छापों के बारे में दो दिन पहले ही बता दिया गया था ताकि पहले ही इससे संबंधित सुबूतों को ठिकाने लगाया जा सके। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने केजरीवाल के इस बयान को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए खारिज कर दिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोयला घोटाले के संबंध में पांच कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और इनके कई अधिकारियों के खिलाफ धोखेबाजी और षड्यंत्र रचने जैसे केस लगाए हैं।


No comments:

Post a Comment