कांग्रेस को राख कर देगा कोयला
ठ्ठ जागरण संवाददाता, कठुआ कांगे्रस का अंत अब निकट है। महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान देश की जनता इस सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। कोयले की आग कांग्रेस सरकार को राख कर देगी। यह दावा बुधवार को भाजपा सांसद व युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने किया। कठुआ में पार्टी रैली को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि प्राइवेट कंपनी बन चुकी कांगे्रस के सभी मंत्री देश का खजाना लूटने में लगे हैं। इतनी मुन्नी भी बदनाम नहीं हुई जितना कोयले घोटाले में देश का मुन्ना प्रधानमंत्री बदनाम हुआ है। कोयला घोटाले के दाग धुलने वाले नहीं हैं, क्योंकि यह घोटाला अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है। इसमें सभी ने मोटा माल खाया है। सोनिया गांधी का आए दिन विदेश जाना लूट की रकम वहां जमा कराने का मकसद है। राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए अनुराग ने कहा कि संसद में मात्र 14 प्रतिशत उनकी हाजिरी होती है। हमें संसद नहीं चलने देने पर 50 करोड़ का घाटा करने की बातें की जा रही हैं, जबकि कोयला घोटाला एक लाख 86 हजार करोड़ का है। उमर सरकार पर प्रहार करते हुए ठाकुर ने कहा कि सिर्फ ट्वीट करने से सत्ता नहीं चलती। इसके लिए जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं हल करनी पड़ती हैं। यहां लाखों देशभक्त रोजगार के लिए परेशान हैं, जबकि पाकिस्तान से आतंकियों को बुलाकर दो-दो लाख और नौकरियां देकर पुनर्वास किया जा रहा है। यहां के एसपीओ को मात्र तीन हजार भी समय पर नहीं दिया जाता है। वार्ताकारों की रिपोर्ट को खारिज करते हुए ठाकुर ने कहा कि उसमें सिर्फ अलगाववादियों को प्राथमिकता दी गई है। यह रिपोर्ट जम्मू-कश्मीर के हितों के खिलाफ है। जब तक भाजपा है, जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग रहेगा। यहां बड़ी मुश्किल से सेना के प्रयासों से शांति लौटी है, इसलिए सुरक्षाबलों का मनोबल गिराने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। इसके लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दिया है।उन्होंने कहा कि पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान अगर सरकार ने सभी सुविधाएं देने के प्रयास नहीं किए तो उनकी पार्टी आंदोलन के लिए तैयार है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार पर भी घोटाले का आरोप लगाए। उन्होंने कश्मीर में डल झील साफ करने और क्रिकेट एसोसिएशन के घोटालों का भी जिक्र किया। राज्य में धारा 370 खत्म करने की भी मांग की। ठाकुर ने कहा कि वह यहां कांगे्रस को भगाने के लिए भाजपा द्वारा छेड़े गए अभियान में युवाओं को बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करने आए हैं।

No comments:
Post a Comment