Friday, September 21, 2012

जेपीसी से हटने को तैयार भाजपा




ठ्ठ जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) रिपोर्ट देने से पहले ही बिखर गई है। प्रमुख विपक्षी दल भाजपा इससे अलग होने के मूड में दिख रही है। समिति के अध्यक्ष पीसी चाको के व्यवहार और मंशा पर सवाल उठाते हुए बुधवार को फिर से भाजपा सदस्यों ने बैठक से वाकआउट कर स्पष्ट संकेत दे दिया है कि जल्द ही पार्टी के सभी छह सदस्य समिति से इस्तीफा देंगे, फिर जेपीसी की लड़ाई भी सड़क पर होगी। जाहिर है कि मुख्य विपक्ष की गैर हाजिरी में 2जी की जांच और रिपोर्ट बेमानी होगी। करीब एक महीने बाद बुधवार को हुई जेपीसी की बैठक में फिर से टकराव की स्थिति बन गई। बैठक वहीं से शुरू हुई जहां 22 अगस्त को खत्म हुई थी। बतौर गवाह आरबीआइ गवर्नर डी. सुब्बाराव बुलाए गए थे। हालांकि उससे पहले भाजपा सदस्य रविशंकर प्रसाद ने अध्यक्ष चाको से पूछना चाहा कि प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और वित्तमंत्री पी चिदंबरम को बतौर गवाह बुलाए जाने पर फैसला हुआ है या नहीं, लेकिन उन्हें बोलने की इजाजत ही नहीं दी गई। उसके बाद लोकसभा में पार्टी के उपनेता गोपीनाथ मुंडे, पार्टी महासचिव व राज्यसभा सदस्य धर्मेद्र प्रधान और खुद यशवंत सिन्हा ने इस पर आपत्ति जताई। यशवंत ने चाको से सीधा कहा कि वह सदस्यों को बोलने से नहीं रोक सकते हैं। चाको के व्यवहार से उत्तेजित सदस्यों ने बैठक से वाकआउट किया। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने चाको के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह समिति के अध्यक्ष की बजाय पार्टी प्रवक्ता की तरह काम कर रहे हैं। कांग्रेस आलाकमान के इशारे पर समिति के कामकाज को इस मोड़ तक लाने की आशंका जताते हुए उन्होंने कहा, ऐसा नहीं है तो जेपीसी अध्यक्ष को कांग्रेस ने बीच में ही पार्टी प्रवक्ता क्यों बना दिया। हालांकि चाको ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया कि भाजपा सदस्य राजनीति के तहत काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समिति का कामकाज बहुमत के आधार पर होगा। गवाह बुलाने का फैसला भी बहुमत की इच्छा को देखकर ही लेंगे। जो भी हो, आशंका गहरा गई है कि जल्द ही भाजपा सदस्य जेपीसी से इस्तीफा दे सकते हैं। यशवंत ने कहा कि भारत बंद के बाद जेपीसी में भाजपा के सदस्य पार्टी नेतृत्व से इस पर विचार कर आगे की रणनीति तय करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ दिया कि जो स्थिति है उसमें समिति में बने रहने का औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि समिति में नहीं तो पार्टी जनता के सामने 2जी पर सरकार की कलई खोलेगी।

दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण पेज -1,19-9-2012 Hkz”Vkpkj

No comments:

Post a Comment