ठ्ठनीलू रंजन, नई दिल्ली पूर्व संचार मंत्री दयानिधि मारन के भाई कलानिधि मारन से पूछताछ के साथ ही एयरसेल-मैक्सिस डील घोटाले में सीबीआइ की जांच पूरी हो गई है। अब सिर्फ मलेशिया भेजे गए अनुरोध पत्र (लेटर रोगेटरी-एलआर) के जवाब का इंतजार है। एलआर का जवाब आने के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। सीबीआइ के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, जुलाई में दयानिधि मारन और अगस्त में उनके भाई और सन टीवी के मालिक कलानिधि मारन से पूछताछ की गई। वैसे तो दोनों भाई घोटाले में अपनी संलिप्तता से इन्कार कर रहे हैं, लेकिन जांच एजेंसी के पास उनके खिलाफ ठोस सबूत हैं। एयरसेल-मैक्सिस डील घोटाले की जांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, जांच पूरी हो चुकी है। भारत में मौजूद सभी आरोपियों व गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। मलेशिया भेजे गए एलआर का जवाब मिलते ही आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। सीबीआइ ने मलेशिया से एयरसेल खरीद से जुड़ी मैक्सिस कंपनी की बोर्ड मीटिंग के साथ-साथ इस संबंध में मलेशियाई स्टॉक एक्सचेंज को भेजी गई रिपोर्ट भी मांगी गई है। मैक्सिस के मालिक टी आनंद कृष्णन से पूछताछ के लिए सवालों की सूची भी भेजी गई है। मलेशिया के एटॉर्नी जनरल को इन दस्तावेजों के साथ-साथ आनंद कृष्णन से सवालों का जवाब भी भेजने को कहा गया है। गौरतलब है कि संचार मंत्री रहते हुए दयानिधि मारन पर एयरसेल बेचने के लिए एस. शिवशंकरन पर अनुचित दबाव बनाने का आरोप है। एयरसेल के बेचे जाने के बाद मैक्सिस ने मारन परिवार की कंपनी सन टीवी में करीब 600 करोड़ का निवेश किया। सीबीआइ का मानना है कि यह निवेश एयरसेल-मैक्सिस डील के लिए रिश्वत के रूप में किया गया था। 2जी घोटाले में जेपीसी के समक्ष पेश होंगे सुब्बाराव रिजर्व बैंक के गर्वनर डी सुब्बाराव 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में 18 सितंबर को संयुक्त संसदीय समिति के समक्ष बतौर गवाह पेश होंगे। 2जी लाइसेंस आवंटन के समय (अप्रैल 2007-सितंबर 2008) सुब्बाराव वित्त सचिव थे। इससे पहले सुब्बाराव को 14 सितंबर को तलब किया गया था, जिसे चार दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया।

No comments:
Post a Comment