Friday, September 28, 2012

घाटी में मुठभेड़, दो आतंकी ढेर, जवान शहीद




ब्यूरो, श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने दो पाक प्रशिक्षित आतंकियों को मार गिराया। सुबह से जारी इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया और एक सैन्य अधिकारी समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। शहीद जवान की पहचान संदीप कुमार निवासी भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। मुठभेड़ शाम तक जारी थी। चार से छह आतंकियों के सैन्यकर्मियों की घेरेबंदी में फंसे होने की संभावना है। सुरक्षाकर्मियों की अतिरिक्त टुकडि़यां मुठभेड़-स्थल पर पहुंच गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकी व सुरक्षाबलों की घेरेबंदी में फंसे उनके अन्य साथी हाल ही में घुसपैठ कर कश्मीर पहुंचे थे। सेना या पुलिस के किसी अधिकारी ने फिलहाल कुछ भी कहने से इन्कार किया है। सोमवार रात सात से आठ आतंकियों का एक दल अरिहाल गांव में आया था। सुरक्षाबलों को इसकी भनक लग गई। 30-आरआर व पुलिस के जवानों ने मंगलवार सुबह-सुबह गांव में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जवान जैसे ही आतंकियों के ठिकाने की तरफ बढ़े, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और राइफल ग्रेनेड भी दागे। गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया। जवानों ने जवाबी फायर करते हुए एक आतंकी को मार गिराया। संबंधित सूत्रों ने बताया कि नौ बजे के करीब आतंकियों की तरफ से कुछ देर के लिए फायरिंग बंद हुई थी। उनकी तरफ से हरकत न होते देख सुरक्षाबलों ने आगे बढ़कर मुठभेड़-स्थल की तलाशी लेने का प्रयास किया। जवानों को खुली जगह में देख, मकान में छिपे आतंकियों ने दोबारा गोलीबारी शुरू कर दी। जवान खुद को बचाते हुए जब तक जवाबी कार्रवाई करते, कुछ आतंकी मकान से सटी मस्जिद की आड़ लेते हुए निकटवर्ती खेतों में जा पहुंचे। उन्हें वहां सुरक्षाबलों ने घेर लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक और आतंकी मारा गया, जबकि एक अधिकारी व एक जवान घायल हो गए। मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान नहीं हो पाई है। मुठभेड़-स्थल पर मौजूद एक अधिकारी के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकियों से मिले हथियार, मैट्रिक्स शीट, सेटेलाइट फोन की बरामदगी से साबित होता है कि वे हाल ही में सीमा पार से घुसपैठ कर, कश्मीर में दाखिल हुए हैं।
दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण, पेज 5 , 26-09-2012 vkradokn

No comments:

Post a Comment