Thursday, September 6, 2012

कोयला घोटाले में पूछताछ के लिए लिस्ट बना रही सीबीआइ


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली : कोयला घोटाले में देशव्यापी छापे के बाद सीबीआइ आरोपी कंपनियों और उनके निदेशकों से पूछताछ की तैयारी में जुटी है। इस सिलसिले में जल्द ही सभी आरोपियों को जांच एजेंसी का नोटिस भेजा जाएगा। छापे के दौरान आरोपियों से मुख्यत: दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की जाएगी। छापे के अगले दिन जब्त दस्तावेजों को खंगालने में जुटे सीबीआइ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगले दो हफ्ते के भीतर आरोपियों से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उनके अनुसार घोटाले से जुड़े अधिकांश दस्तावेज कोयला मंत्रालय से पहले ही मिल चुके हैं। इन दस्तावेजों को मिलाकर आरोपियों से पूछे जाने वाले सवालों की सूची बनाई जाएगी। सवालों की सूची बनाने में एक हफ्ते का समय लग सकता है। मंगलवार को कोयला घोटाले के आरोप में छह कंपनियों और उससे जुड़े 19 निदेशकों के ठिकानों पर सीबीआइ ने छापा मारा था। लेकिन सीबीआइ ने साफ कर दिया है कि घोटाले से जुड़ी अन्य कंपनियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच अभी चल रही है और लगभग 10 कंपनियों के खिलाफ नई एफआइआर दर्ज की जा सकती है।

No comments:

Post a Comment