Monday, September 17, 2012

छह ब्लॉक पर फैसला आज


नई दिल्ली, प्रेट्र : कोल ब्लाक आवंटन घोटाले की जांच कर रहा अंतर मंत्रालयी समूह (आइएमजी) निजी कंपनियों को आवंटित छह कोल ब्लाकों के भविष्य पर सोमवार को फैसला करेगा। आइएमजी इससे पहले सात कोल ब्लाकों के लाइसेंस रद करने की सिफारिश कर चुका है। कोयला मंत्रालय के एक अधिकारी ने रविवार को यहां बताया कि आइएमजी सोमवार को होने वाली बैठक में छह कोल ब्लाक के भविष्य पर फैसला करेगा। अधिकारी ने हालांकि इन कोल ब्लाकों के नाम बताने से इन्कार कर दिया। पिछले सप्ताह हुई बैठक में आइएमजी ने हिमाचल ईएमटीए पावर, जेएसडब्ल्यू स्टील, एसकेएस इस्पात एंड पावर और भूषण स्टील समेत सात निजी कंपनियों को आवंटित कोल ब्लाक रद करने की सिफारिश की थी। आइएमजी ने गुप्ता मेटेलिक्स एंड पावर लिमिटेड, गुप्ता कोलफील्ड्स लिमिटेड, ऊषा मार्टिन और टाटा स्पंज आयरन समेत अन्य कंपनियों की बैंक गारंटी जब्त करने की भी सलाह दी है। आइएमजी ने हालांकि शनिवार की बैठक में सासन पावर लिमिटेड को आवंटित मोहर एंड मोहर अमलोहरी ब्लाक और टाटा स्टील को आवंटित पचमो ब्लाक को न तो रद करने की सलाह दी और न ही उनकी बैंक गारंटी जब्त करने की सिफारिश की। आइएमजी निजी कंपनियों को आवंटित 29 कोल ब्लाकों की समीक्षा कर रहा है। खनन कार्यो में देरी को लेकर 58 कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें से कुछ ब्लाक का नाम कैग की रिपोर्ट में में भी है।


No comments:

Post a Comment