Sunday, September 23, 2012

कोल ब्लाक केस में सीबीआइ ने सात स्थानों पर मारे छापे




नई दिल्ली, एजेंसी : कोल ब्लॉक आवंटन घोटाले की जांच कर रही सीबीआइ ने शनिवार को कोलकाता और नागपुर की दो निजी कंपनियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामला दर्ज करने के तुरंत बाद एजेंसी ने नागपुर, चंदरपुर (महाराष्ट्र), कोलकाता, आसनसोल, पुरूलिया और गाजियाबाद सहित सात ठिकानों पर छापे मारे। सीबीआइ का आरोप है कि नागपुर की कंपनी ग्रेस इंडस्ट्रीज ने कोल ब्लॉक पाने के लिए अपनी संपत्ति 120 करोड़ रुपये दिखाई जबकि वास्तविक संपत्ति 3.3 करोड़ रुपये थी। इस समूह की सभी कंपनियों की संपत्ति भी 11.48 करोड़ रुपये से अधिक नहीं थी जबकि कंपनी ने महाराष्ट्र के लोहारा पूर्वी का कोल ब्लॉक के लिए वर्ष 2006 में जांच समिति के समक्ष खुद को 120 करोड़ रुपये की संपत्ति वाली कंपनी के रूप में पेश किया था। इसे वर्ष 2008 में कोल ब्लॉक आवंटित किया गया था। आवंटन पाने के एक साल के अंदर इस कंपनी को कथित रूप से सामविजया समूह को बेच दिया गया। इस सौदे में कंपनी के निदेशकों ने करीब 20 करोड़ रुपये लाभ कमाए। एजेंसी ने इस कंपनी और इसके निदेशकों मुकेश गुप्ता और सीमा गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं। दूसरा मामला विकास मेटल्स एंड पावर्स लिमिटेड के खिलाफ दर्ज किया गया है। इसने बिहार के बेगूसराय में अपनी विद्युत परियोजना के लिए भूमि आवंटन का गलत दस्तावेज पेश किया था। वर्ष 2008 में कोलकाता की इस कंपनी ने स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष दावा किया था कि बिहार क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण ने उसे 300 एकड़ भूमि आवंटित की है लेकिन सचाई यह थी कि बिहार सरकार ने इस आवंटन को एक साल पहले ही निरस्त कर दिया था। इस कंपनी को वर्ष 2009 में मोइरा मधुजोरे (उत्तर व दक्षिण) कोल ब्लॉक आवंटित हुआ था। सीबीआइ ने इसके निदेशकं विमल पटनी, विकास पटनी, आनंद पटनी, विरेंदर कुमार जैन, कैलाश चंदर जैन और विजय कुमार जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कंपनी के अधिकृत हस्ताक्षरी आनंद मलिक व अन्य अज्ञात लोगों को भी नामजद किया गया है। सीबीआइ ने इन पर धोखाधड़ी के लिए आपराधिक षडयंत्र रचने का आरोप लगाया है। इससे पहले सीबीआइ इस माह कोल ब्लॉक आवंटन घोटाले में पांच मामले दर्ज कर चुकी है।
दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण पेज -3,23-9-2012 Hkz”Vkpkj

No comments:

Post a Comment