Tuesday, September 18, 2012

कोलगेट में फंसे मंत्रियों से लें इस्तीफा



सोनिया गांधी से शरद की अपील

प्रधानमंत्री का कोयला आवंटन घोटाले में फंसे किसी मंत्री को इस्तीफा देने को नहीं कहना शरद को अखरा प्रधानमंत्री से हम निराश हैं क्योंकि वह कोई कार्रवाई नहीं करते

नई दिल्ली (एजेंसी)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयोजक एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपील की है कि वह लोकतंत्र की लोकलाज की रक्षा के लिए कोयला आवंटन घोटाले में फंसे अपनी पार्टी के सभी मंत्रियों को इस्तीफा देने को कहें और सभी आवंटन रद्द करें। यादव ने सोमवार को यहां अपने निवास पर पत्रकारों से कहा कि वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से निराश हैं क्योंकि वह कोई कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने कोयला आवंटन घोटाले में फंसे किसी मंत्री को इस्तीफा देने को नहीं कहा। इसलिए वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपील करते हैं कि वह इस घोटाले में फंसे केंद्रीय पर्यटन मंत्री सुबोधकांत सहाय, कोयला मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल और सांसद विजय दर्डा को फौरन इस्तीफा देने को कहें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र लोकराज और लोकलाजसे चलता है और श्रीमती गांधी ने पहले भी लोकलाज का ध्यान रखा हैं। उन्होंने केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री रहे शशि थरू र और राष्ट्रमंडल खेल घोटाले में सुरेश कलमाडी तथा आदर्श घोटाले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे अशोक चव्हाण का इस्तीफा लिया था। उसी तरह उन्हें कोयला घोटाला कांड में फंसे मंत्रियों का इस्तीफा भी लेना चाहिए। पर समझ में नहीं आता कि वह इतना विलम्ब क्यों कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह परंपरा रही है कि वह दबाव पड़ने पर कार्रवाई करती है। यह अच्छी बात है कि अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले में पूछताछ कर रही है पर इस घोटाले में फंसे लोगों को पहले इस्तीफा दे देना चाहिए। जदयू अध्यक्ष ने यह भी कहा कि मनमोहन सरकार ने कोयला आवंटन घोटाले में फंसे मंत्रियों का इस्तीफा भी नहीं लिया और घोटालों को रोकने के लिए कार्रवाई नहीं की तथा अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि कर तथा मल्टी ब्रांड खुदरा कारोबार में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) को मंजूरी देकर महंगाई से परेशान लोगों पर और बोझ लाद दिया। उन्होंने यह भी कहा कि खुदरा क्षेत्र में एफडीआई से कोलगेट कांड दबने वाला नहीं है। उनकी पार्टी और राजग दोनों मुद्दों को एक साथ उठाएगा। उन्होंने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि के विरोध में वह केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी से मिल रहे हैं और रिटेल ब्रांड में एफडीआई के मुद्दे पर रेहड़ी- पटरी वालों के हितों की रक्षा के लिए वह राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से भी मिलेंगे। यह कहे जाने पर कि क्या इस मुद्दे पर सुश्री ममता बनर्जी और सुश्री मायावती उनका साथ देंगी, यादव ने कहा कि सुश्री बनर्जी के अड़ने के कारण ही मल्टी ब्रांड रिटेल सेक्टर में एफडीआई लाने का फैसला टला था। उन्हें उम्मीद है कि सुश्री बनर्जी अपनी बात पर अड़ी रहेंगी और सुश्री मायावती भी कांग्रेस को समर्थन नहीं देंगी। यह कहे जाने पर क्या मध्यावधि चुनाव के आसार बन रहे हैं, राजग नेता ने इसकी संभावनाओं को टालते हुए कहा कि वे लोग पार्टी चलाते हैं। वे जानते हैं कि चुनाव कब जरू री होता है। यह पूछे जाने पर कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है, क्या आप भी उन्हें बधाई देंगे, यादव ने कहा कि वह अपना जन्म दिन तो मनाते नहीं और न ही मालूम कि उनका जन्म दिन कब पड़ता है।


No comments:

Post a Comment