Saturday, June 30, 2012

एनडीए भर्ती घोटाले में कर्नल समेत छह गिरफ्तार

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में घूस लेकर नौकरी दिलाने वाले रैकेट का पर्दाफाश करते हुए सीबीआइ ने एक कर्नल समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने पिछले हफ्ते 14 स्थानों पर छापेमारी कर 1.76 करोड़ रुपये भी बरामद किए। एनडीए ने रसोइये, माली, लैब असिस्टेंट और क्लर्को के 40 पदों के लिए फरवरी में आवेदन मांगे थे। रैकेट के बारे में शिकायत मिलने के बाद सीबीआइ ने पुणे, मुंबई, गुड़गांव और सोनीपत समेत 14 स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों की धरपकड़ और नकदी बरामद की। यह रकम आरोपी सैन्य अधिकारियों और उनके दलालों ने ली थी। जांच एजेंसी ने कर्नल कुलबीर सिंह, एनडीए कर्मचारी रमेश गायकवाड़, पुणे में फूड स्टाल संचालक बाल किशन कनौजिया, उसके कर्मचारी विष्णु शर्मा और दो दलालों मनोज शीतलकर और दत्ता रे शीतलकर को गिरफ्तार किया है। गा‌र्ड्स रेजीमेंट से जुड़े कर्नल कुलबीर सिंह को कोलाबा मिलिट्री स्टेशन से पकड़ा गया। सभी आरोपियों को रविवार पुणे स्थित सीबीआइ कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन सभी को दो जुलाई तक सीबीआइ हिरासत में भेज दिया। सीबीआइ प्रवक्ता ने रविवार को बताया एनडीए के स्टाफ अधिकारियों ने प्रत्येक अभ्यर्थी से तीन से चार लाख रुपये रिश्वत ली। घूस देने वाले अभ्यर्थियों के दस्तखत खाली उत्तर पुस्तिका में लिए गए थे। कर्नल सिंह के घर से चार लाख और उसके एक सहयोगी के घर से 82 लाख रुपये मिले हैं। कनौजिया के पास से 50 लाख और गायकवाड़ के घर से 18 लाख रुपये बरामद हुए। दोनों दलालों, मनोज और विष्णु से क्रमश: तीन और 3.20 लाख रुपये मिले। जांच एजेंसी ने कनौजिया के घर से अभ्यर्थियों के नाम की सूची और इंटरव्यू लेटर और शर्मा के घर से उन लोगों का ब्योरा मिला जिन्होंने घूस दी थी। ऐसे अभ्यर्थियों के बयान बतौर गवाह दर्ज किया जाएंगे।

No comments:

Post a Comment