अवैध खनन मामले में सीबीआइ जांच का सामना कर रहे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को भूमि घोटाले के एक मामले में येद्दयुरप्पा व पूर्व उद्योग मंत्री कट्टा सुब्रमान्या नायडू के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया। दोनों पर मनमाने तरीके से 20 एकड़ भूमि गैर अधिसूचित करने को लेकर आपराधिक मामला दर्ज था। विशेष लोकायुक्त अदालत ने जाली दस्तखत के आधार पर एक औद्योगिक स्थल का आवंटन रद करने संबंधी शिकायत के एक अन्य मामले में येद्दयुरप्पा व उद्योग मंत्री मुरुगेश निरानी के खिलाफ जांच का आदेश भी जारी कर दिया। लोकायुक्त पुलिस के एसपी पीके शिवशंकर ने बताया कि येद्दयुरप्पा और कट्टा के खिलाफ भ्रष्टाचार की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किया गया है। आरोप पत्र के मुताबिक येद्दयुरप्पा ने 2008 में मुख्यमंत्री रहते हुए पद का दुरुपयोग कर मनमाने ढंग से कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास परिषद (केआइएडीबी) द्वारा देवनहल्ली के निकट विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) बनाने के लिए अधिग्रहीत की गई 20 एकड़ भूमि को गैर अधिसूचित कर दिया था, जो कि अंग्रेजी और कन्नड़ भाषा के अग्रणी समाचार पत्र के मालिकों से संबंधित थी। इसके चलते सरकार को विकास व सेवा कर के रूप में 8.64 करोड़ की क्षति हुई। वहीं उद्योगपति आलम पाशा की शिकायत पर न्यायाधीश एन के सुधींद्र राव ने येद्दयुरप्पा और उद्योग मंत्री मुरुगेश निरानी के खिलाफ जांच कर 27 जून तक रिपोर्ट सौंपने को कहा है। पाशा का आरोप है कि केआइएडीबी ने उद्योग लगाने के लिए उन्हें 26 एकड़ भूमि दी थी। येद्दयुरप्पा-निरानी ने उसे जाली पत्र बताकर आवंटन रद कर दिया था। हालांकि चौतरफा घिरे येद्दयुरप्पा के भाजपा नेताओं के खिलाफ तेवर ढीले नहीं पड़े है। येद्दयुरप्पा ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के बयान कर्नाटक में स्थान खाली कहां है को अवांछित बताते हुए सोमवार को कहा कि उन्होंने कभी पार्टी या मुख्यमंत्री पद के लिए दुहाई नहीं दी थी। येद्दयुरप्पा ने कहा कि वह राजनाथ को पत्र लिख नाराजगी जताएंगे। राजनाथ ने कनार्टक में भाजपा नेतृत्व में परिवर्तन न होने के संकेत देते हुए कहा था कि कहां रिक्त स्थान है? डीवी सदानंद गौड़ा कर्नाटक में हमारे मुख्यमंत्री हैं।
Wednesday, May 23, 2012
भूमि घोटाले में येद्दयुरप्पा के खिलाफ चार्जशीट
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment