उत्तर प्रदेश में पार्को व उद्यान के बाद अब हाथी घोटाले की आंच मायावती के बंगले तक पहुंच गई है। पूर्व मुख्यमंत्री आवास व भीमराव अंबेडकर परिवर्तन स्थल में हाथी लगवाने वालों ने 3.5 करोड़ का घोटाला किया है। राजस्थान के एक कारीगर ने इस मामले में हाथी लगवाने वाली दो कंपनियों के खिलाफ विभूतिखंड थाने में रकम हड़पने और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राजस्थान के दौसा स्थित बेरावंडा सिकराय तहसील के गलोल्या निवासी राम औतार सनी मूर्तियों के कारीगर हैं। राम औतार के मुताबिक उन्होंने भीमराव अंबेडकर परिवर्तन स्थल में 20 हाथी (दस बड़े व दस छोटे) लगाए थे। माल एवेन्यू स्थित मायावती के बंगले में भी सात छोटे हाथी लगाए थे। बसपा कार्यालय कांशीराम स्मारक स्थल, भीमराव अंबेडकर परिवर्तन स्थल, गोमतीनगर स्थित अंबेडकर पार्क-4 में भी फिनिशिंग का कार्य किया था। अंबेडकर परिवर्तन स्थल में हाथी लगाने का कार्य अलीगंज स्थित अनुराग ग्रेनाइट्स इंडस्ट्रीज के मालिक जितेंद्र मिश्रा के साथ किया। मायावती के आवास में आगरा स्थित जेके टाइल्स के साथ मिलकर हाथी मूर्ति लगाई थी। तीन सालों में 500 मजदूरों को लाकर 6.21 करोड़ का कार्य किया था। इसमें जेके टाइल्स से उन्हें 53 लाख मिलना था, लेकिन मिले सिर्फ 20 लाख रुपये। इसी तरह अनुराग ग्रेनाइट्स इंड्रस्ट्रीज के मालिक जितेंद्र ने भी उनके 3.5 करोड़ रुपये हड़प लिए। जब रकम मांगी तो उन्हें जितेंद्र ने चेक दिए, जो बाउंस हो गए। उसके बाद रकम देने के लिए लखनऊ बुलाया और एक पुलिस अधिकारी के इशारे पर हजरतगंज कोतवाली में बंधक बनाकर पिटवाया। उनके मैनेजर अशोक कुमार से सभी मूल दस्तावेज छीन लिए और सादे कागजात व स्टांप पेपरों पर दस्तखत करा लिए और जान से मारने की धमकी दी। मादक पदार्थ रखने में जेल भिजवाने की भी बात कही।
Wednesday, May 23, 2012
मायावती के बंगले तक पहुंची घोटाले की आंच
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment