लोकतंत्र में सुधार की मुहिम त्रासदपूर्ण तरीके से आरोप-प्रत्यारोप का शिकार बन रही है। जन लोकपाल विधेयक का मसौदा तैयार करने के लिए बनी मंत्रियों और सिविल सोसाइटी की दस सदस्यीय कमेटी अपने काम के शुरुआती दौर में ही सीडी विवाद में फंस चुकी है। भ्रष्टाचार से लड़ने की प्रतिबद्धतता को लगातार दोहराने वाली कांग्रेस का दोमुंहापन जहां अन्ना हजारे और उनके सहयोगियो पर बढ़ते हमलों से उजागर हो रहा है तो वहीं अन्ना हजारे के आंदोलन की सफलता पर भी संशय के बादल मंडराने लगे हैं। पूर्व कानून मंत्री शांतिभूषण से जुडे़ सीडी विवाद ने अन्ना हजारे की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम को एक विवादास्पद आंदोलन में बदल दिया है। हालांकि लोकपाल बिल के लिए बनी संयुक्त मसौदा कमेटी में शांतिभूषण और प्रशांत भूषण कांग्रेस सहित कई लोगों के लिए शुरू से ही परेशानी का कारण रहे हैं। सबसे पहले इस विवाद की शुरुआत बाबा रामदेव से हुई और योग गुरु की प्रतिक्रिया ने मानो कांग्रेस को सॉफ्ट टारगेट मुहैया करा दिया हो। योग गुरु द्वारा खड़ा किया विवाद खत्म भी नहीं हो पाया था कि शांतिभूषण और प्रशांत भूषण राजनेताओं के निशाने पर आ चुके थे। पहले कांग्रेसी महासचिव दिग्विजय सिंह और उसके बाद परमाणु करार पर वोट के बदले नोट वाले प्रकरण से कांग्रेस के चिर सहयोगी बने अमर सिंह अपने चिर परिचित अंदाज में पूरी तरह से मैदान में आ डटे हैं। अन्ना हजारे के आंदोलन से जुडे़ शांतिभूषण और प्रशांत भूषण के विरुद्ध अमर सिंह की सक्रियता परमाणु करार पर उनकी चिंताओं और सक्रियता की याद ताजा कर देती है। लगता है कि अमर सिंह एक बार फिर से कांग्रेस के संकट मोचक की भूमिका में अवतरित हो रहे हैं। अमर सिंह की सक्रियता के अलावा कांग्रेस में लोकतंत्र के एक नए युग का भी मानो सूत्रपात हो चुका है। अन्ना हजारे पर दिग्गी राजा के बढ़ते हमलों और कपिल सिब्बल के गैर जिम्मेदार बयानों पर सवाल उठाए गए तो सदा गंभीर दिखने की कसरत करने वाले कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने बेहद कुटिलता से मुस्कराते हुए कहा कि लोकतंत्र में सबको बोलने की आजादी है। ऐसी मायावी लोकतांत्रिक आजादी से संभवतया कांग्रेस का खुद उसके इतिहास में पहली बार साक्षात्कार हुआ है। इस कुटिल लोकतांत्रिक आजादी पर कांग्रेस अध्यक्ष का मासूम जवाब भी इस नई लोकतांत्रिक आजादी को नई ऊंचाइयां प्रदान कर देता है। अन्ना हजारे द्वारा लिखे गए पत्र के जवाब में सोनिया गांधी ने जहां एक तरफ एनएसी की कोशिशों का हवाला देते हुए एक तरफ भ्रष्टाचार से लड़ने की अपनी प्रतिबद्धताओं को दोहराया है तो दूसरी तरफ अन्ना को आश्वस्त करने की कोशिश भी की है कि वह किसी प्रकार के दुष्प्रचार की मुहिम को समर्थन नहीं करती हैं। लेकिन अब सवाल यह है कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष भ्रष्टाचार के खिलाफ इतनी चिंतित एवं प्रतिबद्ध हैं तो अपने सिपहसालारों की जबानी जंग पर लगाम क्यों नहीं लगाती हैं। दरअसल, यह भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम की हवा निकालने की सोची-समझी कांग्रेसी रणनीति है, जो लोकतांत्रिक आजादी के तर्क से ही लोकतंत्र की मजबूती में रुकावट बन रही है। दरअसल, भ्रष्टाचार पर अन्ना हजारे को मिले व्यापक जन समर्थन के बाद कांग्रेस को अपने तथाकथित भ्रष्टाचार विरोध अभियान को रीडिजाइन करने और नए सिरे से अपनी रणनीति तैयार की जरूरत आ गई थी और इस नई रणनीति की धमक सिविल सोसाइटी के सदस्यों पर हमले के रूप में दिखाई पड़ रही है। कांग्रेस की यह त्रिआयामी रणनीति बेहद दिलचस्प है और स्पष्ट भी। वास्तव में हमेशा की तरह हर अच्छे काम और अभियान के लिए गांधी परिवार को श्रेय देना इस कांग्रेसी रणनीति का केंद्रीय मुद्दा है। यही चपलता कांग्रेस के इन नीति नियंताओं ने आरटीआइ और ग्रामीण रोजगार योजना के क्रियान्वयन को लेकर दिखाई, जबकि इन दोनों प्रगतिशील कानूनों में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और संप्रग-1 को समर्थन करने वाले वामपंथ की अहम भूमिका रही है। भारतीय राजनीति के एक प्रगतिशील हिस्से द्वारा तैयार इन कानूनों पर जो रणनीति अपनाई गई, उसी रणनीति पर कांग्रेस अबकी बार भी काम कर रही थी। परंतु अन्ना हजारे और कथित सिविल सोसाइटी ने कांग्रेस के खेल को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया। यदि पांच राज्यों के चुनाव का दबाव कांग्रेस पर नहीं होता तो संभवतया इस मामले से निपटने के लिए कांग्रेस किसी दूसरी रणनीति पर काम करती। कांग्रेस की इस त्रिआयामी रणनीति में सबसे पहले मिस्टर क्लीन के रूप में प्रधानमंत्री और उनकी मोहिनी छवि है तो दूसरी बाहरी एवं भीतरी राजनीतिक आक्रमण के लिए दिग्विजयी और अमर सिंह की जोड़ी है। तीसरी और आखिरी इन सबसे ऊपर गांधी परिवार की अंतिम निर्णय करने वाली भूमिका है। असल में गांधी परिवार में कांग्रेस ने एक गॉड फैक्टर को प्रत्यारोपित किया है, जिसके कारण गांधी परिवार विशेषतया कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आरोप-प्रत्यारोप से अलग ऐसी भूमिका सौंपी है, जो प्रत्येक अंतिम एवं अकाट्य निर्णय लेती हैं। यही भूमिका कांग्रेस को सारे सकारात्मक निर्णयों का श्रेय लेने की जमीन बनाती है। अब इस काम में जाने-अनजाने अन्ना हजारे ने भी कदम आगे बढ़ाया है। जब दिग्विजय सिंह और कपिल सिब्बल ने अन्ना हजारे और उनके आंदोलन पर हमला तेज किया तो अन्ना ने सोनिया गांधी को शिकायती पत्र लिखकर मामले में दखल देकर सुलह की अपील की। यही इस नए दौर के गांधी की त्रासदी है कि उससे भी बड़ा कोई गांधी देश में है, जिसे पत्र लिखकर गुहार करते हुए उसे इस गांधी ने अपने नेता के रूप में स्थापित करके अंतिम श्रेय का रास्ता दे दिया है। अब दूसरी तरफ अन्ना की मुहिम पर विवाद गहराता जा रहा है तो अन्ना हजारे के तल्ख सुरों में बदलाव आ रहा है। कल तक देश की राजनीति को कलुषित घोषित करते हुए पूरी राजनीति को खारिज करने वाले अन्ना अचानक संसद के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए संसद के निर्णय को स्वीकार करने लेने की बात कहने लगे हैं। इसके अलावा भी अन्ना के आंदोलन और उनके विचारों के विरोधभास भी जग जाहिर हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी पर विवादास्पद बयान देकर जहां अन्ना ने सिविल सोसाइटी में अपना एक विरोधी तबका तैयार कर लिया है तो वहीं राज ठाकरे से उनकी नजदीकियां भी उनके विरोधी तबके का आकार बढ़ाएंगी। खासतौर पर हिंदीभाषी राज्यों में। वहीं पुणे के एक गैर सरकारी संगठन ने अन्ना हजारे के ट्रस्ट हिंद स्वराज की अनियमितताओं के खिलाफ याचिका दायर की है तो अंग्रेजी की एक पत्रिका ने अन्ना के गांव में लागू उनके निरंकुश नियमों पर सवाल खडे़ किए हैं। वास्तव में पूरी राजनीति को खारिज करने के अन्ना हजारे के बयान ने तमाम राजनीतिक हलकों में उनके आंदोलन के विरुद्ध एक स्वाभाविक माहौल तैयार कर दिया है। लेकिन वास्तविकता यह है कि खराब राजनीति का विकल्प कोई बेहतर राजनीति ही हो सकती है। राजनीति की केवल आलोचना करने वाली सिविल सोसाइटी बगैर राजनीति में पदार्पण के कोई विकल्प नहीं दे सकती है। इसके अलावा भारतीय राजनेताओं को भी समझना होगा कि यह सिविल सोसाइटी कोई राशन की लाइन में खडे़ गरीबों, सड़क पर सोते बेघरों या किसानों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है और न ही इसका नेतृत्व किसी अधनंगे फकीर नुमा महात्मा के पास है। तमाम साधन संपन्न इस कथित सिविल सोसाइटी का भी एक वर्ग चरित्र है, जो आज देश की सत्ता और संसाधनों में अपनी हिस्सेदारी चाहता है। अब इन वास्तविकताओं को समझकर ही यदि अन्ना हजारे और उनके सहयोगी अपनी अगली रणनीति तैयार करते हैं तो ही किसी बेहतर एवं तार्किक लोकपाल कानून बनवाने में कामयाब हो पाएंगे। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं).
Showing posts with label महेश राठी. Show all posts
Showing posts with label महेश राठी. Show all posts
Monday, April 25, 2011
Wednesday, February 2, 2011
काले धन की वापसी का सवाल
विदेशों में जमा काले धन को महज कर चोरी का मामूली मामला बताने की वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी की मुहिम लगता है सिरे नहीं चढ़ पा रही है। तभी तो विदेश में जमा काले धन के मामले पर सरकार की किसी सफाई को उच्चतम न्यायालय मानने को तैयार नहीं है। 27 जनवरी की सुनवाई में न्यायालय ने सरकार को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया है कि यदि सरकार के पास कालेधन के खातेदारों के नामों की जानकारी है तो उन पर अभी तक क्या कार्यवाही हुई। सरकार काले धन को वापस लाने की बात तो करती हैं, लेकिन काले धन पर अभी तक का टाल-मटोल वाला रवैया सरकार की प्रतिबद्धताओं के कथनों पर सवालिया निशान ही खड़ा कर रहा है। दरअसल, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन के दिशा-निर्देशों और काले धन पर अंतरराष्ट्रीय संधियों का हवाला देकर काले धन के खातेदारों का नाम उजागर करने से बचने की संप्रग की विवशता ही अपराधियों के बचाव का नया तर्क है। वास्तव में सरकार काले धन को कर चोरी का मामूली मामला बताकर इस देशद्रोही कार्य पर परदा डालने के तर्को को कानूनी जामा चढ़ाने की कोशिश कर रही है, लेकिन यह कर चोरी से अधिक आमदनी के स्त्रोतों और उस धन की लगातार अवैध गतिविधियों में संलिप्तता का सवाल है और जो लगातार देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। विदेशों में जमा ऐसी काली कमाई को वापस लाने के लिए सरकार ने एक पांच सूत्रीय कार्यक्रम की घोषणा की है, लेकिन सरकार ने न तो यह स्पष्ट किया कि ऐसी काली कमाई वालों को क्या सजा दी जाएगी और इस काली कमाई को वापस लाने की क्या कार्य योजना है। काले धन के इस मुद्दे से निपटने के लिए विशेषज्ञों की एक बहुविषयक समिति बना दी है। यह समिति काली कमाई, उसकी मात्रा और उसके समाधान के लिए काम करेगी। सरकार की घोषणाएं प्रथम दृष्टया काफी बेहतर जान पड़ती हैं। हालांकि माफी योजना की संभावनाओ का इशारा देकर सरकार ने इस बहुविषयक विशेषज्ञ समिति की दिशा का संकेत भी दे दिया है। इसके अलावा सरकार ने आयकर विभाग की आठ अंतररष्ट्रीय टीमों के गठन की घोषणा भी की है, जो दुनिया के अलग-अलग टैक्स हेवन देशों में भारतीयों के काले धन की खोज करने का काम करेंगी। वैसे सरकार की इन सारी कवायदों का यदि तार्किक विश्लेषण करें तो इस मौखिक कार्रवाई की वास्तविकता आसानी से समझी जा सकती है। वास्तव में सरकार विपक्ष एवं न्यायपालिका के दबाव में कार्रवाई करते हुए दिखाना चाहती है ताकि बाद में बहुविषयक विषेशज्ञ समिति की संस्तुतियों का हवाला देकर एक सार्वजनिक माफी योजना लागू की जा सके। हालांकि वित्तमंत्री कहते हैं कि हम कुछ छिपाना नहीं चाहते हैं, मगर लगता है कि यह कुछ लाक्षणिक भाषा है या सरकार की मंशा की भाषाई लाक्षणिकता कि हम कुछ छिपाना नहीं चाहते, मगर हम कुछ बताना भी नहीं चाहते कूटनीतिक विवशता के तर्क के साथ। भ्रष्टाचार पर सरकार का यह कूटनीतिक और भाषाई चमत्कार कोई एक मात्र उदाहरण नहीं है। 2जी स्पेक्ट्रम, आदर्श, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला और केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति तक कई ऐसे मामले हैं, जिन पर कार्रवाई के तौर-तरीकों से सरकार की भ्रष्टाचार पर मंशा का पता चलता है। 27 जनवरी को काले धन के साथ ही न्यायपालिका के समक्ष मुख्य सतर्कता आयुक्त पीजे थॉमस की नियुक्ति के मामले की भी सुनवाई थी, जिसमें सरकार ने बेहद मासूमियत से सफाई दी कि नियुक्ति से पहले उसे मालूम ही नहीं था कि पीजे थॉमस के विरुद्ध कोई जांच लंबित है। यह मासूमियत भरा झूठ सरकार तब बोल रही है, जबकि पीजे थॉमस की नियुक्ति पर पूरे देश को अभी तक कुछ दिनों पहले की प्रधानमंत्री और नेता विपक्ष सुषमा स्वराज के बीच की तकरार याद है। नेता विपक्ष ने पीजे थॉमस की भ्रष्टाचार में संलिप्तता को लेकर उंगली उठाते हुए उनकी नियुक्ति पर सवालिया निशान ही खडे़ नहीं किए थे, बल्कि नियुक्ति का पुरजोर विरोध भी किया था। इस बड़ी तकरार के बाद भी यदि सरकार अनजान होने की बात करती है तो यह बेहद हास्यास्पद भी है और दुखद भी। इसके अलावा ऐसी किसी नियुक्ति से पहले कार्मिक एवं पेंशन मंत्रालय नियुक्त किए जाने वाले अधिकारी से जुड़ी सभी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय को मुहैया कराता है। इस पूरी प्रक्ति्रया के बाद ही ऐसी महत्वपूर्ण नियुक्ति होती है। अब क्या सरकार यह कहना चाहती है कि पीजे थॉमस की नियुक्ति में इस प्रक्ति्रया को अपनाया नहीं गया या उसे कार्मिक एवं पेंशन मंत्रालय द्वारा गलत सूचना दी गई। सरकार की ठीक यही स्थिति 2जी स्पेक्ट्रम मामले में भी दिखाई देती है, जिसमें संसद का पूरा शीतकालीन सत्र विपक्ष के विरोध की भेंट चढ़ गया, मगर सरकार जेपीसी की मांग न मानने की अपनी जिद पर अड़ी रही। शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस पार्टी ने विपक्ष की कार्यप्रणाली पर कई तरह के तर्क देने के अलावा सत्र नहीं चलने के कारण भत्ता नहीं लेने के नैतिक टोटके करते हुए जेपीसी की मांग मानने से स्पष्ट इनकार कर दिया। कांग्रेस के अति उत्साही प्रवक्ताओ ने विपक्ष पर काम नहीं चलने देने का ठिकरा फोड़ते हुए विपक्ष को अलोकतांत्रिक तक करार दे दिया, लेकिन उन्हें यह भी याद नहीं रहा कि संसद और सरकार चलाना सत्तापक्ष की जवाबदेही है और विपक्ष का काम सरकार की जन विरोधी नीतियों और कार्यो का विरोध करना ही है, जो उसने बखूबी किया भी। यदि इस पूरे मामले पर किसी की विफलता दिखाई दी तो वह सरकार की विफलता थी। कैग की रिपोर्ट आ जाने के बाद संसद में बहस की गुंजाइश नहीं, जांच की जरूरत है। असल में भ्रष्टाचार पर यह कांग्रेसी प्रतिक्रिया केवल वैधानिक बाध्यताओं और अंतरराष्ट्रीय संधियों के कारण नहीं, बल्कि उसकी भ्रष्ट कार्य संस्कृति के कारण है और अब सरकार इसी संस्कृति में पारंगत लोगों को बचाने के लिए नाम नहीं बताने और माफी योजना की परियोजना को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। अन्यथा, कोई कारण नहीं कि लेंचस्टाइन मामले में सरकार काली कमाई को विदेश में रखने वाले लोगों के नाम सार्वजनिक न कर सके, क्योंकि प्रसिद्ध अधिवक्ता राम जेठमलानी के अनुसार लेंचस्टाइन पर नाम गोपनीय रखने वाली संधि लागू नहीं होती है। जर्मनी, ऑस्टि्रया और स्विट्जरलैंड के मध्य स्थित लेंचस्टाइन की भौगोलिक और ऐतिहासिक स्थिति के जानकार वकील रामजेठमलानी के तर्क को समझ सकते हैं। यही स्थिति राष्ट्रमंडल खेल, आदर्श घोटाले और 2जी स्पेक्ट्रम मामले में भी है। राष्ट्रमंडल खेलों की जांच का पूरा केंद्र अकेले सुरेश कलमाड़ी और उनकी मित्र मंडली को बनाया जा रहा है, जबकि सत्तर हजार के खेल खर्च में खेल आयोजन समिति का हिस्सा महज सौलह सौ करोड़ था, लेकिन इस घोटाले के मुख्य भागीदार दिल्ली सरकार व शहरी विकास मंत्रालय बेदाग पदोन्नति पा रहे हैं। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की कहानी का रहस्य भी कमोबेश यही है, जिसमें सारा ध्यान सिर्फ ए राजा पर केंद्रित है, जबकि राजा और प्रधानमंत्री कार्यालय के बीच के पत्र व्यवहार से एकदम साफ हो जाता है कि प्रधानमंत्री कार्यालय को वस्तु स्थिति की पूरी जानकारी थी और पीजे थॉमस की नियुक्ति भी इस घोटाले पर जांच की हवा निकालने की कवायद के तौर पर ही की गई, क्योंकि सरकार की नीयत और मंशा का पता 2जी स्पेक्ट्रम पर कपिल सिब्बल के गैर जिम्मेदाराना बयान से चल ही चुका है। इसीलिए सरकार जेपीसी के गठन से कतरा रही है, क्योंकि वह चाहते हैं कि सरकार के मातहत पीजे थॉमस सरीखे किसी नौकरशाह की देखरेख में कोई सरकारी एजेंसी ही जांच की जिम्मेदारी ले। दरअसल सरकार जांच कानून और संधियों का हवाला देकर भ्रष्टाचार की संस्कृति और भ्रष्टाचारियों को बचाए रखना चाहती है। अब न्यायपालिका के सक्रिय हस्तक्षेप के कारण ही भ्रष्टाचार इस हद तक उजागर हो रहा है, लेकिन न्यायपालिका की भी विधायिका के सामने अपनी सीमाएं हैं और खतरे इस बात के हैं कि कहीं सरकार की भ्रष्टाचारियों को बचाने की सारी कवायद के सामने न्यायपालिका का यह हस्तक्षेप सलाह और फटकार तक ही सिमटकर न रह जाए। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
Subscribe to:
Posts (Atom)
