वर्ष 1995 में भारत विश्व के देशों में भ्रष्टाचार की पंक्ति में सातवें स्थान पर था। इसके बाद उसका यह स्थान और नीचा होता गया। इसका कारण यह नहीं रहा कि भारत में भ्रष्टाचार कम हुआ, बल्कि भारत जैसे देशों की देखा-देखी अन्य देशों में भ्रष्टाचार बढ़ता गया। भ्रष्टाचार से लड़ने का सबसे सीधा उपाय कानूनी लड़ाई है। हम आकलन करें कि किस प्रकार का विधि चक्रव्यूह भ्रष्ट लोगों को पकड़ने के लिए सक्षम है। भ्रष्टाचारी को पकड़ने और भ्रष्टाचार को रोकने का जितना सटीक प्रावधान भारतीय दंड संहिता यानी आइपीसी की धारा 161 में था, वैसा कहीं नहीं है। इसका सारांश है कि भ्रष्टाचार में पैसा देने वाला व्यक्ति उतना ही अपराधी है, जितना कि पैसा लेने वाला। पर हम सन् 1860 से प्रभावी भारतीय दंड संहिता के सृजक मैकाले को गाली-गलौज करते रहे, जिनमें भारतीय बुद्धिजीवी अग्रणी थे, पर हमने उसका उपयोग देश हित में नहीं किया। आधुनिक भारत के तथाकथित निर्माता उद्योगपतियों ने इस प्रावधान की धज्जियां उड़ाई और मैकाले का मखौल। क्योंकि वे येन-केन प्रकारेण प्रतियोगिता में आगे बढ़ना चाहते थे। उन्होंने गांधी के इस संदेश की अनदेखी की कि साध्य को प्राप्त न करने वाले साधन भी सामान रूप से सत होना चाहिए। अब वे ही उद्योगपति भ्रष्ट तंत्र का रोना रो रहे हैं तथा बहुउद्देशीय कंपनियों के नेतृत्व में आगे बढ़ना चाहते हैं। वर्ष 1947 में भारत में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अस्तित्व में आया, लेकिन वह भी मकसद में कामयाब न हो सका। दोष किसे दिया जाए? क्या हमारी जांच एजेंसियां दोषी हैं या अदालतें? दोनों को समान रूप से दोषी ठहराना उचित होगा। इसके ऊपर हमारे विद्वान अधिवक्तागण हैं, जो बाल की खाल निकालते-निकालते तलहटी तक चले जाते हैं और न्यायाधीश उनके तर्को के दुष्चक्र से बाहर नहीं निकल पाते। इस अधिनियम में विशेष अदालतों का प्रावधान नहीं था। इस कारण यह अधिनियम भी भारत की अदालतों में विलंबित मामलों के नीचे दबकर मर गया। भारत सरकार वर्ष 1988 में फिर से संशोधित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 लाई। इस अधिनियम में एक प्रावधान उत्तम है कि किसी भी सरकारी सेवक को आमदनी से अधिक धन संग्रह करने पर भी आरोपित किया जा सकता है। पर यह बात और है कि पुलिस या जांच एजेंसियां रिश्वत के बिरले मामलों को सिद्ध कर पाती हैं। कई बार तो ये अपने आकाओं को खुश करने तथा सस्ती प्रशंसा पाने के लिए जांच को अलग दिशा में मोड़ देती हैं। और कई बार ऐसा भी देखा गया है कि भ्रष्टाचार के आरोप राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के उद्देश्य से प्रेरित होते हैं। आज जरूरत यह है कि जो मैकाले ने सोचा था कि रिश्वत देने वाला भी समान रूप से दोषी हो, क्योंकि यदि व्यक्ति रिश्वत न दे तो भ्रष्टाचार कैसे पनपेगा। हां, जहां रिश्वत लेने की शुरुआत या दबाव किसी सरकारी सेवक से आए तो उस दशा में रिश्वत देने वाले को दोषी न करार दिया जाए, क्योंकि वह सरकारी सेवक की क्षमता के सामने खड़ा नहीं रह सकता है। यह अधिनियम ही आज देश में भ्रष्टाचार निवारण का प्रमुख हथियार है, जिसमें विशेष न्यायाधीशों की व्यवस्था है, जो बीस साल बाद भी नियुक्त न हो सके। हमेशा सरकारों को दोष देना भी उचित नहीं है। भारत सरकार ने त्वरित न्यायालयों की स्थापना की, धनराशि भी राज्य सरकारों को अनुदान स्वरूप दी, लेकिन राज्य सरकारें सभी न्यायालयों में रिक्त स्थान न भर सकीं। जिन्होंने रिक्तियां पूरी की भी, वे पदस्थ न्यायाधीशों से की गई। फलत: सामान्य-न्यायालयों में विलंब बढ़ गया और जनता द्वारा आलोचना होने लगी। राज्य सरकारें भी क्या करें? इन त्वरित न्यायालयों के लिए केंद्र सरकार के धन की धारा बंद होने पर इन न्यायाधीशों का खर्च राज्य सरकारें कैसे चलाएंगी? लगता है कि तंत्र को खराब करना राज्य सरकारों के अधिकार में है और उसे सुधारने का कर्तव्य केंद्र सरकार का है। फिर राज्य सरकारें अपने राज्य में न्यायालयों द्वारा विलंब तथा धन के खर्च का उचित हिसाब-किताब न देने का कारण दर्शाती हैं। वैसे तो भ्रष्टाचार की कोई एक वजह नहीं है। चाहे निजी क्षेत्र हों, शिक्षा क्षेत्र हो या स्वास्थ्य क्षेत्र अथवा औद्योगिक क्षेत्र। जो डोनेशन के नाम पर रिश्वत देकर शिक्षा ग्रहण करेंगे वे नौकरी मिलते ही रिश्वत के मौके की तलाश में जुट जाएंगे। पर अफसोस कि भ्रष्टाचार का कानून काफी धारदार होने के बावजूद चंद पेचिदगियों और सरकारी लापरवाही के चलते कारगार नहीं हो पाता। यह अच्छी बात है कि देश में तंत्र की विफलता के लिए जनता ने दूसरों को दोष देना कम कर दिया है और नेताओं से संजीवनी की आशा करनी भी छोड़ दी है। अब जनता ने देश का भविष्य संजोने-संवारने का बीड़ा खुद उठा लिया है। भ्रष्टाचार सहित देश की सभी प्रमुख समस्याओं से निबटने की जिम्मेदारी उसने खुद अपने हाथों में ली है। लोकपाल विधेयक 1998 के तहत कहीं-कहीं लोकायुक्त अति सक्रिय हैं। इसी प्रकार कभी-कभी सक्रियता की किरणें मध्य प्रदेश समेत कुछ राज्यों से निकलती हैं, लेकिन भ्रष्टाचार के विराट आकाश में वे शीघ्र समा जाती हैं। इसी प्रकार केंद्रीय सतर्कता आयुक्त और भारत के नियंत्रक महालेखा परीक्षक की रपटें सदैव सरकार के विरुद्ध होती रही हैं, लेकिन उन पर कुछ तो ध्यान दिया ही जा सकता है। 2जी स्पेक्ट्रम मामले में पहली बार नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की जांच ने भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कुछ बुलबुले पैदा किए। आशा है कि सरकार का यह अंग भी इसी तरह भविष्य में सक्रिय रहेगा। जांच आयोग अधिनियम, 1992 के अंतर्गत भी भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने के लिए कई आयोगों का गठन हुआ, लेकिन उनमें से अधिकांश आयोगों की ओर से सुझावों एवं प्रतिवेदनों पर सरकारों द्वारा समुचित कार्रवाई नहीं की गई, क्योंकि आयोगों की रपटों पर कार्रवाई करने के लिए नौकरशाहों द्वारा आंतरिक समिति गठित की जाती है और उस समिति द्वारा विचार-विमर्श में समय लगता है। कुछ महीनों में सभी भूल जाते हैं और सचिवालयों में उन रपटों पर धूल जमती रहती है। आयोगों की जांच में अनावश्यक विलंब और उनके सुझावों पर उससे अधिक देर के कारण आयोगों पर से जनता का विश्वास उठता जा रहा है। कहा जाता है कि आयोग जनता का ध्यान बंटाने और उच्च न्यायालय या उच्चतम न्यायालय के चहेते न्यायाधीशों को अवकाश प्राप्ति के बाद नौकरी देने के लिए गठित किए जाते हैं। पता नहीं भारत के न्यायाधीशों ने देश की कौन-सी जलवायु ग्रहण की है कि वे लंबी उम्र तक सेवारत रह सकते हैं। उत्तम हो कि सेवारत न्यायाधीशों को इन आयोगों में नियुक्त किया जाए, जैसी कि यह परंपरा अन्य देशों में है। (लेखक पूर्व आइएएसहैं)
Showing posts with label पृ.सं.९. Show all posts
Showing posts with label पृ.सं.९. Show all posts
Friday, March 11, 2011
Saturday, February 5, 2011
राजा की गिरफ्तारी के मायने
पूर्व संचार मंत्री ए राजा की गिरफ्तारी से उस तबके के लोग बेहद आशान्वित महसूस कर रहे हैं, जिन्हें मौजूदा व्यवस्था से अब भी उम्मीद बनी हुई है। उन्हें लगता है कि प्रभावशाली नेता और उसके साथ रसूखदार अधिकारियों की गिरफ्तारी से भ्रष्टाचारियों में यह संदेश जरूर जाएगा कि मौजूदा व्यवस्था के हाथ उसकी गर्दन तक पहुंच सकते हैं। खालिस्तानी आतंकवाद की भेंट चढ़े मशहूर पंजाबी कवि पाश की कविता है, सबसे खतरनाक होता है हमारे सपने का मर जाना। भ्रष्टाचार के विरोध में लामबंद नजर आ रही एक पीढ़ी में इस उम्मीद का बचे रहना जरूरी है, लेकिन क्या इस एक गिरफ्तारी से भ्रष्टाचार के समूल नाश की उम्मीद पाल लेना बेमानी नहीं लगता। अतीत पर भरोसा करें तो ऐसा सोचना गलत भी नहीं है। नरसिंह राव सरकार के संचार मंत्री रहे पंडित सुखराम की भी हिमाचल फ्यूचरिस्टिक कंपनी को बेजा फायदा पहुंचाने और घोटाले में नाम आने के बाद ठीक वैसे ही सीबीआइ ने गिरफ्तार किया था, जैसे ए राजा को गिरफ्तार किया गया है। जिस तरह राजा के साथ तत्कालीन टेलीकॉम सचिव सिद्धार्थ बेहुरा को गिरफ्तार किया गया है, सुखराम के साथ उसी तरह तब की दूरसंचार विभाग की अतिरिक्त सचिव रूनू घोष को भी सीबीआइ ने जेल की राह दिखाई थी। लेकिन भ्रष्टाचार को न रुकना था और न ही रुका। 1995 में प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल फ्यूचरिस्टिक घोटाले के खिलाफ 16 दिन तक संसद की कार्रवाई नहीं चलने दी थी। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के खिलाफ बीजेपी समेत समूचे विपक्ष का रवैया भी कुछ वैसा ही रहा, जिसके चलते संसद के शीतकालीन सत्र में कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका। समूचा विपक्ष इस मसले की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग पर अड़ा हुआ था। विपक्ष अपनी इस मांग पर अब भी कायम है। राजा की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष का तर्क और मजबूत ही हो गया है। उसका कहना है कि राजा की गिरफ्तारी से साबित होता है कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में राजा का हाथ है। यह बात प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी तीन साल से जानते रहे हैं, लेकिन उन्होंने राजा के खिलाफ कार्रवाई करने में तीन साल की देर लगा दी। राजा की गिरफ्तारी को कांग्रेस की साख बचाने की कवायद से भी जोड़कर देखा जा सकता है। गिरफ्तारी के फौरन बाद कांग्रेस प्रवक्ताओं ने इसका श्रेय लेने की कोशिश भी की। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान का सहारा जरूर लिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर भ्रष्टाचार हुआ है तो कानून अपना काम जरूर करेगा। यह ठीक है कि सीबीआइ प्रधानमंत्री के अधीन ही काम करती है। बिना उनके इशारे पर सीबीआइ राजा और बेहुरा की गिरफ्तारी का कदम नहीं उठा सकती थी, लेकिन यह भी सच है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने सद्इच्छा से राजा की गिरफ्तारी के लिए हरी झंडी नहीं दिया है। सुब्रह्मण्यम स्वामी की याचिका पर सुनवाई करते हुए राजा पर कई सवाल सुप्रीम कोर्ट ही उठा चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने ही जब सवाल पूछा कि आखिर इतने बड़े घोटाले के आरोपी राजा अब तक मंत्रिमंडल में क्यों बने हुए हैं, तब जाकर उनसे इस्तीफा मांगा गया। सच तो यह है कि बढ़ती महंगाई और 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की ठोस जांच में हीलाहवाली से सरकार की साख पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। राष्ट्रमंडल खेल आयोजन में घोटाले की खबर आने के बाद भी सरकार की ओर से कोई ठोस कदम उठाते हुए नहीं दिखा। अभी राष्ट्रमंडल खेल आयोजन के घोटाले से उबरने की कांग्रेस कोशिश कर ही रही थी कि मुंबई के आदर्श सोसायटी घोटाले से सरकार और कांग्रेस की नींद उड़ गई। लिहाजा अशोक चव्हाण को हटाकर कांग्रेस ने अपने दामन को पाक-साफ दिखाने की कोशिश की। अपेक्षाकृत शालीन व्यक्तित्व के धनी पृथ्वीराज चव्हाण को दिल्ली से भेजकर महाराष्ट्र की बागडोर थमाई गई, लेकिन अब उनका भी नाम आदर्श घोटाले में सामने आ रहा है। लेकिन एक लाख 76 हजार करोड़ के 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की खबर सब पर भारी पड़ गई। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रधानमंत्री की चेतावनी के बाद भी राजा अपने ढंग से स्पेक्ट्रम बांटते रहे, लेकिन गठबंधन धर्म की मजबूरियों ने शायद प्रधानमंत्री का हाथ बांधे रखा और राजा बचे रहे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के कड़े तेवर के बाद राजा को जाना पड़ा। इसके बाद इस महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी तेजतर्रार वकील कपिल सिब्बल को थमाई गई। सिब्बल साहब के वकील दिमाग ने इसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार को भी शामिल करने की कोशिश की, लेकिन सीबीआइ के हाथों राजा की गिरफ्तारी ने सिब्बल के उस तर्क को भी बेदम बनाकर रख दिया है। तो क्या यह मान लिया जाए कि राजा की गिरफ्तारी बिना किसी राजनीतिक उद्देश्य के ही संभव हो पाई है और क्या यह गिरफ्तारी सिर्फ कानून को अपना काम करने देने का नतीजा है। निश्चित तौर पर इसका जवाब ना में है। दरअसल सरकार के सामने विपक्ष को साधने के लिए इससे बड़ा कोई दूसरा रास्ता नजर नहीं आ रहा है। सरकार जानती है कि अगर वह 2जी स्पेक्ट्रम के आवंटन घोटाले में ठोस कदम नहीं उठाती तो उसके लिए शीतकालीन सत्र की तरह संसद का बजट सत्र चला पाना आसान नहीं होगा। अगर विपक्ष ने बजट सत्र भी नहीं चलने देने की ठान ली तो देश की आर्थिक देनदारियों और लेनदारियों पर संकट उठ खड़ा होगा। अपने सिद्धांतों और राजनीतिक प्राथमिकताओं के मुताबिक सरकार के लिए बजट पास करा पाना भी सरकार के लिए टेढ़ी खीर साबित होगा। सरकार इस बहाने विपक्ष की जेपीसी की मांग की धार को भी कुंद करने की कोशिश कर रही है। हालांकि अभी विपक्ष झुकता नजर नहीं आ रहा है। उल्टे उसने जेपीसी की मांग और तेज कर दी है। विपक्षी नेताओं के एक वर्ग को लगता है कि राजा कि गिरफ्तारी से उसे राजनीतिक फायदा मिल सकता है। चाहे भारतीय जनता पार्टी के नेता हों या फिर किसी और पार्टी के, वे भी मुगालते में हैं। राजा के इस भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे पहले सवाल तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन ने उठाए थे। उनके बयान को एक हिंदी पाक्षिक के अलावा किसी ने स्थान नहीं दिया था। लेकिन जैसे ही यह मामला सुब्रह्मण्यम स्वामी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका के जरिए उठाया, भारतीय जनता पार्टी इस मसले को संसद और बाहर भुनाने के लिए कूद पड़ी। यह बात और है कि सीपी राधाकृष्णन की राय पर पहले उनकी ही पार्टी ने ध्यान नहीं दिया। इससे साफ है कि भारतीय जनता पार्टी वक्त रहते इस राजनीतिक मसले का फायदा उठाने के लिए कितनी तैयार है। 1995 के संचार घोटाले के आरोपी सुखराम को कांग्रेस ने निकाल बाहर किया तो उन्होंने हिमाचल कांग्रेस बना ली। सुखराम को मुगालता था कि हिमाचल के लोग उसे हाथोंहाथ अपना लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। भारतीय जनता पार्टी भी हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक रसूख हासिल करने की जुगाड़ में थी। उसे सुखराम की पार्टी में ही सहारा नजर आया और पार्टी ने उसी सुखराम को अपना लिया, जिनके भ्रष्टाचार के खिलाफ 16 दिनों तक संसद नहीं चलने दी थी। भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लग पाने के पीछे भारतीय राजनीति की इस अवसरवादिता का भी बड़ा हाथ रहा है। तीस जनवरी को गांधी जी की पुण्यतिथि पर देश के छह महानगरों में स्वयंसेवी संगठनों और स्वतंत्रता सेनानियों की मांग पर जुटी लोगों की भीड़ ने भी सरकार की भौहों पर बल ला दिया है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलूर में भ्रष्टाचार के खिलाफ जुटे लोगों की मांग है कि एक ऐसा लोकपाल बिल लाया जाए, जिसके दायरे में प्रधानमंत्री का पद भी हो। भ्रष्टाचार और उसे रोकने के उपायों की मांग को लेकर जुटी भीड़ ने भी सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। लोगों की इस भीड़ से एक तथ्य साबित तो हुआ कि आम लोग अब सरकार को हीलाहवाली करने वाली संस्था मानने लगे हैं। राजनीतिक पंडितों के एक वर्ग का माना है कि राजा की गिरफ्तारी की एक वजह सरकार पर बढ़ता यह जनदबाव भी है। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
Wednesday, February 2, 2011
केंद्र सरकार कर रही लीपापोती
ऐसा प्रतीत हो रहा है कि संप्रग सरकार को न्यायालय में लताड़ सुनने और सहने की आदत हो गई है। अन्यथा, वह न्यायालयी आदेशों को न तो ठेंगे पर रखती और न ही बार-बार अदालत से अपमानित होने का जोखिम उठाती। लेकिन देखा जा रहा है कि हर संवेदनशील मामले में संप्रग सरकार और उसके नियंत्रण में काम करने वाली संवैधानिक संस्थाओं को न्यायालय का कोपभाजन बनना पड़ रहा है। बावजूद इसके सरकार और संस्थाएं न्यायालय के साथ सकारात्मक रुख अपनाने को तैयार नहीं दिख रही हैं। पिछले काफी दिनों से देखा जा रहा है कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे सीवीसी की नियुक्ति के मामले में सरकार का रुख अडि़यल बना हुआ है। सीएजी के रिपोर्ट पर भी उसके मंत्रियों द्वारा लगातार सवाल दागा जा रहा है। मंत्रियों को न तो संसदीय विषेशाधिकारों के हनन का गम है और न ही सरकार को न्यायालयी अवज्ञा का। विदेशी बैंकों में जमा काले धन की वापसी के मामले में भी सरकार का आचरण अव्यावहारिक और अतार्किक है। विदेशी बैंकों में जमा काले धन की संपूर्ण जानकारी देने में सरकार की आनाकानी और हिचकिचाहट से साफ जाहिर हो रहा है कि काले धन की वापसी को लेकर उसकी मंशा और नीयत साफ नहीं है। विपक्षी दलों द्वारा एक अरसे से मांग की जा रही है कि विदेशों में जमा काले धन की वापसी के लिए सरकार ठोस पहल करे, लेकिन सरकार संख्या बल के जोर से विपक्षी मांग को लगातार अनसुना करती जा रही है। अब जब मामला अदालत की चौखट तक जा पहुंचा है और सरकार पर दबाव बढ़ने लगा है कि वह काले धन की वापसी की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए तो ऐसे में सरकार की कोशिश अपने बचाव तक ही सीमित नजर आ रही है। पिछले दिनों विदेशी बैंकों में जमा काले धन के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जब सरकार से पूछा गया कि आखिर वह विदेशी बैंकों में भारतीय खातेदारों के नाम को क्यों नहीं उजागर करना चाहती है? इस पर सरकार का जवाब हैरान कर देने वाला रहा। वह ज्ञान बांटती नजर आई कि अगर नामों का खुलासा हुआ तो अंतरराष्ट्रीय संधि का उल्लंघन होगा और भारत की छवि को भी धक्का पहुंचेगा। सरकार द्वारा न्यायालय में हलफनामा दाखिल करते हुए कहा गया कि जर्मनी के लेंचस्टाइन बैंक में जिन 26 लोगों द्वारा पैसा जमा किया गया है, उनसे जुड़ी जानकारी का उल्लेख करना उचित नहीं है। सरकार के इस कदम से न्यायालय का खफा होना स्वाभाविक है। लेकिन सरकार अपने कुतर्को के दम पर न्यायालय और देश की जनता को पाठ पढ़ाने पर तुली है। सरकार द्वारा लगातार रट लगाया जा रहा है कि काला धन जमा करने वालों के नाम के खुलासे से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख कमजोर होगी और उसकी विश्वसनीयता को धक्का पहुंचेगा। क्या सरकार की यह दलील हास्यापद नहीं लगती है? अगर वाकई में सरकार को अपनी साख की चिंता होती तो वह भ्रष्टाचारियों के प्रति उदारता नहीं बरतती और न ही भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए मोर्चाबंदी करती। क्या यह विचित्र नहीं लगता है कि साख की बात करने वाली संप्रग सरकार न्यायालय में उन भ्रष्टाचारियों को बचाने का लगातार प्रयास कर रही है, जिनके हाथ घोटाले में सने हैं? साख की बात करने वाली संप्रग सरकार से पूछा जाना चाहिए कि उच्चतम न्यायालय की फटकार के बाद भी पामोलिन ऑयल आयात घोटाले के आरोपी पीजे थॉमस सीवीसी जैसे महत्वपूर्ण पद पर अभी तक क्यों बैठे हैं? सरकार बार-बार न्यायालय में यह बताने की कोशिश क्यों कर रही है कि मौजूदा सीवीसी पीजे थॉमस सत्यनिष्ठ और ईमानदार हैं? क्या ऐसे अमर्यादित आचरण से सरकार की साख कमजोर नहीं होती है? दरअसल, देखा जाए तो संप्रग सरकार का भ्रष्टाचार से लड़ने का रवैया आंख में धूल झोंकने वाला है। भ्रष्टाचार पर शुतुर्मुगी रवैया अपनाने का ही नतीजा है कि उसकी नाक के नीचे एक लाख छिहत्तर हजार करोड़ का घोटाला संपन्न हो गया और सरकार अपनी आंख पर पट्टी डाले रही। बेशर्मी की हद तो और बढ़ जाती है, जब पूरी सरकार अपने वर्तमान दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल के इस कुतर्क पर सहमति देती नजर आती है कि सीएजी की रिपोर्ट सच्चाई से परे है और सरकार को स्पेक्ट्रम आवंटन में किसी प्रकार की राजस्व हानि नहीं हुई है। अब जब न्यायालय द्वारा कपिल सिब्बल को लताड़ लगाई गई है तो कांग्रेस पार्टी उनका निजी वक्तव्य बता अपना पल्ला झाड़ रही है। आखिर भ्रष्टाचार से लड़ने का यह कौन-सा नायाब तरीका है? (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
काले धन की वापसी का सवाल
विदेशों में जमा काले धन को महज कर चोरी का मामूली मामला बताने की वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी की मुहिम लगता है सिरे नहीं चढ़ पा रही है। तभी तो विदेश में जमा काले धन के मामले पर सरकार की किसी सफाई को उच्चतम न्यायालय मानने को तैयार नहीं है। 27 जनवरी की सुनवाई में न्यायालय ने सरकार को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया है कि यदि सरकार के पास कालेधन के खातेदारों के नामों की जानकारी है तो उन पर अभी तक क्या कार्यवाही हुई। सरकार काले धन को वापस लाने की बात तो करती हैं, लेकिन काले धन पर अभी तक का टाल-मटोल वाला रवैया सरकार की प्रतिबद्धताओं के कथनों पर सवालिया निशान ही खड़ा कर रहा है। दरअसल, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन के दिशा-निर्देशों और काले धन पर अंतरराष्ट्रीय संधियों का हवाला देकर काले धन के खातेदारों का नाम उजागर करने से बचने की संप्रग की विवशता ही अपराधियों के बचाव का नया तर्क है। वास्तव में सरकार काले धन को कर चोरी का मामूली मामला बताकर इस देशद्रोही कार्य पर परदा डालने के तर्को को कानूनी जामा चढ़ाने की कोशिश कर रही है, लेकिन यह कर चोरी से अधिक आमदनी के स्त्रोतों और उस धन की लगातार अवैध गतिविधियों में संलिप्तता का सवाल है और जो लगातार देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। विदेशों में जमा ऐसी काली कमाई को वापस लाने के लिए सरकार ने एक पांच सूत्रीय कार्यक्रम की घोषणा की है, लेकिन सरकार ने न तो यह स्पष्ट किया कि ऐसी काली कमाई वालों को क्या सजा दी जाएगी और इस काली कमाई को वापस लाने की क्या कार्य योजना है। काले धन के इस मुद्दे से निपटने के लिए विशेषज्ञों की एक बहुविषयक समिति बना दी है। यह समिति काली कमाई, उसकी मात्रा और उसके समाधान के लिए काम करेगी। सरकार की घोषणाएं प्रथम दृष्टया काफी बेहतर जान पड़ती हैं। हालांकि माफी योजना की संभावनाओ का इशारा देकर सरकार ने इस बहुविषयक विशेषज्ञ समिति की दिशा का संकेत भी दे दिया है। इसके अलावा सरकार ने आयकर विभाग की आठ अंतररष्ट्रीय टीमों के गठन की घोषणा भी की है, जो दुनिया के अलग-अलग टैक्स हेवन देशों में भारतीयों के काले धन की खोज करने का काम करेंगी। वैसे सरकार की इन सारी कवायदों का यदि तार्किक विश्लेषण करें तो इस मौखिक कार्रवाई की वास्तविकता आसानी से समझी जा सकती है। वास्तव में सरकार विपक्ष एवं न्यायपालिका के दबाव में कार्रवाई करते हुए दिखाना चाहती है ताकि बाद में बहुविषयक विषेशज्ञ समिति की संस्तुतियों का हवाला देकर एक सार्वजनिक माफी योजना लागू की जा सके। हालांकि वित्तमंत्री कहते हैं कि हम कुछ छिपाना नहीं चाहते हैं, मगर लगता है कि यह कुछ लाक्षणिक भाषा है या सरकार की मंशा की भाषाई लाक्षणिकता कि हम कुछ छिपाना नहीं चाहते, मगर हम कुछ बताना भी नहीं चाहते कूटनीतिक विवशता के तर्क के साथ। भ्रष्टाचार पर सरकार का यह कूटनीतिक और भाषाई चमत्कार कोई एक मात्र उदाहरण नहीं है। 2जी स्पेक्ट्रम, आदर्श, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला और केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति तक कई ऐसे मामले हैं, जिन पर कार्रवाई के तौर-तरीकों से सरकार की भ्रष्टाचार पर मंशा का पता चलता है। 27 जनवरी को काले धन के साथ ही न्यायपालिका के समक्ष मुख्य सतर्कता आयुक्त पीजे थॉमस की नियुक्ति के मामले की भी सुनवाई थी, जिसमें सरकार ने बेहद मासूमियत से सफाई दी कि नियुक्ति से पहले उसे मालूम ही नहीं था कि पीजे थॉमस के विरुद्ध कोई जांच लंबित है। यह मासूमियत भरा झूठ सरकार तब बोल रही है, जबकि पीजे थॉमस की नियुक्ति पर पूरे देश को अभी तक कुछ दिनों पहले की प्रधानमंत्री और नेता विपक्ष सुषमा स्वराज के बीच की तकरार याद है। नेता विपक्ष ने पीजे थॉमस की भ्रष्टाचार में संलिप्तता को लेकर उंगली उठाते हुए उनकी नियुक्ति पर सवालिया निशान ही खडे़ नहीं किए थे, बल्कि नियुक्ति का पुरजोर विरोध भी किया था। इस बड़ी तकरार के बाद भी यदि सरकार अनजान होने की बात करती है तो यह बेहद हास्यास्पद भी है और दुखद भी। इसके अलावा ऐसी किसी नियुक्ति से पहले कार्मिक एवं पेंशन मंत्रालय नियुक्त किए जाने वाले अधिकारी से जुड़ी सभी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय को मुहैया कराता है। इस पूरी प्रक्ति्रया के बाद ही ऐसी महत्वपूर्ण नियुक्ति होती है। अब क्या सरकार यह कहना चाहती है कि पीजे थॉमस की नियुक्ति में इस प्रक्ति्रया को अपनाया नहीं गया या उसे कार्मिक एवं पेंशन मंत्रालय द्वारा गलत सूचना दी गई। सरकार की ठीक यही स्थिति 2जी स्पेक्ट्रम मामले में भी दिखाई देती है, जिसमें संसद का पूरा शीतकालीन सत्र विपक्ष के विरोध की भेंट चढ़ गया, मगर सरकार जेपीसी की मांग न मानने की अपनी जिद पर अड़ी रही। शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस पार्टी ने विपक्ष की कार्यप्रणाली पर कई तरह के तर्क देने के अलावा सत्र नहीं चलने के कारण भत्ता नहीं लेने के नैतिक टोटके करते हुए जेपीसी की मांग मानने से स्पष्ट इनकार कर दिया। कांग्रेस के अति उत्साही प्रवक्ताओ ने विपक्ष पर काम नहीं चलने देने का ठिकरा फोड़ते हुए विपक्ष को अलोकतांत्रिक तक करार दे दिया, लेकिन उन्हें यह भी याद नहीं रहा कि संसद और सरकार चलाना सत्तापक्ष की जवाबदेही है और विपक्ष का काम सरकार की जन विरोधी नीतियों और कार्यो का विरोध करना ही है, जो उसने बखूबी किया भी। यदि इस पूरे मामले पर किसी की विफलता दिखाई दी तो वह सरकार की विफलता थी। कैग की रिपोर्ट आ जाने के बाद संसद में बहस की गुंजाइश नहीं, जांच की जरूरत है। असल में भ्रष्टाचार पर यह कांग्रेसी प्रतिक्रिया केवल वैधानिक बाध्यताओं और अंतरराष्ट्रीय संधियों के कारण नहीं, बल्कि उसकी भ्रष्ट कार्य संस्कृति के कारण है और अब सरकार इसी संस्कृति में पारंगत लोगों को बचाने के लिए नाम नहीं बताने और माफी योजना की परियोजना को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। अन्यथा, कोई कारण नहीं कि लेंचस्टाइन मामले में सरकार काली कमाई को विदेश में रखने वाले लोगों के नाम सार्वजनिक न कर सके, क्योंकि प्रसिद्ध अधिवक्ता राम जेठमलानी के अनुसार लेंचस्टाइन पर नाम गोपनीय रखने वाली संधि लागू नहीं होती है। जर्मनी, ऑस्टि्रया और स्विट्जरलैंड के मध्य स्थित लेंचस्टाइन की भौगोलिक और ऐतिहासिक स्थिति के जानकार वकील रामजेठमलानी के तर्क को समझ सकते हैं। यही स्थिति राष्ट्रमंडल खेल, आदर्श घोटाले और 2जी स्पेक्ट्रम मामले में भी है। राष्ट्रमंडल खेलों की जांच का पूरा केंद्र अकेले सुरेश कलमाड़ी और उनकी मित्र मंडली को बनाया जा रहा है, जबकि सत्तर हजार के खेल खर्च में खेल आयोजन समिति का हिस्सा महज सौलह सौ करोड़ था, लेकिन इस घोटाले के मुख्य भागीदार दिल्ली सरकार व शहरी विकास मंत्रालय बेदाग पदोन्नति पा रहे हैं। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की कहानी का रहस्य भी कमोबेश यही है, जिसमें सारा ध्यान सिर्फ ए राजा पर केंद्रित है, जबकि राजा और प्रधानमंत्री कार्यालय के बीच के पत्र व्यवहार से एकदम साफ हो जाता है कि प्रधानमंत्री कार्यालय को वस्तु स्थिति की पूरी जानकारी थी और पीजे थॉमस की नियुक्ति भी इस घोटाले पर जांच की हवा निकालने की कवायद के तौर पर ही की गई, क्योंकि सरकार की नीयत और मंशा का पता 2जी स्पेक्ट्रम पर कपिल सिब्बल के गैर जिम्मेदाराना बयान से चल ही चुका है। इसीलिए सरकार जेपीसी के गठन से कतरा रही है, क्योंकि वह चाहते हैं कि सरकार के मातहत पीजे थॉमस सरीखे किसी नौकरशाह की देखरेख में कोई सरकारी एजेंसी ही जांच की जिम्मेदारी ले। दरअसल सरकार जांच कानून और संधियों का हवाला देकर भ्रष्टाचार की संस्कृति और भ्रष्टाचारियों को बचाए रखना चाहती है। अब न्यायपालिका के सक्रिय हस्तक्षेप के कारण ही भ्रष्टाचार इस हद तक उजागर हो रहा है, लेकिन न्यायपालिका की भी विधायिका के सामने अपनी सीमाएं हैं और खतरे इस बात के हैं कि कहीं सरकार की भ्रष्टाचारियों को बचाने की सारी कवायद के सामने न्यायपालिका का यह हस्तक्षेप सलाह और फटकार तक ही सिमटकर न रह जाए। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
Sunday, January 30, 2011
भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट चढ़ रही ईमानदारी
दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में गोपालगंज के जिलाधिकारी जी कृष्णैया की पत्थर मार कर नृशंस हत्या की खबर आने के बाद बिहार और वहां की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लग गए थे। मुजफ्फरपुर में कृष्णैया और नासिक के मनमाड में यशवंत सोनवाने की हत्या की घटना में एक समानता है कि दोनों जिम्मेदार अधिकारी थे। लेकिन एक की हत्या पगलाई भीड़ ने की थी, जबकि दूसरे को जिंदा जलाने वाले तेल माफिया थे। कृष्णैया की हत्या ने यह सोचने के लिए बाध्य कर दिया था कि जिस राज्य में देश की सर्वोच्च और प्रतिष्ठित सेवा का अधिकारी सुरक्षित नहीं है, वहां आम जनता कितनी सुरक्षित होगी। लेकिन ठीक गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हुई इस लोमहर्षक घटना के लिए महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल नहीं उठ रहा है। वहां इसे महज एक आपराधिक घटना के तौर पर देखा जा रहा है। महाराष्ट्र की इस दुस्साहसिक घटना की जांच के बाद निश्चित रूप से यह पता चलेगा कि आला प्रशासनिक अधिकारी को जिंदा जलाने वाले कोई सामान्य अपराधी नहीं हैं, बल्कि उनके पीछे कोई रसूखदार राजनीतिक ताकत जरूर है। 19 नवंबर 2005 में कुछ ऐसे ही घटनाक्रम में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में इंडियन ऑयल कारपोरेशन के मार्केटिंग अधिकारी एस मंजूनाथ की हत्या कर दी गई थी। यशवंत सोनावाणे की तरह मंजूनाथ का भी कसूर यही था कि वे तेल में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चला रहे थे। उनके रहते मिलावटखोर और कालाबाजारी करने वाले बेईमान पेट्रोल पंप मालिकों की काली कमाई में रुकावट हो रही थी। लिहाजा उन्होंने अपनी काली कमाई जारी रखने के लिए अधिकारी को ही राह से हटाने का फैसला ले लिया। मंजूनाथ की हत्या की जांच में भी पता चला कि इसके पीछे रसूखदार राजनीतिक वरदहस्त वाले लोगों का भी हाथ था। पेट्रोल पंपों के कारोबार से जुड़े होने के चलते हत्यारे और उन्हें प्रश्रय देने वाले मालदार तो खैर थे ही। चाहे मंजूनाथ हों या फिर यशवंत सोनवाने, राजनीति की दुनिया में व्याप्त भ्रष्टाचार उन्हें अपनी राह का रोड़ा मानने लगती है। अपने सेवाकाल के शुरुआती दौर में ज्यादातर अधिकारी समाज बदलने का ही माद्दा लेकर आते हैं, लेकिन जैसे-जैसे भ्रष्ट व्यवस्था से उनका पाला पड़ता है, शुरुआती हिचक पर वे काबू पाने की कोशिश में जुट जाते हैं। रही-सही कसर पूरी कर देती है भ्रष्ट व्यवस्था। व्यवस्था ही उन्हें बदलने की कोशिश करने लगती है। पहले ही दिन से उन्हें खरीदने की कोशिश की जाती है। इस कोशिश के सामने अधिकांश टूट जाते हैं और जो नहीं टूटते, उन्हें या तो मंजूनाथ बना दिया जाता है या फिर सत्येंद्र दुबे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण में काम कर रहे इंजीनियर सत्येंद्र दुबे को भी खरीदने की कम कोशिश नहीं की गई थी, लेकिन बिहार के सीवान जिले का रहने वाला वह युवा इंजीनियर अपनी असल जिम्मेदारी निभाने के लिए जुटा रहा। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने ही विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा करने की भी ठान ली। ऐसे में भ्रष्ट अधिकारियों, ठेकेदारों और इंजीनियरों की तिकड़ी ने उन्हें रास्ते से ही हटाने की ठान ली। 27 नवंबर, 2003 को गया में तैनात यह इंजीनियर जब अपने घर लौट रहा था, तभी उसे गोली मार दी गई। सत्येंद्र दुबे हत्याकांड का मामला इतना तूल पकड़ा कि नीतीश सरकार को उसकी सीबीआई जांच कराने का आदेश देना पड़ा। दुबे हत्याकांड के अधिकारी पकड़ तो लिए गए हैं, लेकिन हकीकत यह है कि वे महज हत्यारे हैं। उनकी हत्या की साजिश रचने वाले राजनेता और अधिकारी अब भी सींखचों से बाहर हैं। हाल के दिनों में एक और हत्या ने राजनीति और भ्रष्टाचारियों के कॉकटेल व उसके जरिए होने वाले अपराधों की कलई खोलने के लिए चर्चित रहा। 24 दिसंबर, 2008 को उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में तैनात पीडब्ल्यूडी इंजीनियर मनोज गुप्ता की भी हत्या कर दी गई। उनका कसूर सिर्फ इतना ही था कि उन्होंने सत्ताधारी बहुजन समाज पार्टी के स्थानीय विधायक शेखर तिवारी को चंदा देने से मना कर दिया था। दिलचस्प बात यह है कि यह चंदा पार्टी के ही नाम पर मांगा गया था। इस हत्याकांड से भ्रष्टाचार के मसले पर राजनेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत पर बहस-मुबाहिसों का दौर ही शुरू हो गया था। बिहार में तो हालात भले ही बदलते नजर आ रहे हैं। नीतीश शासन में जिस तरह अधिकारियों को अभयदान मिला हुआ है, उससे सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड और भाजपा नेताओं में असंतोष है। विधानसभा चुनावों के पहले हुई जदयू की एक बैठक में इस मसले को पार्टी नेताओं ने जिस तरह तूल दिया, उससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी झुंझला गए थे, लेकिन नीतीश कुमार ने जिस तरह अधिकारियों को स्वायत्तता दी है, उससे अब बिहार में काम करने को लेकर अधिकारियों में कोई हीनताबोध या किसी भय का भाव नहीं है, लेकिन जी कृष्णैया की हत्या के बाद नब्बे के दशक के मध्य में अधिकारी बिहार में तैनाती को लेकर हिचक दिखाने लगे थे। कृष्णैया आंध्र प्रदेश के निवासी थे। उनकी हत्या के बाद उनके माता-पिता ने कहा था कि वे किसी भी व्यक्ति को यह सलाह नहीं देंगे कि वे अपने बच्चे को बिहार में काम करने के लिए जाने दे। निश्चित तौर पर सोनवाने की हत्या के बाद किसी अधिकारी के परिजन अपने किसी जानकार के महाराष्ट्र में काम करने के लिए आगाह नहीं करेंगे, लेकिन कृष्णैया की हत्या दरअसल छोटन शुक्ला नाम के एक स्थानीय नेता की मौत से गु्स्साई जनता ने की थी। बिहार पीपुल्स पार्टी के नेता छोटन शुक्ला की हत्या को लेकर लोग मान रहे थे कि हत्यारों को सत्ता प्रतिष्ठान का समर्थन हासिल है। हत्यारों की भीड़ में लवली आनंद और आनंद मोहन जैसे नेता भी थे। आनंद मोहन पर हत्या से ज्यादा भीड़ को उकसाने का आरोप है और इसके चलते वे जेल में बंद भी हैं। सोनवाने की हत्या निश्चित तौर पर अपराधियों का कृत्य है, लेकिन यह तय है कि उन अपराधियों के पीछे कोई राजनीतिक ताकत जरूर है। सत्येंद्र दुबे और मंजूनाथ भी अधिकारी थे, लेकिन वे प्रशासनिक अधिकारी नहीं थे। जिन पर कानून और व्यवस्था की भी जिम्मेदारी होती है। वैसे तो हत्या, हत्या ही होती है। लेकिन यशवंत सोनवाने की हत्या निश्चित तौर पर बाकी अधिकारियों की हत्या से अलग है, क्योंकि वे मामूली अधिकारी नहीं थे। वे प्रशासनिक अधिकारी थे। उन पर कानून और व्यवस्था की जिम्मेदारी भी थी। फिर भी उनकी हत्या के लिए भ्रष्ट तंत्र और उसके अपराधियों को कोई भय या हिचक का बोध नहीं हुआ। इसके भी अपने कारण हैं। अंग्रेजी राज्य से लेकर सन् 1971-72 तक प्रशासनिक अधिकारियों का अपना जलवा रहता था, लेकिन सत्तर के दशक के शुरुआती दिनों में शुरू हुए प्रशासनिक सुधारों के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की ताकत कम हुई है, इसके साथ ही उनका रसूख कम हुआ है। इन सुधारों से प्रशासनिक अधिकारियों के अधिकारों में कटौती हुई और जिले में तैनात पुलिस अधीक्षकों को भी ताकत दी गई। जबकि उसके पहले तक वे जिला प्रशासनिक अधिकारियों के सहायक की भूमिका में होते थे। 1985-86 में राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों की पकड़ को कम करने की मांग रखी थी। उन्हें अपनी गोपनीयता रिपोर्ट किसी आईएएस अधिकारी के हाथों लिखे जाने पर भी ऐतराज था। लिहाजा, सरकार ने उनकी मांगे मान ली। अधिकारों के विकेंद्रीकरण के नाम पर ये तो हुआ, लेकिन जिला और स्थानीय स्तर पर सक्रिय अपराधियों और माफियाओं ने उनकी परवाह करनी कम कर दी। उन्हें पता है कि प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ में पहले जैसा चाबुक नहीं रहा। इसका ही फायदा उठाकर सत्तर और अस्सी के दशक में धनबाद में माफियाओं का उभार सामने आया था, जिसमें सूरजदेव सिंह तेजी से उभरे थे। खुलेआम हथियार लेकर चलना और प्रशासनिक अमले को हड़का देना उनके लिए बायें हाथ का खेल था। हालांकि बाद में एक दमदार अधिकारी मदनमोहन झा ने उन पर काबू पाने की सफल कोशिश की थी। वैसे अधिकारियों का भी एक बड़ा तबका राजनेताओं और ठेकेदारों के भ्रष्टाचार के हाथों में खेलने में ही अपनी भलाई देखता है। ऐसे में उनकी भी वकत कम हुई है। यशवंत सोनवाने की हत्या की घटना ने इस मकड़जाल को एक बार फिर उजागर किया है। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
Friday, January 28, 2011
बेलगाम भ्रष्टाचारियों पर कसे शिकंजा
भ्रष्टाचार के मामले में यूपीए सरकार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना तो दूर उनका बचाव कर रही है, जो गंभीरत चिंता का विषय है। फिर मामला चाहे मुख्य सतर्कता आयुक्त पीजे थामस की नियुक्ति का हो अथवा क्वात्रोच्चि और अब काला धन देश में लाने को लेकर रस्साकसी चल रही है। विदेशों में जमा काले धन के खातेदारों के नाम उजागर करने में सरकार की हिचक समझ से परे है। इससे सरकार की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। अब वह इन पर सफाई देती नजर आ रही है। हमारी शासन और प्रशासनिक व्यवस्था में प्रधानमंत्री से लेकर छोटे से छोटे अधिकारी तक के पास इतने सारे विशेषाधिकार हैं कि उनके सहारे लगभग किसी भी कानून का उल्लंघन संभव है। जमीन के आवंटन को लेकर हर राज्य में हो रहे अरबों रुपये के घोटाले ऐसे ही विशेषाधिकार पर आधारित हैं। जब केंद्र सरकार खुद घपलों और घोटालों में घिरी हो तो वह राज्यों में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कदम कैसे उठा सकती है। इससे पूरे देश में निराशा का ही माहौल बन रहा है। यह लज्जा की बात है कि सार्वजनिक जीवन में शुचिता और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के मामले में हमारा नंबर नीचे के देशों में है। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए अब तक जितने उपाय किए गए हैं वे दिखावटी ही साबित हुए हैं। राजनीति और प्रशासन पर भ्रष्ट तत्वों का ऐसा कब्जा है कि उन्हें जवाबदेह बनाने के सारे उपाय बेकार हो जाते हैं, लेकिन राष्ट्र के लिए सबसे घातक बात यह है कि यूपीए सरकार भ्रष्टाचारियों के खिलाफ ठोस और वास्तविक कार्रवाई करने के बजाय उनका बचाव कर रही है। भ्रष्टाचार के मामले में यूपीए सरकार जिस तरह से अपने दागी आरोपियों का बचाव कर रही है उससे उसकी साख खतरे में है। विदेशी बैंकों में जमा काले धन और केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति के मामले में अदालत में सरकार द्वारा दिए गए तर्को से भी उसकी साख पर बट्टा लगा है। आखिर क्या वजह है कि सरकार विदेशी बैंकों में जमा भारतीय नागरिकों के काले धन की जानकारी देने से हिचक रही है। सरकार का तर्क है कि स्विट्जरलैंड के साथ दोहरे कराधान से बचने की संधि के चलते इस सूचना को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। यह सही है कि विदेशी बैंकों में जमा काले धन की जानकारी प्राप्त करने के लिए सरकार को कर चोरी संबंधी संधि करनी पड़ती है। पर इसका यह अर्थ नहीं है कि सरकार उपलब्ध जानकारियों को ही छिपाए। खासकर नाजायज तरीके से धन जमा करने वालों का नाम उजागर होना ही चाहिए। अदालत ने सरकार से कहा है कि वह विदेशी बैंकों में जमा धन की पूरी जानकारी दे। विदेशी बैंकों में काला धन रखने को न्यायमूर्तियों ने राष्ट्रीय संपदा की चोरी और देश के साथ लूटपाट करार दिया है। यह बड़ी शर्मनाक और दुखद बात है कि सरकार भ्रष्टाचारियों के साथ खड़ी हुई दिखाई दे रही है। कुछ दिन पहले केंद्रीय संचार मंत्री ने 2 जी घोटाले पर कैग की रिपोर्ट को ही निराधार ठहरा दिया था। इस तरह तो सरकार संवैधानिक संस्थाओं को ही नकार रही है। आंकड़ों से यह सिद्ध करना व्यर्थ है कि हम किस तरह के नाजुक दौर से गुजर रहे हैं। जनता पर भारी कर बोझ बढ़ाए जाने के बावजूद आर्थिक दृष्टि से केंद्र एवं राज्य सरकारें दिवालिया होती जा रही हैं, क्योंकि राजनेताओं और नौकरशाहों के बेलगाम खर्चो और भ्रष्टाचार ने देश को पतन की पराकाष्ठा पर पहुंचा दिया है। बढती गरीबी, असंतुलन, हिंसा, घृणा, जीवन के गिरते हुए मूल्य और जीवन के हर क्षेत्र में घोर अनैतिक व्यवहार निराशा की स्थिति पैदा कर रहे हैं। आर्थिक अपराधी अर्थव्यवस्था को खोखला करते रहें और राज्य व्यवस्था असमर्थ बनी रहे तो इसका अर्थ हुआ लोकतंत्र नहीं, आर्थिक शोषण, भ्रष्टाचार और अपराध का अराजक वातावरण है। अराजकता, नक्सलवाद और आतंकवाद से जूझते इस देश का हर विवेकशील नागरिक चाहता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हो। आम जनता चाहती है प्रशासकीय व्यवस्था का पूरी तरह से कायाकल्प हो ताकि वह उसके नियंत्रण में आए और राजनीति एवं सरकार में भ्रष्टाचार दूर करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं, लेकिन यूपीए सरकार ने इस दिशा में अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। सरकार की गिरती साख और विश्वसनीयता का संकट आम आदमी को ही नहीं, बल्कि देश के हर विवेकशील व्यक्ति को झकझोर रहा है। पिछले तीन महीने से देश में जो सियासी माहौल बना है, उसने आर्थिक महाशक्ति बनने को अग्रसर भारत की क्षमता पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लग रहा है।
निरंकार सिंह, दैनिक जागरण (राष्ट्रीय संस्करण),२५ जनवरी २०११ ,पृष्ठ संख्या ९
Subscribe to:
Posts (Atom)
