कर्नाटक सरकार का काला चिट्ठा खोलते हुए लोकायुक्त एन संतोष हेगड़े ने बुधवार को अवैध खनन मामले में बहुप्रतीक्षित रिपोर्ट पेश की। मीडिया में लीक हुई खबरों पर मुहर लगाते हुए हेगड़े ने बताया कि कैसे मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा के परिवार के प्रेरणा ट्रस्ट ने खनन कंपनियों से 30 करोड़ की रिश्वत ली। एक खनन कंपनी ने ट्रस्ट को उधार लेकर दस करोड़ का दान दिया। ट्रस्ट ने खनन कंपनी को एक एकड़ जमीन करीब 20 करोड़ में बेची जबकि उसकी अनुमानित कीमत 1.4 करोड़ थी। हेगड़े ने सीएम के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्यपाल से सिफारिश की है। करीब 26,000 पन्नों की रिपोर्ट के मुताबिक अवैध खनन की काली कमाई में येद्दयुरप्पा के अलावा राज्य सरकार के चार मंत्रियों व 600 के करीब अधिकारियों की संलिप्तता थी। 2006-2010 के बीच 16,085 करोड़ के घोटाले का दावा कर रही यह रिपोर्ट दर्शाती है कि मंत्रियों, अफसरों और खनन उद्यमियों के मजबूत नेटवर्क ने किस कदर खजाने को लूटा। हेगड़े ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, खनन मामले में मुख्यमंत्री येद्दयुरप्पा, पूर्व मुख्यमंत्री व जेडीएस नेता एच डी कुमारस्वामी, रेड्डी बंधु (राज्य सरकार में मंत्री और खनन उद्यमी), उनके कुछ सहयोगियों , मंत्री एच श्रीरामूलू, कांग्रेस सांसद अनिल लाड की पत्नी के नाम हैं। इनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक व अन्य कानूनों के तहत अभियोजन की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट में मई 2008 से सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को खनन कार्य में अनियमितताओं और गैरकानूनी गतिविधियों को रोक नहीं पाने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। हेगड़े की मुख्य रिपोर्ट 943 पन्नों की है। कुमारस्वामी के संदर्भ में जांच में उनकी ओर से खनन के दो पट्टे देने में कदाचार की बात सामने आई है। हेगड़े ने कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत अपराध होने के नतीजे पर पहुंचने के साथ ही उन्होंने राज्यपाल से मुख्यमंत्री येद्दयुरप्पा के खिलाफ आगे कदम उठाने की सिफारिश की है क्योंकि मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए समक्ष प्राधिकार प्रदेश के राज्यपाल हैं। अनुलग्नकों के साथ रिपोर्ट की एक प्रति आगे की कार्रवाई के लिए राज्यपाल को भेजी गई है। रेड्डी बंधु के बारे में हेगड़े ने कहा कि कर्नाटक में खनन नहीं करने का उनका दावा झूठा है। इस आरोप को साबित करने के लिए पर्याप्त दस्तावेज हैं। लोकायुक्त ने अनेक अनियमितताओं के मद्देनजर सरकार से खनन कंपनियों का लाइसेंस निरस्त करने और नुकसान को चोरी हुआ लौह अयस्क मानते हुए संबंधित लोगों से बाजार मूल्य पर इसका धन वसूलने की सिफारिश की।
Thursday, July 28, 2011
येद्दयुरप्पा के परिजनों ने ली 30 करोड़ की रिश्वत
Saturday, July 16, 2011
चिदंबरम की जांच को सीबीआइ प्रमुख से मिले भाजपाई
2जी घोटाले को लेकर संसद से सड़क तक सरकार को कठघरे में खड़ा करने के बाद भाजपा ने अब सीबीआइ का दरवाजा भी खटखटा दिया है। इसके पीछे उसका एक मात्र उद्देश्य गृह मंत्री पी चिदंबरम को भी जांच के दायरे में लाना है, जिनको वह स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए हरी झंडी देने के लिए जिम्मेदार मानती है। चिदंबरम उस समय वित्तमंत्री थे। पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीबीआइ निदेशक को एक पत्र सौंपकर उनसे इस मामले में चिदंबरम की भूमिका की जांच की भी मांग की। सीबीआइ निदेशक से किसी राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात असामान्य बात मानी जाती है। सीबीआइ निदेशक भी आम तौर पर राजनीतिक नेताओं से नहीं मिलते हैं, लेकिन इस मामले में निदेशक एपी सिंह न उन्हें मिलने का मौका दिया और ज्ञापन भी लिया। भाजपा नेताओं ने सीबीआइ निदेशक से मांग की है कि वह 2जी घोटाले की जांच के दायरे में उस समय वित्त मंत्री रहे चिदंबरम की भूमिका की भी जांच करे, जिसके चलते इतना बड़ा घोटाला हुआ। भाजपा नेताओं ने कहा कि वित्त मंत्रालय की नामंजूरी से यह घोटाला रोका जा सकता था। चिदंबरम भी पहले इस तरह से स्पेक्ट्रम आबंटन के पक्ष में नहीं थे, लेकिन बाद में उनके द्वारा इसकी मंजूरी देना, उनकी भूमिका पर सवाल खड़े करता है। जावडेकर ने कहा कि संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) की रिपोर्ट व नियंत्रक महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट भी चिदंबरम की भूमिका पर सवाल उठा चुकी है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सूचना के अधिकार के तहत मिले दस्तावेज व अन्य सबूत सीबीआइ निदेशक को सौंपते हुए कहा कि इन्हें देखते हुए सीबीआइ इस तरह की जांच कर सकती है। सीबीआइ को पूरे स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच करनी चाहिए। इस मामले में पूर्व संचार मंत्री ए राजा जेल में हैं, लेकिन चिदंबरम बाहर हैं। जावडेकर ने कहा कि 2003 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फैसला किया था कि स्पेक्ट्रम आवंटन व कीमतों के निर्धारण का काम संचार व वित्त मंत्रालय मिल कर करेंगे, इसलिए इस मामले में दोनों मंत्री बराबरी के जिम्मेदार हैं।
कलमाड़ी ने बताया जान को खतरा
राष्ट्रमंडल खेल घोटाले के आरोपी सुरेश कलमाड़ी ने तिहाड़ जेल की गाड़ी से कोर्ट आने-जाने के दौरान अंडर ट्रायल कैदियों से जान को खतरा बताया है। इस संबंध में कलमाड़ी ने पटियाला हाउस के विशेष सीबीआइ जज तलवंत सिंह की कोर्ट में अर्जी दाखिल की है जिसमें उन्होंने जेल से अलग गाड़ी में कोर्ट लाने की व्यवस्था करवाने की मांग की है। तिहाड़ जेल में ही बंद उनके सहयोगी रहे ललित भनोट, वीके वर्मा, एम. जयचंद्रण, सुरजीत लाल, एएसवी प्रसाद ने भी जेल से कोर्ट आने के लिए अलग गाड़ी की मांग की है। राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व चेयरमैन सुरेश कलमाड़ी की अर्जी पर कोर्ट ने तिहाड़ जेल अधीक्षक को कहा है कि वह इस पर गौर करें कि क्या उन्हें जेल से कोर्ट आने-जाने के लिए अलग गाड़ी की व्यवस्था करना संभव है। कोर्ट ने जेल अधीक्षक को इस बाबत जबाव दाखिल करने को कहा है। गौरतलब है कलमाड़ी पर नियमों की अनदेखी कर टाइम रिजल्ट स्कोरिंग (टीएसआर) का ठेका स्विस कंपनी को देने का आरोप है। मेडिकल जांच की रिपोर्ट आज होगी पेश : कलमाड़ी की मेडिकल जांच की रिपोर्ट शनिवार को कोर्ट में पेश की जाएगी। तिहाड़ जेल अधीक्षक की ओर से यह रिपोर्ट पटियाला हाउस कोर्ट के विशेष सीबीआइ जज तलवंत सिंह की कोर्ट में पेश की जाएगी। कलमाड़ी 4 मई से जेल में बंद हैं। बृहस्पतिवार को पेशी पर कोर्ट आए कलमाड़ी ने विशेष सीबीआइ जज तलवंत सिंह की कोर्ट में एक अर्जी दायर कर कहा कि वे पहले से ही एक-दो बीमारियों से पीडि़त हैं। आजकल वह थोड़ी शारीरिक परेशानी महसूस कर रहे हैं। लिहाजा उनका पूरा मेडिकल परीक्षण करवाया जाना चाहिए। इस पर कोर्ट ने तिहाड़ जेल अधीक्षक को सुरेश कलमाड़ी की मेडिकल जांच करवाने का आदेश दिया।
नोट कांड में दिल्ली पुलिस को फटकार
रामलीला कांड पर पहले से सुप्रीमकोर्ट के कठघरे में खड़ी दिल्ली पुलिस की शुक्रवार को फिर फजीहत हुई। इस बार मामला संसद में विश्वास मत के दौरान नोट के बदले वोट का था। शीर्ष अदालत ने राजनीति में पैसे के बढ़ते इस्तेमाल को उजागर करने वाले करीब तीन साल पुराने इस मामले की लचर जांच और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने के लिए दिल्ली पुलिस को जमकर फटकारा। साथ ही निर्देश दिया कि वह दो हफ्ते में कार्रवाई रिपोर्ट पेश करे। अदालत के इस रुख के बाद मनमोहन सरकार की मुसीबतें बढ़ गयीं हैं। न्यायमूर्ति आफताब आलम और आरएम लोढ़ा की पीठ ने पूर्व चुनाव आयुक्त जे एम लिंगदोह की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा, नोट के बदले वोट मामले में दिल्ली पुलिस की जांच से हम बिलकुल खुश नहीं हैं। पुलिस ने लचर रुख के साथ जांच की है। गंभीर प्रकृति के अपराध को साबित करने का यह कोई तरीका नहीं है। हम सचमुच चिंतित हैं। जांच तेजी से तार्किक अंजाम तक पहुंचायी जानी चाहिए। पुलिस की स्थिति रिपोर्ट पर पीठ ने कहा, यह जांच नहीं है। आप कुछ सांसदों के बयान के आधार पर एक कहानी बता रहे हो। साथ ही सवाल किया कि इस मामले में आज तक हिरासत में लेकर पूछताछ क्यों नहीं की गई। एडिशनल सालीसिटर जनरल हरेन रावल ने कहा, सरकार आश्वस्त करती है कि मामले की जांच दो माह में पूरी कर ली जाएगी। लिंगदोह ने याचिका में आरोप लगाया है 22 जुलाई 2008 में संप्रग सरकार के विश्वास मत के दौरान रिश्वत के तौर पर मिले धन के रूप में समूचा देश भाजपा के तीन सांसदों अशोक अर्गल, फगन सिंह कुलस्ते और महावीर भगोरा द्वारा संसद में नोट लहराए जाने की घटना को देखकर आवाक रह गया, लेकिन अब तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। न अपराध शाखा ने कोई रिपोर्ट दर्ज की न ही जेपीसी अध्यक्ष ने अब तक कोई वास्तविक कदम उठाया। ज्ञात हो, 9 जुलाई 2008 को भारत-अमेरिका के बीच असैन्य परमाणु करार के मुद्दे पर वाम दलों के समर्थन वापसी के बाद संप्रग सरकार अल्पमत में आ गई थी। 21 जुलाई को विश्वास मत के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला हुआ। 22 को सदन में तीन भाजपा सांसद एक करोड़ की नकदी लेकर पहुंचे और आरोप लगाया कि सरकार के पक्ष में मतदान के लिए उन्हें यह राशि संप्रग नेताओं ने दी थी। शोरगुल व हंगामे के बीच सरकार ने 256 की तुलना में 275 मतों से विश्वास मत हासिल कर लिया। 30 जुलाई को तत्कालीन लोस अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की थी, जिसने 30 अक्टूबर 2008 को सौंपी रिपोर्ट में मामले की जांच सीबीआइ या आयकर विभाग से कराने की सिफारिश की थी। 17 मार्च 2011 को यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया, जब विकिलीक्स ने अमेरिकी राजदूत के उन संदेशों का खुलासा किया, जिनमें कहा गया था कि विश्वास मत के लिए सरकार ने सांसदों को रिश्वत दी। दूतावास के संदेशों में कांग्रेसी नेता सतीश शर्मा के एक राजनीतिक सहायक के हवाले से कहा गया कि सांसदों को मुहैया कराने के लिए 50 करोड़ का कोष बनाया गया है।
काले धन के खिलाफ चले समग्र अभियान
काले धन के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने सरकार से देश के अंदर और बाहर समेकित उपाय करने को कहा है। राष्ट्रपति का मानना है कि विदेश में काला धन छुपाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अन्य देशों के साथ बेहतर सहयोग की जरूरत होगी। आयकर विभाग के 150वें वर्ष के मौके पर आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति ने कहा दूसरे देशों में कालेधन को छुपाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बेहतर वैश्विक सहयोग जरूरी है। इसके लिए कर सूचनाओं के आदान प्रदान और विभिन्न देशों के साथ आपसी सहयोग बढ़ाया जाना चाहिए। भारत इसी महीने एशिया प्रशांत समूह (एपीजी) की मनी लांड्रिंग पर 14वें सालाना बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। काले धन पर वैश्विक स्तर पर भारत की जारी मुहिम के बीच यह बैठक यहां हो रही है। पांच दिन चलने वाली यह बैठक 18 जुलाई को केरल के कोच्चि में शुरू होगी और 22 जुलाई तक चलेगी। बैठक में वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी भाग लेंगे। यह बैठक मनी लांड्रिंग रोकने के मामले में उच्च स्तरीय चर्चा और सहयोग उपलब्ध कराने का काम करेगी। साथ ही इसमें मनी लांड्रिंग और आतंकवाद के वित्त पोषण से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के क्रियान्वयन के मामले में हुई प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।
