Saturday, July 16, 2011

काले धन के खिलाफ चले समग्र अभियान

काले धन के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने सरकार से देश के अंदर और बाहर समेकित उपाय करने को कहा है। राष्ट्रपति का मानना है कि विदेश में काला धन छुपाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अन्य देशों के साथ बेहतर सहयोग की जरूरत होगी। आयकर विभाग के 150वें वर्ष के मौके पर आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति ने कहा दूसरे देशों में कालेधन को छुपाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बेहतर वैश्विक सहयोग जरूरी है। इसके लिए कर सूचनाओं के आदान प्रदान और विभिन्न देशों के साथ आपसी सहयोग बढ़ाया जाना चाहिए। भारत इसी महीने एशिया प्रशांत समूह (एपीजी) की मनी लांड्रिंग पर 14वें सालाना बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। काले धन पर वैश्विक स्तर पर भारत की जारी मुहिम के बीच यह बैठक यहां हो रही है। पांच दिन चलने वाली यह बैठक 18 जुलाई को केरल के कोच्चि में शुरू होगी और 22 जुलाई तक चलेगी। बैठक में वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी भाग लेंगे। यह बैठक मनी लांड्रिंग रोकने के मामले में उच्च स्तरीय चर्चा और सहयोग उपलब्ध कराने का काम करेगी। साथ ही इसमें मनी लांड्रिंग और आतंकवाद के वित्त पोषण से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के क्रियान्वयन के मामले में हुई प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।


No comments:

Post a Comment