भारत में दावा किया जा रहा है कि स्विस बैंकों में भारतीयों की अरबों-खरबों की काली कमाई जमा है। मगर इन बैंकों के अधिकारियों की मानें तो उनके यहां जमा विदेशी नागरिकों के कुल धन में भारतीयों की हिस्सेदारी एक फीसदी से भी बेहद कम (0.07 प्रतिशत) है। यह रकम पाकिस्तानियों की इन बैंकों में जमा काली कमाई से कम है। यहां के केंद्रीय बैंक स्विस नेशनल बैंक (एसएनबी) के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2010 के अंत में स्विस बैंकों में भारतीय नागरिकों व कंपनियों की कुल जमा राशि 2.5 अरब डॉलर (1.945 अरब स्विस फ्रैंक) थी। रुपये में यह रकम 11,000 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है। इसके मुकाबले पाकिस्तानियों ने इन बैंकों में 1.947 अरब स्विस फ्रैंक जमा कर रखे हैं। यह राशि भारतीयों से 20 लाख स्विस फ्रैंक (करीब 11 करोड़ रुपये) ज्यादा है। स्विटजरलैंड के बैंकों के शीर्ष संगठन स्विस बैंकर्स एसोसिएशन (एसबीए) के प्रवक्ता ने कहा कि स्विस बैंकों में जमा कुल विदेशी धन वर्ष 2010 के अंत में 3,500 अरब डॉलर था। हालांकि, भारतीयों द्वारा स्विस बैंकों में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से रखी गई वास्तविक रकम इससे कहीं अधिक हो सकती है। कुछ निजी बैंकों ने यह आंकड़ा 15 से 20 अरब डॉलर होने का अनुमान जताया है। भारत में लगाए गए अनुमानों के मुताबिक, यह राशि 1,500 अरब डॉलर से अधिक है। बहरहाल, एसएनबी के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, जापान और हांगकांग जैसे देशों की तुलना में स्विस बैंकों में भारतीयों का धन काफी कम है। वास्तव में भारतीय आंकड़ा रूस, ब्राजील, चीन, इस्राइल, सऊदी अरब, इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया व थाइलैंड जैसे कई विकासशील देशों से भी कम है। बहरहाल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती जांच पड़ताल के चलते बीते कुछ साल से स्विस बैंकों में जमा काली कमाई की रकम घटी है।
Thursday, July 28, 2011
स्विस बैंकों में भारतीयों से ज्यादा पाकिस्तानियों का धन
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment