Saturday, July 30, 2011

अन्ना के आड़े आई दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली संसद सत्र का हवाला देकर दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर पर 16 अगस्त से प्रस्तावित अन्ना हजारे के अनशन पर अड़ंगा डालने में जुट गई है। बेमियादी अनशन की अनुमति देने के बजाय पुलिस ने अन्ना से न केवल इसकी अवधि बताने को कहा है बल्कि यह भी पूछा है कि इसमें कितने लोग होंगे। पुलिस ने कहा है कि अगर अनशन में 1500 से 2000 लोग आएं तो अन्ना को जंतर मंतर पर एक दिन के अनशन की अनुमति दी जा सकती है। उसका कहना है कि अन्ना चाहें तो बुराड़ी तथा रोहिणी के जापानी पार्क अथवा उस जैसे किसी अन्य स्थान पर अनशन कर सकते हैं। वहीं जंतर-मंतर पर आमरण अनशन की इजाजत न मिलती देख अब अन्ना हजारे की कोशिश है उनके आंदोलन के दौरान रामलीला मैदान जैसी स्थिति न पैदा हो। लिहाजा वह अपने अनशन के लिए कानूनी विकल्पों की तलाश कर रहे हैं। वह अदालत में याचिका दायर कर जंतर-मंतर पर अनशन की इजाजत मांगेंगे। हालांकि कोर्ट से राहत न मिलने पर भी वह अपना आंदोलन रोकेंगे नहीं, और तब वह 16 अगस्त को इसी जगह पर गिरफ्तारी देंगे। अन्ना ने लोकपाल विधेयक मामले पर 16 अगस्त से जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने का एलान किया है। इसकी अनुमति के लिए करीब 15 दिन पूर्व अन्ना पक्ष ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर अनुमति मांगी थी। दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों के अनुसार संसद सत्र 1 अगस्त से शुरू होकर 9 सितंबर तक चलेगा। इसके चलते कई संगठनों ने जंतर मंतर पर धरने प्रदर्शन की अनुमति मांगी है, इसलिए वहां जगह कम होगी, दूसरा सत्र के दौरान आसपास के कई क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लगी रहती है। इस लिहाज से अधिकतम 2000 लोग ही अन्ना के साथ अनशन में शामिल हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत के अनुसार, दस दिन पूर्व हमने पत्र लिखकर स्पष्ट कर दिया था कि एक दिन के अनशन की ही अनुमति जंतर मंतर पर दी जा सकती है, लेकिन अब तक हमें कोई जवाब नहीं मिला है। हमने बुराड़ी तथा जापानी पार्क जैसे स्थान भी उन्हें सुझाए हैं। दूसरी ओर टीम अन्ना ने भी आगे की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में अन्ना सबसे पहले अदालत में याचिका दायर कर अपने आंदोलन के अधिकार की रक्षा की अपील करेंगे। अगर कोर्ट ने इस मामले में दखल नहीं दिया तो फिर उनके पास सविनय अवज्ञा का विकल्प होगा। इसके तहत वह जंतर-मंतर पर गिरफ्तारी देंगे। अन्ना के करीबी बताते हैं कि गिरफ्तारी देने की स्थिति आने पर भी इस बात की कोशिश की जाएगी कि सीमित संख्या में ही लोग जंतर-मंतर पर जाएं।

No comments:

Post a Comment