Tuesday, July 26, 2011

अवैध खनन में येद्दयुरप्पा की आपराधिक संलिप्तता

कर्नाटक के लोकायुक्त एन संतोष हेगड़े ने कहा है कि अवैध खनन मामले में उनकी रिपोर्ट खनन विभाग को संभालने वाले मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा की आपराधिक संलिप्तता का संकेत देती है। हेगड़े ने कहा, रिपोर्ट में अन्य लोगों के खिलाफ भी पर्याप्त सबूत हैं क्योंकि इस घोटाले से राज्य को 1800 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री पर भी आपराधिक मामला बनता है क्योंकि वह खनन विभाग का प्रमुख होने के साथ ही वह इस विभाग में होने वाली सभी गतिविधियों के लिए जिम्मेदार हैं। वहीं कर्नाटक के लोकायुक्त एन संतोष हेगड़े के करीबी सूत्रों ने कहा कि लोकायुक्त के बुधवार तक बहुप्रतीक्षित रिपोर्ट सौंपने की संभावना है। लोकायुक्त की टीम ने रविवार को भी काम किया। लोकायुक्त सूत्रों ने कहा, रिपोर्ट को मुद्रित किया जा रहा है। हमें नहीं मालूम कि यह कब पूरी होगी। हम कुछ अध्यायों को देख रहे हैं। हम चाहते हैं कि इसे कल तक तैयार कर दिया जाए। लेकिन इस चरण में ऐसा होता नहीं दिख रहा। हम बुधवार तक रिपोर्ट सौंपेगे। हेगड़े ने यह भी कहा कि खनिज संपदा की अवैध निकासी और कार्यालय का दुरुपयोग करने में मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों की (प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष) भूमिका पर राज्यपाल हंसराज भारद्वाज उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लोकायुक्त को कानूनी रूप से निर्देश दे सकते हैं। लोकायुक्त के मुताबिक चूंकि खनन विभाग मुख्यमंत्री के पास है इसलिए येद्दयुरप्पा आरोपों से दोषमुक्त नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि येद्दयुरप्पा के पुत्रों सहित उनका परिवार अवैध खनन की गतिविधि से कैसे लाभान्वित हुआ।

No comments:

Post a Comment