राष्ट्रमंडल खेल घोटाले के आरोपी सुरेश कलमाड़ी ने तिहाड़ जेल की गाड़ी से कोर्ट आने-जाने के दौरान अंडर ट्रायल कैदियों से जान को खतरा बताया है। इस संबंध में कलमाड़ी ने पटियाला हाउस के विशेष सीबीआइ जज तलवंत सिंह की कोर्ट में अर्जी दाखिल की है जिसमें उन्होंने जेल से अलग गाड़ी में कोर्ट लाने की व्यवस्था करवाने की मांग की है। तिहाड़ जेल में ही बंद उनके सहयोगी रहे ललित भनोट, वीके वर्मा, एम. जयचंद्रण, सुरजीत लाल, एएसवी प्रसाद ने भी जेल से कोर्ट आने के लिए अलग गाड़ी की मांग की है। राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व चेयरमैन सुरेश कलमाड़ी की अर्जी पर कोर्ट ने तिहाड़ जेल अधीक्षक को कहा है कि वह इस पर गौर करें कि क्या उन्हें जेल से कोर्ट आने-जाने के लिए अलग गाड़ी की व्यवस्था करना संभव है। कोर्ट ने जेल अधीक्षक को इस बाबत जबाव दाखिल करने को कहा है। गौरतलब है कलमाड़ी पर नियमों की अनदेखी कर टाइम रिजल्ट स्कोरिंग (टीएसआर) का ठेका स्विस कंपनी को देने का आरोप है। मेडिकल जांच की रिपोर्ट आज होगी पेश : कलमाड़ी की मेडिकल जांच की रिपोर्ट शनिवार को कोर्ट में पेश की जाएगी। तिहाड़ जेल अधीक्षक की ओर से यह रिपोर्ट पटियाला हाउस कोर्ट के विशेष सीबीआइ जज तलवंत सिंह की कोर्ट में पेश की जाएगी। कलमाड़ी 4 मई से जेल में बंद हैं। बृहस्पतिवार को पेशी पर कोर्ट आए कलमाड़ी ने विशेष सीबीआइ जज तलवंत सिंह की कोर्ट में एक अर्जी दायर कर कहा कि वे पहले से ही एक-दो बीमारियों से पीडि़त हैं। आजकल वह थोड़ी शारीरिक परेशानी महसूस कर रहे हैं। लिहाजा उनका पूरा मेडिकल परीक्षण करवाया जाना चाहिए। इस पर कोर्ट ने तिहाड़ जेल अधीक्षक को सुरेश कलमाड़ी की मेडिकल जांच करवाने का आदेश दिया।

No comments:
Post a Comment