Showing posts with label पृष्ठ संख्या ९. Show all posts
Showing posts with label पृष्ठ संख्या ९. Show all posts
Sunday, May 15, 2011
Monday, May 9, 2011
Monday, April 25, 2011
आरोप-प्रत्यारोप में फंसती भ्रष्टाचार की मुहिम
लोकतंत्र में सुधार की मुहिम त्रासदपूर्ण तरीके से आरोप-प्रत्यारोप का शिकार बन रही है। जन लोकपाल विधेयक का मसौदा तैयार करने के लिए बनी मंत्रियों और सिविल सोसाइटी की दस सदस्यीय कमेटी अपने काम के शुरुआती दौर में ही सीडी विवाद में फंस चुकी है। भ्रष्टाचार से लड़ने की प्रतिबद्धतता को लगातार दोहराने वाली कांग्रेस का दोमुंहापन जहां अन्ना हजारे और उनके सहयोगियो पर बढ़ते हमलों से उजागर हो रहा है तो वहीं अन्ना हजारे के आंदोलन की सफलता पर भी संशय के बादल मंडराने लगे हैं। पूर्व कानून मंत्री शांतिभूषण से जुडे़ सीडी विवाद ने अन्ना हजारे की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम को एक विवादास्पद आंदोलन में बदल दिया है। हालांकि लोकपाल बिल के लिए बनी संयुक्त मसौदा कमेटी में शांतिभूषण और प्रशांत भूषण कांग्रेस सहित कई लोगों के लिए शुरू से ही परेशानी का कारण रहे हैं। सबसे पहले इस विवाद की शुरुआत बाबा रामदेव से हुई और योग गुरु की प्रतिक्रिया ने मानो कांग्रेस को सॉफ्ट टारगेट मुहैया करा दिया हो। योग गुरु द्वारा खड़ा किया विवाद खत्म भी नहीं हो पाया था कि शांतिभूषण और प्रशांत भूषण राजनेताओं के निशाने पर आ चुके थे। पहले कांग्रेसी महासचिव दिग्विजय सिंह और उसके बाद परमाणु करार पर वोट के बदले नोट वाले प्रकरण से कांग्रेस के चिर सहयोगी बने अमर सिंह अपने चिर परिचित अंदाज में पूरी तरह से मैदान में आ डटे हैं। अन्ना हजारे के आंदोलन से जुडे़ शांतिभूषण और प्रशांत भूषण के विरुद्ध अमर सिंह की सक्रियता परमाणु करार पर उनकी चिंताओं और सक्रियता की याद ताजा कर देती है। लगता है कि अमर सिंह एक बार फिर से कांग्रेस के संकट मोचक की भूमिका में अवतरित हो रहे हैं। अमर सिंह की सक्रियता के अलावा कांग्रेस में लोकतंत्र के एक नए युग का भी मानो सूत्रपात हो चुका है। अन्ना हजारे पर दिग्गी राजा के बढ़ते हमलों और कपिल सिब्बल के गैर जिम्मेदार बयानों पर सवाल उठाए गए तो सदा गंभीर दिखने की कसरत करने वाले कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने बेहद कुटिलता से मुस्कराते हुए कहा कि लोकतंत्र में सबको बोलने की आजादी है। ऐसी मायावी लोकतांत्रिक आजादी से संभवतया कांग्रेस का खुद उसके इतिहास में पहली बार साक्षात्कार हुआ है। इस कुटिल लोकतांत्रिक आजादी पर कांग्रेस अध्यक्ष का मासूम जवाब भी इस नई लोकतांत्रिक आजादी को नई ऊंचाइयां प्रदान कर देता है। अन्ना हजारे द्वारा लिखे गए पत्र के जवाब में सोनिया गांधी ने जहां एक तरफ एनएसी की कोशिशों का हवाला देते हुए एक तरफ भ्रष्टाचार से लड़ने की अपनी प्रतिबद्धताओं को दोहराया है तो दूसरी तरफ अन्ना को आश्वस्त करने की कोशिश भी की है कि वह किसी प्रकार के दुष्प्रचार की मुहिम को समर्थन नहीं करती हैं। लेकिन अब सवाल यह है कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष भ्रष्टाचार के खिलाफ इतनी चिंतित एवं प्रतिबद्ध हैं तो अपने सिपहसालारों की जबानी जंग पर लगाम क्यों नहीं लगाती हैं। दरअसल, यह भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम की हवा निकालने की सोची-समझी कांग्रेसी रणनीति है, जो लोकतांत्रिक आजादी के तर्क से ही लोकतंत्र की मजबूती में रुकावट बन रही है। दरअसल, भ्रष्टाचार पर अन्ना हजारे को मिले व्यापक जन समर्थन के बाद कांग्रेस को अपने तथाकथित भ्रष्टाचार विरोध अभियान को रीडिजाइन करने और नए सिरे से अपनी रणनीति तैयार की जरूरत आ गई थी और इस नई रणनीति की धमक सिविल सोसाइटी के सदस्यों पर हमले के रूप में दिखाई पड़ रही है। कांग्रेस की यह त्रिआयामी रणनीति बेहद दिलचस्प है और स्पष्ट भी। वास्तव में हमेशा की तरह हर अच्छे काम और अभियान के लिए गांधी परिवार को श्रेय देना इस कांग्रेसी रणनीति का केंद्रीय मुद्दा है। यही चपलता कांग्रेस के इन नीति नियंताओं ने आरटीआइ और ग्रामीण रोजगार योजना के क्रियान्वयन को लेकर दिखाई, जबकि इन दोनों प्रगतिशील कानूनों में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और संप्रग-1 को समर्थन करने वाले वामपंथ की अहम भूमिका रही है। भारतीय राजनीति के एक प्रगतिशील हिस्से द्वारा तैयार इन कानूनों पर जो रणनीति अपनाई गई, उसी रणनीति पर कांग्रेस अबकी बार भी काम कर रही थी। परंतु अन्ना हजारे और कथित सिविल सोसाइटी ने कांग्रेस के खेल को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया। यदि पांच राज्यों के चुनाव का दबाव कांग्रेस पर नहीं होता तो संभवतया इस मामले से निपटने के लिए कांग्रेस किसी दूसरी रणनीति पर काम करती। कांग्रेस की इस त्रिआयामी रणनीति में सबसे पहले मिस्टर क्लीन के रूप में प्रधानमंत्री और उनकी मोहिनी छवि है तो दूसरी बाहरी एवं भीतरी राजनीतिक आक्रमण के लिए दिग्विजयी और अमर सिंह की जोड़ी है। तीसरी और आखिरी इन सबसे ऊपर गांधी परिवार की अंतिम निर्णय करने वाली भूमिका है। असल में गांधी परिवार में कांग्रेस ने एक गॉड फैक्टर को प्रत्यारोपित किया है, जिसके कारण गांधी परिवार विशेषतया कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आरोप-प्रत्यारोप से अलग ऐसी भूमिका सौंपी है, जो प्रत्येक अंतिम एवं अकाट्य निर्णय लेती हैं। यही भूमिका कांग्रेस को सारे सकारात्मक निर्णयों का श्रेय लेने की जमीन बनाती है। अब इस काम में जाने-अनजाने अन्ना हजारे ने भी कदम आगे बढ़ाया है। जब दिग्विजय सिंह और कपिल सिब्बल ने अन्ना हजारे और उनके आंदोलन पर हमला तेज किया तो अन्ना ने सोनिया गांधी को शिकायती पत्र लिखकर मामले में दखल देकर सुलह की अपील की। यही इस नए दौर के गांधी की त्रासदी है कि उससे भी बड़ा कोई गांधी देश में है, जिसे पत्र लिखकर गुहार करते हुए उसे इस गांधी ने अपने नेता के रूप में स्थापित करके अंतिम श्रेय का रास्ता दे दिया है। अब दूसरी तरफ अन्ना की मुहिम पर विवाद गहराता जा रहा है तो अन्ना हजारे के तल्ख सुरों में बदलाव आ रहा है। कल तक देश की राजनीति को कलुषित घोषित करते हुए पूरी राजनीति को खारिज करने वाले अन्ना अचानक संसद के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए संसद के निर्णय को स्वीकार करने लेने की बात कहने लगे हैं। इसके अलावा भी अन्ना के आंदोलन और उनके विचारों के विरोधभास भी जग जाहिर हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी पर विवादास्पद बयान देकर जहां अन्ना ने सिविल सोसाइटी में अपना एक विरोधी तबका तैयार कर लिया है तो वहीं राज ठाकरे से उनकी नजदीकियां भी उनके विरोधी तबके का आकार बढ़ाएंगी। खासतौर पर हिंदीभाषी राज्यों में। वहीं पुणे के एक गैर सरकारी संगठन ने अन्ना हजारे के ट्रस्ट हिंद स्वराज की अनियमितताओं के खिलाफ याचिका दायर की है तो अंग्रेजी की एक पत्रिका ने अन्ना के गांव में लागू उनके निरंकुश नियमों पर सवाल खडे़ किए हैं। वास्तव में पूरी राजनीति को खारिज करने के अन्ना हजारे के बयान ने तमाम राजनीतिक हलकों में उनके आंदोलन के विरुद्ध एक स्वाभाविक माहौल तैयार कर दिया है। लेकिन वास्तविकता यह है कि खराब राजनीति का विकल्प कोई बेहतर राजनीति ही हो सकती है। राजनीति की केवल आलोचना करने वाली सिविल सोसाइटी बगैर राजनीति में पदार्पण के कोई विकल्प नहीं दे सकती है। इसके अलावा भारतीय राजनेताओं को भी समझना होगा कि यह सिविल सोसाइटी कोई राशन की लाइन में खडे़ गरीबों, सड़क पर सोते बेघरों या किसानों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है और न ही इसका नेतृत्व किसी अधनंगे फकीर नुमा महात्मा के पास है। तमाम साधन संपन्न इस कथित सिविल सोसाइटी का भी एक वर्ग चरित्र है, जो आज देश की सत्ता और संसाधनों में अपनी हिस्सेदारी चाहता है। अब इन वास्तविकताओं को समझकर ही यदि अन्ना हजारे और उनके सहयोगी अपनी अगली रणनीति तैयार करते हैं तो ही किसी बेहतर एवं तार्किक लोकपाल कानून बनवाने में कामयाब हो पाएंगे। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं).
Saturday, April 9, 2011
Friday, April 8, 2011
क्यों शर्मसार नहीं करता भ्रष्टाचार
आजीवन भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाले अन्ना ने एक बार फिर अपने आमरण अनशन से देश की आत्मा को छू लिया है। उन्होंने लोगों में उम्मीद जगा दी है। केंद्र की की लाचारगी देखकर आश्चर्य होता है कि देश में इतना बड़ा घोटाला होने के बाद भी हीलाहवाली कर रही है। आखिर भ्रष्टाचार हमें क्यों शर्मसार नहीं करती? जिस दौर में पूरी दुनिया की तानाशाह व भ्रष्ट सरकारों के खिलाफ आंदोलन चल रहे हों भारत में इतनी शांति क्यों है? क्या हमने भ्रष्टाचार को अपना राष्ट्रीय स्वभाव बना लिया है। 2जी, राष्ट्रमंडल, आदर्श हाउसिंग घोटाले ने राजनीतिक नैतिकता के अलावा हमारी समझदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब मुख्यमंत्री जैसे पद पर बैठा व्यक्ति भी कारगिल के शहीदों के खून के साथ दगाबाजी करे और सैनिकों की विधवाओं के लिए बने फ्लैट पर कब्जा करे तो आप क्या कहेंगे? जाहिर तौर पर हमें अब इन सवालों पर सोचने और इनसे दो-दो हाथ करने की जरूरत है। जैसा वातावरण बन चुका है क्या उसमें कोई राजनेता या राजनीतिक दल आगे से भ्रष्टाचार न करने की बात सोच सकता है। राजनीति में धनबल राजनीति में धन एक ऐसी आवश्यकता है जिसके बिना न तो पार्टियां चल सकती हैं और न चुनाव जीते जा सकते हैं। इसी से भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। राष्ट्रीय संपत्ति की लूट और सरकारी संपत्ति को निजी संपत्ति में बदलने की कवायद की मूल जड़ यही जरूरत है। हर घटना के बाद हमारे पास बलि चढ़ाने के लिए एक मोहरा होता है जिसकी बलि देकर हम अपने पापों का प्रायश्चित कर लेते हैं। 2जी स्पेक्ट्रम के लिए ए. राजा, कॉमनवेल्थ के लिए कलमाड़ी और आदर्श सोसाइटी के लिए अशोक चह्वाण की बलि हो गई, किंतु क्या इससे कोई सुधार आया? राजनीति में आगे बढ़ने की एक बड़ी योग्यता भ्रष्टाचार करने की सामर्थ्य भी है। शहीदों के विधवाओं के फ्लैट निगल जाने का दुस्साहस हमें इस घटिया राजनीति का चरित्र बताने के लिए काफी है। राजनीतिज्ञों को लगता है कि भारतीय जनता की याददाश्त बहुत कमजोर है और वह कुछ गलत करेंगे तो भी उसे थोड़े समय बाद भुला दिया जाएगा। चुनावों के कई नतीजे यही बताते हैं। आप मुंबई हमलों की याद करें कि जिसके चलते महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री विलासराव और केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल को अपनी कुर्सियां गंवानी पड़ीं किंतु बाद में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी सफलता मिली। इसलिए जनता को राजनीतिक तंत्र पर नियंत्रण रखने की विधि भी विकसित करनी होगी अन्यथा यह हमारे जनतंत्र को बेमानी बना देगा। हमें भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बनने से रोकना होगा वरना हमारे पास उस खोखले जनतंत्र के अलावा कुछ नहीं बचेगा, जिसे राजनीति की दीमक चाट चुकी होगी। अब जबकि ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की रैंकिंग में भारत तीन पायदान फिसलकर 87वें स्थान पर जा पहुंचा है तो हमें यह सोचना होगा कि दुनिया में हमारा चेहरा कैसा बन रहा है? अध्ययन बताता है कॉमनवेल्थ खेलों ने हमारी भ्रष्ट छवि में और इजाफा किया है। ट्रांसपरेंसी इंटरनेशनल के चेयरमैन पीएस बावा का कहना है कि भारत में कुशल प्रशासक होने के बावजूद गर्वनेंस का स्तर नहीं सुधरना चिंता और शर्म का विषय है। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता विकास भ्रष्टाचार के चलते भारत का जैसा विकास होना चाहिए वह नहीं हुआ। इसका सबसे बड़ा शिकार वह तबका होता है जो सरकारी योजनाओं का लाभार्थी होता है। सरकार के जनहितकारी प्रयास इसीलिए जमीन पर उतरते नहीं दिखते। सार्वजनिक योजनाओं की लागत भ्रष्टाचार के कारण बढ़ती जाती है। तमाम कानूनों और प्रतिरोधक उपायों के बावजूद यह समस्या बढ़ती जा रही है। सूचना अधिकार कानून के बावजूद पारदर्शिता के सवाल पर हम काफी पिछड़े हुए हैं। एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए इस तरह की स्थितियां चिंताजनक है। क्या हम इसके समाधानों की ओर बढ़ नहीं सकते। यह सवाल सबके मन में है। आखिर क्या कारण है भ्रष्टाचार आज हमारे सामाजिक जीवन की एक अपरिहार्य जरूरत बन गया है। सवाल है क्या इसे बदला नहीं जा सकता। गरीबों को डसती भुखमरी जब अनाज गोदामों में भरा हो और भुखमरी गरीबों को डस रही हो तो लोक कल्याणकारी राज्य का क्या फायदा। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत का 67वें स्थान पर रहना हमें चिंता में डालता है। इतना ही नहीं इस सूची में पाकिस्तान 52वें स्थान पर है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में तीसरे नंबर पर गिने जा रहे देश भारत का एक चेहरा यह भी है जो खासा निराशाजनक है। यह बताता है कि हमारे आधुनिक तंत्र की चमकीली प्रगति के बावजूद एक भारत ऐसा भी है जिसे अभी रोटियों के भी लाले हैं। भुखमरी में लड़ने में हम चीन और पाकिस्तान से भी पीछे हैं। हमें सोचना होगा कि आखिर हम कैसा भारत बना रहे हैं। तेजी से बढ़ती महंगाई और खाद्यान्न संकट के क्या कारण हैं? खासतौर पर गांवों, वनवासी क्षेत्रों में रहने वाले लोग इससे ज्यादा त्रस्त हैं। ग्लोबल हंगर इंडेक्स को सामने रखते हुए हमें अपनी नीतियों, कार्यक्रम और जन वितरण प्रणाली को ज्यादा प्रभावी बनाने की जरूरत है। सरकार की इन्हीं नीतियों से नाराज सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जिस देश में हजारों लोग भूखे मर रहे हों वहां अन्न के एक दाने की बर्बादी भी अपराध है। अब तक छह हजार टन से ज्यादा अनाज सड़ चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि देश में अनाज सड़ाने के बजाय सरकार को इसे गरीबों और भूखे लोगों में बांट देना चाहिए। इसके लिए केंद्र हर प्रदेश में एक बड़ा गोदाम बनाने की व्यवस्था करे। जाहिर तौर पर देश की जमीनी स्थिति को अदालत समझ रही थी किंतु हमारी सरकार इस सवाल पर गंभीर नहीं दिखी। यहां तक कि हमारे कृषि मंत्री अदालत के आदेश को सुझाव समझने की भूल कर बैठे जिसके चलते अदालत को फिर कहना पड़ा कि यह आदेश है सलाह नहीं। कुपोषण की तस्वीर हमारी आंखें खोलने के लिए काफी है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण की रिपोर्ट के मुताबिक देश में 46 प्रतिशत बच्चे कुपोषण के शिकार हैं और तीन साल से कम के 47 प्रतिशत बच्चे कम वजन के हैं। अनाज के कुप्रबंधन मामले में सरकार की विफलता सामने है और इसके चलते ही इस तरह के आंकड़े सामने आ रहे हैं। भ्रष्टाचार से लड़ाई यदि हमारे लोग भूखे हैं तो इस जनतंत्र के मायने क्या हैं? जाहिर तौर पर हमें ईमानदार कोशिश करने की जरूरत है। यदि ऐसा करने में हम विफल होते हैँ तो एक जनतंत्र के तौर पर हम दुनिया के सामने मानवीय और सामाजिक सवालों पर इसी तरह लांछित होते रहेंगे। महात्मा गांधी के देश में आम आदमी अगर व्यवस्था के केंद्र में नहीं है तो इसका विकल्प क्या हैं? जगह-जगह पैदा हो रहे असंतोष और लोकतंत्र के प्रति जनता में एक तरह का निराशाभाव इन्हीं कारणों से प्रबल हो रहा है। क्या हम अपने लोकतंत्र को वास्तविक जनतंत्र में बदलने के लिए आगे बढेंगे या इसी चौंधियाती हुई चमकीली प्रगति में अपने मूल सवालों को गंवा बैठेंगे? सरकारी स्तर पर भ्रष्टाचार को रोकने के सारे प्रयास बेमानी साबित हुए हैं। भ्रष्टाचार नियंत्रण और जांच को लेकर बनी हमारी सभी एजेंसियों ने भी कोई उम्मीद नहीं जगाई है। ऐसे में भ्रष्टाचार के राक्षस से लड़ने का रास्ता सिर्फ यही है कि जनमन में जागृति आए और लोग संकल्पित हों। किंतु यह काम बहुत कठिन है। जनता के सामने विकल्प बहुत सीमित हैं। वह अपने स्तर पर बहुत कुछ नहीं कर सकती। किंतु एक जागृत समाज काफी कुछ कर सकता है इसमें कोई संदेह नहीं है। अब जबकि अन्ना हजारे ने अपने संघर्ष से भ्रष्टाचार को एक राष्ट्रीय विषय बना दिया है तब केंद्र सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह उनकी भावनाओं का आदर करते हुए पहल के लिए आगे आए। हमारे देश में लोकतंत्र है, लेकिन सही अर्थो में इसका अर्थ यही है कि हम देश के लोगों और उनकी भावना का आदर करें। अन्ना हजारे के अनशन पर सवाल उठाकर कांग्रेस स्वयं अपने खिलाफ वातावरण बना रही है। कांग्रेस को चाहिए कि वह समय की मांग को समझते हुए भ्रष्टाचार मिटाने के लिए प्रस्तावित जन लोकपाल बिल को पास करने के लिए सीधे जनता से संवाद करे और अपनी छवि को बचाने का प्रयास करे। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
Thursday, April 7, 2011
काले धन से पा सकते हैं पार
आए दन देश के कुलीन तबके का नाम रिश्वत के बड़े मामलों में सामने आने पर हमें गुस्सा तो आता ही है, साथ ही यह सवाल भी उठता है कि आखिर वह पैसा कहां जाता है? भारी काला धन आखिर कैसे बिना किसी परेशानी के सफेद बनता है? जब सुखराम ने रिश्वत ली तो उन्होंने उसे सूटकेसों में भरकर रखा लेकिन जब मधु कोड़ा ने ऐसा किया तो जाहिर है उन्हें कुछ अधिक रचनात्मक तरीका खोजना था। अचल संपत्ति का बेनामी लेन-देन संभव तो है लेकिन इन सौदों को छिपाना आसान नहीं। ऐसे में बुद्धिमानी यही है कि इस पैसे को विदेशों में कुछ खास ठिकानों में रखा जाए। भारत के विश्व अर्थव्यवस्था से जुड़ने से चालू और पूंजी खातों से पैसा देश में लाना और यहां से ले जाना आसान हो गया है जिससे देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। वैश्वीकरण के दौर में भ्रष्टाचार के तीन आयामों पर चर्चा करें तो यह बात अधिक स्पष्ट हो सकती है।
भूमंडलीकरण की वजह से भारी मात्रा में पूंजी देश से बाहर जा सकती है। लैटिन अमेरिकी देशों में अस्थिरता के दौर में कुछ ऐसा ही हुआ था। दुनिया के भ्रष्ट और निरंकुश शासन वाले देशों में लगातार ऐसा हो रहा है। आज के भारत में वैश्वीकरण की ताकत से युक्त भ्रष्टाचार की इतनी ही दास्तान नहीं है। भारत की तेज माली तरक्की से यहां वैध-अवैध मुनाफे को एक समान गति से ऊंचा मुनाफा मिल रहा है। फिर भी भ्रष्ट लोग केवल अपने काले धन को छिपाने के सुरक्षित ठिकाने नहीं तलाशते बल्कि पुख्ता ठिकाने तलाशते हैं। आखिर जो धन राशि बाहर जाती है उसे वापस तो आना ही है। वृहद अर्थव्यवस्था के संदर्भ में होता यह था कि पूंजी बाहर जाने से घरेलू बचत और निवेश में कमी आती थी लेकिन अब होता यह है कि बचत पर तो बहुत अधिक असर नहीं पड़ता लेकिन वितरण पर इसका असर होता है। न केवल सार्वजनिक धन कुछ निजी हाथों में चले जाते हैं बल्कि अवैध धन वापस लाने की प्रRिया में तमाम तरह की छूट और कर बचत मिलती है क्योंकि यह विदेशी निवेश के रूप में आता है। यह केवल भारत में नहीं होता। अनुमान है कि चीन में होने वाले कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में चौथाई से लेकर एक तिहाई तक ऐसा ही धन लगता है।
दरअसल पैसा कई तरीकों से बाहर जाता और वापस आता है। चालू खाते के मामले में सेवा व्यापार इसका बढ़िया माध्यम है। सेवाओं को कर के जाल में उलझा पाना आसान नहीं होता है और इसलिए यह काम आसान हो जाता है। एक दूसरा आसान तरीका यह है कि पैसा विदेश में रहने वाले किसी रिश्तेदार को दे दिया जाता है जो बाद में किसी अन्य रिश्तेदार की विदेश में रहकर की गई कमाई के रूप में वापस आ जाता है।
तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम जैसी सरकारी कंपनियां कमजोर प्रशासन वाले मुल्कों में परिसंपत्तियां खरीदने में अरबों डॉलर की रकम लगा रही हैं। यह भी भ्रष्टाचार के लिए काफी गुंजाइश छोड़ती है। अभी पिछले सप्ताह ही कैग यानी भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने कहा था कि रूस में ऐसी गतिविधियों में 1,182 करोड़ रुपए और सूडान तथा कतर में 800 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि ये नुकसान खराब कारोबारी निर्णयों की वजह से भी हो सकते हैं लेकिन अगर कोई गलत इरादा रखे तो उसके पास काफी गुंजाइश रहती है। इसके अलावा बैंकिंग भी इसका एक जरिया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, जिन्होंने कथित तौर पर 4,000 करोड़ रुपए की संपत्ति बटोरी थी उनके पास दुनिया भर में संभवत: 1,800 से अधिक बैंक खाते हैं। हाल के हफ्तों में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच में लगी एजेंसियों का मानना है कि इस दौरान लाभान्वित होने वाली कम से कम पांच कंपनियों का धन संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, नॉर्वे, लीबिया, सिंगापुर, जर्सी, रूस, साइप्रस और मॉरीशस आदि देशों में निवेश कर दिया गया था। अगर साइप्रस से आने वाल एफडीआई जर्मनी और फांस से आने वाले एफडीआई के बराबर हो तो जाहिर है कि कुछ-न-कुछ बात है, या फिर मॉरीशस से भारत आने वाले एफडीआई की मात्रा तमाम जी-7 देशों के एफडीआई से ज्यादा हो तो किसे संदेह नहीं होगा? यह मॉरीशस में कॉरपोरेट घरानों से मात्र तीन प्रतिशत की दर से टैक्स वसूले जाने और भारत के साथ उसकी कर संधि की बदौलत मुमकिन होता है। इस संधि के मुताबिक मॉरीशस के जरिए भारत में आने वाले निवेशकों को पूंजीगत लाभ कर नहीं चुकाना पड़ता। ऐसा नहीं है कि भारत को सिर्फ कर राजस्व की हानि होती है बल्कि पारदर्शिता का अभाव पैसे का सही dोत छिपाना आसान बना देता है। संभवत: राजनेता इस स्थिति को बदलने के बहुत इच्छुक नहीं हैं। देश में भ्रष्टाचार की महामारी की जड़ें और उनका समाधान दोनों यहीं स्थित है। हालांकि ये समाधान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों हो सकते हैं। व्यापक पैमाने पर देखा जाए तो भारत को काले धन की परेशानी से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करनी चाहिए ताकि वह अपने नागरिकों की विदेशी संपत्ति के बारे में सही सूचना हासिल कर सके और उस तक आसानी से पहुंच सके। हालांकि भारत भारत सरकार ने हाल में एफएटीएफ यानी फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स का गठन कर इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है लेकिन इसका दायरा अब भी काफी संकुचित है। अगर प्रधानमंत्री समेत कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और वाम दल सभी भ्रष्टाचार के खिलाफ उतने ही गंभीर हैं जितना कि वे खुद को दिखाते हैं तो यह समय उनकी कठिन परीक्षा का है।
भूमंडलीकरण की वजह से भारी मात्रा में पूंजी देश से बाहर जा सकती है। लैटिन अमेरिकी देशों में अस्थिरता के दौर में कुछ ऐसा ही हुआ था। दुनिया के भ्रष्ट और निरंकुश शासन वाले देशों में लगातार ऐसा हो रहा है। आज के भारत में वैश्वीकरण की ताकत से युक्त भ्रष्टाचार की इतनी ही दास्तान नहीं है। भारत की तेज माली तरक्की से यहां वैध-अवैध मुनाफे को एक समान गति से ऊंचा मुनाफा मिल रहा है। फिर भी भ्रष्ट लोग केवल अपने काले धन को छिपाने के सुरक्षित ठिकाने नहीं तलाशते बल्कि पुख्ता ठिकाने तलाशते हैं। आखिर जो धन राशि बाहर जाती है उसे वापस तो आना ही है। वृहद अर्थव्यवस्था के संदर्भ में होता यह था कि पूंजी बाहर जाने से घरेलू बचत और निवेश में कमी आती थी लेकिन अब होता यह है कि बचत पर तो बहुत अधिक असर नहीं पड़ता लेकिन वितरण पर इसका असर होता है। न केवल सार्वजनिक धन कुछ निजी हाथों में चले जाते हैं बल्कि अवैध धन वापस लाने की प्रRिया में तमाम तरह की छूट और कर बचत मिलती है क्योंकि यह विदेशी निवेश के रूप में आता है। यह केवल भारत में नहीं होता। अनुमान है कि चीन में होने वाले कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में चौथाई से लेकर एक तिहाई तक ऐसा ही धन लगता है।
दरअसल पैसा कई तरीकों से बाहर जाता और वापस आता है। चालू खाते के मामले में सेवा व्यापार इसका बढ़िया माध्यम है। सेवाओं को कर के जाल में उलझा पाना आसान नहीं होता है और इसलिए यह काम आसान हो जाता है। एक दूसरा आसान तरीका यह है कि पैसा विदेश में रहने वाले किसी रिश्तेदार को दे दिया जाता है जो बाद में किसी अन्य रिश्तेदार की विदेश में रहकर की गई कमाई के रूप में वापस आ जाता है।
तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम जैसी सरकारी कंपनियां कमजोर प्रशासन वाले मुल्कों में परिसंपत्तियां खरीदने में अरबों डॉलर की रकम लगा रही हैं। यह भी भ्रष्टाचार के लिए काफी गुंजाइश छोड़ती है। अभी पिछले सप्ताह ही कैग यानी भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने कहा था कि रूस में ऐसी गतिविधियों में 1,182 करोड़ रुपए और सूडान तथा कतर में 800 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि ये नुकसान खराब कारोबारी निर्णयों की वजह से भी हो सकते हैं लेकिन अगर कोई गलत इरादा रखे तो उसके पास काफी गुंजाइश रहती है। इसके अलावा बैंकिंग भी इसका एक जरिया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, जिन्होंने कथित तौर पर 4,000 करोड़ रुपए की संपत्ति बटोरी थी उनके पास दुनिया भर में संभवत: 1,800 से अधिक बैंक खाते हैं। हाल के हफ्तों में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच में लगी एजेंसियों का मानना है कि इस दौरान लाभान्वित होने वाली कम से कम पांच कंपनियों का धन संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, नॉर्वे, लीबिया, सिंगापुर, जर्सी, रूस, साइप्रस और मॉरीशस आदि देशों में निवेश कर दिया गया था। अगर साइप्रस से आने वाल एफडीआई जर्मनी और फांस से आने वाले एफडीआई के बराबर हो तो जाहिर है कि कुछ-न-कुछ बात है, या फिर मॉरीशस से भारत आने वाले एफडीआई की मात्रा तमाम जी-7 देशों के एफडीआई से ज्यादा हो तो किसे संदेह नहीं होगा? यह मॉरीशस में कॉरपोरेट घरानों से मात्र तीन प्रतिशत की दर से टैक्स वसूले जाने और भारत के साथ उसकी कर संधि की बदौलत मुमकिन होता है। इस संधि के मुताबिक मॉरीशस के जरिए भारत में आने वाले निवेशकों को पूंजीगत लाभ कर नहीं चुकाना पड़ता। ऐसा नहीं है कि भारत को सिर्फ कर राजस्व की हानि होती है बल्कि पारदर्शिता का अभाव पैसे का सही dोत छिपाना आसान बना देता है। संभवत: राजनेता इस स्थिति को बदलने के बहुत इच्छुक नहीं हैं। देश में भ्रष्टाचार की महामारी की जड़ें और उनका समाधान दोनों यहीं स्थित है। हालांकि ये समाधान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों हो सकते हैं। व्यापक पैमाने पर देखा जाए तो भारत को काले धन की परेशानी से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करनी चाहिए ताकि वह अपने नागरिकों की विदेशी संपत्ति के बारे में सही सूचना हासिल कर सके और उस तक आसानी से पहुंच सके। हालांकि भारत भारत सरकार ने हाल में एफएटीएफ यानी फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स का गठन कर इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है लेकिन इसका दायरा अब भी काफी संकुचित है। अगर प्रधानमंत्री समेत कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और वाम दल सभी भ्रष्टाचार के खिलाफ उतने ही गंभीर हैं जितना कि वे खुद को दिखाते हैं तो यह समय उनकी कठिन परीक्षा का है।
रंग लाएगी अन्ना की यह मुहिम!
संसद और राष्ट्रपति भवन से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित सरदार पटेल भवन की चारदीवारी से सटा मंच पांच अप्रैल की सुबह से ही गुलजार है। उदारीकरण के बाद की चमक-दमक भरी दुनिया में स्मार्ट पर्सनैलिटी और खूबसूरत चेहरे ही आकर्षण का केंद्र माने जा रहे हैं। इसके बावजूद राजधानी के जंतर-मंतर रोड पर ठिगने कद का एक बूढ़ा आदमी हजारों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पांच अप्रैल की सांझ को यहां अपार जनसमुदाय गांधीजी का प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए गाने में मगन था, उस भीड़ में दो-तीन युवतियां ऐसी भी थीं, जिनके भर हाथ सजे चूड़े बता रहे थे कि उनकी हाल ही में शादी हुई है। लेकिन ठिगने कद के गांधी टोपीधारी अन्ना हजारे के सादे व्यक्तित्व का चुंबक इन युवतियों को भी जंतर-मंतर पर खींच लाया है। देश के तमाम कोनों से जुटे बूढ़े-जवान, औरत-मर्द, पढ़े-लिखे, अनपढ़ हर तरह के लोग इस भीड़ में शामिल हैं। वे अन्ना के साथ हैं। अन्ना की जबान जब खुलती है तो वे धाराप्रवाह मराठी बोलते हैं। हिंदी की कुछ लाइनें मराठी में छौंक का काम करती हैं, लेकिन लोग उन्हें सुनने को व्याकुल हैं। यह नजारा कम से कम उन भारतीयों के लिए राहत का संदेश लेकर आया है, जिन्हें लगता है कि देश में लूट-खसोट चलती रहेगी, अफसर-नेता और कॉरपोरेट का गठजोड़ जनता की गाढ़ी कमाई से मलाई काटता रहेगा। लेकिन जन लोकपाल बिल की अन्ना हजारे की मांग ने नजारा बदल कर रख दिया है। सूचना के अधिकार के लिए लड़ने वाले कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पूर्व पुलिस अधिकारी किरण बेदी, गोविंदाचार्य सभी इस महायज्ञ में आहुति देने और भ्रष्टाचार का खात्मा करने की लड़ाई में शामिल हो गए हैं। भ्रष्टाचार पूरे देश में संस्थानिक हालात को प्राप्त कर चुका है। भ्रष्टाचार की आंच में झुलसता आम नागरिक इसे अपनी नियति मानने को मजबूर हो चुका था, लेकिन अन्ना की एक आवाज ने निराशा के इन स्वरों को बदलकर रख दिया है। दुष्यंत कुमार की गजल की वे पंक्तियां एक बार साकार होती नजर आ रही हैं- कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता/ एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारों। अन्ना हजारे ने पत्थर उछाल दिया है, आसमां में सुराख कितना बड़ा होगा, यह तो तय होना बाकी है, लेकिन इस पत्थर की धमक कितनी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अन्ना हजारे से अपना अनशन वापस लेने की मांग की है। लेकिन अन्ना अपनी जिद पर अड़े हैं। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, मुख्य सतर्कता आयुक्त पीजे थॉमस की नियुक्ति और कॉमनवेल्थ खेल घोटाले में चौतरफा घिरी सरकार पर अन्ना की मांग का दबाव कितना है, यह प्रधानमंत्री की अपील से साफ है। यथास्थितिवाद की ओर लगातार कदम बढ़ाते जा रहे देश को लगता था कि जय प्रकाश आंदोलन सामाजिक बदलाव का आखिरी आंदोलन था। हालांकि हमें यह ध्यान रखना होगा कि जय प्रकाश नारायण के शामिल होने के पहले गुजरात विद्यापीठ के छात्रों ने गुजरात सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया था। हॉस्टल में बदहाल व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन पूरे राज्य की बदहाली से जुड़ गया। देखते ही देखते इस आंदोलन में पूरे गुजरात का छात्र समुदाय जुट गया। गुजरात की हवा बिहार तक पहुंची और वहां महंगाई, भ्रष्टाचार और बदहाली से जूझ रहे छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। लेकिन यह आंदोलन पूरी तरह नेतृत्व विहीन था। जय प्रकाश तो छात्र नेताओं की मांग पर आंदोलन की कमान थामने को तैयार हुए। हालांकि अपनी अस्वस्थता के कारण उनका मन तैयार नहीं हो पा रहा था, लेकिन एक बार उन्होंने आंदोलन की कमान क्या थामी, देश में परिवर्तन की नई बयार ही बह चली। इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर उस बदलाव को रोकने और बदहाली-भ्रष्टाचार के खिलाफ उठती आवाजों को दबाने की कोशिश तो की, लेकिन जय प्रकाश लहर के सामने वे कारगर नहीं हो पाई। 1977 में हुए चुनावों में उन्हें बुरी तरह पराजय का दंश झेलना पड़ा, लेकिन इस आंदोलन की नाकामयाबी ही कही जाएगी कि इससे निकले लालू प्रसाद यादव जैसे नेता बदलाव की बयार के प्रतीक की बजाय पुरानी भ्रष्ट व्यवस्था का ही अंग बन गए। बाद के दौर में लालू-मुलायम अपनी जातियों के नेता के तौर पर ज्यादा जाने जाने लगे। 1974 में चंद्रशेखर ने जयप्रकाश को लिखी एक चिट्ठी में अपनी चिंता जाहिर करते हुए लिखा था कि जो लोग आपके आंदोलन में शामिल हो रहे हैं, वे व्यवस्था बदलने नहीं, बल्कि सत्ता बदलने आ रहे हैं और भविष्य में अपनी जातियों के नेता साबित होंगे। जयप्रकाश आंदोलन के बाद अस्तित्व में आई जनता पार्टी की सरकार को देश ने एक सकारात्मक प्रयोग की तरह देखा, लेकिन यह प्रयोग अपने अंतरविरोधों के ही चलते असमय ही ध्वस्त हो गया और सार्वजनिक हित के लिए शुरू हुआ आंदोलन खत्म हो गया। इस आंदोलन के पैंतीस साल बाद यह कहने में हर्ज नहीं होना चाहिए कि कांग्रेस की सत्ता की राजनीति में नाकामयाब रहे नेताओं ने सत्ता हासिल करने के लिए जय प्रकाश का इस्तेमाल किया था। आंदोलन तो 1987 में भी विश्वनाथ प्रताप सिंह की अगुआई में हुआ। वीपी भी जेपी बनना चाहते थे, लेकिन उनमें और जेपी में अंतर यह था कि जेपी जहां खुद सत्ता से दूर रहने के लिए मानसिक तौर पर तैयार थे, वहीं वीपी सिंह खुद प्रधानमंत्री बनना चाहते थे और चंद्रशेखर को सत्ता से दूर रखने के लिए उन्होंने देवीलाल के साथ जो राजनीतिक चौपड़ बिछाई, उससे देश एक बार फिर बदलाव हासिल करने से वंचित रह गया। इन अर्थो में अन्ना हजारे का आंदोलन कुछ अलग है। यह जनांदोलन तो बन चुका है। सामाजिक कार्यकर्ता क्रांति प्रकाश 13 साल की उम्र में ही जय प्रकाश आंदोलन में कूद गए थे। उनके मुताबिक जनआंदोलन में पूरी दुनिया में जनता से चंदा मांगने की रवायत है, लेकिन अन्ना के इस आंदोलन में पैसे की मांग नहीं हो रही है। इस आंदोलन के जरूरी खर्च सामाजिक स्वयंसेवी संगठन उठा रहे हैं। ऐसा नहीं है कि जेपी की तरह राजनेता अन्ना के साथ नहीं आ रहे हैं। अन्ना के साथ उमड़ती भीड़ का फायदा उठाने में राजनीतिक दल भी शामिल हो रहे हैं। पांच अप्रैल को धरना स्थल पर जनता दल यूनाइटेड के नेता शरद यादव की मौजूदगी कुछ ऐसे ही संकेत देती है। यही कुछ बिदु हैं, जो इस आंदोलन की सफलता के लिए संशय खड़ा करते हैं, क्योंकि इस देश में नेताओं की तरह एनजीओ की भी साख अच्छी नहीं है। लेकिन अन्ना की अपनी साख और अपना इतिहास पाक-साफ है। निस्स्वार्थ भाव और गांधीवादी तरीके से अपने गांव रालेगांव सिद्धि में जिस तरह वे बदलाव लाने में कामयाब रहे हैं, उससे उनके व्यक्तित्व में चार चांद लग गए हैं। महाराष्ट्र की विलासराव देशमुख सरकार के भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ अहिंसक तरीके से उन्होंने जो आंदोलन चलाया, उसकी याद आज भी ताजा है। उसके चलते विलासराव देशमुख सरकार गिरते-गिरते बची थी। तीन मंत्रियों को उन्हें अपने मंत्रिमंडल से हटाना पड़ा था। यही वजह है कि अन्ना के साथ चलने में बदहाल और लालफीताशाही से जूझते आम नागरिक को सुकून मिल रहा है। यह सुकून ही जनता को उम्मीदों की डोर से बांधे हुए है। ऐसे में यह न मानने की कोई वजह नहीं दिखती कि अन्ना का आंदोलन नाकामयाब होगा। देशभर से जुटे लोगों के समर्थन और उत्साह के सहारे भ्रष्टाचार के खात्मे की दिशा में नया इतिहास जरूर बनेगा। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
Wednesday, April 6, 2011
शुंगलू समिति की रिपोर्ट और देश के गुनाहगार
शुंगलू समिति की अंतिम रिपोर्ट निराशा पैदा करने वाली है। अचरज लगता है कि यह समिति कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए कई सौ करोड़ की लूट के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान तक नहीं कर पाई है और निष्कर्ष के तौर पर यह मान बैठी है कि इस महाघोटाले में संलिप्तता उन सबकी रही है, जो प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप में खेल से जुड़े हुए थे। देखा जाए तो समिति का यह निष्कर्ष भ्रष्टाचारियों के लिए औषधि का काम कर गया है, लेकिन देश के उन करोड़ों लोगों के हाथ जरूर निराशा लगी है, जो यह उम्मीद लगाए थे कि समिति अपनी जांच में दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए हजारों करोड़ रुपये आवंटित किया गया था और उसे सफल बनाने का उत्तरदायित्व आयोजन समिति, खेल मंत्रालय, मंत्रियों का समूह और सचिवों के समूह के कंधे पर था। निर्माण कार्य के दौरान सारे नियम-कानूनों को ताक पर रखकर इन समूहों द्वारा जमकर जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा गया, लेकिन शुंगलू समिति की रिपोर्ट आने के बाद महालूट के लिए इनमें से किसी को भी सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। होना तो यह चाहिए था कि अगर कॉमनवेल्थ गेम्स की सफलता का श्रेय इन्हें जाता है तो इसमें मची लूट और अंधेरगर्दी के लिए भी यही लोग जिम्मेदार ठहराए जाते, लेकिन शुंगलू समिति की रिपोर्ट ने सच्चाई पर ग्रहण लगा दिया है। सीधे तौर पर किसी को भी जिम्मेदार न ठहराकर सरकार को एक बार फिर उसके आस्तीन में छिपे भ्रष्टाचारियों को बचाने का मौका उपलब्ध करा दिया है। निष्कर्ष के तौर पर शुंगलू समिति की रिपोर्ट में हैरानी जताई गई है कि इतना बड़ा खेल आयोजन एक गैर सरकारी संगठन को कैसे सौंप दिया गया है। साथ ही यह भी आशंका जाहिर की गई है कि कुछ मामलों में प्रधानमंत्री कार्यालय ने हस्तक्षेप तो जरूर किया, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों पर ठोस कार्रवाई नहीं की। समिति की रिपोर्ट में नया क्या शुंगलू समिति ने अपनी रिपोर्ट में वही बातें कही हैं, जो विपक्षी दलों द्वारा कही जाती रही हैं। भ्रष्टाचार के मसले पर प्रधानमंत्री कार्यालय की चुप्पी शुरू से ही हैरान करने वाली रही है। रिपोर्ट के अंत में कहा गया है कि भविष्य में कॉमनवेल्थ जैसे आयोजन प्रधानमंत्री की निगरानी में होने चाहिए, लेकिन देखा जाए तो समिति का यह खुलासा बिल्कुल हैरानी पैदा करने वाला नहीं है। जब कॉमनवेल्थ गेम्स में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी दलों द्वारा सरकार को घेरा जा रहा था तो सरकार अंत तक यही तोतारट लगाती रही कि सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा है, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर गुजरने लगा और भ्रष्टाचार की गंगा में डुबकी लगाने वाले लुटेरे उतराने लगे, तब जाकर सरकार हरकत में आई और खेल समाप्ति के बाद जांच कराने की बात कहकर विपक्षी दलों को शांत किया। गनीमत रही कि कोई दुर्घटना बगैर आयोजन सफल रहा, लेकिन खेल संपन्न होने के बाद जब एक बार फिर सरकार पर हमला तेज हुआ तो सरकार सीबीआइ के माध्यम से लूट के महाखेल में शामिल कुछ छोटी मछलियों को फांसने लगी और फजीहत से बचने के लिए जांच समिति का गठन कर डाला। लेकिन अब जब जांच समिति की रिपोर्ट आ गई है तो भी नहीं लगता है कि सरकार कानून का डंडा दोषियों पर चला पाएगी। सरकार भी कम कसूरवार नहीं प्रत्यक्ष रूप से भले ही शुंगलू समिति द्वारा सीधे तौर पर किसी एक को भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है, लेकिन परोक्ष रूप से देखा जाए तो इसके लिए सबसे ज्यादा सरकार ही जिम्मेदार है, क्योंकि उसी के निगरानी तंत्र में सब घालमेल संपन्न हुआ है। शुंगलू जांच समिति ने भी स्पष्ट तौर पर कहा है कि पैसों की कमी नहीं की धारणा ने भ्रष्टाचार को चरम पर पहुंचा दिया। क्या सरकार की जिम्मेदारी नहीं बनती थी कि खेल आयोजकों से वह पूछे कि निर्धारित बजट के बावजूद अधिक पैसा खर्च क्यों किया जा रहा है? लेकिन सरकार पूछने के बजाए आंख बंद कर भ्रष्टाचारियों पर जनता की गाढ़ी कमाई लुटाती रही। रिपोर्ट में बताया गया है कि कई ऐसे कार्यो पर धन पानी की तरह बहाया गया, जहां इसकी जरूरत ही नहीं थी। बानगी के तौर पर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भूतल पार्किग पर 27 करोड़ और मेजर ध्यानचंद की पार्किग पर 20 करोड़ खर्च किया गया, जिसका कोई औचित्य ही नहीं था। दूसरी महत्वपूर्ण बात यह कि किसी भी कार्य को समय से पूरा करने के बजाए जान-बूझकर उसमें देरी की गई। सिर्फ इसलिए कि बजट को बढ़ाया जा सके। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर समय पर कार्य पूरा किया गया होता तो कई सौ करोड़ रुपये की बचत की जा सकती थी, लेकिन सरकार द्वारा इस ओर तनिक भी ध्यान नहीं दिया गया। मगर जब भ्रष्टाचार के आरोप में भ्रष्टाचारियों की गर्दन फंसने लगी तो सत्ता मे बैठे हुए लोगों ने खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को ही निशाने पर लेना शुरू कर दिया। इसमें कोई शक नहीं कि महालूट के इस खेल में कलमाड़ी की भूमिका सबसे रोचक और रहस्यात्मक रही है। सच यह भी है कि कलमाड़ी की मनमानी के आगे किसी का जोर नहीं चला, लेकिन सवाल यह उठता है कि सरकार में अगर कोई भी कलमाड़ी की मनमानियों पर रोक लगाने में सक्षम नहीं था तो आखिर इसकी वजह क्या थी? क्या कलमाड़ी के ऊपर किसी और का हाथ था? क्या कलमाड़ी सीधे तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय से नियंत्रित हो रहे थे? शुंगलू समिति की रिपोर्ट तो कुछ ऐसा ही बयां कर रही है। शीला से लेकर पीएमओ तक कॉमनवेल्थ खेल घोटाले की जांच के जो आधिकारिक और गोपनीय निष्कर्ष सरकार के सामने आया है, उसके मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय, दिल्ली का मुख्यमंत्री कार्यालय, दिल्ली का उपराज्यपाल कार्यालय और खेल मंत्रालय की भूमिकाएं भी संदेहों के घेरे में है। रिपोर्ट में आधारभूत ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और दिल्ली के उपराज्यपाल तेजिंदर खन्ना की भूमिका पर उंगली उठाते हुए पीडब्लूडी, सीपीडब्लूडी, एमसीडी और डीडीए के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। शुंगलू समिति की रिपोर्ट पर विश्वास किया जाए तो दिल्ली में फ्लाई ओवर, पुल, बाईपास आदि बनवाने के खेल में खूब धन बनाया गया है। कंपनियों के चयन में मनमानी, अपारदर्शी टेंडरिंग और बढ़ा-चढ़ाकर भुगतान भी किया गया है। परियोजना के कुल बजट का 80 फीसदी हिस्सा अपने चहेते तीन ठेकेदारों को ही अलॉट कर दिया गया। अगर प्रधानमंत्री कार्यालय हस्तक्षेप करने के बजाए जान-बूझकार इस पर चुप्पी साधे रहा तो इसका मतलब तो यही निकलता है कि इस महालूट की स्वीकृति सरकार से मिली हुई थी। ऐसे में सरकार की मंशा और नीयत पर सवाल उठना तो स्वाभाविक ही है। मजे वाली बात तो यह है कि राष्ट्रमंडल खेल में अहम भूमिका निभाने वाले खेल मंत्रालय के अधिकारियों के कारनामों पर शुंगलू समिति ने चुप्पी साध रखी है। सिर्फ कलमाड़ी ही नहीं हैं खिलाड़ी खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष रहे सुरेश कलमाड़ी शुरू से गला फाड़ रहे हैं कि कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए भ्रष्टाचार के लिए सिर्फ वे ही जिम्मेदार नहीं हैं। उन्हें तो सिर्फ बलि का बकरा बनाया जा रहा है। देखा जाए तो कलमाड़ी की बातों में सच्चाई है। अगर आज तक सीबीआइ कलमाड़ी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है तो मानकर चलना चाहिए कि यह संयोग मात्र नहीं है। सच तो यह है कि अगर कलमाड़ी गिरफ्तार किए जाते तो वे उन रहस्यों को उगलने में देर नहीं लगाते, जो अभी तक अपने सीने में दफन हैं। शायद सरकार चलाने वालों को भी यह बात अच्छी तरह मालूम है। मजे वाली बात तो यह है कि अभी तक खेल आयोजन समिति के जिन अधिकारियों को सीबीआइ द्वारा गिरफ्तार किया गया है, उनके खिलाफ आज तक चार्जशीट तक दाखिल नहीं की गई है। और अब तो उन्हें हिरासत से छोड़ा भी जा रहा है। ऐसे में यह अनुमान लगाना गलत नहीं होगा कि केंद्र की संप्रग सरकार शुंगलू समिति की रिपोर्ट पर कुछ कार्रवाई करने नहीं जा रही है। दरअसल, देखा जाए तो महालूट के इस खेल का सबसे बड़ा खिलाड़ी तो सरकार ही है। भला उसे क्या आन पड़ी है कि कानून का डंडा अपनी ही पीठ पर चलाए। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं).
Tuesday, March 22, 2011
संगीन इल्जाम, लचर दलीलें
भ्रष्टाचार के तमाम आरोपों से चौतरफा घिरी मनमोहन सरकार के लिए विकिलीक्स के खुलासे के बाद मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार की साख पर लगातार लग रहे बट्टे ने प्रधानमंत्री की छवि को कमजोर किया है। संप्रग-एक के दौरान जिस तरह से न्यूक्लियर डील पर सरकार बचाने के लिए सांसदों की खरीद-फरोख्त का खुलासा हुआ है, उसके बारे में उस वक्त भी काफी चर्चा हुई थी और जांच वगैरह भी हुई थी, लेकिन ताजा खुलासे ने विपक्ष को सरकार पर एक बार फिर हमला करने का मौका दे दिया। खुलासे पर फजीहत होते देख सरकार के कद्दावर मंत्री और संकटमोचक प्रणब मुखर्जी ने मोर्चा संभाला। संसद में विपक्ष के हमलावर तेवर पर पलटवार करते हुए वित्तमंत्री ने यह कहकर विपक्ष के आरोपों की हवा निकालने की कोशिश की कि यह पूरा मामला चौदहवीं लोकसभा का है और पंद्रहवीं लोकसभा पिछली लोकसभा में हुई घटनाओं पर विचार नहीं कर सकती। इतने संगीन इल्जाम पर सरकार की ओर से वित्तमंत्री और कानून, संसदीय परंपरा और सरकारी नियमों के चलते-फिरते इंसाइक्लोपीडिया माने जाने वाले प्रणब मुखर्जी ने बेहद हल्की बात करके पूरे देश को चौंका दिया। प्रणब मुखर्जी की याददाश्त का लोहा पूरा देश मानता है। क्या प्रणब मुखर्जी यह भूल गए कि जब इमरजेंसी के खत्म होने के बाद हुए चुनाव के बाद सातवीं लोकसभा का गठन हुआ था तो सदन ने इंदिरा गांधी को उसके पहले के लोकसभा के दौरान उनके किए कार्यो पर कार्रवाई की थी। उस वक्त इंदिरा गांधी के निकट सहयोगी रहे प्रणब दा क्या यह भी भूल गए कि जब जनता सरकार के पतन के बाद 1980 में इंदिरा गांधी फिर से सत्ता में आई और आठवीं लोकसभा का गठन हुआ तो उसने फिर से पिछली लोकसभा के इंदिरा गांधी के मुतल्लिक लिए गए फैसलों को पलट दिया था। इन दोनों उदाहरणों से यह साबित होता है कि सरकार के सबसे बड़े संकटमोचक से चूक हो गई। क्या प्रणब मुखर्जी और कांग्रेस पार्टी कुछ ही दिन पहले लिए गए सरकार के निर्णय को ही भूल गई। कुछ ही दिन पहले सरकार ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय दल का गठन किया है, जो पिछली लोकसभा के दौरान लिए गए निर्णयों को कसौटी पर कसेगा। इन आधारहीन तर्को को खारिज करते हुए विपक्ष ने सरकार पर अपना हमला जारी रखा और प्रधानमंत्री से सदन में बयान देने का दबाव बढ़ा दिया। नतीजे में प्रधानमंत्री को संसद में बयान देना पड़ा। आक्रमण की स्थिति में सबसे अच्छे बचाव की तर्ज पर प्रधानमंत्री ने संसद के दोनों सदनों में बयान दिया। अपनी सरकार और पार्टी का जोरदार बचाव करते हुए प्रधानमंत्री ने नोट के बदले वोट के आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। मनमोहन सिंह ने अपनी पिछली सरकार को बचाने के लिए सांसदों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विपक्ष को यह कहते हुए आईना दिखाने की कोशिश की कि जनता ने आमचुनाव में विपक्ष के इन आरोपों को तवज्जो नहीं दी। कांग्रेस पार्टी को पिछले आमचुनाव में 2004 के चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीटें मिली। प्रधानमंत्री मनमोहमन सिंह ने संसद में दिए अपने बयान में बीजेपी और वामदलों को चुनाव में मिली कम सीटें भी गिना दीं। मनमोहन सिंह ने यह तर्क दिया कि विपक्ष जनता द्वारा नकारे गए आरोपों को फिर से हवा देकर बेवजह सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। अपने वित्तमंत्री की राह पर चलते हुए प्रधानमंत्री ने भी बेहद लचर तर्को का सहारा लिया। क्या चुनाव जीत जाने से सारे आरोप और जुर्म खारिज हो जाते हैं। क्या सही-गलत का फैसला जनता की अदालत में ही हुआ करेगा, क्या अब जांच एजेंसी और जांच कमेटियां बेमानी हो जाएंगी। अगर प्रधानमंत्री के इन बयानों को मान लिया जाए तो तमाम अपराधी और गुंडे जो विधायक या सांसद बन जाते हैं, उनके जुर्म चुनाव जीतते ही खत्म हो जाते हैं। इस तर्क के आधार पर बिहार के बाहुबली सांसद रहे शहाबुद्दीन के तमाम जुर्म गलत हैं, क्योंकि अदालत द्वारा मुजरिम करार दिए जाने और कोर्ट से चुनाव लड़ने पर रोक लगाने के पहले तो शहाबुद्दीन को जनता लगातार चुनकर लोकसभा में भेजती रही थी। क्या अपने बयान से प्रधानमंत्री यह संदेश देना चाह रहे हैं कि आप चाहे जितना भी बड़ा अपराध करें, अगर जनता ने आपको चुन लिया है तो आपके सारे पाप धुल जाते हैं। क्या प्रधानमंत्री अपने इस बयान से डीएमके के नेताओं को यह संदेश देना चाह रहे हैं कि ए राजा पर चाहे एक लाख छिहत्तर हजार करोड़ के टेलीकॉम घोटाले का आरोप लगा हो, लेकिन अगर वह फिर से चुनाव जीत जाते हैं तो सारे आरोप खारिज हो जाएंगे। देश के शीर्ष पद पर बैठा एक जिम्मेदार व्यक्ति अगर देश की सबसे बड़ी पंचायत में इस तरह का गैर जिम्मेदाराना बयान देता है तो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंता की बात है। चिंता इस बात को लेकर भी होती है कि जिसके हाथ में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को चलाने और उसकी गरिमा को बचाने की जिम्मेदारी है, वह लोकतंत्र और जनता के समर्थन को ही घोटालों से बचने की ढाल बना रहा है। संसद में प्रधानमंत्री के उक्त बयान को कांग्रेस के लोग बेहद आक्रामक और हमलावर बयान करार देकर खुद की पीठ थपथपा रहे हैं। आक्रामक दिखने वाले उक्त बयान में न तो गंभीरता है और न ही दम। जिस तरह की लचर दलील और जनता के समर्थन की आड़ लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नोट के बदले वोट के आरोपों को नकारने वाला बयान दिया है, उसी से मिलता जुलता बयान लंदन में भारत के हाई कमिश्नर रहे बीके नेहरू ने भी दिया था। जब 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को चुनावी गड़बडि़यों के आधार पर खारिज कर दिया था, तब बीके नेहरू ने कहा था कि अदालत के इस फैसले से इंदिरा गांधी के राजनीतिक भविष्य पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। श्रीमती गांधी को अब भी देश की जनता का जबरदस्त समर्थन हासिल है और मुझे लगता है कि भारत के प्रधानमंत्री को उस वक्त तक अपने पद पर बने रहना चाहिए जब तक कि जनादेश उनके खिलाफ ना हो। उस वक्त इंदिरा गांधी के चमचों ने उन्हें देश में इमरजेंसी लगाने की सलाह दी थी और पद छोड़ने के भयानक दबाव में श्रीमती गांधी ने देश में इमरजेंसी लगा थी। उसके बाद क्या हुआ यह इतिहास है। अब वक्त आ गया है कि सरकार देश को गुमराह करना छोड़े, जनता की आड़ लेकर लोकतंत्र को कमजोर करने वालों लोगों की ईमानदारी से पहचान की जाए और उन्हें सख्त सजा मिले ताकि भविष्य में इस तरह की हरकतें नहीं दोहराई जाएं। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)
Wednesday, March 2, 2011
Friday, February 18, 2011
हरे-भरे मॉरीशस से काली कमाई
भारत सरकार ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश संवद्र्घन बोर्ड (एफआईपीबी) को मॉरीशस से मिलने वाले प्रत्यक्ष निवेश के सभी प्रस्तावों की करीबी जांच करने का निर्णय लिया है। आयकर विभाग से कह दिया गया है कि वह इन निवेश प्रस्तावों की बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू कर दे। वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, मॉरीशस से होने वाले निवेश की जांच बढ़ाई जा रही है। भारत में विदेशी निवेश के लिए दरवाजा खोलने के बाद से यहां प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में मॉरीशस की हिस्सेदारी 40 फीसदी से ज्यादा रही है। इस बात के आरोप हैं कि भारत का पैसा खासकर काला धन मॉरीशस के रास्ते वापस भारत में आ रहा है। रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में इस तरह के निवेश का संदेह है। सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग ने भारत में निवेश होने वाले फंड के बारे में जानकारी जुटाने के लिए एक अधिकारी मॉरीशस में तैनात किया है। यह अधिकारी वहां की सरकार और राजस्व अधिकारियों से बातचीत करेगा। आयकर विभाग उन मामलों की सघन जांच और विशेष ऑडिट करेगा, जिनमें ऑटोमैटिक रूट के तहत आने वाले सेक्टर से संबंधित कंपनी में मॉरीशस के रास्ते निवेश किया गया है।
इस मामले की जानकारी निजी बाजार सर्वेक्षण कंपनी अर्न्स्ट एंड यंग ने भी दी है। इस कंपनी के के टैक्स मार्केट लीडर सुधीर कपाड़िया ने बताया कि गड़बड़ी का पता लगाने के लिए ऑडिट जरूरी होगा। भारत में निवेश करने वाले लोगों के लिए मॉरीशस पसंदीदा देश रहा है, क्योंकि भारत-मॉरीशस टैक्स समझौते के तहत सिक्योरिटी यानी प्रतिभूतियों की बिक्री से भारत में होने वाले पूंजीगत लाभ पर सिर्फ मॉरीशस में टैक्स लगाया जा सकता है। वहीं, मॉरीशस कैपिटल गेंस पर टैक्स नहीं लगाता। मॉरीशस की सरकार ने कहा है कि उसके यहां से काले धन का निवेश भारत में न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए उसने जरूरी उपाय किए हैं तथा रेजिडेंसी सर्टिफिकेट के नियमों को सख्त बनाया है। इससे कंपनियों के लिए बोर्ड की बैठक बुलाना और मॉरीशस में ही बैंक खातों के जरिए लेन-देन करना अनिवार्य हो गया है। भारत या अंतरराष्ट्रीय समुदाय इसे पर्याप्त नहीं मानता है। वित्तीय मामलों के जानकारों का कहना है कि काले धन का निर्माण रोकने के लिए कानूनी प्रारूप में मॉरीशस ने कई जरूरी बातें शामिल नहीं की हैं। इनमें कुछ ऑफशोर कंपनियों के खातों के बारे में जानकारी शामिल हैं। कानूनी प्रारूप में आयकर अधिकारियों को खास तौर पर बैंकों से संबंधित जानकारियां उपलब्ध करवाने के लिए मॉरीशस सरकार को काफी कुछ करना है। बताया जाता है कि वोडाफोन और हच के बीच हुए सौदे के बाद भारतीय अधिकारी मॉरीशस के साथ हुए समझौते में सुधार को जरूरी मान रहे हैं। इस सौदे में सारा लेन-देन मॉरीशस और केमैन आइलैंड में पंजीकृत सहायक कंपनियों के जरिए हुआ था। इस मामले में भारतीय आयकर विभाग ने करीब 1.7 अरब डॉलर आयकर की मांग की है। लेकिन, सरकार कूटनीतिक कारणों और मॉरीशस के साथ ऐतिहासिक संबंधों के मद्देनजर भारत सरकार मॉरीशस के साथ सख्त समझौता नहीं करना चाहती। उसे उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाकर वह फंड के स्रोतों का बेहतर पता लगा सकती है। भारत आयकर से जुड़ी जानकारियों के लिए ग्लोबल फोरम ऑन ट्रांसपरेंसी एंड एक्सचेंज ऑफ इफॉर्मेशन पर ग्लोबल फोरम के स्टीयरिंग समूह का सदस्य रहा है। इसके अलावा वह इस आंकलन से संबंधित पीयर रिव्यू समूह का उपाध्यक्ष भी है .
इस मामले की जानकारी निजी बाजार सर्वेक्षण कंपनी अर्न्स्ट एंड यंग ने भी दी है। इस कंपनी के के टैक्स मार्केट लीडर सुधीर कपाड़िया ने बताया कि गड़बड़ी का पता लगाने के लिए ऑडिट जरूरी होगा। भारत में निवेश करने वाले लोगों के लिए मॉरीशस पसंदीदा देश रहा है, क्योंकि भारत-मॉरीशस टैक्स समझौते के तहत सिक्योरिटी यानी प्रतिभूतियों की बिक्री से भारत में होने वाले पूंजीगत लाभ पर सिर्फ मॉरीशस में टैक्स लगाया जा सकता है। वहीं, मॉरीशस कैपिटल गेंस पर टैक्स नहीं लगाता। मॉरीशस की सरकार ने कहा है कि उसके यहां से काले धन का निवेश भारत में न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए उसने जरूरी उपाय किए हैं तथा रेजिडेंसी सर्टिफिकेट के नियमों को सख्त बनाया है। इससे कंपनियों के लिए बोर्ड की बैठक बुलाना और मॉरीशस में ही बैंक खातों के जरिए लेन-देन करना अनिवार्य हो गया है। भारत या अंतरराष्ट्रीय समुदाय इसे पर्याप्त नहीं मानता है। वित्तीय मामलों के जानकारों का कहना है कि काले धन का निर्माण रोकने के लिए कानूनी प्रारूप में मॉरीशस ने कई जरूरी बातें शामिल नहीं की हैं। इनमें कुछ ऑफशोर कंपनियों के खातों के बारे में जानकारी शामिल हैं। कानूनी प्रारूप में आयकर अधिकारियों को खास तौर पर बैंकों से संबंधित जानकारियां उपलब्ध करवाने के लिए मॉरीशस सरकार को काफी कुछ करना है। बताया जाता है कि वोडाफोन और हच के बीच हुए सौदे के बाद भारतीय अधिकारी मॉरीशस के साथ हुए समझौते में सुधार को जरूरी मान रहे हैं। इस सौदे में सारा लेन-देन मॉरीशस और केमैन आइलैंड में पंजीकृत सहायक कंपनियों के जरिए हुआ था। इस मामले में भारतीय आयकर विभाग ने करीब 1.7 अरब डॉलर आयकर की मांग की है। लेकिन, सरकार कूटनीतिक कारणों और मॉरीशस के साथ ऐतिहासिक संबंधों के मद्देनजर भारत सरकार मॉरीशस के साथ सख्त समझौता नहीं करना चाहती। उसे उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ाकर वह फंड के स्रोतों का बेहतर पता लगा सकती है। भारत आयकर से जुड़ी जानकारियों के लिए ग्लोबल फोरम ऑन ट्रांसपरेंसी एंड एक्सचेंज ऑफ इफॉर्मेशन पर ग्लोबल फोरम के स्टीयरिंग समूह का सदस्य रहा है। इसके अलावा वह इस आंकलन से संबंधित पीयर रिव्यू समूह का उपाध्यक्ष भी है .
Tuesday, February 15, 2011
काले धन पर सरकार की सुस्ती
हमारे देश में जितने भी गैरकानूनी काम हैं, उन्हें कानूनी जटिलताएं संरक्षण देने का काम करती हैं। काले धन की वापसी की प्रक्रिया भी केंद्र सरकार के स्तर पर ऐसे ही हश्र का शिकार है। सरकार इस धन को कर चोरी का मामला मानते हुए संधियों की ओट में काले धन को गुप्त बने रहने देना चाहती है, जबकि विदेशी बैंकों में जमा काला धन केवल कर चोरी का धन नहीं है, भ्रष्टाचार से अर्जित काली कमाई भी उसमें शामिल है। जिसमें बड़ा हिस्सा राजनेताओं और नौकरशाहों का है। बोफोर्स दलाली, 2जी स्पेक्ट्रम और राष्ट्रमंडल खेलों के माध्यम से विदेशी बैंकों में जमा हुए काले धन का भला कर चोरी से क्या वास्ता? दरअसल, प्रधानमंत्री और उनके रहनुमा कर चोरी के बहाने कालेधन की वापसी की कोशिशों को इसलिए अंजाम तक नहीं पहंुचा रहे, क्योंकि नकाब हटने पर सबसे ज्यादा फजीहत कांग्रेसी कुनबे और उनके बरदहस्त नौकरशाहों की ही होने वाली है। वरना, स्विट्जरलैंड सरकार तो न केवल सहयोग के लिए तैयार है, अलबत्ता वहां की एक संसदीय समिति ने तो इस मामले में दोनों देशों के बीच हुए समझौते को मंजूरी भी दे दी है। यही नहीं, काला धन जमा करने वाले दक्षिण पूर्व एशिया से लेकर अफ्रीका तक के कई देशों ने भी भारत को सहयोग करने का भरोसा जताया है। हालांकि हाल ही में मजबूरी जताते हुए वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि केंद्र सरकार धन वापसी के लिए जमाखोरों के हित में क्षमादान योजना लागू करने पर भी विचार कर रही है। उन्होंने 500 से 1400 अरब डॉलर धन विदेशों में जमा होने का संकेत दिया, लेकिन मुकदमा चलने पर ही नाम उजागर करने की लाचारगी जताई। पर देर-सबेर विकिलीक्स करीब दो हजार भारतीय खाताधारकों के नामों का खुलासा कर देगी, इसमें कोई संशय नहीं है। पूरी दुनिया में करचोरी और भ्रष्ट आचरण से कमाया धन सुरक्षित रखने की पहली पसंद स्विस बैंक रहे हैं, क्योंकि यहां खाताधारकों के नाम गोपनीय रखने संबंधी कानून का पालन कड़ाई से किया जाता है। नाम की जानकारी बैंक के कुछ आला अधिकारियों को ही रहती है। ऐसे ही स्विस बैंक से सेवानिवृत्त एक अधिकारी रूडोल्फ ऐल्मर ने दो हजार भारतीय खाताधारकों की सूची विकिलीक्स को सौंप दी है। इसी तरह फ्रांस सरकार ने भी हर्व फेल्सियानी से मिली एचएसबीसी बैंक की सीडी ग्लोबल फाइनेंशियल इंस्टीट्यूट को हासिल कराई है, जिसमें कई भारतीयों के नाम दर्ज हैं। स्विस बैंक एसोसिएशन की तीन साल पहले जारी एक रिपोर्ट के हवाले से स्विस बैंकों में कुल जमा भारतीय धन 66 हजार अरब रुपये है। खाता खोलने के लिए शुरुआती राशि ही 50 हजार करोड़ डॉलर होना जरूरी शर्त है। अन्यथा, खाता नहीं खुलेगा। भारत के बाद काला धन जमा करने वाले देशों में रूस 470, ब्रिटेन 390 और यूके्रन ने भी 390 बिलियन डॉलर जमा करके अपने ही देश की जनता से घात करने वालों की सूची में शामिल हैं। केंद्र सरकार इस मामले को कर चोरी और दोहरे कराधान संधियों का हवाला देकर टालने में लगी है। दरअसल, इस मामले ने तूल पकड़ा तो यूपीए सरकार को वजूद के संकट से गुजरना होगा। इसलिए सरकार बहाना बना रही है कि विभिन्न देशों ने ऐसी जानकारी केवल कर संबंधी कार्यो के निष्पादन के लिए दी है। खाताधारियों के नाम सार्वजनिक करने के लिए चल रहे करारों को बदलना होगा। दोहरे कराधान बचाव संधि में बदलाव के लिए इन देशों के साथ नए करार करने होंगे। भारत सरकार का रुख काले धन की वापसी के लिए साफ नहीं है। यह इस बात से जाहिर होता है कि कुछ समय पहले भारत और स्विट्जरलैंड के बीच दोहरे कराधान संशोधित करने के लिए संशोधित प्रोटोकॉल संपादित हुआ था, लेकिन इस पर दस्तखत करते वक्त भारत सरकार ने कोई ऐसी शर्त पेश नहीं की, जिससे काले धन की वापसी का रास्ता प्रशस्त होता। जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपन्न होने वाले ऐसे किसी भी दोहरे समझौते में राष्ट्रीय हित सर्वोपरि होने चाहिए। दुनिया में 77.6 प्रतिशत काली कमाई ट्रांसफर प्राइसिंग (संबद्ध पक्षों के बीच सौदों में मूल्य अंतरण) के जरिए पैदा हो रही है। इसमें एक कंपनी विदेशों में अपनी सहायक कंपनी के साथ सौदों में 100 रुपये की एक वस्तु की कीमत 1000 रुपये या 10 रुपये दिखाकर करों की चोरी और धन की हेराफेरी करती है। भारत में संबद्ध फर्मो के बीच इस तरह के मूल्य अंतरण में हेराफेरी रोकने का प्रयास 2000 के आसपास वजूद में आने लगा था, पर सरकार इसे और कड़ा कर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने की सोच रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र ने एक संकल्प पारित किया है, जिसका मकसद है कि गैरकानूनी तरीके से विदेशों में जमा काला धन वापस लाया जा सके। इस संकल्प पर भारत समेत 140 देशों ने हस्ताक्षर किए हैं। यही नहीं, 126 देशों ने तो इसे लागू कर काला धन वसूलना भी शुरू कर दिया है। यह संकल्प 2003 में पारित हुआ था, लेकिन भारत सरकार इसे टालती रही। आखिरकार 2005 में उसे हस्ताक्षर करने पड़े। लेकिन इसके सत्यापन में अभी भी टालमटोल हो रहा है। स्विट्जरलैंड के कानून के अनुसार कोई भी देश संकल्प को सत्यापित किए बिना विदेशों में जमा धन की वापसी की कार्रवाई नहीं कर पाएगा। हालांकि इसके बावजूद स्विट्जरलैंड सरकार की संसदीय समिति ने इस मामले में भारत सरकार के प्रति उदारता बरतते हुए दोनों देशों के बीच हुए समझौते को मंजूरी दे दी है। इससे जाहिर होता है कि स्विट्जरलैंड सरकार भारत का सहयोग करने को तैयार है, लेकिन भारत सरकार ही कमजोर राजनीतिक इच्छाशक्ति के चलते पीछे हट रही है। हालांकि दुनिया के तमाम देशों ने काले धन की वापसी का सिलसिला शुरू भी कर दिया है। इसकी पृष्ठभूमि में दुनिया में आई वह आर्थिक मंदी थी, जिसने दुनिया की आर्थिक महाशक्ति माने जाने वाले देश अमेरिका की भी चूलें हिलाकर रख दी थीं। मंदी के काले पक्ष में छिपे इस उज्जवल पक्ष ने ही पश्चिमी देशों को समझाइश दी कि काला धन ही उस आधुनिक पूंजीवाद की देन है, जो विश्वव्यापी आर्थिक संकट का कारण बना। 9/11 के आतंकी हमले के बाद अमेरिका की आंखें खुलीं कि दुनिया के नेता, नौकरशाह, कारोबारी और दलालों का गठजोड़ ही नहीं आतंकवाद का पर्याय बना ओसामा बिन लादेन भी अपना धन खातों को गोपनीय रखने वाले बैंकों में जमा कर दुनिया के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। स्विस बैंकों में गोपनीय तरीके से काला धन जमा करने का सिलसिला पिछली दो सदियों से बरकरार है, लेकिन कभी किसी देश ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। आर्थिक मंदी का सामना करने पर पश्चिमी देश चैतन्य हुए और कड़ाई से पेश आए। 2008 में जर्मन सरकार ने लिंचेस्टाइन बैंक के उस कर्मचारी हर्व फेल्सियानी को धर दबोचा, जिसके पास कर चोरी करने वालों की लंबी सूची की सीडी थी। इस सीडी में जर्मन के अलावा कई देशों के लोगों के खातों का ब्यौरा भी था। लिहाजा, जर्मनी ने उन सभी देशों को सीडी देने का प्रस्ताव रखा, जिनके नागरिकों के सीडी में नाम थे। अमेरिका, ब्रिटेन और इटली ने तत्परता से सीडी की प्रतिलिपि हासिल की और धन वसूलने की कार्रवाई शुरू कर दी। संयोग से फ्रांस सरकार के हाथ भी एक ऐसी ही सीडी लग गई। फ्रेंच अधिकारियों को यह जानकारी उस समय मिली, जब उन्होंने स्विस सरकार की हिदायत पर हर्व फेल्सियानी के घर छापा मारा। दरअसल, फेल्सियानी एचएसबीसी बैंक का कर्मचारी था और उसने काले धन के खाताधारियों की सीडी बैंक से चुराई थी। फ्रांस ने उदारता बरतते हुए अमेरिका, इंग्लैंड, स्पेन और इटली के साथ खाताधारकों की जानकारी बांटकर सहयोग किया। दूसरी तरफ ऑर्गनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक कारपोरेशन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ने स्विट्जरलैंड समेत उन 40 देशों के बीच कर सूचना आदान-प्रदान संबंधी 500 से अधिक संधियां हुई। शुरुआती दौर में स्विट्जरलैंड और लिंचेस्टाइन जैसे देशों ने आनाकानी की, लेकिन आखिरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे उन्होंने घुटने टेक दिए। अन्य देशों ने भी ऐसी संधियों का अनुसरण किया, लेकिन भारत ने अभी तक एक भी देश से संधि नहीं की है। हालांकि प्रणब मुखर्जी अब संकेत दे रहे हैं कि 65 देशों से सरकार बात करने का मन बना रही है। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)
Subscribe to:
Posts (Atom)
