केंद्र और उत्तर प्रदेश के अफसरों में तालमेल की कमी और व्यवस्था में बदलाव के कारण भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) के गोदामों से खाद्यान्न की पूरी उठान नहीं हो रही है। इससे तमाम गरीबों के हिस्से का राशन सस्ते गल्ले की दुकानों तक नहीं पहुंच रहा है। खाद्य एवं रसद विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, गत अक्टूबर में आजमगढ़ में अन्त्योदय कार्ड धारकों को 1056 मीट्रिक टन खाद्यान्न आवंटन के स्थान पर 155 मीट्रिक टन व बीपीएल कार्ड धारकों के लिए 2560 मीट्रिक टन के स्थान पर 145 मीट्रिक टन खाद्यान्न की उठान हुई। बागपत में अन्त्योदय कार्ड धारकों के लिए 153 मीट्रिक टन खाद्यान्न के स्थान पर 39 मीट्रिक टन की उठान हुई। यह स्थिति कई और जिलों की भी है। समाज के निचले तबके की कमजोर क्रय शक्ति को देखते हुए केंद्र सरकार ने अन्त्योदय कार्ड धारकों के लिए गेहूं की दर दो रुपये व चावल की दर तीन रुपये प्रति किलो तथा बीपीएल कार्ड धारकों के लिए क्रमश: 4.65 रुपये किलो तथा 6.15 रुपये किलो निर्धारित की है। इसके समय पर वितरण के आदेश भी हैं लेकिन तालमेल का अभाव जरूरतमंदों पर भारी पड़ रहा है। पिछले दिनों मामला एफसीआइ के सीएमडी तक पहुंचा। राज्य सरकार ने जवाब दिया,आगरा, एटा, फिरोजाबाद, बांदा, महोबा व चित्रकूट में चावल की कमी है। स्टाक के अभाव में यहां लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का कार्य प्रभावित है। शाहजहांपुर, गोंडा, झांसी, प्रतापगढ़, उरई, महोबा, बांदा, देवरिया, एटा, सुल्तानपुर व फिरोजाबाद डिपो पर खाद्यान्न प्राप्ति एवं निकासी का कार्य मजदूरों की व्यवस्था के अभाव में अवरुद्ध है। निगम के महाप्रबंधक आरके चतुर्वेदी कई जिलों में डिपो की समस्या स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा, अब ठेकेदारी व्यवस्था खत्म करने के श्रम मंत्रालय के आदेश के कारण यह समस्या है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत, राज्य भंडारागार निगम के गोदामों से उठान के लिए राज्य के अफसरों से कहा गया है। स्टाक की कहीं कोई कमी नहीं है।
Saturday, January 8, 2011
Friday, January 7, 2011
राष्ट्रपति को भी नहीं बख्शा घोटालेबाजों ने
राष्ट्रमंडल के आयोजकों ने क्वींस बेटन रिले समारोह में राष्ट्रपति की मौजूदगी को भी अपने भ्रष्ट खेल में इस्तेमाल कर लिया। अक्टूबर 2009 में लंदन में हुए आयोजन का बजट राष्ट्रपति के दौरे के बहाने न केवल छह गुना बढ़ा लिया गया, बल्कि चहेती कंपनियों को अतिरिक्त भुगतान भी कर दिया गया। राष्ट्रपति भवन के सूत्रों का कहना है कि महामहिम की लंदन यात्रा आधिकारिक यात्रा थी और क्वींस बेटन रिले में हुए खर्च का उनके दौरे से कोई लेना देना नहीं। इसी आयोजन में भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआइ ने आयोजन समिति के चेयरमैन सुरेश कलमाड़ी सहित अन्य अफसरों के यहां छापे मारे हैं और अब कलमाड़ी सीबीआइ की पूछताछ का सामना करने वाले हैं। यह शायद पहला मौका है जब राष्ट्रपति के कार्यक्रम को इस तरह इस्तेमाल किया गया है। जाहिर है कि जांच रिपोर्ट जब भी संसद और सरकार के सामने होगी, राष्ट्रपति भवन के लिए असहज स्थिति पैदा करेगी। राष्ट्रमंडल खेलों की परंपरा के मुताबिक राष्ट्रपति ने 29 अकटूबर 2009 को लंदन में ब्रिटेन की महारानी से बेटन ली थी जो बाद में सभी राष्ट्रमंडल देशों में घूमती हुई दिल्ली पहुंची। दैनिक जागरण के पास मौजूद दस्तावेज बताते हैं कि आयोजकों ने महामहिम की लंदन यात्रा को आधार बनाकर मई 2009 में क्वींस बेटन रिले का खर्च 2.20 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12.77 करोड़ रुपये कर दिया। यही नहीं क्वींस बेटन रिले की इवेंट प्रबंधन कंपनी और ए एम कार एंड वैन हायर्स को भी राष्ट्रपति की यात्रा का तर्क देते हुए अतिरिक्त भुगतान किए गए। जागरण के पूछने पर राष्ट्रपति भवन इन फैसलों पर हैरत जताई। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रपति की यात्राओं का कार्यक्रम महीनों पहले बनता है और इसकी सूचना सबके पास होती है। कई अन्य कार्यक्रमों के साथ क्वींस बेटन रिले की शुरुआत भी उनकी लंदन यात्रा का हिस्सा थे। आयोजन समिति को क्वींस बेटन रिले समारोह का बजट तय करते समय यानी मई 2009 में ही यह पता चल गया था कि राष्ट्रपति इस समारोह में मौजूद होंगी। इस आयोजन के लिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी मे. जैक मॉर्टन वर्ल्ड वाइड को भी मई के अंत में ही ठेका दिया गया, लेकिन अक्टूबर में राष्ट्रपति के दौरे के नाम पर काम का दायरा बढ़कर कंपनी को 12,719 पौंड अतिरिक्त दिए गए। इसी तरह ए एम कार एंड वैन हायर्स लिमिटेड को 36000 पौंड का विवादित भुगतान भी राष्ट्रपति के दौरे को आधार बनाकर किया गया। दरअसल क्वींस बेटन रिले के आयोजन में ए एम फिल्म्स को हुआ भुगतान तो घोटालों की बानगी भर है। यह आयोजन कई घोटालों और मनमाने फैसलों का पिटारा है जो जांच एजेंसियों की छानबीन में एक-एक कर सामने आ रहे हैं।
Thursday, January 6, 2011
आदर्श घोटाले में सीबीआइ को अफसरों के खिलाफ सबूत मिले
आदर्श सोसायटी घोटाले की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने दावा किया है कि कई सैन्य अधिकारियों और नौकरशाहों के खिलाफ जालसाजी व दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने के साक्ष्य मिले हैं। सीबीआइ इन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी में है। सीबीआइ उच्चस्तरीय विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी की ओर से कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनसे इस बात के संकेत मिलते हैं कि इस आपराधिक साजिश में महाराष्ट्र सरकार के नौकरशाहों और अन्य लोगों के साथ कुछ रक्षा अधिकारी भी शामिल थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, इस मामले में जल्द ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अब हमारे पास ठोस साक्ष्य हैं। अधिकारी ने कहा कि सीबीआइ के कानूनी विभाग से मंजूरी मिल जाने के बाद भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया जाएगा। इस घोटाले में रक्षा अधिकारियों के नाम आने के बाद रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने सीबीआइ जांच कराने का आदेश दिया था। आदर्श सोसायटी की इमारत में सेना के पूर्व प्रमुख जनरल दीपक कपूर, जनरल एनसी विज एवं पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल माधवेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के फ्लैट थे। ये तीनों पूर्व प्रमुख पहले ही यह चुके हैं कि वे अपने फ्लैट वापस कर रहे हैं। इस मामले में सीबीआइ ने बीते साल 15 नवंबर को शुरुआती जांच आरंभ की थी। यह इमारत सेना की जमीन पर नियमों का कथित तौर पर उल्लंघन करके बनाई गई है। कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों के लिए बनने वाली इस इमारत को पहले 6 मंजिला बनना था, लेकिन बाद में इसे 31 मंजिला कर दिया गया था।
जम्मू-कश्मीर में सामने आया आइईडी घोटाला
जम्मू-कश्मीर में पुरस्कारों के फेर में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर सेना के मध्यम स्तर के अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी आइईडी लगाने के मामलों का खुलासा हुआ है। सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि कुछ लोग, जिनमें सेना के पूर्व कर्मचारी भी शामिल हैं, कथित तौर पर उत्तरी और पश्चिमी कमान के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर आइईडी में काले रंग की रेत भर देते हैं और पुरस्कार पाने के चक्कर में उसे आरडीएक्स भरी आइईडी के तौर पर प्रचारित करते हैं। उन्होंने बताया कि महबूब डार और सेना के पूर्व कर्मचारी राम प्रसाद समेत कई आरोपियों से पूछताछ में सेना के पूर्व कर्मचारियों और मौजूदा अधिकारियों के बीच साठगांठ का खुलासा हुआ है। इसमें खास तौर पर ऐसे अधिकारी शामिल हैं जो आतंकवादी खुफिया जानकारी से जुड़े हैं। पुलिस को 8 अक्टूबर को जम्मू के एमएलए होस्टल के पास से सेवों के बॉक्स मिले थे, जिनमें काले रंग का एक पदार्थ एकत्रित करने के लिए एक छेद किया गया था, जिसे विस्फोटक के तौर पर पेश किया गया। बॉक्स को डिटोनेटर से जोड़ा गया, जिससे अफरा-तफरी मचे। पुलिस को ये बॉक्स मिलने के बाद ही इस सांठगांठ का खुलासा हुआ। सूत्रों के मुताबिक, विस्तृत फारेंसिंक जांच के बाद पता चला कि काले विस्फोटक वास्तव में रेत हैं, जिन्हें तारों और डेटोनेटरों से जोड़ा गया था, जिसे आइईडी का वास्तविक रूप देने के लिए पत्थर की खदानों से लाया गया था। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि यह एक सुनियोजित रैकेट है, जिसमें लोग सीमा पर खुफिया जानकारी देने के बदले में मिलने वाले इनाम के फेर में ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डार ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने फरवरी 2009 से अक्टूबर 2010 के दौरान कम से कम 50 बार ऐसे नकली आइईडी रखे और इसके बदले में उसे 30 से 50 हजार रुपये मिलते थे। जांचकर्ताओं के लिए यह खुलासा आंखे खोलने वाला था क्योंकि डार ने फर्जी आइईडी के बारे में जो जानकारी दी, वह आधिकारिक रिकार्ड से मेल खाती थी। ऐसे सभी मामलों में, यह पता चला कि ऐसे विस्फोटकों को सेना ने आइईडी मिलने वाले वाले स्थल पर नष्ट किया जाना बताया। जम्मू में रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल विप्लव नाथ ने बताया, दस दिन पूर्व मीडिया में जब पहले पहल इस बारे में रिपोर्ट आई थी तभी इस संबंध में प्राथमिक जांच करा ली गई थी। अब तक सेना के किसी जवान की भागीदारी प्रकाश में नहीं आई है। इस मामले में सेना के खुफिया जानकारी से जुड़े लोगों की भूमिका पुलिस अधिकारियों को समय से जानकारी देने तक ही सीमित है। रक्षा प्रवक्ता के वक्तव्यों से सहमति न जताते हुए प्रदेश और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने कहा कि डार और राम प्रसाद की भूमिका विस्फोटक लगाने तक सीमित थी। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कमान का कोई न कोई अधिकारी निश्चित ही साजिश रचने और उसे अंजाम देने में शामिल था। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और सेना के कुछ जवानों से जल्दी ही पूछताछ की जाएगी। डार ने बताया कि उसे शुरुआत में सेना के साथ काम करने वाले खुफिया कर्मचारी सतनाम सिंह ने रेत, टूटे पत्थर और सीमेंट लाने एवं डेटोनेटर लाकर उनके बदले में पत्थरों की खदान वालों को पैसे देने का आदेश दिया था। इन सभी को एकत्रित करके डोडा में एक पुल के पास जिलेटिन की छड़ों के साथ लगा दिया गया।
Subscribe to:
Posts (Atom)
