Tuesday, November 6, 2012

सच से भागती केंद्रीय सत्ता





अपने मंत्रिमंडल को कथित तौर पर युवा और ऊर्जावान बनाने के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नए मंत्रिमंडल से राष्ट्र निर्माण में जुट जाने की अपील की है। महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण जनता का विश्वास सरकार पर घटा है। उसे दोबारा हासिल करने का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रनिर्माण के काम में आरोप भी लगते हैं तो उसकी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इसका क्या अर्थ लगाया जाए? इस सरकार पर घोटालों के आरोप विपक्ष ने नहीं लगाए। मीडिया ने भी नहीं लगाए। ये आरोप संवैधानिक निकाय-नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक यानी कैग ने लगाए हैं और जांच में वे सही पाए जा रहे हैं। जब सरकार का मुखिया ही एक संवैधानिक निकाय की अनदेखी करने की सलाह दे रहा हो तो स्वाभाविक तौर पर सरकार की कार्यशैली पर हर देशभक्त को चिंता होगी। कॉमनवेल्थ घोटाले में महीनों कारावास भुगत कर बाहर आए कलमाड़ी और 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के ए राजा और कनीमोरी को हाल ही में संसद की विभिन्न स्थायी समितियों का सदस्य बनाया गया। अब मंत्रिमंडल के फेरबदल में आइपीएल घोटाले के कारण जिस मंत्री को त्यागपत्र देना पड़ा था उसे मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री बना दिया गया और विकलांगों का धन गबन करने के आरोपी केंद्रीय मंत्री को पदोन्नत कर विदेश मंत्री बना दिया गया। एक ओर डॉ. सिंह के मंत्रिमंडल में ऐसे कर्मवीर शामिल हैं वहीं पेट्रोलियम मंत्री एस. जयपाल रेड्डी जैसे ईमानदार व्यक्ति को महत्वपूर्ण मंत्रालय से वंचित किया गया। क्यों? प्रधानमंत्री ने बढ़ते राजकोषीय घाटे पर चिंता व्यक्त की है। एक अर्थशास्त्री होने के नाते सुस्त आर्थिक विकास दर और राजकोषीय घाटे को लेकर प्रधानमंत्री की चिंता स्वाभाविक है, किंतु प्रश्न उठता है कि ऐसी स्थिति आई क्यों और उसकी जिम्मेदारी किसकी है? पिछले आठ साल से केंद्र में कांग्रेसनीत संप्रग सरकार का राज है। 2004-05 के आर्थिक सर्वेक्षण में लिखा था, 2004-05 की अवधि में भारतीय अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन आशातीत रहा। 2003-04 में आर्थिक विकास की दर 8.5 प्रतिशत रही, जो 1975-76 व 1988-89 के अपवाद को छोड़कर अब तक की सर्वाधिक है। उसी सर्वेक्षण में 2003-04 के दौरान कृषि क्षेत्र में विकास दर 9.6 प्रतिशत, सर्विस सेक्टर में 9.1 प्रतिशत और उद्योग में 6.6 प्रतिशत विकास दर की स्वीकृति है। यह उपलब्धि भाजपानीत राजग सरकार की थी। विरासत में मिली समृद्ध अर्थव्यवस्था को पिछले आठ सालों में किसने खोखला किया? हाल ही में आर्थिक विकास दर को बढ़ावा देने के लिए जब प्रधानमंत्री को कड़े कदम उठाने पड़े तो स्वाभाविक तौर पर उनकी आलोचना भी हुई। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यदि ये फैसले नहीं किए जाते तो देश में 1991 जैसे हालात हो जाते। इस बदहाली के लिए कौन जिम्मेदार है? सन 1991 में भारत की माली हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसे अपनी अंतरराष्ट्रीय देनदारियों को पूरा करने के लिए अपना स्वर्ण भंडार गिरवी रखना पड़ा था। उस दौरान मनमोहन सिंह पीवी नरसिंह राव के काल में वित्तमंत्री थे। उन्होंने ही उदारीकरण की नीतियां अपना कर अर्थव्यवस्था को समाजवादी जकड़न से मुक्ति दिलाई थी, किंतु पिछले आठ सालों में प्रधानमंत्री के अंदर का अर्थशास्त्री खामोश क्यों रहा? लोकलुभावन नीतियों के लिए वह राजकोष क्यों लुटाते रहे? क्यों शीर्ष स्तर पर मची लूट को वह सहते रहे? विडंबना यह है कि सरकार आर्थिक विकास के लिए आम आदमी को ही निचोड़ने की योजनाएं बना रही है। सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या सीमित करने से रसोई गैस के सिलेंडर करीब 900 रुपये में उपलब्ध होंगे। इसमें भी अभी 26 रुपये वृद्धि करने का निर्णय लिया गया, जिसे हिमाचल और गुजरात के चुनावों के कारण टाल दिया गया है। दिल्ली में बिजली की दरों में भारी वृद्धि को लेकर जनता आक्रोश में है। लोगों को राहत देने की जगह दिल्ली की कांग्रेसी सरकार की सलाह यह है कि जो बिजली बिल का भुगतान नहीं कर सकते उन्हें बिजली कनेक्शन कटवा लेना चाहिए। यह कैसी मानसिकता है? कोयला घोटाले के लिए सरकार का तर्क है कि बिजली का उत्पादन बढ़ाने के लिए सस्ती दरों पर कोयला आवंटित किया गया। फिर बिजली के दाम क्यों बढ़े? जनवरी, 2011 में देश में बिजली उत्पादन कुल क्षमता से 30,000 मेगावाट कम था, क्योंकि कोयले की कमी के कारण बिजली प्लांट अपनी क्षमता से कम बिजली उत्पादन कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने स्थिति सुधारने का भरोसा दिलाया, किंतु अक्टूबर, 2012 तक और बुरा हाल हो गया। पावर प्लांट अपनी क्षमता से 65,000 मेगावाट कम बिजली उत्पादन की स्थिति में आ गए, क्योंकि बिजली उत्पादन के लिए कोल इंडिया लिमिटेड ने जहां ज्यादा कोयला खनन की जरूरत नहीं समझी, वहीं जिन निजी कंपनियों को कोल ब्लॉक आवंटित हुए उन्होंने कोयला बेचकर मोटी कमाई की। सरकार देश के खुदरा व्यापारियों की कीमत पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए द्वार खोल चुकी है, किंतु इस बात की चिंता किसी को नहीं कि भारतीय उद्यमियों के पास 9 लाख करोड़ की नकदी होने के बावजूद वे भारत में निवेश करने को क्यों तैयार नहीं हैं? आज महंगाई दर करीब आठ प्रतिशत है। औद्योगिक और कृषि विकास दर तीन प्रतिशत से कम और सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत है। राजकोषीय घाटा 5.5 प्रतिशत रहने का अंदेशा है, जो बजटीय अनुमान 4.6 प्रतिशत से काफी अधिक है। गरीबी आंकने के लिए सरकार द्वारा नियुक्त समितियों के आंकड़े भ्रामक हैं। योजना आयोग शहरी क्षेत्र में 32.5 और ग्रामीण क्षेत्रों में 26.5 रुपये खर्च करने वाले को गरीब नहीं मानता। उसके अनुसार 40.74 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से नीचे गुजर-बसर कर रहे हैं। वहीं अर्जुन सेनगुप्ता समिति का मानना है कि देश की कुल आबादी का 38 प्रतिशत भाग गरीब है। इस सरकार के आठ साल के राज में कमरतोड़ महंगाई के कारण गरीबी और कुपोषण में और वृद्धि हुई है। एक ओर तो भ्रष्टाचार के कारण मुट्ठीभर लोग अल्पकाल में ही अरबपति बन रहे हैं तो दूसरी ओर नीतिगत अपंगता के कारण अर्थव्यवस्था पटरी से उतर चुकी है, जिसका खामियाजा आम आदमी भुगतने को अभिशप्त है। कांग्रेस प्रधानमंत्री को काम करने की आजादी देकर आर्थिक विकास लाने और युवराज राहुल गांधी की ताजपोशी की तैयारी भले करे, किंतु बिहार और उत्तर प्रदेश के चुनाव में विफल रहने वाले कांग्रेसी युवराज से कोई आशा करने की जगह लोगों में इस सरकार की सरदारी पर ही विश्वास खत्म हो चुका है। (लेखक राज्यसभा सदस्य हैं)
Dainik Jagran National Edition -6-11-2012 भ्रष्टाचार  Page -9





Sunday, November 4, 2012

मुश्किल बढ़ाने वाला माहौल



केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद प्रधानमंत्री ने एक विशेष बैठक में अपने सभी मंत्रियों से जो कुछ कहा उससे एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया कि अर्थव्यवस्था की हालत कितनी पतली है। इसी बैठक में अर्थव्यवस्था की दयनीय दशा को और अच्छे से स्पष्ट किया वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने। उनके अनुसार 7500 करोड़ की सैकड़ों परियोजनाएं अटकी पड़ी हुई हैं और इनमें से तमाम वर्षो से अटकी पड़ी हैं और करीब तीन सौ तो ऐसी हैं जो विभिन्न सरकारी विभागों के कारण ही आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। उनकी मानें तो इस हालत के चलते विदेशी ही नहीं देशी उद्योगपति भी निवेश करने से कन्नी काट रहे हैं। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि अगर हालात नहीं सुधरे तो रेटिंग एजेंसियां भारत के दर्जे को और गिरा सकती हैं। इतने सबके बाद और कुछ कहने को नहीं रह जाता, लेकिन फिलहाल यह मानना भी कठिन है कि मंत्रियों की इस महा बैठक के बाद सब कुछ पटरी पर आ जाएगा। ऐसे किसी नतीजे पर पहुंचना इसलिए भी कठिन है, क्योंकि ठीक इसी दिन पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने के तेल कंपनियों के फैसले को रोक दिया और यह भी नहीं स्पष्ट किया कि ऐसा क्यों किया गया? इसी के साथ ऐसी खबरें भी आने लगीं कि केंद्र सरकार सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर बढ़ाने पर विचार कर रही है। उसकी ओर से राज्यों को इस आशय की चिट्ठी लिखने की बात कही जा रही है कि वे भी रसोई गैस और केरोसिन की सब्सिडी का वहन करें। इसका मतलब है कि सरकार ईंधन सब्सिडी में कटौती के अपने फैसले से पीछे हट रही है। हाल में सरकार ने जो दो बड़े फैसले लिए हैं उनमें एक ईंधन सब्सिडी में कटौती का है और दूसरा, रिटेल कारोबार में विदेशी पूंजी निवेश का। हालांकि रिटेल कारोबार में विदेशी पूंजी निवेश के फैसले को कोई बड़ा आर्थिक फैसला नहीं कहा जा सकता, लेकिन यदि एक क्षण के लिए इसे बड़ा फैसला मान भी लिया जाए तो भी फिलहाल इससे कुछ विशेष हासिल होता नहीं दिखता। इसमें संदेह है कि मौजूदा माहौल में विदेशी कंपनियां रिटेल कारोबार में पूंजी लगाने के लिए आगे आएंगी। लगभग सभी विरोधी दल जिस तरह रिटेल एफडीआइ का विरोध कर रहे हैं और केंद्र सरकार को अपनी बात समझाने के लिए रैली करनी पड़ रही है उससे यह नहीं लगता कि वह विदेशी पूंजी निवेशकों को आकर्षित कर पाएगी। इस संदर्भ में इसकी भी अनदेखी नहीं की जा सकती कि विदेशी पूंजी निवेशक पहले से ही आशंकित हैं। वे जिस नीतिगत पंगुता का मामला उठाते रहे हैं वह अब एक हकीकत बन गया है और इसकी स्वीकारोक्ति खुद वित्तमंत्री ने मंत्रियों की महा बैठक में यह कहकर की कि लालफीताशाही ने तमाम परियोजनाओं को बाधित कर रखा है। इसी बैठक में प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रियों को नसीहत देते हुए यह भी कहा कि वे आरोपों की परवाह किए बिना तेजी के साथ काम करें। कोई भी समझ सकता है कि उनका आशय उन आरोपों से है जो कांग्रेसी नेताओं अथवा उनके करीबियों पर लग रहे हैं। एक ऐसे समय जब घपले-घोटालों के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं और कुछ लोग किस्म-किस्म के घोटाले उजागर करने में ही लग गए हैं तब यह कहने से काम चलने वाला नहीं है कि मंत्री उनकी परवाह न करें। ध्यान रहे कि अब तो इन आरोपों की चपेट में खुद गांधी परिवार भी आ गया है। यह ठीक है कि सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा और डीएलएफ के बीच संदिग्ध जमीन सौदे को कांग्रेस भी नकार रही है और केंद्रीय सत्ता भी, लेकिन यह नहीं कहा जा सकता कि इस सौदे को लेकर जो आरोप लगाए गए हैं वे निराधार हैं। कांग्रेस और केंद्र सरकार सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर लगाए गए ताजा आरोपों को भी खारिज कर रही है, लेकिन जिस तरह कांग्रेस महासचिव यह स्वीकार करने के लिए बाध्य हुए कि पार्टी ने एसोसिएटेड जर्नल्स को 90 करोड़ रुपये का लोन दिया था उससे आम जनता को यही संदेश गया कि कहीं कुछ गड़बड़ है। यदि केंद्र सरकार के नीति-नियंता यह समझ रहे हैं कि घपले-घोटाले से जुड़े आरोपों की परवाह न करके वे आर्थिक माहौल को दुरुस्त कर लेंगे तो यह सही नहीं। नकारात्मक आर्थिक माहौल को सकारात्मक तभी किया जा सकता है जब सरकार हर मुद्दे पर पाक-साफ दिखेगी। केंद्र सरकार को यह आभास होना चाहिए कि आर्थिक माहौल की नकारात्मकता के पीछे एक के बाद एक सामने आए घोटाले भी हैं। पहले राष्ट्रमंडल खेलों में घपलेबाजी का मामला सामने आया और फिर 2जी स्पेक्ट्रम और इसके बाद कोयला खदानों के आवंटन में घोटाले का। अब तो आरोपों की झड़ी सी लगी हुई है। ऐसे माहौल में केंद्रीय सत्ता उद्योग जगत को निवेश के लिए प्रोत्साहित नहीं कर सकती और न ही अपनी मंत्रिपरिषद और नौकरशाही को इसके लिए प्रेरित कर सकती है कि वह बिना डरे हुए काम करे। कारपोरेट जगत निवेश के लिए तभी सक्रियता दिखाएगा जब वह सरकार को हर तरह से सक्षम पाएगा। फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं है और इसके लिए सरकार किसी अन्य को दोष नहीं दे सकती। सरकार को इससे परिचित होना चाहिए कि उद्योग जगत चाहकर भी सक्रियता नहीं दिखा पा रहा है। यदि वह कभी ऐसा करता भी है तो सशंकित नौकरशाही का रवैया उसके कदम रोक लेता है। आर्थिक माहौल की नकारात्मकता और उसके चलते उद्योग जगत की निराशा इसलिए भी बढ़ रही है, क्योंकि अब एक तरह से समस्त राजनीतिक नेतृत्व आरोपों की चपेट में आ गया है। नितिन गडकरी पर लगे आरोपों के बाद भाजपा भी कठघरे में खड़ी दिखने लगी है। विडंबना यह है कि आरोपों से जूझते ये दोनों राष्ट्रीय दल इस पर एकमत नहीं दिखते कि चाहे जिस पर आरोप लगें, उसकी जांच होनी ही चाहिए। यदि आरोपों की जांच ही नहीं होगी तो फिर संदेह भरा माहौल दूर होने वाला नहीं और ऐसे माहौल में तरक्की की ओर नहीं बढ़ा जा सकता। इससे इन्कार नहीं किया जा सकता कि आर्थिक मोर्चे पर सुस्ती का एक कारण वैश्विक आर्थिक माहौल है, जैसा कि प्रधानमंत्री ने कहा, लेकिन इससे बड़ा कारण वह नकारात्मक माहौल है जो भ्रष्टाचार के मामलों पर केंद्र सरकार के रवैये के कारण उत्पन्न हो गया है। चिंताजनक यह है कि हाल के आर्थिक फैसलों और केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल के बावजूद यह माहौल दूर होता नहीं दिखता। ऐसा इसलिए है, क्योंकि सरकार लगातार ऐसे आरोपों से घिरती जा रही है जो उद्योग जगत के मन में संदेह पैदा कर रहे हैं। पता नहीं क्यों हमारे नीति-नियंता यह नहीं समझ पा रहे हैं कि उन्हें जितना ध्यान आर्थिक मोर्चे पर देने की जरूरत है उतना ही घपले-घोटालों के आरोपों पर भी। यदि आरोपों की परवाह नहीं की जाएगी तो फिर संशय एवं अनिश्चितता का वह माहौल घना ही होगा जो एक लंबे समय से जारी है और जिसके कारण देश-विदेश के निवेशक सशंकित हैं।
 Dainik Jagran National Edition 4-11-2012 Hkz”Vkpkj ist -8

सीवीसी ने पकड़ी 1,000 करोड़ की कर चोरी


कॉमनवेल्थ गेम्स
नई दिल्ली (एजेंसी)। केंद्रीय सतर्कता आयोग की जांच में कामनवेल्थ गेम्स से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में सरकारी विभागों और निजी कंपनियों द्वारा की गई करीब 1,000 करोड़ रुपए की कर अपवंचना के मामले सामने आए हैं। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा कामनवेल्थ गेम्स से जुड़े घोटाले की जांच के लिए आयकर विभाग तथा दूसरी एजेंसियों के अधिकारियों को मिलाकर बनाई गई विशेष जांच सेल की मदद से इसका खुलासा हुआ है। सतर्कता आयुक्त आर. श्रीकुमार के अनुसार इसमें 1,000 करोड़ रुपए की कर अपवंचना पकड़ी गई है। उन्होंने कहा ‘सीवीसी इस सेल का उपयोग कामनवेल्थ गेम्स के दौरान हुए घोटालों में कर रहा है। इन खेलों के दौरान 9,000 सार्वजनिक व्यय वाली परियोजनाओं में 37 सरकारी एवं निजी विभागों ने 15,000 करोड़ रुपए की राशि खर्च की।’ उन्होंने कहा कि इसमें विभिन्न एजेंसियों की जांच हुई। हर जांच और पूछताछ के अपने नतीजे हैं। विभिन्न एजेंसियों की इस जांच में एक खास बात यह रही कि घोटाले में विभिन्न पक्षों द्वारा भारी कर अपवंचना भी की गई। ‘इनमें से कई कर जैसे आयकर, सेवाकर, मूल्यवर्धित करों की स्रेत से ही कटौती की जानी थी जो नहीं की गई। श्रीकुमार ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के मिलकर काम करने और इन कर अपवंचनाओं की पुष्टि करने के बाद संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करने से कर प्रशासन ने अब तक 100 करोड़ रुपए की कर वसूली होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा ‘कर अपवंचना का पता लगने के बाद उसकी वसूली की जा रही है और प्रशासन को उम्मीद है कि इसमें से ज्यादातर कर चोरी के मामलों को सुलझा लिया जाएगा



1.       Rashtirya sahara National Edition 5-11-2012 Hkz”Vkpkj) Page -1

राष्ट्रमंडल खेलों में 1,000 करोड़ रुपये की कर चोरी



नई दिल्ली, प्रेट्र : राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े कार्यो में सरकारी विभागों और निजी कंपनियों द्वारा 1,000 करोड़ रुपये की कर चोरी का पता लगाया गया है। केंद्रीय सतर्कता आयुक्त (सीवीसी) आर. श्रीकुमार ने बताया कि राष्ट्रमंडल घोटाले की जांच के दौरान कई न्यायाधिकार क्षेत्रों में (बहुन्यायाधिकार) पड़ताल के लिए कर विभाग के साथ कई अन्य विभागों के अधिकारियों की मदद ली गई। श्रीकुमार ने बताया कि राष्ट्रमंडल घोटाले की परतें खोलने के लिए एक साथ कई जांच की गई। आगे बढ़ने के साथ हर जांच में अलग नतीजे निकले। हालांकि, सभी में एक बात समान थी कि घोटाले में शामिल कई कंपनियों और विभागों ने बड़ी कर चोरी की थी। आयकर, सेवाकर और वैट जैसे कई करों के तौर पर यह चोरी करीब एक हजार करोड़ रुपये की है। उन्होंने बताया कि कर एजेंसियों के साथ काम करने और संभावित कर चोरी को प्रमाणित करने के बाद संबंधित विभागों और कंपनियों को नोटिस जारी करने से कर विभागों को करीब 100 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। चोरी किए गए कर को वसूला जा रहा है। सतर्कता आयुक्त ने भरोसा जताया कि सीवीसी द्वारा चिह्नित एक हजार करोड़ रुपये में ज्यादातर वसूल कर लिया जाएगा। इसके अलावा सतर्कता आयोग ने खेलों में अनियमितताओं की एक रिपोर्ट भी तैयार की है। आयोग राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े सरकारी निकायों और निर्माण एजेंसियों के खिलाफ 53 धांधली के मामलों की जांच कर रहा है। कुल परियोजनाओं में 28 की जांच विभिन्न स्तरों पर है, जबकि 13 को आगे की जांच के लिए सीबीआइ को सौंप दिया गया है। वहीं, 12 अन्य मामलों में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी गई है।
1.        Dainik Jagran Nation Edition 5-11-2012 Page -13(Hkz”Vkpkj)

मप्र के डीआइजी के पास 25 करोड़ की संपत्ति निकली



ठ्ठ जागरण न्यूज नेटवर्क, भोपाल मध्य प्रदेश की लोकायुक्त पुलिस ने जेल मुख्यालय में पदस्थ डीआइजी उमेश गांधी के यहां छापा मारकर करोड़ों रुपये की काली कमाई उजागर की है। शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे उमेश के भोपाल और सागर के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा गया। इसमें बड़ी मात्रा में अचल संपत्ति में निवेश के दस्तावेज बरामद हुए। प्रारंभिक आकलन में डीआइजी के यहां से 25 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, डीआइजी के जेल परिसर स्थित सरकारी निवास वैष्णवी कुटीर में संपत्ति संबंधी सबसे ज्यादा दस्तावेज मिले हैं। घर से बरामद संपत्ति में साढ़े चार लाख रुपये नकदी, दो किलो सोना, डेढ़ किलो चांदी, दो करोड़ 30 लाख 70 हजार की एफडी के दस्तावेज, 85 लाख बैंकों में जमा, टाटा सफारी, हुंडई एसेंट कार, दो दुपहिया वाहन मिले हैं। साथ ही एक दर्जन से ज्यादा मकान, प्लाट, दुकान और कृषि भूमि का पता चला है। महंगे सजावटी सामानों में एंटीक मूर्तियां और अष्टधातु की छह मूर्तियां भी मिली हैं। सीहोर जेल में प्रहरी के पद पर पदस्थ डीआइजी के भाई अजय गांधी के सुभाष नगर स्थित घर में छापा मारा गया, जहां से 35 हजार रुपये नकद, सौ ग्राम सोने और 250 ग्राम चांदी के जेवर, अपेक्स बैंक टीटी नगर शाखा में लॉकर और पत्नी मनीषा के नाम ब्यूटी पार्लर का पता लगा है। यह मकान अजय के भाई रामगोपाल की पत्नी चंद्रलेखा के नाम है। सागर में रामगोपाल गांधी के एक और घर में छापा मारा गया, जहां से भूमि आदि संपत्ति की जानकारी हाथ लगी है। रामगोपाल की रवि ट्रेडर्स के नाम से फर्म है जो जेल में कैदियों की रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की आपूर्ति करती है। जेल डीआइजी के खिलाफ काफी समय से आय से ज्यादा संपत्ति की शिकायतें मिल रही थीं। लोकायुक्त पुलिस ने गोपनीय पड़ताल कराई तो शिकायतें सच पाई गई। लोकायुक्त पुलिस के सूत्रों ने बताया कि तीनों जगह छापे में अचल संपत्ति के काफी दस्तावेज हाथ लगे हैं। इसमें भोपाल में कॉम्प्लेक्स, अन्य जगहों पर पांच मकान और दो दुकान, 25 हजार वर्गफीट का फार्म हाउस, सागर बंडा में 4000 वर्गफीट का भूखंड, बंडा में .42 हेक्टेयर भूमि, मकरोनिया में 1150 वर्गफीट का भूखंड, बंडा में एक एकड़ कृषि भूमि और एक मकान, कटनी में पांच दुकान व एक मकान, रायसेन में 1.98 एकड़ कृषि भूमि, मुरवारा में पांच हेक्टेयर कृषि भूमि, इंदौर में दो मकान व दो दुकान, जबलपुर में एक डुप्लेक्स। इनका बाजार मूल्य 25 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंका गया है। उमेश गांधी जेल सेवा में 1987 में आए थे। 2010 में डीआइजी जेल बने। यहां फिलहाल ये निरीक्षण, सांख्यिकी, पेंशन, लेखापाल और भवन शाखा का काम देख रहे हैं। गांधी पहले भी विवादों में आ चुके हैं, जब जेल में भर्ती और राशन की आपूर्ति के मामले उठे थे।


Dainik Jagran National Edition 4-11-2012 (Hkz”Vkpkj)Page -1

Friday, November 2, 2012

कांग्रेस की नाकाम कोशिश




कांग्रेस भयभीत है-किसी दूसरे से नहीं, बल्कि स्वयं से, स्वयं की डरावनी छवि से और केंद्र की असफलताओं से। संप्रग-2 के कार्यकाल ने उसे देश और शेष विश्व में अलोकप्रिय बनाया है। भ्रष्टाचार संस्थागत हुआ है और महंगाई जानलेवा। अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री आर्थिक मोर्चे पर भी विफल हुए हैं। आमजन हताश और निराश हैं। अनेक मंत्रियों पर आरोप हैं। घटक दल भी पटक रहे हैं। सो कांग्रेस अपना चेहरा बदलने की कोशिश में है। संगठन और सरकार, दोनों में ही फेरबदल की कवायद है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार का चेहरा हैं। प्रधानमंत्री मुख्य नीति निर्माता और भारत के सर्वोच्च प्रतिनिधि होते हैं। प्रख्यात राजनीतिक चिंतक हेराल्ड लास्की ने प्रधानमंत्री को मंत्रिपरिषद के जीवन और मृत्यु का केंद्र बिंदु बताया था। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अर्थशास्त्र के विद्वान, अतिरिक्त शालीन, लेकिन अपने कर्तव्य पालन में हद दर्जे तक उदासीन हैं। कोयला घोटाले की जद में वह भी आए। मुख्य विपक्ष ने उनसे त्यागपत्र मांगा था। उन पर कॉरपोरेट प्रभाव में नीतियां बनाने के आरोप ताजा हैं। मनमोहन सिंह यही शालीन और उदासीन भाव लेकर हट जाते तो सरकार का चेहरा बदल जाता। सरकार नए रूप और स्वरूप में होती। सरकार की छवि का नया अध्याय शुरू होता, लेकिन सरकार का असली रूप-स्वरूप जस का तस है। इस फेरबदल से राष्ट्र को कुछ नहीं मिला? अब कांग्रेस संगठन में भी फेरबदल की चर्चा है। कांग्रेस के सामने जीवन-मरण का प्रश्न है। उसके पास असफलता के बहाने भी नहीं हैं। वह लगातार दूसरी बार अपना कार्यकाल पूरा कर रही है। बेशक दोनों कार्यकाल गठबंधन के हैं, लेकिन नीति नियंता कांग्रेस ही रही है। सफलता और विफलता उसी की है। प्रधानमंत्री बुरी तरह विफल हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की हैसियत और प्राधिकार का सदुपयोग नहीं किया। जो कुछ कहा गया उन्होंने उतना और वैसा ही किया। उनकी आलोचनाएं हुईं। उन्हें आतंकवाद से लड़ने में कमजोर बताया गया। वह अनिर्णय के दोषी कहे गए। अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने उन्हें अंडर अचीवर यानी विफल कहा। सरकार की छवि खराब हुई। भ्रष्टाचार को लेकर देश की साख को भी बट्टा लगा। मूलभूत प्रश्न है कि आम चुनाव के महायुद्ध की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को विदाई क्यों नहीं दी? आखिरकार असफल सेनापति के नेतृत्व में ही सरकार चलाने और आम चुनाव में जाने का आत्मघाती निर्णय कांग्रेस ने क्यों लिया? प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह स्वयं ही देशहित में क्यों नहीं हट गए? उनके त्यागपत्र से कांग्रेस और समूची भारतीय राजनीति में नया उत्साह आता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मंत्रिपरिषद में फेरबदल प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है। उन्होंने तीसरी बार मंत्रिमंडल बनाया। ताजा फेरबदल को अंतिम कहा जा रहा था, लेकिन चलते-चलाते फेरबदल के भीतर भी चौथा फेरबदल हो गया। लालचंद्र कटारिया घोषित रक्षा राज्यमंत्री का विभाग बदला गया। कपड़ा राज्यमंत्री लक्ष्मी को पेट्रोलियम विभाग दिया गया। राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह के विभाग में फेरबदल हुआ। अनेक मंत्रिगण रुष्ट हुए और अनेक तुष्ट, लेकिन आमजन तो भी असंतुष्ट हैं। विकलांगों की धनराशि में घपले के आरोपी सलमान खुर्शीद अब भारत की विदेश नीति के संवाहक हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय बदलने को लेकर भी गंभीर आरोप हैं। जयपाल रेड्डी आहत बताए गए। कोयला घोटाले को लेकर संसद नहीं चली। पहले यह विभाग प्रधानमंत्री के पास था और बाद में श्रीप्रकाश जायसवाल के पास आया। कोयला घोटाला फेरबदल से मुक्त रहा। मंत्रिपद आवंटन में राज्यवार असंतुलन की भी शिकायतें हुईं। दिग्विजय सिंह जैसे नेता भी बिना बोले नहीं रह सके। फेरबदल की कवायद बेकार सिद्ध हुई। सरकार जैसी थी वैसी ही चलेगी। आम चुनाव सामने हैं। आठ साल की अलोकप्रियता सरकारी फेरबदल से ही ठीक नहीं हो सकती। कांग्रेस के पास ऐसा निष्ठावान और प्राधिकार से उदासीन कोई दूसरा नेता नहीं है। राहुल गांधी अभी प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व नहीं बना पाए। मनमोहन सिंह मध्यवर्ती प्रबंधन है और प्रबंधक भी। राहुल अपनी सरकार से भी दूर हैं। 2013 या 2014 में होने वाले चुनाव उन्हें सरकार से बहुत दूर ले जाने वाले हैं, लेकिन अब संगठन में फेरबदल की चर्चा है। जैसे प्रधानमंत्री सरकार का मुख्य चेहरा होता है वैसे ही नेहरू परिवार कांग्रेस संगठन का मुख्य चेहरा। कांग्रेस में इस परिवार के बाहर के पदाधिकारियों की कोई हैसियत नहीं होती है। जिनकी होती है वे इसी परिवार के कृपापात्र होते हैं। मंत्रिमंडल में फेरबदल की तरह कांग्रेस संगठन में फेरबदल की चर्चा भी छवि सुधार की प्रायोजित सनसनी है। आखिरकार कांग्रेस संगठन में क्या फेरबदल होगा? क्या कांग्रेस में परिवारतंत्र की जगह लोकतंत्र आएगा? क्या कांग्रेस एक परिवार की प्रॉपर्टी की जगह वास्तव में एक जनतांत्रिक पार्टी बनेगी? सोनिया-राहुल ही कांग्रेस हैं। सोनिया गांधी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और राहुल महासचिव। वह कार्यकारी अध्यक्ष हों तो क्या अंतर पड़ेगा? वह महासचिव या कार्यकारी अध्यक्ष न भी रहें तो भी क्या फर्क पड़ेगा? कांग्रेस उनकी है। वह इस पद पर रहें या उस पद पर? कांग्रेस और सरकार वह और उनका परिवार ही चलाएंगे? कांग्रेस उनका निजी पारिवारिक उद्यम है। इसी कांग्रेस पर अब अस्तित्व का संकट है। कांग्रेस मूलभूत राष्ट्रीय चुनौतियों पर चर्चा नहीं चाहती। राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा, विदेशी घुसपैठ और चीन की कुदृष्टि पर कोई चर्चा नहीं। बहस न भ्रष्टाचार पर और न ही महंगाई या अर्थव्यवस्था पर। कोयला घोटाले पर देश उत्ताप में था। कांग्रेस ने खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश का मुद्दा उछाला। बहस की दिशा मुड़ गई। वाड्रा पर लगे आरोप कांग्रेस के प्रथम परिवार पर थे। केंद्र और कांग्रेस, दोनों गंभीर आरोपों के घेरे में आए तो फेरबदल का शिगूफा आ गया। सरकार और संगठन में फेरबदल की बातें बेमतलब हैं। कांग्रेस के नीचे की जमीन खिसक रही है। परिधान परिवर्तन व्यक्तित्व नहीं बदलते। कॉस्मेटिक्स वास्तविक सौंदर्य नहीं लाते। बदलाव आते हैं नीति, इच्छाशक्ति और वैचारिक निष्ठा से। नई मंत्रिपरिषद की असली निष्ठा आगामी आम चुनाव है, भारत की ऋद्धि, सिद्धि, समृद्धि नहीं। संगठन में फेरबदल का लक्ष्य भी आगामी चुनाव है, एक आदर्श जनतांत्रिक और अनुकरणीय राजनीतिक दल बनाना नहीं। रूप परिवर्तन पर्याप्त नहीं होता। कांग्रेस की प्राणऊर्जा क्षीण हो चुकी है। आइसीयू के रोगी जैसी। भारत के जनगणमन में कांग्रेस के प्रति कोप है। कांग्रेस चेहरा बदलने की कवायद छोड़े, जननिष्ठा का संकल्प ले, अपनी गलतियां स्वीकार करे, तभी पुनुरुद्धार की आशा करे। चेहरा नहीं दिल-दिमाग बदलें। जाना-पहचाना चेहरा रंगरोगन के बावजूद छिपाए नहीं छिपता। (लेखक उप्र विधान परिषद के सदस्य हैं)

  Dainik jagran National Edition -2-11-2012 भ्रष्टाचार Page -8

Friday, October 26, 2012

क्या आधार से रुकेगा भ्रष्टाचार!



प्रमोद भार्गव संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पिछले दिनों 21 करोड़वां आधार कार्ड उदयपुर जिले के दूदू कस्बे की कालीबाई को सौंप दिया। देश के नागरिकों के लिए अब विशेष और बहुउद्देशीय पहचान पत्र आधार बुनियादी जन सुविधाओं एवं उपभोक्ता को सब्सिडी का आधार भी बनता दिखाई दे रहा है। इसके जरिये राजस्थान में सरकारी अनुदान और योजनाओं का लाभ जनता को सीधे देने की सुखद शुरुआत कर दी गई। जाहिर है, यदि इस कार्ड से बिना किसी बाधा के नकद छूट सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में जमा होती है तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और सार्वजानिक वितरण प्रणाली के दुरुस्त हो जाने की उम्मीद बढ़ेगी। इससे कांग्रेस और उसके सहयोगी घटक दलों का खिसकता जमीनी आधार भी मजबूत होगा। बशर्ते कार्ड में उपभोक्ता के वास्तविक ब्यौरे दर्ज हों, क्योंकि सभी गरीब परिवारों के उचित दस्तावेजों के अभाव में बैंक खाते नहीं खुल पा रहे हैं। ग्राम पंचायत के प्रमाणीकरण से उनके खाते खुल जाएं और आधार तकनीक से जुड़े जो सहायक उपकरण हैं, उनकी गुणवत्ता मानक हो। ये उपकरण मानक नहीं हुए तो आधार कर्नाटक की तरह परेशानी का सबब भी बन सकता है। आजादी के बाद से ही कई ऐसे कारगर उपाय होते चले आ रहे हैं, जिससे देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय नागरिकता की पहचान दिलाई जा सके। मूल निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और अब आधार योजना के अंतर्गत एक बहुउद्देशीय विशिष्ट पहचान पत्र हर नगरिक को देने की देशव्यापी कवायद चल रही है। सोनिया गांधी ने 21 करोड़वां आधार कार्ड भेंट करते हुए दावा किया है, आधार विश्व की सबसे बड़ी परियोजना है, जो आम आदमी को उसकी पहचान देगी। उसका जीवन बदल जाएगा। उपभोक्ता को सरकारी मदद शत-प्रतिशत मिलने की गारंटी मिल जाएगी। इसी परिप्रेक्ष्य में खाद्य सामग्री, केरोसिन और रसोई गैस में मिलने वाली नकद सब्सिडी हकदार के सीधे बैंक खाते में डाल दी जाएगी। दूरगामी परिणाम की उम्मीद तय है कि इससे भ्रष्टाचार, हेराफेरी और धोखाधड़ी कम होगी। मनरेगा की मजदूरी, विद्यार्थियों के वजीफे, बुजुर्गो की पेंशन सीधे लाभार्थियों के खाते में जमा होगी। यदि यह संभव हो जाता है तो व्यक्ति अनिवार्य रूप से आधार कार्ड धारण करने को विवश होगा और इसकी स्वीकार्यता भी बढ़ेगी। फिलहाल विपक्षी दल पिछले दो दशक से नकद सब्सिडी उपभोक्ता को देने की मांग करते चले आ रहे थे, उसकी शुरुआत संप्रग सरकार ने राजस्थान के दूदू कस्बे से कर दी है। कुछ दिनों में इसके दूरगामी परिणाम देखने में आएंगे। फिलहाल आधार को वजूद कायम करने में कई जटिलताएं पेश आ रही हैं। इन्हें दूर करने की जरूरत है। इसके अमल में आने के बाद मानवीय लालच के चलते जो गड़बडि़या सामने आई हैं, उनमें यदि सख्ती नहीं बरती गई तो महत्वाकांक्षी आधार योजना भी ढाक के तीन पात बनकर रह जाएगी। क्योंकि आधार कंप्यूटर आधारित ऐसी तकनीक है, जिसे संचालित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञ, इंटरनेट तथा ऊर्जा की उपलब्धता जरूरी है। केवल व्यक्ति को राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकृत करने की संख्या दे देने से काम चलने वाला नहीं है। महज आधार संख्या सुविधा और सशक्तीकरण का बड़ा उपाय या आधार नहीं बन सकता। यदि ऐसा संभव हुआ होता तो मतदाता पहचान पत्र मतदाता के सशक्तिकरण और चुनाव सुधार की दिशा में बड़ा कारण बनकर पेश आ गया होता। आधार को पेश करते हुए दावा तो यह भी किया गया था कि इससे नागरिक को ऐसी पहचान मिलेगी, जो भेदरहित होने के साथ उसे विराट आबादी के बीच अपनी अस्मिता का आभास कराती रहेगी। लेकिन जातीय, शैक्षिक और आर्थिक असमानता के भेद बरकरार हैं। दरअसल, आधार योजना जटिल तकनीकी पहचान पर केंद्रित है। इसलिए इसके मैदानी अमल में दिक्कतें भी सामने आने लगी हैं। असल में राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र में पहचान का मुख्य आधार फोटो होता है, जिसे देखकर आखों में कम रोशनी वाला व्यक्ति भी कह सकता है कि यह फलां व्यक्ति का फोटो है। उसकी तस्दीक के लिए भी कई लोग आगे आ जाते हैं, जबकि आधार में फोटो के अलावा उंगलियों, अंगूठे के निशान और आंखों की पुतलियों के डिजिटल कैमरों से लिए गए महीन पहचान वाले चित्र हैं, जिनकी पहचान तकनीकी विशेषज्ञ भी बामुश्किल कर पाते हैं। ऐसे में सरकारी व सहकारी उचित मूल्य की दुकानों पर राशन, गैस व केरोसिन बेचने वाला मामूली दुकानदार कैसे करेगा? आधार के जरिये केवल सब्सिडी की ही सुविधा दी जानी थी तो इसके लिए तो फिलहाल आधार की भी जरूरत नहीं है। यह काम उपभोक्ता का बैंक में खाता खुलवाकर ई-भुगतान के जरिये किया जाता तो और भी आसान होता। मनरेगा के मजदूरों की मजदूरी का शत-प्रतिशत भुगतान बैंक खाते के मार्फत होने लगा है। मनरेगा में काम करने वाले अधिकांश वही लोग हैं, जो गरीबी रेखा के नीचे जीपनयापन करने वाले हंै और जो सब्सिडी के पात्र हैं। ऐसे में आधार का औचित्य केवल सब्सिडी के लिए उचित सिद्ध नहीं होता। कुछ जटिलताएं भी कर्नाटक में ऐसे दो मामले सामने आ चुके है, जो आधार की जटिलता सामने लाते हैं। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि मौसूर के अशोकपुरम् में राशन की एक दुकान को गुस्साए लोगों ने आग लगा दी और दुकानदार की पिटाई भी की। दरअसल, दुकानदार कोई तकनीकी विशेषज्ञ नहीं था, इसलिए उसे ग्राहक के उंगलियों के निशान और आंखों की पुतलियों के निशान मिलाने में समय लग रहा था। चार-पांच घंटे लंबी लाइन में लगे रहने के बाद लोगों के धैर्य ने जबाव दे दिया और भीड़, हुड़दंग, मारपीट व लूटपाट का हिस्सा बन गई। बाद में पुलिसिया कारवाई में लाचार व वंचितों के खिलाफ लूट व सरकारी काम में बाधा डालने के मामले पंजीकृत कर इस समस्या की इतिश्री कर दी गई। अब तो जानकारियां ये भी मिल रही हैं कि इस योजना के मैदानी अमल में जिन कंप्यूटराइज्ड सहायक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जरूरत पड़ती है, उनकी खरीद में अधिकारी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार बरत रहे हैं। बेंगलूर के एक अखबार के मुताबिक एक सरकारी अधिकारी ने उंगलियों के निशान लेने वाली 65 हजार घटिया मशीनें खरीद लीं। केंद्रीयकृत आधार योजना में खरीदी गई इन मशीनों की कीमत 450 करोड़ रुपये है। इस अधिकारी की शिकायत कर्नाटक के लोकायुक्त को की गई है। जाहिर है, योजना गरीब को इमदाद से कहीं ज्यादा भ्रष्टाचार का सबब बनती दिखाई दे रही है। तय है आशंकाएं बेबुनियाद नहीं हैं। इसलिए जो शिकायतें आ रहीं हैं, उन्हें दूर करने की जरूरत है। इसलिए जरूरी है कि जिस उपभोक्ता को राशन और ईधन की सुविधा दी जा रही है, उसकी पहचान केवल फोटो आधारित हो। आंखों की पुतलियों और अंगूठे से उसकी पहचान इस बाबत न हो। यदि पहचान के आधार जटिल होंगे और गरीब की पहचान मुश्किल होगी तो इससे जनता में संदेश जाएगा कि गरीबों के हक को नकारा जा रहा है। दरअसल, आधार के रूप में भारत में अमल में लाई गई इस योजना की शुरुआत अमेरिका में आतंकवादियों पर नकेल कसने के लिए हुई थी। 2001 में हुए आतंकी हमले के बाद खुफिया एजेंसियों को छूट दी गई थी कि वे इसके माध्यम से संदिग्ध लोगों की निगरानी करें। वह भी केवल ऐसी 20 फीसद आबादी पर, जो प्रवासी है और जिनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। लेकिन हमारे यहां इस योजना को संपूर्ण आबादी पर लागू किया जा रहा है। इससे यह संदेश भी जाता है कि देश का वह गरीब संदिग्ध है, जिसे रोटी के लाले पड़े हैं। खासतौर से इस योजना को कश्मीर और असम तथा पूर्वोत्तर के उन सीमांत जिलों की पूरी आबादी के लिए लागू करने की जरूरत थी, जहां घुसपैठिए आतंकी गतिविधियों को तो अंजाम दे ही रहे हैं, जनसांख्यकीय घनत्व भी बिगाड़ रहे हैं। इसलिए पी चिदंबरम जब देश के गृहमंत्री थे, तब इस आधार योजना के वे प्रबल विरोधी थे और उन्होंने इसे खतरनाक आतंकवादियों को भारतीय पहचान मिल जाने का आधार बताया था। लेकिन वित्तमंत्री बनते ही उनका सुर बदल गया है। राजस्थान में उन्होंने हिंदी में भाषण देते हुए आधार का गुणगान किया। जाहिर है, आधार की परिकल्पना निर्विवाद नहीं है। केंद्र में सत्ता परिवर्तन हुआ तो हो सकता है कि इसे सिरे से खारिज कर दिया जाए। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)
Dainik jagran National Edition 26-10-2012  भ्रष्टाचार! pej -9