Showing posts with label पृष्ठ संख्या १३. Show all posts
Showing posts with label पृष्ठ संख्या १३. Show all posts

Thursday, March 24, 2011

राष्ट्रीयकृत बैंकों की भूमिका पर भी उठेगा सवाल


2जी घोटाले के मद्देनजर सीबीआई द्वारा दायर की जाने वाली चार्जशीट पूर्व संचार मंत्री ए. राजा की परेशानी और बढ़ा सकती है। उनके पूर्व निजी सचिव आरके चंदोलिया ने सीबीआई से अपने बयान में कहा कि वह सिर्फ अपने आका के निर्देश पर ही फाइल डिस्पोज करते थे। सूत्रों के अनुसार सीबीआई अपनी चार्जशीट में इस बात को जोरशोर से रखने जा रही है कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा जिस तरह कुछ कंपनियों को फंडिंग की गई, जो भारतीय अर्थव्यवस्था के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। सीबीआई अपनी चार्जशीट में यह जिक्र करने वाली है कि इस तरह के अपराध भविष्य में न हों, इसलिए इसमें संलिप्त लोगों के साथ कोई सहानुभूति न बरती जाए। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई इस महीने में 2जी मामले में अपनी चार्जशीट दाखिल करने वाली है। सीबीआई इस चार्जशीट में चंदोलिया के उस बयान को भी उजागर करने वाली है, जिसमें उसने कहा कि उसका काम था फाइल को अपने वरिष्ठ (राजा) के सामने रखना। उसने सीबीआई को यह भी कहा था कि वह सिर्फ अपने आका के आदेश का पालन करते थे। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने चंदोलिया की स्टेटमेंट को आधार बनाया और उन सुबूतों को इकट्ठा कर लिया है, जिससे यह साबित होगा कि राजा और चंदोलिया का भी इस घोटाले में हाथ था। सीबीआई अपनी चार्जशीट में कई सुबूतों के साथ यह साबित करने जा रही है कि चंदोलिया राजा के आदेशों का पालन करता था। सीबीआई अपनी चार्जशीट में इस बात का भी खुलासा करने जा रही है कि चंदोलिया के कई जगह मना करने के बावजूद भी ऐसे सबूत मिले हैं, जिसमें उसकी (चंदोलिया) की भूमिका थी। उसकी (चंदोलिया की) यूएएस लाइसेंस आवंटन में महत्वपूर्ण भूमिका थी, विशेषकर यूएएस लाइसेंस को स्वीकार करने में। सीबीआई ने सबूत में पाया कि आरके चंदोलिया यूएएस लाइसेंस के आवेदन को स्वीकार करने में काफी 'चूजी' थे और यही कारण रहा कि कुछ ऐसे दस्तावेज स्वीकार किए गए जो फर्जी थे। सूत्रों के अनुसार, पूरी चार्जशीट और ड्राफ्ट चार्जशीट जिसे बृहस्पतिवार को सीबीआई निदेशक के सामने प्रेजेन्टेशन के रूप में दिखाया जाएगा, उसमें इन सब मामलों का जिक्र होगा। इसके अलावा सीबीआई अपनी उस जांच को भी चार्जशीट में उजागर करने वाली है, जिसमें पाया था कि स्वान टेलीकॉम में जिस समय यूएएस लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, उस समय वह योग्य पात्र ही नहीं था। जांच में मालूम हुआ कि मेसर्स टाइगर ट्रेडर्स प्रा. लि. का अधिकांश शेयर स्वान में था। जांच में पता चला कि जितने भी टाइगर ट्रेडर्स के पास स्वान के शेयर्स थे, वे अप्रत्यक्ष रूप से अनिल भाई धीरूभाई अंबानी ग्रुप द्वारा फंडेड थे। सीबीआई को जांच में पहले ही पता चल चुका है कि रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड जो एडीएजी ग्रुप की कंपनी है, को पहले ही कुछ सर्किल के लिए लाइसेंस मिल चुका था। इस तरह स्वान टेलीकॉम जो एडीएजी ग्रुप की एसोसिएट कंपनी थी, वह लाइसेंस प्राप्त करने योग्य ही नहीं थी। सीबीआई इस बात की जोर-शोर से जांच कर रही है कि स्वान टेलीकॉम के मालिक शाहिद बलवा के क्या संबंध कुछ हवाला आपरेटर, डी कंपनी और पाकिस्तान एवं श्रीलंका के कुछ संगठनों से तो नहीं हैं। सीबीआई इस बात की भी जांच कर रही है, जिसे वह अपनी चार्जशीट में दर्शा सकती है कि लूप टेलीकॉम के कुछ अधिकारियों ने मॉरीशस में भारतीय उच्चायोग से मुलाकात की और सीबीआई द्वारा भेजे गए एलआर की विस्तृत जानकारी मांगी थी।

Tuesday, February 15, 2011

काले धन का राज खुलेगा!


काले धन पर जानकारी हासिल करना भारत के लिए अब कुछ आसान हो सकता है। स्विट्जरलैंड ने विदेशियों के गुप्त बैंक खातों के बारे में सूचनाएं साझा करने से संबंधित नियम मंगलवार को कुछ नरम कर दिए। इसके तहत खाता धारकों की पहचान के लिए अब विभिन्न तरीके होंगे। हालांकि स्विट्जरलैंड ने साफ किया है कि दूसरे देशों को उसके यहां खातों को खंगालने की अनुमति अब भी नहीं होगी।
फिलहाल कर चोरी के संदिग्ध किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए उसका नाम और पता स्विस अधिकारियों को देना होता है। इसके अलावा उसके बैंक के बारे में जानकारी भी देनी होती है। लेकिन नियमों में नरमी के बाद अब पहचान के अन्य तरीके भी मान्य होंगे। हालांकि स्विस सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि यह अन्य तरीके क्या हैं। स्विस सरकार के वित्त विभाग ने सिर्फ इतना ही कहा कि बैंक खाते के जरिए पहचान करना भी एक संभावना हो सकती है। यह नए नियम लागू करने के लिए स्विट्जरलैंड और अन्य देशों के बीच दोहरा कराधान संधि में भी संशोधन करना होगा।
दोहरा कराधान संधि पर भारत और स्विस सरकार के बीच अभी बातचीत ही चल रही है। इसमें तय किया जा चुका है कि भारत को किसी संदिग्ध कर चोर के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए व्यक्ति का नाम और पता ही नहीं, बल्कि बैंक के बारे में बताना पड़ेगा। मालूम हो कि केंद्र सरकार को काले धन के मुद्दे पर विपक्ष के तीखे हमलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा उसे इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की आलोचना भी सहनी पड़ रही है। अदालत ने सरकार से पूछा है कि विदेश में अवैध तरीके से पैसा जमा करने वालों पर क्या कार्रवाई की जा रही है।

Friday, February 4, 2011

स्पेक्ट्रम घोटाला 44 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा!


दो कंपनियों से सात हजार करोड़ का घाटा असल में 17 हजार करोड़ की हानि हुई

टूजी स्पैक्ट्रम घोटाले में पूर्व संचार मंत्री ए राजा और उनके दो सहयोगियों पर करीब 22 हजार करोड़ रुपये का घोटाला करने का आरोप है लेकिन यदि सीबीआई के पेश आंकड़ों पर जाएं तो यह घोटाला 44 हजार करोड़ रुपये को पार कर सकता है। अभी तक सीबीआई ने मात्र दो कंपनियों के साथ हुए अनुबंध में करीब सात हजार करोड़ रुपये के नुकसान के ही पूरे साक्ष्य जुटाने का दावा किया है लेकिन दो कंपनियों से ही सरकार को 17 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। सीबीआई के आंकड़ों की माने तो अभी भी उसे करीब 27 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के साक्ष्य जमा करने हैं, यानी निकट भविष्य में अभी काफी गिरफ्तारियां होने की संभावना हैं।
सीबीआई ने अदालत में जो तथ्य रखे हैं उनके अनुसार अभी तक मात्र दो ही कंपनियों के मामले की जांच में घोटाले की परतें खुलने लगी हैं। सीबीआई के अनुसार, तीनों अभियुक्तों ने नियमों को ताक पर रखकर मैसर्स स्वान कंपनी को 13 सर्कल के लिए यूएएस लाइसेंस मात्र 1537 करोड़ में प्रदान कर दिए। वहीं इस कंपनी ने इसमें से 45 प्रतिशत शेयर यूएई की कंपनी मैसर्स एटिलसालाट को ऊंची दरों पर यानी 4200 करोड़ रुपये में बेच दिए। इसी प्रकार तीनों अभियुक्तों ने मैसर्स यूनीटेक कंपनी को 22 सर्कल के लिए यूएएस लाइसेंस मात्र 1658 करोड़ में प्रदान कर दिए। पहली कंपनी की तरह इस कंपनी ने भी फायदा उठाते हुए 60 प्रतिशत शेयर नार्वे की कंपनी मैसर्स टेलीनोर को 6100 करोड़ रुपये में बेच दिए। 112 सर्कल में से 35 सर्कल के लाइसेंस इन दो कंपनियों को मात्र 3195 करोड़ रुपये में प्रदान किए गए जबकि इन कंपनियों ने क्रमश: 45 व 60 प्रतिशत शेयर 10,300 करोड़ में बेच दिए। यानी सरकार को 7105 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। सीबीआई के आंकड़ों का आंकलन किया जाए तो सरकार को करीब 17,245 करोड़ का नुकसान बनता है न कि 7105 करोड़ का। इन कंपनियों ने क्रमश: 45 व 60 प्रतिशत शेयर ऊंची दरों पर बेचे हैं यानी यदि सभी शेयर भी इसी दर पर बिक सकते हैं तो नुकसान अधिक ही होगा।
सीबीआई को अब शेष 87 सर्कल के लाइसेंस आवंटन के बारे में सूचनाएं एकत्रित करनी हैं और जिस अनुपात में इन दो कंपनियों ने शेयर बेचे हैं उसके अनुसार तो घोटाला कहीं अधिक पहुंच जाएगा और इसी कड़ी में गिरफ्तारियों का सिलसिला भी बढे़गा।