Friday, February 4, 2011

स्पेक्ट्रम घोटाला 44 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा!


दो कंपनियों से सात हजार करोड़ का घाटा असल में 17 हजार करोड़ की हानि हुई

टूजी स्पैक्ट्रम घोटाले में पूर्व संचार मंत्री ए राजा और उनके दो सहयोगियों पर करीब 22 हजार करोड़ रुपये का घोटाला करने का आरोप है लेकिन यदि सीबीआई के पेश आंकड़ों पर जाएं तो यह घोटाला 44 हजार करोड़ रुपये को पार कर सकता है। अभी तक सीबीआई ने मात्र दो कंपनियों के साथ हुए अनुबंध में करीब सात हजार करोड़ रुपये के नुकसान के ही पूरे साक्ष्य जुटाने का दावा किया है लेकिन दो कंपनियों से ही सरकार को 17 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। सीबीआई के आंकड़ों की माने तो अभी भी उसे करीब 27 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के साक्ष्य जमा करने हैं, यानी निकट भविष्य में अभी काफी गिरफ्तारियां होने की संभावना हैं।
सीबीआई ने अदालत में जो तथ्य रखे हैं उनके अनुसार अभी तक मात्र दो ही कंपनियों के मामले की जांच में घोटाले की परतें खुलने लगी हैं। सीबीआई के अनुसार, तीनों अभियुक्तों ने नियमों को ताक पर रखकर मैसर्स स्वान कंपनी को 13 सर्कल के लिए यूएएस लाइसेंस मात्र 1537 करोड़ में प्रदान कर दिए। वहीं इस कंपनी ने इसमें से 45 प्रतिशत शेयर यूएई की कंपनी मैसर्स एटिलसालाट को ऊंची दरों पर यानी 4200 करोड़ रुपये में बेच दिए। इसी प्रकार तीनों अभियुक्तों ने मैसर्स यूनीटेक कंपनी को 22 सर्कल के लिए यूएएस लाइसेंस मात्र 1658 करोड़ में प्रदान कर दिए। पहली कंपनी की तरह इस कंपनी ने भी फायदा उठाते हुए 60 प्रतिशत शेयर नार्वे की कंपनी मैसर्स टेलीनोर को 6100 करोड़ रुपये में बेच दिए। 112 सर्कल में से 35 सर्कल के लाइसेंस इन दो कंपनियों को मात्र 3195 करोड़ रुपये में प्रदान किए गए जबकि इन कंपनियों ने क्रमश: 45 60 प्रतिशत शेयर 10,300 करोड़ में बेच दिए। यानी सरकार को 7105 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। सीबीआई के आंकड़ों का आंकलन किया जाए तो सरकार को करीब 17,245 करोड़ का नुकसान बनता है न कि 7105 करोड़ का। इन कंपनियों ने क्रमश: 45 60 प्रतिशत शेयर ऊंची दरों पर बेचे हैं यानी यदि सभी शेयर भी इसी दर पर बिक सकते हैं तो नुकसान अधिक ही होगा।
सीबीआई को अब शेष 87 सर्कल के लाइसेंस आवंटन के बारे में सूचनाएं एकत्रित करनी हैं और जिस अनुपात में इन दो कंपनियों ने शेयर बेचे हैं उसके अनुसार तो घोटाला कहीं अधिक पहुंच जाएगा और इसी कड़ी में गिरफ्तारियों का सिलसिला भी बढे़गा।


No comments:

Post a Comment