Showing posts with label कुणाल. Show all posts
Showing posts with label कुणाल. Show all posts

Thursday, March 24, 2011

राष्ट्रीयकृत बैंकों की भूमिका पर भी उठेगा सवाल


2जी घोटाले के मद्देनजर सीबीआई द्वारा दायर की जाने वाली चार्जशीट पूर्व संचार मंत्री ए. राजा की परेशानी और बढ़ा सकती है। उनके पूर्व निजी सचिव आरके चंदोलिया ने सीबीआई से अपने बयान में कहा कि वह सिर्फ अपने आका के निर्देश पर ही फाइल डिस्पोज करते थे। सूत्रों के अनुसार सीबीआई अपनी चार्जशीट में इस बात को जोरशोर से रखने जा रही है कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा जिस तरह कुछ कंपनियों को फंडिंग की गई, जो भारतीय अर्थव्यवस्था के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। सीबीआई अपनी चार्जशीट में यह जिक्र करने वाली है कि इस तरह के अपराध भविष्य में न हों, इसलिए इसमें संलिप्त लोगों के साथ कोई सहानुभूति न बरती जाए। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई इस महीने में 2जी मामले में अपनी चार्जशीट दाखिल करने वाली है। सीबीआई इस चार्जशीट में चंदोलिया के उस बयान को भी उजागर करने वाली है, जिसमें उसने कहा कि उसका काम था फाइल को अपने वरिष्ठ (राजा) के सामने रखना। उसने सीबीआई को यह भी कहा था कि वह सिर्फ अपने आका के आदेश का पालन करते थे। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने चंदोलिया की स्टेटमेंट को आधार बनाया और उन सुबूतों को इकट्ठा कर लिया है, जिससे यह साबित होगा कि राजा और चंदोलिया का भी इस घोटाले में हाथ था। सीबीआई अपनी चार्जशीट में कई सुबूतों के साथ यह साबित करने जा रही है कि चंदोलिया राजा के आदेशों का पालन करता था। सीबीआई अपनी चार्जशीट में इस बात का भी खुलासा करने जा रही है कि चंदोलिया के कई जगह मना करने के बावजूद भी ऐसे सबूत मिले हैं, जिसमें उसकी (चंदोलिया) की भूमिका थी। उसकी (चंदोलिया की) यूएएस लाइसेंस आवंटन में महत्वपूर्ण भूमिका थी, विशेषकर यूएएस लाइसेंस को स्वीकार करने में। सीबीआई ने सबूत में पाया कि आरके चंदोलिया यूएएस लाइसेंस के आवेदन को स्वीकार करने में काफी 'चूजी' थे और यही कारण रहा कि कुछ ऐसे दस्तावेज स्वीकार किए गए जो फर्जी थे। सूत्रों के अनुसार, पूरी चार्जशीट और ड्राफ्ट चार्जशीट जिसे बृहस्पतिवार को सीबीआई निदेशक के सामने प्रेजेन्टेशन के रूप में दिखाया जाएगा, उसमें इन सब मामलों का जिक्र होगा। इसके अलावा सीबीआई अपनी उस जांच को भी चार्जशीट में उजागर करने वाली है, जिसमें पाया था कि स्वान टेलीकॉम में जिस समय यूएएस लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, उस समय वह योग्य पात्र ही नहीं था। जांच में मालूम हुआ कि मेसर्स टाइगर ट्रेडर्स प्रा. लि. का अधिकांश शेयर स्वान में था। जांच में पता चला कि जितने भी टाइगर ट्रेडर्स के पास स्वान के शेयर्स थे, वे अप्रत्यक्ष रूप से अनिल भाई धीरूभाई अंबानी ग्रुप द्वारा फंडेड थे। सीबीआई को जांच में पहले ही पता चल चुका है कि रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड जो एडीएजी ग्रुप की कंपनी है, को पहले ही कुछ सर्किल के लिए लाइसेंस मिल चुका था। इस तरह स्वान टेलीकॉम जो एडीएजी ग्रुप की एसोसिएट कंपनी थी, वह लाइसेंस प्राप्त करने योग्य ही नहीं थी। सीबीआई इस बात की जोर-शोर से जांच कर रही है कि स्वान टेलीकॉम के मालिक शाहिद बलवा के क्या संबंध कुछ हवाला आपरेटर, डी कंपनी और पाकिस्तान एवं श्रीलंका के कुछ संगठनों से तो नहीं हैं। सीबीआई इस बात की भी जांच कर रही है, जिसे वह अपनी चार्जशीट में दर्शा सकती है कि लूप टेलीकॉम के कुछ अधिकारियों ने मॉरीशस में भारतीय उच्चायोग से मुलाकात की और सीबीआई द्वारा भेजे गए एलआर की विस्तृत जानकारी मांगी थी।

Friday, March 4, 2011

2जी में Rs 66,000 करोड़ के नुकसान का अनुमान


माह के अंत तक अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर देगी सीबीआई
सीबीआई का अनुमान है कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में करीब 66 हजार करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है। फिलहाल सीबीआई की जांच टीम अभी अंतिम निर्णय पर नहीं पहुंची है। हो सकता है नुकसान की राशि और भी ज्यादा हो। सूत्रों के अनुसार सीबीआई इस माह के अंत तक इस घोटाले में आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर देगी। इसलिए वह हर मोच्रे पर अपनी तैयारी कर रही है। सीबीआई की जांच टीम ने अब तक मिले दस्तावेजों, कंपनियों से पूछताछ, निजी टेलीकॉम ऑपरेटरों द्वारा शेयर बेचने और तत्कालीन बाजार की स्थिति को देखने के बाद यह अनुमान लगाया है कि टू जी स्पेक्ट्रम घोटाले में एफआईआर में दर्ज नुकसान से तीन गुना ज्यादा राजकोष का नुकसान हुआ है। सीबीआई ने एफआईआर में 22 हजार करोड़ रुपए का नुकसान बताया है। लिहाजा यह नुकसान 66 हजार करोड़ रुपए होने का अनुमान है। सूत्रों के अनुसार वैसे सीबीआई अभी तक अंतिम निर्णय पर नहीं पहुंची है। इस विषय पर वह संचार मंत्रालय, ट्राई के अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ लगातार गुणा भाग कर रही है। सीबीआई को फिलहाल इन विशेषज्ञों के साथ मिलकर जांच में यह भी मालूम हुआ है कि अगर लाईसेंस की नीलामी होती तो जितना फायदा निजी कंपनियों को हुआ है उससे तीन गुना अधिक राशि सरकारी खजाने में जाती। सीबीआई को जांच में यह मालूम हुआ है कि राजकोष को जो घाटा हुआ है वह मुख्य रूप से अयोग्य कंपनियों को लाईसेंस देने से हुआ है। सीबीआई की जांच कैग की जांच से सहमति जताते हुए फिलहाल इस निष्कर्ष पर है कि राजा ने खुद ही संचार मंत्रालय द्वारा बनायी गयी गाइडलाइंस का उल्लंघन किया। साथ ही योग्यता की जो शत्रे थी उसमें भी फेरबदल किया और कुछ कंपनियों को फायदा पहुंचाया। जांच में यह भी मालूम हुआ है कि कुछ कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख को बदला गया। लिहाजा जो योग्य कंपनियां थीं उनको घाटा हुआ और अयोग्य कंपनियां मालामाल हो गयीं। सीबीआई ने भी जांच में पाया कि कुछ कंपनियां कुछ ही दिन पहले बनीं और स्पेक्ट्रम की दौड़ में शामिल हो गयीं। साथ ही कुछ कंपनियों ने अपनी स्थिति का सही विवरण नहीं दिया। कुछ ने फर्जी दस्तावेज दिए तो कुछ ने मर्जर और एक्वीजीशन के नियमों की अनदेखी की। कंपनियों की इन हरकतों को अधिकारियों ने भी अनदेखा किया। कुछ कंपनियों को मंत्री की कोटरी की सिफारिश पर कम कीमत पर लाइसेंस आबंटित किया गया। सीबीआई इस मामले में ईडी से लगातर सम्पर्क में है।


Thursday, January 20, 2011

ई-मेल से होती थी ठेकेदारों से सौदेबाजी

कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले की जांच में सीबीआई अब तक154 ई-मेल की जांच- पड़ताल कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई को जांच में इस इस बात की जानकारी मिली है कि ठेकेदारों से ई-मेल के जरिए सौदेबाजी होती थी और बजट तैयार किया जाता था। सीबीआई द्वारा इस मामले में पूछताछ के लिए इस सप्ताह किसी भी दिन कलमाडी को बुलाया जा सकता है। सीबीआई को जांच में मालूम हो रहा है कि कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजन समिति के अधिकारी घोटाला भी हाईटेक तरीके से करते थे। विभिन्न कामों के लिए ठेकेदारों और आयोजन समिति के अधिकारियों के बीच बैठकें तो होती थीं मगर सौदेबाजी का खेल हाईटेक तरीके से होता था। ठेका कैसा हो और ठेके की शत्रे क्या हों इसके लिए ई-मेल द्वारा बातचीत होती थी। ठेकेदारों द्वारा उपकृत होने का बेहतर ऑफर दिए जाने पर उनके हिसाब से ठेके की शत्रे तैयार की जाती थीं। सीबीआई ने फिलहाल 154 ई-मेल की जांच की है। ये मेल सिर्फ चार अधिकारियों के कम्प्यूटर के हैं। इन मेलों में सीबीआई को 54 मेल ऐसे मिले हैं जिसमें आयोजन अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच साठगांठ की बू मिली है। सीबीआई ने इन मेलों को आपराधिक षडयंत्र रचने के मामले के तहत रखा है। सीबीआई को 37 मेल ऐसे मिले हैं जिसमें ठेकेदारों के साथ खुलकर सौदेबाजी की बात है। आयोजन समिति के अधिकारी ठेकेदारों से ई-मेल के जरिए सीधे नहीं बल्कि घुमाफिरा कर अपने फायदे की बात करते थे। आयोजन समिति के अधिकारी के मेल के जवाब में ठेकेदार अपने हिसाब से ठेके की शत्रे तय करने को कहते थे और बजट की बात करते थे। सीबीआई ने पाया कि अधिकतर ई-मेल ओवरलेज के ठेके से संबंधित थे। कुछ ई-मेल क्विंस बेटन रिल से भी संबंधित हैं। सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने जांच में यह भी पाया कि कुछ ई-मेल ठेके से पहले ही ठेकेदारों से बातचीत के हैं जिसे बाद में ठेका दिया गया। सूत्रों के अनुसार कुछ ई-मेल की जांच से पता चला है कि ठेका मिलने के बाद ठेका निरस्त किया गया। बाद में ठेकेदार द्वारा लोक लुभावन उपहार देने की पेशकश के बाद उसे ठेका दे दिया गया। सीबीआई अब उन अधिकारियों के निजी स्टाफ को बुलाकर पूछताछ करने वाली है। अभी घोटाले में बरामद किए गए कम्प्यूटरों में से तीन की ईमेजिंग चल रही है।