जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली काले धन की जांच पर एसआइटी के गठन के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से असहज सरकार ने अदालत से फैसले की समीक्षा करने और उसे वापस लेने की अपील की है। इस संबंध में अदालत में दायर अपनी याचिका में सरकार ने दलील दी है कि यह आदेश कालेधन मामले में उसका रुख पूरी तरह सुने बगैर दिया गया। सरकार ने यह सफाई भी दी है कि काले धन के मामलों की जांच पर उसका रवैया सुस्त नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पुनर्विचार के साथ आदेश को वापस लेने वाली याचिका दायर करने का फैसला इसीलिए लिया है ताकि उसे अदालत में अपनी बात कहने का मौका मिल सके। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि पुनर्विचार याचिका की समीक्षा बंद चैंबर में होती है और वकीलों को भी हाजिर रहने की इजाजत नहीं होती। अब आदेश वापसी की याचिका की सुनवाई खुली अदालत में होगी। सरकार का मानना है कि चार जुलाई 2011 को जब काले धन से जुड़े मामलों की जांच के लिए एसआइटी के गठन की घोषणा सुप्रीम कोर्ट ने की थी उस वक्त सरकार अपना पक्ष अदालत के सामने नहीं रख पायी थी। सुप्रीमकोर्ट ने अपने आदेश में काले धन से जुड़े सभी मामलों जिनमें पुणे के घोड़ा व्यापारी हसन अली का मामला भी शामिल है, की जांच की रफ्तार धीमी रहने को लेकर सरकार को कड़ी फटकार लगायी थी। सुप्रीम कोर्ट ने दो रिटायर्ड जजों वाली एसआइटी गठित करने के साथ ही सरकार को निर्देश दिया था कि वह सीबीडीटी चेयरमैन की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति को एसआइटी से जोड़े। केंद्र सरकार ने अपनी याचिका में कहा है कि उस वक्त अदालत की खंडपीठ ने तत्कालीन सॉलीसिटर जनरल गोपाल सुब्रहमण्यम की दलीलों पर विचार नहीं किया जिनमें उन्होंने काले धन के मामलों की जांच के संबंध में केंद्र के उठाये कदमों का ब्यौरा दिया था। सूत्र बताते हैं कि सुप्रीम कोर्ट में जाने का फैसला आज गृह और वित्त मंत्रालय के उच्चाधिकारियों की बैठक के बाद हुआ। बैठक में कानून मंत्रालय के अफसरों के साथ साथ अटार्नी जनरल जीई वाहनवती और अतिरिक्त सॉलीसिटर जनरल भी उपस्थित थे। सरकार ने अपनी याचिका में चार जुलाई को दिये सुप्रीम कोर्ट के फैसले के पहले 20 पैराग्राफ पर आपत्तियां दर्ज करायी हैं जिनमें सरकार के कामकाज की कटु आलोचना की गयी थी।
Saturday, July 16, 2011
एसआइटी गठन के फैसले पर पुनर्विचार की गुहार
Friday, July 15, 2011
Tuesday, July 12, 2011
डीबी रियलिटी व वर्जिन पर फेमा
2जी घोटाले में फंसी शाहिद बलवा और उसकी कंपनी डीबी रियलिटी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले हफ्ते डीबी एतिसलात के खिलाफ 7100 करोड़ रुपये के फेमा उल्लंघन का कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने डीबी रियलिटी और उसकी दो सहयोगी कंपनियों के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) का उल्लंघन कर विदेशी निवेश लाने के मामले में नया केस दर्ज किया है। इसके अलावा टाटा ग्रुप की वर्जिन मोबाइल के खिलाफ भी फेमा उल्लंघन के मामले की जांच की जा रही है। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि डीबी रियलिटी और उसकी दो सहयोगी कंपनियों मिल्कीवे व ईटीए स्टार प्रापर्टी डेवलपर्स के खिलाफ फेमा उल्लंघन की शिकायत मिली थी। शुरुआती जांच में शिकायतों के सही पाए जाने के बाद इन तीनों कंपनियों के खिलाफ 2000 करोड़ रुपये से अधिक के फेमा उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया गया है। इनमें डीबी रियलिटी के खिलाफ 1621 करोड़ रुपये, मिल्कीवे के खिलाफ 78.64 करोड़ और ईटीए स्टार प्रापर्टी डेवलपर्स के खिलाफ 321 करोड़ रुपये के फेमा उल्लंघन आरोप हैं। डीबी रियलिटी के साथ ही ईडी ने वर्जिन मोबाइल के खिलाफ भी फेमा नियमों के उल्लंघन का आरोप है। वर्जिन मोबाइल टाटा टेलीकाम और वर्जिन मारीशस की संयुक्त उपक्रम है, जिसमें दोनों की आधी-आधी भागीदारी है। ईडी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वर्जिन मोबाइल के खिलाफ भी 100.10 करोड़ रुपये के फेमा उल्लंघन की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी कंपनियों को जल्द ही नोटिस भेजकर इस संबंध में पूछताछ की जाएगी।
नीलू रंजन, पृष्ठ संख्या 03, दैनिक जागरण (राष्ट्रीय संस्करण), 12 जुलाई, 2011
दिग्विजय बोले, मेरा भाई कलमाड़ी बेगुनाह
कांग्रेस ने भ्रष्टाचारी नेताओं की खुली पैरोकारी शुरू कर दी है। राष्ट्रमंडल खेल घोटाले के कारण तिहाड़ जेल में दिन गुजार रहे आयोजन समिति के मुखिया सुरेश कलमाड़ी के प्रति पार्टी में पहली बार सहानुभूति के स्वर फूटे है। पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने सांसद सुरेश कलमाड़ी और आदर्श हाउसिंग घोटाले में फंसे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण को बेगुनाह बताने के साथ ही अदालत से उन्हें जमानत देने पर विचार करने का अनुरोध तक कर डाला। यह अलग बात है कि उन्होंने इसे कांग्रेस पार्टी के बजाए अपना निजी विचार बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कलमाड़ी के गढ़ पुणे में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, मुझे दुख होता है कि मेरे भाई सुरेश कलमाड़ी को यह दिन देखना पड़ रहा है। उस समय भी मुझे बहुत बुरा लगा था जब अशोक चह्वाण को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाया गया था। हालांकि मेरा व्यक्तिगत रूप से यह मानना है कि कलमाड़ी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण (आदर्श घोटाला) दोनों बेगुनाह हैं, दोनों बेदाग निकलेंगे, लेकिन सोनिया गांधी जी ने भ्रष्टाचार के आरोप लगते ही दोनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। दिग्विजय ने कहा,जिन मामलों में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है और जांच पूरी हो चुकी है, न्यायपालिका को ऐसे मामलों में आरोपी को जमानत देने पर विचार करना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। दिग्विजय सिंह ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ी है। सूचना अधिकार कानून की वजह से आदर्श सोसाइटी, राष्ट्रमंडल खेल और 2-जी स्पेक्ट्रम जैसे घोटाले सामने आये हैं, जो कि कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा, कांग्रेस किसी को भी बचाने के बजाए ऐसे सभी मामलों पर कार्रवाई करती है। सीबीआइ ने 25 अप्रैल 2011 को सुरेश कलमाड़ी को धोखाधड़ी और सरकारी धन में हेरफेर के मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के कई अन्य अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी कलमाड़ी के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र पेश कर चुकी है। वहीं, अशोक चह्वाण को आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले में कथित संलिप्तता के कारण नवंबर 2010 में मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी।
पृष्ठ संख्या 01, दैनिक जागरण (राष्ट्रीय संस्करण), 12 जुलाई, 2011
सीबीआइ चाहे तो करे सिब्बल की जांच
सुप्रीम कोर्ट ने दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल को फौरी राहत देते हुए अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन की पेनाल्टी घटाने का आरोप लगाने वाली गैर सरकारी संगठन की याचिका पर आदेश पारित करने से मना कर दिया। अदालत ने कहा कि सिब्बल के मामले को 2जी मामले से नहीं जोड़ा जा सकता। हालांकि अदालत ने यह जरूर कह दिया कि सीबीआइ चाहे तो इसकी जांच कर सकती है। 2जी मामले की निगरानी कर रही न्यायमूर्ति जीएस सिंघवी व न्यायमूर्ति एके गांगुली की पीठ ने कहा कि इस मामले में आदेश पारित करने की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि जब केंद्र सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता रोहिंग्टन नरीमन ने कहा कि गैर सरकार संगठन सीपीआइएल के आरोप लगाने वाले हलफनामे को कोर्ट रिकार्ड पर न ले तो पीठ ने कहा कि हलफनामा रिकार्ड पर आ चुका है। गैर सरकारी संगठन सीपीआइएल ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर आरोप लगाया था कि दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन को अनुचित लाभ पहंुचाते हुए उस पर लगी 50 करोड़ की पेनाल्टी को घटाकर 5 करोड़ कर दी थी। सोमवार को याचिकाकर्ता के वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि रिलायंस कम्युनिकेशन ने बिना किसी नोटिस के सेवाएं बंद कर दीं थीं। सेवाएं ठप करना लाइसेंस की शर्तो का उल्लंघन है। इसीलिए दूरसंचार विभाग की यूएसओएफ शाखा ने रिलायंस को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 50 करोड़ की पेनाल्टी लगाने की संस्तुति की थी। एडवाइजर फाइनेंस व मेंबर फाइनेंस ने भी इसे मंजूरी दे दी थी, लेकिन सिब्बल ने 18 फरवरी तक फाइल रोके रखी। इस बीच 16 फरवरी को रिलायंस की ओर से उन्हें पत्र भेजा गया। उस पत्र के आधार पर दूरसंचार मंत्री ने रिलायंस को सेवा बंद करने का दोषी मानने के बजाय सिर्फ सेवा बाधित करने का दोषी माना, जिसका परिणाम हुआ कि रिलायंस पर लगी 50 करोड़ की पेनाल्टी घटकर 5 करोड़ हो गई। भूषण की मांग थी कि सिब्बल के इस फैसले की जांच सीबीआइ से कराई जाए। उनका कहना था कि सिब्बल ने मामले की तहकीकात किए बगैर ही पेनाल्टी घटा दी। पीठ ने भूषण की मांग ठुकराते हुए कहा कि अगर आरोप के मुताबिक दूरसंचार से संबंधित कोई अनियमितता हुई है तो भी उसे 2जी से नहीं जोड़ा जा सकता। सीबीआइ चाहे तो इस मामले की जांच कर सकती है, लेकिन वे ऐसा कुछ नहीं कह रहे। कोर्ट ने कहा कि पीडि़त पक्षकार चाहें तो कानून के मुताबिक राहत पाने के लिए याचिका दाखिल कर सकते हैं। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश की। ईडी ने कहा कि कलैंगनर टीवी को दी गई 200 करोड़ की रिश्वत की रकम एक महीने में जब्त कर ली जाएगी।
पृष्ठ संख्या 01, दैनिक जागरण (राष्ट्रीय संस्करण), 12 जुलाई, 2011
Saturday, July 9, 2011
कालेधन पर कोर्ट की पहलकदमी
| विदेशी बैंकों में हमारे देश का कितना धन जमा है, इसका कोई आंकड़ा नहीं है। अनुमानित आंकड़े से कई गुना अधिक कालाधन भी हो सकता है। एसआईटी को कालेधन का आंकड़ा जुटाने में मुश्किलातों का पहाड़ लांघना होगा। चूंकि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एसआईटी का गठन हुआ है और सभी गुप्तचर एजेसियां और सरकार के संबंधित विभाग एसआईटी के अधीन होंगे, इसलिए उम्मीद है कि अनुकूल नतीजा निकलेगा।लेधन पर सरकार की नीतियां पर्दा डालने की ही रही हैं। सो, अब सत्ता उसे इस तथ्य पर जरूर आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर बार-बार सुप्रीम कोर्ट से ठोकर खाने के बावजूद कालेधन की सत्यता आम जनता के बीच रखने की जगह किंतु-परंतु क्यों किया जाता रहा। पचास हजार करोड़ से भी ज्यादा कालेधन का अभियुक्त हसन अली को पांच साल तक संरक्षण क्यों मिला? हसन अली के खिलाफ जांच में प्रशासनिक और नीतिगत हीलाहवाली क्यों और किस मकसद से हुई। बहरहाल, कालेधन के पर्दाफाश और वापसी की राह अभी भी आसान नहीं है। अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अवरोध और जटिलताएं बेशक बड़ी मुश्किलात हैं। लेकिन इनसे टकराने और इन्हें दूर करने की जिम्मेदारी भी तो सरकार की ही है। अब जबकि सुप्रीम कोर्ट ने पहल करते हुए कालेधन पर विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है तो इसका निहितार्थ क्या यह नहीं है कि कोर्ट ने इस मामले में सरकार के तौर-तरीकों और ईमानदारी पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है? कोर्ट ने एसआईटी का अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश वीपी जीवन रेड्डी को बनाया है, जबकि एक अन्य पूर्व न्यायामूति एमवी शाह को एसआईटी का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। एसआईटी के तहत गुप्तचर एजेंसियों की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को आदेश दिया है कि वह उन कालेधन के दोषियों को उजागर करे, जिनके नाम जर्मनी ने उपलब्ध कराए हैं और जिनके खिलाफ जांच पूरी हो गई है। इसके पहले सुप्रीम कोर्ट ने कई सुनवाइयों में बार-बार मतंव्य दिया था कि कालेधनार्थियों के नाम उजागर किए जाएं। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के इस मंतव्य की अवहेलना हुई। तर्क दिया गया कि अंतरराष्ट्रीय समझौतों के कारण सरकार के हाथ बंधे हुए हैं और समझौते तोड़ने पर भारतीय कूटनीति को परेशानी होगी। जबकि जर्मनी ने अपने एक बयान में कहा था कि जिन लोगों को भारत सरकार और अदालत दोषी मानती है, उन लोगों के कालेधन के खुलासे में कोई अवरोध नहीं है। इसीलिए हवा में ये खबरें तैर रही हैं कि कई ऐसे कालेधनार्थी हैं, जिनके पास राजनेताओं के पैसे हैं। |
Thursday, July 7, 2011
2जी में दयानिधि भी दागदार
संचार मंत्री रहते हुए एयरसेल को बेचने के लिए मजबूर करने के मामले में सीबीआइ अब कपड़ा मंत्री दयानिधि मारन के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी में है। जांच एजेंसी के सामने मारन की भूमिका के बारे में पूर्व संचार सचिव नृपेंद्र मिश्रा के खुलासे से डीएमके नेता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सीबीआइ ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में साफ कर दिया कि इस मामले में मारन की भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज की जा सकती है। एक अन्य घटनाक्रम में प्रधानमंत्री आवास पर सोनिया गांधी, प्रणव मुखर्जी, चिदंबरम, एके एंटनी और अहमद पटेल की मौजूदगी में मारन के मामले पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि संसद के अगले सत्र में मारन को लेकर विपक्ष के हमले से बचने के लिए सरकार ने मंत्रिमंडल से उनकी विदाई का मन बना लिया है, लेकिन सरकार कोई फैसला करने के पहले करुणानिधि से भी बात करेगी। मारन मामले में दूरी बनाते हुए कांग्रेस ने टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, वह सीबीआइ के प्रवक्ता नहीं हैं। अगर सीबीआइ ने उच्चतम न्यायालय को कोई रिपोर्ट सौंपी है तो इसकी जानकारी सीबीआई को होगी या उच्चतम न्यायालय को होगी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआइ ने 2001 से 2007 के बीच स्पेक्ट्रम आवंटन में हुई गड़बडि़यों की प्रारंभिक जांच शुरू की थी। इसके चलते 2004 से 2007 के बीच संचार मंत्री दयानिधि मारन की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई। पिछले महीने एयरसेल के पुराने मालिक एस. शिवाशंकरन ने सीबीआइ को दिए बयान में आरोप लगाया था कि मारन ने उन्हें कंपनी बेचने के लिए मजबूर किया था। मारन के समय दूरसंचार विभाग के तीन बड़े अधिकारियों ने सीबीआइ की पूछताछ में शिवाशंकरन के आरोपों की पुष्टि की। इनमें तत्कालीन संचार सचिव नृपेंद्र मिश्रा, वरिष्ठ उप महानिदेशक पीके मित्तल और संयुक्त सलाहकार (वायरलेस) आरजेएस कुशवाहा शामिल हैं। इन तीनों अधिकारियों ने जांच एजेंसी को बताया कि किस तरह मारन ने लंबे समय तक एयरसेल को स्पेक्ट्रम का लाइसेंस नहीं मिलने दिया और फिर उसके बिकते ही कैसे उसे लाइसेंस दे दिए गए। सीबीआइ ने इन तीनों अधिकारियों के बयान के बारे में सुप्रीम कोर्ट को बता दिया है। सीबीआइ अधिकारी ने कहा कि एयरसेल मामले में मारन परिवार की कंपनी सन डायरेक्ट के मार्फत रिश्वत लेने की जांच की जा रही है। एयरसेल को खरीदने वाले श्रीलंकाई मूल के मलेशियाई उद्योगपति टी आनंद कृष्णन की दूसरी कंपनी एस्ट्रो ने सन डायरेक्ट का 20 फीसदी शेयर 69.57 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 599 करोड़ रुपये में खरीदा था। सन डायरेक्ट में यह निवेश एयरसेल को लाइसेंस मिलने के तत्काल बाद किया गया। आरोप है कि एस्ट्रो ने सन डायरेक्ट के शेयर की कीमत बाजार मूल्य से काफी ज्यादा लगाई औैर इससे मारन परिवार को करोड़ों का अतिरिक्त लाभ हुआ। इसकी भी जांच की जा रही है|
