Showing posts with label २३ मार्च २०११. Show all posts
Showing posts with label २३ मार्च २०११. Show all posts

Wednesday, March 23, 2011

काला सौदा, काली जुबां


काले धन के देश के सबसे बड़े सौदागर की जुबान खुलने लगी है और ऐसे खतरनाक रहस्य खुलने लगे हैं जिनसे आप वाकई चिंता में डूब जाएंगे। घोड़े और कबाड़ का धंधा करने वाला हसन अली देश में ऐसा समानांतर बैंक चला रहा था जिसका काम बड़े राजनेताओं, अफसरशाहों और बिचौलियों की अवैध कमाई को पहले विदेश भेजना और बाद में इसे वापस लाकर वैध सम्पदा में बदलना था। देश की सर्वोच्च अदालत की पहल पर गिरफ्तार अली ने पूछताछ में जो नाम लिये हैं; उनमें महाराष्ट्र के तीन पूर्व मुख्यमंत्री भी बताए जा रहे हैं। हवाला के गोरखधंधे में अली विदेशी बैंकों की भी खुलकर मदद लेता था और काली कमाई को सफेद करने के लिए देश के शेयर बाजारों का इस्तेमाल करता था। इस काम के लिए अली का पसंदीदा देश मारीशस था, जो दुनिया भर की काली कमाई को धोने के सबसे बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। आश्र्चय नहीं कि टू-जी स्पेक्ट्रम महाघोटाले में शामिल कई कम्पनियों के सिरे भी इस छोटे से द्वीपराष्ट्र से ही निकलते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, जिस विदेशी निवेश की ओर हमारा देश टकटकी लगाए बैठा है, उसका एक बड़ा हिस्सा इसी काली कमाई का हुआ करता था। आर्थिक सुधारों के शुरू होने के बाद हमारे शेयर बाजारों ने जो छलांगें लगाई थीं उसका बड़ा कारण विदेशी निवेशकों द्वारा इन बाजारों में भारी मात्रा में निवेश था। इसके लिए विदेशी निवेशकों का प्रिय माध्यम पार्टिसिपेटरी नोट्स हुआ करते थे जिसमें यह बताने की जरूरत नहीं होती थी कि वास्तविकता में पैसा लगाने वाला कौन है और कहां का है।अली ने भी भ्रष्ट राजनेताओं और अफसरों की काली कमाई को सफेद बनाने के लिए इसी रास्ते को चुना था। अब यह समझा जा सकता है कि हवाला के आरोप बार- बार लगने के बावजूद क्यों अली बेखौफ घूमता रहता था? जिसके ऊपर सत्ता के सरमायेदारों का हाथ हो उसे हाथ लगाने की जुर्रत कौन कर सकता है? शायद इसी लिए महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सरकारी प्रकोप झेलना पड़ रहा है जिसने अली से पूछताछ की थी और बकायदे उसकी सीडी भी बनाई थी। हसन अली से प्रवर्त्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ में नए खुलासे को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उसकी रिमांड तीन दिनों के लिए और बढ़ा दी है जिसमें और खतरनाक खुलासों की सम्भावना है। अली का सबसे खतरनाक पक्ष वह है जिसमें उसके रिश्ते हथियारों के सौदागर अदनान खशोगी और दुर्दात आतंकवादियों से बताए जा रहे हैं। ईडी यह जानने की कोशिश में है कि केवल पांच करोड़ रुपए से खुले अली के बैंक खाते में देखते-देखते चौवन हजार करोड़ रुपए की बाढ़ कहां से आ गई? दुबई, सऊदी अरब से उसके खाते में धनवर्षा करने वाले छुपे चेहरे कौन थे? आशंका है कि अमेरिकी ट्रेड सेंटर पर आतंकी हमले के बाद दुनिया भर के बैंकों पर लगी बंदिशों को देखते हुए आतंकियों ने अली के खाते का जी भर कर इस्तेमाल किया। काला धन हमारे लिए कितना बड़ा खतरा है, क्या अब भी यह बताने की जरूरत है?

सच से डरे हुए शासक


विकिलीक्स के खुलासे पर प्रधानमंत्री के बयान को देश को गुमराह करने वाला बता रहे हैं लेखक
 विकिलीक्स ने एक बार फिर भारत के भ्रष्ट और झूठे नेताओं के चेहरे बेनकाब कर दिए हैं और सत्ता पक्ष के पास अपनी निर्लज्जता छिपाने के लिए लोकोक्ति के अनुसार सूखे पत्ते तक का सहारा नहीं बचा है। विकिलीक्स के केबल भले ही दुनिया में गलत आचरण करने वाले शासकों के महलों में खलबली मचा रहे हों, लेकिन आज तक किसी ने भी उनकी सत्यता या प्रमाणिकता पर संदेह नहीं किया। केवल भारत के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने एक हास्यास्पद बयान दिया, जिसमें न केवल उन्होंने विकिलीक्स पर संदेह किया, बल्कि यह तक कह दिया कि सांसदों को रिश्वत देने के मामले की जांच के लिए गठित समिति ने यह निष्कर्ष निकाला था कि सांसदों को रिश्वत देने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यह मामला 14वीं लोकसभा से जुड़ा था। उसके बाद इसी मुद्दे को लेकर जो दल चुनाव में उतरे वे जनादेश प्राप्त नहीं कर सके और कांग्रेस को उनसे ज्यादा सीटें मिलीं। यह एक हारे हुए तथा हताश प्रधानमंत्री का ही बयान हो सकता है क्योंकि यह तर्क कौन स्वीकार करेगा कि यदि कोई अपराधी चुनाव में जीत जाए तो उसकी जीत उसके अपराधों को खत्म कर देती है। प्रधानमंत्री ने सांसदों को रिश्वत देने के मामले की जांच के लिए बिठाई समिति की रपट का निष्कर्ष भी गलत उद्धृत किया। हालांकि इस समिति के चार सदस्य वे थे जिन्होंने सदन में विश्वास मत पर सरकार का समर्थन किया था। इसके बावजूद इस सात सदस्यीय जांच समिति के तीन सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा था कि कुछ सांसदों को रिश्वत दिए जाने का स्पष्ट मामला सिद्ध होता है। जबकि शेष चार सदस्यों के बहुमत के कारण समिति की रपट में माना गया था कि संजीव सक्सेना चाहे-अनचाहे रिश्वत देने वाले थे इसलिए वह संविधान के अनुच्छेद 105 (2) के अंतर्गत संरक्षण पाने पात्र नहीं हैं। इसके अलावा रेवती रमन सिंह के व्यवहार पर भी समिति ने संदेह व्यक्त करने वाली स्पष्ट टीका की थी। संसदीय जांच समिति ने कहीं भी यह नहीं कहा कि सांसदों को रिश्वत देने का मामला प्रमाणित नहीं होता है। इसके विरुद्ध उसके निष्कर्ष में लिखा गया कि रिश्वत देने वाले सक्सेना का बयान असंतोषजनक और सत्य से परे है। यानी समिति ने यह स्पष्ट रूप से माना था कि सक्सेना चाहे-अनचाहे रिश्वत देने वाले तो थे ही और इस संदर्भ में पूरी छानबीन की आवश्यकता है। मनमोहन सिंह ने इन तमाम तथ्यों की अनदेखी की। उस देश का क्या होगा जहां का प्रधानमंत्री सांसदों को रिश्वत देकर अपनी सत्ता और सरकार बचाने की कोशिश करे! क्या ऐसा देश अपनी सीमाओं की सुरक्षा कर सकता है? क्या ऐसे देश के परमाणु संयंत्र सुरक्षित रह सकते हैं? क्या ऐसे देश के छात्र और युवा बलिदान देने के लिए तत्पर सैनिक या जनता के हित की रक्षा के लिए सब कुछ दांव पर लगा देने वाले अफसर बनने की प्रेरणा प्राप्त कर सकते हैं? पूर्व संचार मंत्री ए. राजा के विरुद्ध कार्रवाई के लिए समूचे विपक्ष और मीडिया को एकजुट लड़ना पड़ा। ए. राजा के सहयोगी सादिक बाशा की रहस्यमय मृत्यु हो गई, जबकि वह सीबीआई के सामने पेश होने की तैयारी में था। बाशा का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने इस्तीफा दे दिया। हर दिन एक नए घोटाले का खुलासा हो रहा है। ऐसी स्थिति में भारत के परमाणु संयंत्र और यूरेनियम भंडार माओवादी या तालिबानी आतंकवादियों के हाथों में नहीं जा सकते क्या इसकी कोई गारंटी ले सकता है? विकिलीक्स के सर्जक और संचालक जूलियन असांजे ने एक भारतीय चैनल को इंटरव्यू देते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री विकिलीक्स के मामले में जनता को गुमराह कर रहे हैं। विकिलीक्स ने जो केबल भारत के संदर्भ में उद्घााटित किए वे अमेरिकी राजनयिकों द्वारा वाशिंगटन में अपने विदेश विभाग को भेजे गए थे। असंाजे का कहना है कि भारत में अमेरिकी राजदूत या अन्य राजनयिकों को अपने ही विदेश मंत्रालय से झूठ बोलने की क्या जरूरत हो सकती है? अगर ऐसा होता है तो यह अमेरिका में बहुत बड़ा अपराध है। अभी कुछ समय पहले तक भारत सूचना-प्रौद्योगिकी के कीर्तिमान, भारतीय डॉक्टरों, इंजीनियरों तथा विश्वव्यापी औद्योगिक बहुराष्ट्रीय कंपनियों के गौरवशाली उद्योगपतियों के कारण पूरी दुनिया में प्रतिष्ठा और ख्याति अर्जित कर रहा था, वह आज जिंदा भ्रष्ट देश के नाते जाना जा रहा है। दुनिया के हर कोने में भारत के नेताओं के शर्मनाक भ्रष्टाचार, संसद में इन मुद्दों को लेकर चल रहे लगातार गतिरोध तथा सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष को इस प्रकार के विषय उठाए जाने की अनुमति न देने के समाचार उन सभी करोड़ों भारतीयों का सिर शर्म से झुका रहे हैं जो कल तक गौरवशाली भारतीय के नाते रह रहे थे। वे जानते हैं भारत भ्रष्ट देश नहीं है। न ही भारत कायर और ठगों का देश है। सिर्फ कुछ नेता भारत की राजनीति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उनकी आंखों में भारत है ही नहीं। सत्ता में बैठे लोग एक विदेशी मूल की उस महिला के हाथों में भारत की तकदीर दे बैठे हैं जिनका भारत के चित्त, मर्म और आत्मा के साथ कोई संबंध ही नहीं रहा। इसीलिए क्वात्रोची के खाते खुलवाए, सीबीआई को कांग्रेस की घरेलू शैतानी मशीनरी का पुर्जा बना दिया गया, हिंदुओं को आतंकवाद से जोड़कर पूरे देश की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता को लांछित करने का प्रयास किया गया और अब मध्य प्रदेश से एक ही किस्म और एक ही आस्था से जुड़े मामले एनआइए को सौंपकर मुस्लिम वोट बैंक को रिझाने का प्रयास किया गया है। मानो इस देश के मुसलमान हिंदुओं पर आघात से खुश होकर कांग्रेस को वोट दे देंगे। यह गलत धारणा है। मुस्लिम समाज जिसे भी वोट देता है अपनी बुद्धि और विवेक से सोच कर देता है, यह बिहार और गुजरात के मुसलमानों ने सिद्ध किया है। लेकिन समाज को जाति और मजहब के आधार पर बांटकर अंग्रेजों को भी लज्जित करने वाले भ्रष्टाचारी यदि सत्ता का संरक्षण पाने लगें तो फिर संसद की लड़ाई सड़क तक ले जाने के सिवाय और कोई विकल्प बचता नहीं। (लेखक राज्यसभा के सदस्य हैं)

मुख्यमंत्रियों के काले धन को भी अली ने लगाया ठिकाने


 हजारों करोड़ रुपये की कर चोरी के आरोपों से गुजर रहे हसन अली ने 90 के दशक में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों की काली कमाई को भी ठिकाने लगाया था। एक अंग्रेजी अखबार में इस संबंध में रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को महाराष्ट्र विधान परिषद में यह मामला उठा। विधान परिषद में विपक्ष के नेता पांडुरंग फुंदकर ने हसन अली संबंधी रिपोर्ट वाली अखबार की प्रति सदन में दिखाते हुए यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ये तीन पूर्व मुख्यमंत्री कौन हैं। हसन अली के वक्तव्य का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि उसने वर्ष 1990 से 2000 के बीच शेयर बाजार में निवेश करने के लिए नौकरशाहों तथा तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के धन का इस्तेमाल किया। फंुदकर ने इसी रिपोर्ट के हवाले से कहा कि वर्ष 1999 से 2000 के बीच शेयर बाजार में काफी काले धन का निवेश हुआ और अली ने नेताओं, नौकरशाहों और मुख्यमंत्रियों के धन का इस्तेमाल किया। इसके जवाब में महाराष्ट्र के स्कूली शिक्षा मंत्री राजेंद्र दर्डा ने कहा कि जिन दस्तावेजों के आधार पर खबर प्रकाशित हुई है, उनकी प्रमाणिकता जांचने की जरूरत है क्योंकि ये सरकारी दस्तावेज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह मालूम करना होगा कि ये दस्तावेज कहां से आए। किसी पत्रिका या वेबसाइट ने सूचना दी है, महज इस आधार पर खबर पर भरोसा नहीं किया जा सकता। मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए शिवसेना तथा भाजपा सदस्य नारेबाजी करते हुए सभापति के आसन के निकट आ गए। इसके बाद सभापति शिवाजीराव देशमुख ने बैठक 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी। सदन की बैठक दोबारा शुरू होने पर सभापति ने मंत्री को दस्तावेजों की प्रामाणिकता जांचने के निर्देश दिए|

ट्रस्ट के जरिये हिमाचल में मंदिर-मठ बनाने की होड़


 देशभर के जाने-माने संत व प्रवचनकर्ता हिमाचल में अपने ठिकाने तलाश रहे हैं। बर्फ की चांदी से ढके पर्वतों के आंचल में संतों को एक अदद आशियाना नसीब होना यहां भू-खरीद की सख्त धाराओं के कारण कठिन है, इसीलिए ट्रस्ट एक बढि़या विकल्प बनकर उभरा है। धर्म या समाज के प्रति सरोकारों के जरिए हिमाचल की प्राइम जगहों पर जमीन लेने और फिर आलीशान संपदा खड़ी करने का चलन बढ़ता जा रहा है। दर्जनों ने तो ट्रस्ट के जरिये बड़े-बड़े भवन बनाए हैं और निगाहें सरकार की कृपादृष्टि पर भी हैं। लिहाजा सरकारी जमीन पट्टे पर लेने के लिए ढेरों आवेदन पहुंच रहे हैं। हिमाचल की शांत वादियों में अधिकांश संत, महात्माओं की दृष्टि उन जगहों पर है जो सुगम हों, लिहाजा कुल्लू या कांगड़ा जिलों में प्राथमिकताएं तय हो रही हैं। सोलन जिले में भी कई धार्मिक न्यासों के नाम पर जमीन तेजी से खरीदी जा रही है। गर्मी आते ही प्रदेश की ठंडी वादियों में कई सत्संग स्थायी कुटिया की इच्छा से भी जुड़े हैं। हाल में सोलन जिले में बाबा रामदेव के न्यास को सरकार ने 96 बीघा भूमि क्या दे दी, अन्य धर्मगुरुओं की आस भी जगी है। सूत्रों के अनुसार पालमपुर के लिए भी ऐसे कागज चलने शुरू हो गए हैं। ट्रस्ट से जुड़े लोग दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। राजनेताओं के इर्द-गिर्द भी प्रयास हो रहे हैं, लेकिन जिनका सरकारी दांव न लगे वह गिफ्ट डीड या ट्रस्ट के नाम पर निजी भूमि ले रहे हैं। हालांकि राज्य के भूसंरक्षण अधिनियम की धारा 118 के तहत कोई भी गैर हिमाचली यहां जमीन नहीं ले सकता, लेकिन ट्रस्ट के नाम पर जमीन खरीदने की अनुमति सरकार अपने स्तर पर दे सकती है। सरकार अपनी जमीन भी लीज पर दे सकती है, लेकिन धार्मिक नेताओं की असल समस्या यह है कि बहुत बड़ी जमीन लोगों से निजी तौर पर लेने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है और उसके बाद सरकार के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में लीज ही शार्टकट व कम सिरदर्द वाला रास्ता है। अभी तक सोलन, साधुपुल (बाबा रामदेव), डगशाई- विश्वास मेडिटेशन आश्रम, पालमपुर- डेरा सच्चा सौदा, पूरे प्रदेश में कई जगह राधा स्वामी, ब्यास, सलोगड़ा व ऊना आसाराम बापू (कुटिया), कुल्लू- विश्व जागृति मिशन, डडौर- निरंकारी, अंब-महंत सूर्यनाथ, शिमला- मानव उत्थान सेवा समिति (सतपाल महाराज) समेत कई धार्मिक न्यास बनाए जा चुके हैं|

वित्त विधेयक पर भारी विकिलीक्स


सरकार और विपक्ष के बीच बात थोड़ी संभलती नहीं है कि फिर से जंग छिड़ जाती है। तीन दिन के अवकाश के बाद मंगलवार को संसद में दोनों आमने सामने हुए तो नाक की लड़ाई शुरू हो गई। पहले वित्त विधेयक या पहले भ्रष्टाचार और विकिलीक्स पर चर्चा को लेकर दोनों सदनों में बात इतनी बढ़ी कि कई बार कार्यवाही स्थगित हुई। अंतत: सरकार ने अपने कामकाज को ही महत्व दिया तो नाराज राजग ने वाकआउट कर अपना विरोध जताया। लिहाजा वित्त विधेयक राजग की गैर मौजूदगी में ही पारित हुआ। अब बुधवार को दोनों सदनों में चर्चा होगी। इससे पहले विकिलीक्स पर प्रधानमंत्री के बयान पर आपत्ति जताते हुए दोनों सदनों में उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी दिया जा चुका था जो लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति के पास विचाराधीन है। सरकार और विपक्ष के बीच एक दूसरे की मंशा पर आशंका गहरा गई है। विकिलीक्स पर्दाफाश पर दो दिन पहले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के बयान से असंतुष्ट विपक्ष ने पहले ही पेशबंदी कर ली थी। दोनों सदनों में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज और अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। इसके अलावा चर्चा का भी नोटिस दिया गया था। सुषमा के समर्थकों में भाजपा नेता यशवंत सिन्हा और जदयू अध्यक्ष शरद यादव थे। बाद में भाकपा नेता गुरुदास दासगुप्ता ने भी इसका समर्थन किया। दरअसल वह जानते थे कि विशेषाधिकार हनन के नोटिस को विचाराधीन बताकर मुद्दा आगे के लिए टाल दिया जाएगा। ऐसे में चर्चा के नोटिस के जरिए प्रधानमंत्री को घेरने की कोशिश थी। सुषमा और लालकृष्ण आडवाणी ने नेता सदन प्रणब मुखर्जी से टेलीफोन पर बातचीत कर चर्चा के लिए हामी भी भरवा ली थी, लेकिन सदन में बात पहले मैं तो पहले मैं में अटक गई। दोनों पक्ष से दलीलें दी गई और अंतत: प्रणब ने साफ कर दिया कि वित्त विधेयक पारित होने के बाद ही चर्चा करवाई जा सकती है। राज्यसभा में तो चर्चा की बात भी विचाराधीन बताकर टाल दी गई। आक्रामक सत्तापक्ष विपक्ष के नेताओं को बोलने देने के लिए ही तैयार नहीं था। ऐसे में दोनों सदनों में दो बार कार्यवाही स्थगित हुई। सुषमा ने प्रणब से बात कर प्रस्ताव दिया कि लोकसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा हो और उसी बीच राज्यसभा में प्रधानमंत्री के बयान पर चर्चा शुरू हो, लेकिन सरकार उसके लिए राजी नहीं थी। इस स्थिति में जब लोकसभा तीसरी बार बैठी और वित्त विधेयक पर चर्चा शुरू हुई तो सुषमा ने कहा कि विपक्ष भी वित्त विधेयक में हिस्सा लेना चाहता था, लेकिन सरकार ने जो रुख दिखाया है उससे साफ हो गया कि वह किस तरह अपना कामकाज निपटाना चाहती है|