Showing posts with label पृष्ठ संख्या १०. Show all posts
Showing posts with label पृष्ठ संख्या १०. Show all posts

Friday, June 10, 2011

कालिख का फंदा

ब्रह्म को काले धन की भांति अनुभव करो। अदृश्य, निराकार काला धन हमारे भीतर परम सत्ता की तरह धड़कता है।.. जिज्ञासु भक्त बाबा के वचनों से कृतार्थ हुआ और ब्रह्म को छोड़ काले धन के जुगाड़ में लग गया। क्योंकि इस कालिख को जानने लिए किसी तप की जरूरत नहीं है, यह तो सरकार है जो काला धन तलाशने के लिए समितियां छोड़ रही है। हमें खुद पर तरस आना चाहिए कि सरकार उस एलानिया सच पर आजादी के चौंसठ साल बाद, अब कसमसा रही है जो नागरिक, प्रशासनिक, राजनीतिक और आर्थिक जीवन के पोर-पोर में भिद कर हमारी लत बन चुका है। मत कोसिए लाइसेंस परमिट राज को, काले धन की असली ग्रोथ स्टोरी उस बदनाम दौर के बाद लिखी गई है। मत बिसूरिए बंद अर्थव्यवस्था को, उदार आबो हवा ने कालिख को पंख लगा सर्वव्यापी कर दिया है। मत रहिए इस गफलत में कि ग्रोथ और आय बढ़ना हर मुश्किल का हल है, विकास के साथ लूट भी बढ़ती है। भारत में काले धन की पैदावार के लिए तरक्की का मौसम ज्यादा माफिक बैठा है। कानून काला धन पैदा कराते हैं। बाजार इसे छिपाता है और न्याय का तंत्र इसे पोसता है। हम अब चिंदी चोर तरीकों से लेकर बेहद साफ सुथरे रास्तों तक से काला धन बनाने में महारथ रखते हैं। काला धन तो कब का अपराध, शर्म या समस्या की जगह सुविधा, स्वभाव, संस्कार और आवश्यकता बन चुका है। किल्लत की कालिख भारत की 99.5 फीसदी आबादी कोटा, लाइसेंस, परमिट नहीं चाहती। सांसद, विधायक, मंत्री, राजदूत बनने की उसे तमन्ना नहीं है। उसे तो सही कीमत व समय पर बुनियादी सुविधाएं और जीविका व बेहतरी के न्याय संगत मौके चाहिए और इनकी ही सबसे ज्यादा किल्लत है। भारत का अधिकांश भ्रष्टाचार किल्लत से उपजता है। उदारीकरण में सुविधाओं और सेवाओं की मांग बढ़ी, किल्लत नहीं घटी। रेलवे रिजर्वेशन से लेकर अनापत्ति प्रमाण पत्र तक, स्कूल दाखिले से लेकर, इलाज तक हर जगह मांग व आपूर्ति में भयानक अंतर है, जो कुछ लोगों के हाथ में देने और कुछ को उसे खरीदने की कुव्वत दे देता है। हमारी 76 फीसदी रिश्वतें 2.5 लाख रुपये और उससे कम (संदर्भ ब्राइब लाइन रिपोर्ट) की होती हैं। इसमें भी करीब 26 फीसदी रिश्वत 20 डॉलर यानी महज एक हजार रुपये की होती है। भारत में 51 फीसदी रिश्वत बस, सिर्फ काम को समय पर कराने के लिए दी जाती है। काले धन के पिरामिड का यह चौड़ा आधार सुविधाओं और व्यवस्थाओं की कमी से निकला है। वैसे आपूर्ति बढ़ने से भ्रष्टाचार रुकने की कुछ उजली गाथाएं भी हमारे पास हैं। फोन के लिए अब रिश्वत और सीमेंट, कार खरीदने के लिए नेता जी की पर्ची नहीं चाहिए आदि आदि। अगर बुनियादी सेवाओं की आपूर्ति पारदर्शी और पर्याप्त हो जाए तो शायद काले धन की सबसे घटिया फैक्टि्रयां बंद हो जाएंगी, क्योंकि आम लोगों को 2जी लाइसेंस या कॉमनवेल्थ के ठेकों की जरूरत नहीं है। ताकत की कालिख भारत का उदारीकरण चालाकी से हुआ, नीतियां बदलीं, कानून नहीं। लाइसेंस परमिट राज प्रक्रियाओं व अधिकारों में छिप गया। भारत एक चुनिंदा जमात के विवेकाधीन अधिकारों का अभयारण्य है। सड़क के किनारे खड़े पुलिस वाले से लेकर सबसे बड़े नौकरशाह तक, सिस्टम को शिकंजा बनाने के अकूत अधिकारों से लैस हैं। सुविधाओं की किल्लत के सहारे उनकी यह ताकत मारक हो जाती है। नीतियों में पेंच और उनके सहारे तरफदारी व उपेक्षा की कला सिखाने के लिए हमारी नौकरशाही स्कूल खोल सकती है। अदना सी सेवा के लिए लोगों को नोचने के नियमों से भरा सरकारी तंत्र, मानो काला धन पैदा करने के कानूनी अधिकारों पर चलता है। 121 करोड़ लोगों के इस देश में बेहद सामान्य सुविधाएं और नागरिक अधिकार देने की ताकत केवल कुछ लाख लोगों के पास है। आंकडे़ (ब्राइब लाइन) गवाह हैं, भारत में कुल रिश्वतों में मोटी रिश्वतें (पांच लाख रुपये से ऊपर) केवल 14 फीसदी हैं। जो हर दफ्तर के महज एक दो फीसदी बड़े अफसरों को जाती है। हमारे यहां 91 फीसदी रिश्वत सरकारी बाबू लेते हैं और 77 फीसदी रिश्वत काम वक्त पर कराने या कारोबारी नुकसान से बचने के लिए दी जाती है। राजनेताओं व नीति निर्माताओं का बहुत छोटा समूह ताकत की इस कालिख का नियंता है, जो बहुत बड़ी कीमत पर, थोड़े से लोगों को कुछ स्पेक्ट्रम, कुछ खदानें, कुछ जमीनें, कुछ कंपनियां, कुछ ठेके दे देता है। काले धन के पिरामिड का शिखर यही है। हिफाजत की कालिख काले धन की भारतीय दुनिया जटिल है। छोटे लेन-देन के सहारे बना कालाधन मेहनती मध्यवर्ग के बीच एक काला उच्च वर्ग तैयार करता है, जो इस पैसे से दूसरों का हक मारकर सुविधाएं खरीदते हैं। अंतत: यह पूरी कालिख, राजनीति, उद्योग, नौकरशाही के शिखरों पर एकत्र हो जाती है, क्योंकि वहां इसकी सुरक्षा और निर्यात के रास्ते मौजूद हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में किसी बडे़ नाम को सजा नहीं (सुखराम को छोड़कर, नकद बरामद होने के कारण) होती। काला धन के पीछे भ्रष्टाचार, जरायम, हकमारी की कई पतर्ें हैं, जबकि जांच तंत्र बोदा और भ्रष्टाचार रोकने के कानून सतही व बौने हैं। काले धन के निवेश के दर्जनों घोषित और प्रामाणिक ठिकानों, मसलन जमीन जायदाद, वित्तीय कारोबार और कंपनियों के मकड़जाल, को रोकने का कानूनी ढांचा हमारे पास नहीं है। काला धन न तो अब अपराध के तौर पर तलाशा जाता है और न ही शर्मिंदगी का बायस है। इसका उत्पादन स्वाभाविक और इस्तेमाल सुरक्षित है। कालिख के कलाकार पूरी ठसक के साथ बच निकलते हैं। सरकार जागी कहां है? समितियां तो सरकार की उबासियां हैं। हाकिमों को कब समझ में आएगा कि हम जांच समितियों के लिए नहीं, किल्लत दूर करने वाले सिस्टम, विवेकाधीन अधिकारों को सीमित करने वाली नीतियों और सजा दिलाने वाले कानूनों के लिए तरस रहे हैं। अर्थव्यवस्था के फैलते आकार के सामने वैध वित्तीय तंत्र छोटा पड़ गया है। काले धन की असंख्य अदृश्य पाइप लाइनें हमारे आसपास हैं, सिस्टम से भयभीत और किल्लत के मारों से लेकर बड़े-छोटे तक सब इनका इस्तेमाल करते हैं। वैसे तो हर अर्थव्यवस्था, एक छोटी मोटी समानांतर अर्थव्यवस्था को पचाने की कुव्वत रखती है, क्योंकि पैसे का प्रवाह ही इसकी हिफाजत है। मगर हम तो अपनी खपत से कई गुना ज्यादा काला धन बना रहे हैं और विदेशों में छिपा रहे हैं। हम स्याह पसंद कारोबारियों, प्रॉफिट सेंटरों जैसे सरकारी दफ्तरों, बेफिक्र नेताओं और मौलिक अधिकार खरीदते आम लोगों का मुल्क हो गए हैं। हम दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि सबसे तेज बढ़ती काली अर्थव्यवस्था भी हैं। यह हमारी उद्यमिता पर लगा सबसे बड़ा कलंक है। हमारी ग्रोथ स्टोरी दागदार है।

Sunday, May 1, 2011

दिखाने के दांत हैं ये गिरफ्तारियां

भारत के संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि सरकार भ्रष्टाचार को प्रश्रय नहीं देगी, उसके मंत्री और अफसर भ्रष्टाचार नहीं करेंगे और भ्रष्ट व्यक्तियों को दंडित किया जाएगा। लेकिन आजादी के साल, 1947, में ही भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम बन चुका था। इस आधार पर कह सकते हैं कि देश को आजादी और भ्रष्टाचार दोनों साथ-साथ मिले। आजादी में भ्रष्टाचार या भ्रष्टाचार में आजादी इतनी ज्यादा थी कि इस अधिनियम को बार-बार संशोधित करना पड़ा। अंतिम संशोधन 1988 में हुआ। यानी भ्रष्टाचार आगे-आगे बढ़ता गया और कानून बनाने वाले उसका पीछा करते रहे। 1947 से आज तक स्थिति यह है कि भ्रष्टाचार भी है और उसके खिलाफ कानून भी है। दोनों का शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व भारतीय लोकतंत्र की एक रेखांकित करने योग्य विशेषता है। यह मामला कु छकु छ अपराधी और पुलिस तथा आय कर की चोरी करने वालों और आय कर अधिकारियों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व जैसा है। केंद्र में जितनी भी सरकारें आई, यहां हम राज्य सरकारों की बात नहीं कर रहे हैं, उनमें से एक ने भी यह दावा नहीं किया कि हम भ्रष्टाचार को जहां तक संभव है, प्रोत्साहित करेंगे। एक सरकार ऐसी आई थी, जिसकी पृष्ठभूमि ही उच्च पदों पर भ्रष्टाचार के विरु द्ध अभियान थी। उन दिनों नारा लगता था-वीपी, तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं। बाद में एक और सरकार आई, जिसने भ्रष्टाचार-मुक्त शासन का आश्वासन दिया था। उत्तर प्रदेश में तो उसने भय, भूख और भ्रष्टाचार तीनों से छुटकारा दिलाने का वादा किया था। लेकिन भ्रष्टाचार था कि न केवल अपनी जगह पर अडिग रहा बल्कि उसकी भूख लगातार प्रचंड होती गई। स्वतंत्र भारत में यह पहली बार है जब एक केंद्रीय मंत्री रह चुका व्यक्ति तिहाड़ जेल की शोभा बढ़ा रहा है। अब उन्हीं के आसपास सुरेश कलमाडी नाम के कांग्रेसी सांसद का भी प्रवास होगा जिनका नाम कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजन के दौरान हुई असाधारण लूटमार के साथ नत्थी है। लेकिन इन दोनों पर कार्रवाई करने में कई महीने लग गए। अपने आदमियों को जेल भेजना बहुत मुश्किल होता है। कहते हैं, देर आयद दुरु स्त आयद। लेकिन यह कहावत सभी मामलों में लागू नहीं होती। कई बार ऐसा भी होता है कि न्याय मिलने में देर होने का मतलब न्याय देने से इनकार करना है। सर्वतोमुखी भ्रष्टाचार से पीड़ित जनता को न्याय मिलने में काफी देर हुई। जब अन्ना हजारे ने जंतर मंतर पर अपना यज्ञ शुरू किया, तब भारत सरकार के हाथ-पांव फू लने लगे और उसके लिए यह प्रदर्शित करना अनिवार्य हो गया कि वह भी भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए उत्सुक है। इस दांवपेच की वजह से ही लोगों में यह भावना पैदा हुई है कि इन दो प्रमुख व्यक्तियों को बलि का बकरा बनाकर सरकार अपना असली चेहरा छिपाना चाहती है। ये गिरफ्तारियां दिखाने के दांत हैं, खाने के दांत सात परदों में ढंके हुए हैं। उन दांतों को तोड़ने में किसी की दिलचस्पी नहीं है, न सत्ता पक्ष की, न विपक्ष की। आखिर ये भ्रष्टाचारी कु छ वर्षो में नहीं पनपे हैं। ये तब भी थे और इतने ही बुलंद थे, जब केंद्र में विपक्षी दलों की सरकार थी। भाजपा आज कांग्रेस के दाग दिखा रही है। कांग्रेस आक्षेप लगा रही है कि पहले अपने दाग तो गिन लो। लेकिन केंद्र में इन्हीं दोनों दलों का शासन नहीं रहा है। 1977 में पहली बार जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद विपक्षी दलों के कई नेता प्रधानमंत्री कहलाए। लेकिन किसी के भी शासन काल में दो-चार बड़े लोग भी भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार नहीं हुए। जबकि यह अदना सिपाहियों, मामूली किरानियों, आय कर और बिक्री कर के छोटे अधिकारियों, लघु उद्योगपतियों और कम पूंजी के दुकानदारों तथा राजनीतिक दलों के साधारण कार्यकर्ताओं के स्तर पर लगातार बढ़ रहा है? अगर ऐसा है, तो इस भ्रष्टाचार को कुचलना बहुत आसान है। शीर्ष पदों पर ईमानदारी हो, तो उनके नीचे भ्रष्टाचार के पौधे पनप ही नहीं सकते। छोटे अधिकारियों और मामूली कर्मचारियों की शिखा बड़े अधिकारियों की मुट्ठी में बंधी होती है। बड़े अधिकारियों की शिखा मंत्रियों के हाथ में और मंत्रियों की शिखा प्रधानमंत्री के हाथ में होती है। जैसे ईश्वर न चाहे तो पत्ता भी नहीं हिल सकता, वैसे ही ऊपर की सत्ता न चाहे, तो नीचे की सत्ताएं बेईमानी की कमाई अपनी फू ली हुई जेबों में नहीं डाल सकतीं। दोनों का साथ चोलीदा मन का है। यही वजह है कि 1947 में ही भ्रष्टाचार निरोधक कानून बनने के बाद से आज तक कोई भी बड़ी मछली इस कठोर कानून के जाल में नहीं फंस सकी। उनके लिए इस जाल में बड़े-बड़े छेद बना दिए गए थे। फंसती थीं तो छोटी मछलियां क्योंकि सरकार के लिए यह दिखाना जरूरी था कि इस अधिनियम के तहत गिरफ्तारियां हो रही हैं और भ्रष्ट लोगों को दंडित किया जा रहा है। ये वे मूर्ख या लापरवाह व्यक्ति थे जो भ्रष्टाचार के खेल के नियमों से अपरिचित थे या जिन्होंने गैरकानूनी तरीकों से इतना अधिक संचय कर लिया था कि वह सबकी आंखों में खटकने लगा था। तो फिर बड़े भ्रष्टाचारियों को कौन खोज निकालता है? बहादुरी का यह काम मीडिया ने किया है, यद्यपि उसमें भी नीरा राडिया के सहयोगी और साझीदार पत्रकार भरे पड़े हैं। हसन अली, ए. राजा और सुरेश कलमाडी के अपराधों को सरकार ने खुद नहीं खोज निकाला था। मीडिया ने ही उनके नाम प्लेट पर रख कर सरकार को दिए थे। भ्रष्टाचार से लड़ने में सरकार की दिलचस्पी पैदा हो गई है, यह हम उस दिन समझेंगे जब रोज कोई न कोई बड़ी मछली तिहाड़ जेल की ओर ले जाती हुई दिखाई देगी।


Friday, April 22, 2011

भ्रष्टाचार और गरीबी के खेल


सचाई चाहे कितनी ही कड़वी क्यों न हो, इसे स्वीकार करना ही पड़ता है। देश के विकास का नक्शा खींचने वाले योजना आयोग ने भी मान लिया है कि भ्रष्टाचार का घुन सरकारी तंत्र में इतनी गहराई तक घुस गया है कि लोग आजिज आ गए हैं और मान बैठे हैं कि विकास की चाहे जो भी योजना बने, उसमें भ्रष्टाचार के कीड़े अपने आप पनपने लगेंगे। आश्र्चय की बात है कि देश का बच्चा-बच्चा जिस कड़वी हकीकत को लंबे अरसे से जान रहा था उसकी समझ योजना आयोग को आज आई है। इससे भी आश्र्चय की बात यह है कि आयोग की समझ के पीछे फेसबुक और इंटरनेट पर मिली प्रतिक्रियाएं हैं जो बताती हैं कि सरकारी तंत्र आज भी गरीबी में कुलबुलाते देश की अधिसंख्य आबादी की भयावह वास्तविकता से सीधा नहीं जुड़ पाया है। इसलिए अगर योजना आयोग इस बात पर अपनी पीठ थपथपा रहा है कि पांच साल में सात करोड़ गरीब घट गए तो इस बात पर कौन यकीन करेगा! प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बार- बार कह रहे हैं कि डेंजर लाइन को पार कर रहे भ्रष्टाचार का असल खामियाजा तो गरीबों को ही भुगतना पड़ता है। ऐसे में गरीबों की संख्या घटी है या इसमें और इजाफा हो गया है इसके वास्तविक आंकड़े देश को कहां से मिलेंगे! योजना आयोग मान रहा है कि सरकार के डिलीवरी सिस्टम की धार भ्रष्टाचार ने कुंद कर दी है। इस सिस्टम के असल जरूरतमंद तो ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में बसने वाले करोड़ों गरीब ही हैं तब इस कुंद धार के शिकार कौन हैं क्या यह जानने के लिए किसी को योजना आयोग के आंकड़ों की जरूरत है! आज कल देश को दो तस्वीरों- भारत और इंडिया में बांटने का फैशन चल निकला है। भूख और अभाव से कुलबुलाते करोड़ों को भारत बताया जा रहा है जबकि अधिकता से अघाई मुट्ठीभर आबादी इंडिया का झंडा फहरा रही है। अब भले सुप्रीमकोर्ट लताड़ लगाते रहे कि देश को इस प्रकार बांटना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता पर उसकी सुन कौन रहा है! एक तरफ खुशखबरी सुनाई जा रही है कि फसलों के रिकार्ड उत्पादन से हमारे खाद्य भंडार लबालब हैं तो दूसरी तरफ दबी जुबान से कुपोषण और भुखमरी की बात भी मान ली जा रही है। गरीब कौन, इसकी सीमारेखा राजधानियों के वातानुकूलित दफ्तरों में तय हो रही है। शहरों में बीस रुपए और गांवों में ग्यारह रुपए रोज की आमदनी की सीमारेखा गरीबी के लिए तय हो रही है। इस आमदनी से परिवार की तो छोड़िए एक इंसान क्या दो वक्त पेट भर सकता है! लेकिन, सरकार को तो सीमारेखा चाहिए ताकि आंकड़ों की बाजीगरी खेली जा सके। इसलिए घोषणा हो जाती है कि देश की बत्तीस फीसद आबादी ही अब गरीबी रेखा के नीचे बची है। फीसद के आधार पर घोषणा कर हम यह कहने से बच जाते हैं कि अब देश में केवल चालीस करोड़ लोग बचे हैं जो आज भी भूख से बेहाली की नियति झेलने को मजबूर हैं। अफसोस, इन गरीबों की पहचान हम सिर्फ उनके पेट भरने की सामथ्र्य से करते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे मानक जो इंसान को जानवर से अलग करते हैं आज भी बहस के मुद्दे हैं कि क्या इन्हें भी गरीबी के संदर्भ से जोड़ा जा सकता है। भ्रष्टाचार और गरीबी के बीच का यह चोली-दामन वाला खेल कब तक चलता है, बस देखते जाइए।

Sunday, April 17, 2011

शोर ज्यादा, उपाय कम


जब से हमारे देश में यूरोपीय ढंग का शासन शुरू हुआ और यूरोपीय ढंग के विकास का सिलसिला शुरू हुआ, तभी से भ्रष्टाचार के नए-नए अवसर पैदा होने लगे। जिस ढंग का विकास हो रहा है, उसने भ्रष्टाचार के नए-नए रूपों को जन्म दिया है। इसलिए लोगों को नैतिक होने की सीख देना काफी नहीं है। भ्रष्टाचार के अवसरों को कम करने के तरीके भी खोजने होंगे
भ्रष्टाचार के सवाल पर चीख-पुकार ज्यादा हुई है, उसे रोकने के उपायों के बारे में र्चचा कम। या कहिए, नहीं के बराबर। राजनीतिक दलों से तो इसकी उम्मीद ही नहीं की जा सकती क्योंकि उनकी रु चि भ्रष्टाचार को बढ़ाने में ज्यादा रहती है। जन लोकपाल विधेयक के रूप में एक हथियार जरूर सामने आया है पर उसका जोर भ्रष्टाचार के स्रेतों को बंद करने के बजाय भ्रष्ट नेताओं और अफसरों के विरु द्ध कार्रवाई करने पर ज्यादा है। यह सही है कि तेजी से और कठोर कार्रवाई होने से भी भ्रष्ट लोगों के मन में डर बैठता है और वे ऐसे कामों से बचने की कोशिश करते हैं जिनके लिए उन्हें दंडित किया जा सकता है। लेकिन यह डर बहुत ज्यादा असरकारी नहीं हो पाता। बड़े-बड़े भ्रष्टाचारों के सबूत मिलना लगभग असम्भव होता है क्योंकि वे बहुत होशियारी से किए जाते हैं। दीवारों के भी कान होते होंगे, पर काली कमाई की खनक उन तक नहीं पहुंच पाती। यहां मैं उन सामान्य भ्रष्टाचारों की र्चचा करना चाहता हूं जिनसे नागरिक जीवन सीधे प्रभावित होता है। ऐसा नहीं है कि भ्रष्टाचार के बड़े- बड़े मामलों का नागरिक जीवन पर प्रभाव नहीं पड़ता पर अकसर यह प्रभाव अप्रत्यक्ष होता है। टेलीकॉम घोटाले से हम-आप सीधे प्रभावित नहीं हुए पर इससे सरकारी खजाने को जो क्षति पहुंची, उस रकम से पता नहीं कितने स्कू ल और अस्पताल खुल सकते थे। अकसर हम ऐसे घोटालों और उनकी भारी-भारी रकमों के बारे में सोचते हैं पर उसका नुकसान समाज को किन रूपों में उठाना पड़ रहा है, यह बात हमारे दिमाग में नहीं आती। इसका कारण यह है कि घोटाला हो या नहीं, हम जानते हैं कि सरकार जनसाधारण के लिए नहीं, खास-खास लोगों और वगरे के हित में काम करती है। बहरहाल, साधारण आदमी के लिए फिलहाल इतना भी कम नहीं होगा कि उसके दैनिक जीवन से भ्रष्टाचार विदा हो जाए। जायज कामों के लिए भी उसे अपनी जेब न खाली करनी पड़े। इस सिलसिले में एक बुनियादी बात यह है कि भ्रष्टाचार का सम्बन्ध व्यक्ति की निजी बेईमानी से उतना नहीं, जितना व्यवस्था की बेईमानी से है। कृषि सभ्यता में भ्रष्टाचार कम था क्योंकि भ्रष्ट होने के अवसर बहुत कम थे। ज्यादातर बेईमानी राजाओं और सामंतों के इर्दगिर्द तक सीमित रहती थी। जब से हमारे देश में यूरोपीय ढंग का शासन शुरू हुआ और यूरोपीय ढंग के विकास का सिलसिला शुरू हुआ तभी से भ्रष्टाचार के नए अवसर पैदा होने लगे। जिस ढंग का विकास हो रहा है, उसने भ्रष्टाचार के नए-नए रूपों को जन्म दिया है। इसलिए भ्रष्टाचार के अवसरों को कम करने के तरीके भी खोजने होंगे। उदाहरण के लिए, जिन सेवाओं के क्षेत्र में ज्यादा भ्रष्टाचार है, उनका विस्तार बहुत कम हुआ है। अधिकांश शहरों के अच्छे स्कू लों में बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए पैसा देना पड़ता है क्योंकि अच्छे स्कूलों की संख्या उससे बहुत कम है जितने की जरूरत है। यदि अच्छे स्कूलों की संख्या आबादी की जरूरत के अनुपात में बढ़ा दी जाए तो भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। यही बात अस्पतालों, बिजली और पानी के कनेक्शनों, नगरपालिका के लाइसेंसों आदि पर भी लागू होती है। दिल्ली में ऑटोिरक्शा चलाने के लिए नए लाइसेंस कई दशकों से नहीं दिए जा रहे हैं। इसके लिए तीन से चार लाख रु पए रिश्वत के रूप में देने पड़ते हैं। इसकी क्षतिपूर्ति के लिए ऑटो-रिक्शा चलाने वाले यात्रियों से मनमाना किराया वसूलना चाहते हैं। यदि इन वाहनों के लाइसेंस आवेदन करते ही मिलने लगें, तो ड्राइवर और ऑटो-रिक्शा मालिक भी खुश रहेंगे और यात्री भी। दूसरी बात है, सरकारी विभागों में समय से काम न होना। चूंकि हर फाइल अनिश्चित अवधि तक लटकती रहती है, इसलिए जिनका काम रुका हुआ है, वे रिश्वत देने के लिए बाध्य हो जाते हैं। यहां तक कि पेंशन पाने के लिए भी क्लकरे को पैसा खिलाना पड़ता है। अधिकांश विभागों में तय है कि भुगतान पाने के लिए प्राप्य रकम का कु छ प्रतिशत दक्षिणा में देना होगा। इसका निदान यह है कि प्रशासन की ओर से हर कार्यवाही की अवधि निश्चित कर दी जाए। यदि इस निश्चित अवधि में काम नहीं नहीं हो पाता है, तो सम्बद्ध विभाग के अधिकारी की ओर से आवेदक को चिट्ठी भेजनी होगी कि अमुक-अमुक कारणों से काम पूरा होने में विलम्ब हो सकता है तथा अमुक तारीख तक यह काम सम्पन्न हो जाएगा। जो अधिकारी इस नियम का पालन नहीं करेगा, उसका तत्काल निलम्बन अनिवार्य होना चाहिए। सूचना का अधिकार कानून में जवाब देने की अवधि निश्चित कर दी गई है। इसलिए गलत हो या सही, पर्याप्त हो या अपर्याप्त, निश्चित समय में उत्तर आ ही जाता है। क्या ऐसा ही नियम अन्य क्षेत्रों में नहीं बनाया जा सकता? जाहिर है, इस प्रकार के नियम वही राजनेता बना सकते हैं जो पाक-साफ हों। उनके चुने जाने में सबसे बड़ी बाधा है हिमालयी चुनाव खर्च। इसका इंतजाम करने के लिए राजनीतिक दलों-उम्मीदवारों को बहुत धन जुटाना पड़ता है, जिसकी मात्रा इतनी ज्यादा होती है कि वह काला धन ही हो सकता है। चुनाव जीतने पर इस खर्च को वसूलने के लिए नेता को भ्रष्ट होना ही पड़ता है। चुनाव खर्च की सीमा बांधने से कोई फायदा नहीं हुआ है। इस भ्रष्टाचरण को रोकने का एक मात्र उपाय है चुनाव खर्च का सरकारीकरण। इससे ईमानदार उम्मीदवारों के चुने जाने की सम्भावना बढ़ जाएगी। इस तरह के बहुत-से तरीके हैं, जिन्हें अपना कर सामान्य जीवन में भ्रष्टाचार पर अंकु श लगाया जा सकता है। असली सवाल यह है कि यह सब होगा कै से? तरीका वही है जो अन्ना हजारे के अनशन के समय दिखाई दिया था। प्रबुद्ध नागरिकों का समूह इस दिशा में पहल कर सकता है। लोकपाल विधेयक से कम महत्त्वपूर्ण काम नहीं है यह।



Thursday, March 24, 2011

पोल खुलने से हलकान


ऊंची कुर्सियों पर बैठे भ्रष्ट और तिकड़मी, देश की सुरक्षा यहां तक कि इसके अस्तित्व को भी दांव पर लगाने से नहीं चूकते; इसका नंगा खेल हम टू-जी स्पेक्ट्रम महाघोटाले और हवालाबाज हसन अली के मामलों में देख चुके हैं। ऊपर से ये दोनों मामले भले अलग दिखें लेकिन सतह को हल्का खुरचते ही आतंकियों और माफिया सरगनाओं के काले निशान हर जगह दिखने लगते हैं। टू-जी स्पेक्ट्रम घोटाले में गिरफ्तार शाहिद बलवा के तार अगर कुख्यात माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम से जुड़े बताए जा रहे हैं तो हसन अली को दुनियाभर के कुख्यात आतंकियों का बैंकर कहा जा रहा है। लेकिन असल चिंता की बात इन दोनों की वह गहरी पैठ है जो इन्होंने देश के सत्ता गलियारे में बना ली थी। शुक्र है कि सजग सुप्रीमकोर्ट और आक्रामक मीडिया के दबाव में बलवा और अली सरीखे तिकड़मी सीखचों के पीछे जा चुके हैं और उनके काले कारनामों के बेनकाब होने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। लेकिन दूसरी ओर एक और खतरनाक खेल शुरू हो गया है जिसमें इन मामलों से माफिया के पदचिह्नों को मिटाने की कोशिश है। खबर है कि दाऊद इब्राहिम सीबीआई के दफ्तर पर हमला बोल कर टू-जी स्पेक्ट्रम महा घोटाले के उन दस्तावेजों को नष्ट करने की फिराक में है जिनके सिरे इस माफिया सरगना तक पहुंचते हैं। खुद सीबीआई को मिली इस जानकारी के बाद उसके मुख्यालय में रखे इन दस्तावेजों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच में लगे लोगों को भी पूरा सतर्क रहने का निर्देश दे दिया गया है। लेकिन एक बात जो साफ दिखाई दे रही है वह है इन माफिया सरगनाओं का दुस्साहस, जो देश की सबसे प्रतिष्ठित जांच एजेंसी के मुख्यालय पर भी हमले की साजिश रचने से नहीं डरते। यह साजिश सादिक बाशा के कथित आत्महत्या के रहस्य को और उलझा देने वाली है। बाशा न केवल स्पेक्ट्रम घोटाले से गहराई से जुड़ा था बल्कि वह पूर्व टेलीकॉम मंत्री ए. राजा के काले कारनामों का राजदार भी था। घोटाले की रकम को दुबई और संयुक्त अरब अमीरात जैसे खाड़ी देशों में खपाने की जिम्मेदारी उसी की थी और इस सिलसिले में वह दाऊद जैसे माफिया सरगनाओं के सम्पर्क में बताया जाता था। उसकी 'कथित आत्महत्या' उस वक्त हुई जब वह सीबीआई के बुलावे पर दिल्ली जाने की तैयारी कर रहा था। आत्महत्या के घंटों बाद बरामद दिखाए गए सुसाइड नोट में भी अनेक विसंगतियां थीं। हद तो तब हो गई जब उसकी लाश का पोस्टमार्टम करने वाला डॉक्टर खुद शक के घेरे में आ गया। जाहिर है कि महाभ्रष्टाचारों की बांसुरी बजाने वाले देश के तमाम सफेदपोश पोल खुलने के डर से हलकान हैं। स्पेक्ट्रम महाघोटाले में आरोपपत्र दाखिल करने का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है उनकी बदहवासी बढ़ती जा रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और केंद्र में सचिव जैसे बड़े लोग इस आरोपपत्र के सीधे निशाने बनने जा रहे हैं। तमिलनाडु में सत्तासीन डीएमके के सुप्रीमो करुणानिधि की सांसद बेटी और उनकी उम्रदराज पत्नी आरोपों के घेरे में हैं। देश के सर्वशक्तिमान उद्योगपतियों और व्यापारियों पर आरोपों का शिंकजा कसता जा रहा है। ये सब वही लोग हैं जो लाइसेंस राज में भी कमाते थे और आर्थिक सुधारों की आड़ में भी इनका धंधा बदस्तूर है। यह पहला मौका है जब देश इनसे इनके किए का हिसाब मांग रहा है। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता दावा कर रहे हैं कि हसन अली के साथ हवाला धंधे में जुड़े राज्य के तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम उनके पास हैं। यदि ऐसा है तो उन्हें तत्काल यह पर्दाफाश करना चाहिए। ध्यान रहे, पूरा देश सब देख और सुन रहा है।

Wednesday, March 23, 2011

काला सौदा, काली जुबां


काले धन के देश के सबसे बड़े सौदागर की जुबान खुलने लगी है और ऐसे खतरनाक रहस्य खुलने लगे हैं जिनसे आप वाकई चिंता में डूब जाएंगे। घोड़े और कबाड़ का धंधा करने वाला हसन अली देश में ऐसा समानांतर बैंक चला रहा था जिसका काम बड़े राजनेताओं, अफसरशाहों और बिचौलियों की अवैध कमाई को पहले विदेश भेजना और बाद में इसे वापस लाकर वैध सम्पदा में बदलना था। देश की सर्वोच्च अदालत की पहल पर गिरफ्तार अली ने पूछताछ में जो नाम लिये हैं; उनमें महाराष्ट्र के तीन पूर्व मुख्यमंत्री भी बताए जा रहे हैं। हवाला के गोरखधंधे में अली विदेशी बैंकों की भी खुलकर मदद लेता था और काली कमाई को सफेद करने के लिए देश के शेयर बाजारों का इस्तेमाल करता था। इस काम के लिए अली का पसंदीदा देश मारीशस था, जो दुनिया भर की काली कमाई को धोने के सबसे बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। आश्र्चय नहीं कि टू-जी स्पेक्ट्रम महाघोटाले में शामिल कई कम्पनियों के सिरे भी इस छोटे से द्वीपराष्ट्र से ही निकलते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, जिस विदेशी निवेश की ओर हमारा देश टकटकी लगाए बैठा है, उसका एक बड़ा हिस्सा इसी काली कमाई का हुआ करता था। आर्थिक सुधारों के शुरू होने के बाद हमारे शेयर बाजारों ने जो छलांगें लगाई थीं उसका बड़ा कारण विदेशी निवेशकों द्वारा इन बाजारों में भारी मात्रा में निवेश था। इसके लिए विदेशी निवेशकों का प्रिय माध्यम पार्टिसिपेटरी नोट्स हुआ करते थे जिसमें यह बताने की जरूरत नहीं होती थी कि वास्तविकता में पैसा लगाने वाला कौन है और कहां का है।अली ने भी भ्रष्ट राजनेताओं और अफसरों की काली कमाई को सफेद बनाने के लिए इसी रास्ते को चुना था। अब यह समझा जा सकता है कि हवाला के आरोप बार- बार लगने के बावजूद क्यों अली बेखौफ घूमता रहता था? जिसके ऊपर सत्ता के सरमायेदारों का हाथ हो उसे हाथ लगाने की जुर्रत कौन कर सकता है? शायद इसी लिए महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सरकारी प्रकोप झेलना पड़ रहा है जिसने अली से पूछताछ की थी और बकायदे उसकी सीडी भी बनाई थी। हसन अली से प्रवर्त्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ में नए खुलासे को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उसकी रिमांड तीन दिनों के लिए और बढ़ा दी है जिसमें और खतरनाक खुलासों की सम्भावना है। अली का सबसे खतरनाक पक्ष वह है जिसमें उसके रिश्ते हथियारों के सौदागर अदनान खशोगी और दुर्दात आतंकवादियों से बताए जा रहे हैं। ईडी यह जानने की कोशिश में है कि केवल पांच करोड़ रुपए से खुले अली के बैंक खाते में देखते-देखते चौवन हजार करोड़ रुपए की बाढ़ कहां से आ गई? दुबई, सऊदी अरब से उसके खाते में धनवर्षा करने वाले छुपे चेहरे कौन थे? आशंका है कि अमेरिकी ट्रेड सेंटर पर आतंकी हमले के बाद दुनिया भर के बैंकों पर लगी बंदिशों को देखते हुए आतंकियों ने अली के खाते का जी भर कर इस्तेमाल किया। काला धन हमारे लिए कितना बड़ा खतरा है, क्या अब भी यह बताने की जरूरत है?

Tuesday, March 15, 2011

भ्रष्टाचार रोकेगा भारत की रफ्तार


 भ्रष्टाचार भारत की तेज आर्थिक विकास दर के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा है। इस पर काबू नहीं पाया गया तो नौ फीसदी की आर्थिक विकास दर को हासिल करना भी मुश्किल हो जाएगा। वित्तीय परामर्श सेवाएं देने वाली प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फर्म केपीएमजी ने रिश्वत व भ्रष्टाचार पर अपने सर्वेक्षण में यह बात कही है। सोमवार को जारी इस सर्वे रिपोर्ट में देश के रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन उद्योग को सबसे ज्यादा भ्रष्ट माना गया है। वहीं, 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में उलझा टेलीकॉम उद्योग दूसरे स्थान पर है। यह रिपोर्ट उद्योग जगत के साथ बातचीत के आधार पर तैयार की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़े 68 फीसदी लोगों ने माना है कि भ्रष्टाचार का स्तर कम हुआ, तभी भारत नौ फीसदी या इससे ज्यादा की आर्थिक विकास दर को हासिल कर सकेगा। 31 फीसदी ने कहा कि करप्शन यानी भ्रष्टाचार नौ फीसदी की विकास दर को हासिल करने में बहुत बड़ी बाधा है। सिर्फ एक फीसदी लोगों ने कहा है कि इसका कोई असर नहीं होगा। इसी तरह 51 फीसदी का कहना है कि भ्रष्टाचार की वजह से देश में विदेशी निवेश कम होगा। 46 फीसदी के मुताबिक निवेश तो आएगा, लेकिन हर क्षेत्र में नहीं। निवेश की यह कमी विकास दर पर विपरीत असर डालेगी। लगभग 32 फीसदी लोगों ने कहा है कि रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है। इसके बाद दूसरे स्थान पर दूरसंचार क्षेत्र को रखा है। सामाजिक क्षेत्र (शिक्षा, गरीबी उन्मूलन) वगैरह को तीसरे स्थान पर रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक जिन उद्योगों में सरकारी हस्तक्षेप अधिक है, वहां भ्रष्टाचार की ज्यादा संभावनाएं हैं। भारी-भरकम निवेश वाली परियोजनाएं और तमाम सरकारी विभागों से मंजूरी लेने की बाध्यताओं की वजह से भ्रष्टाचार फलता-फूलता है। कॉरपोरेट सेक्टर के 99 फीसदी लोग मानते हैं कि भ्रष्टाचार की वजह से भेदभाव होता है, जो कारोबार के रास्ते में भी एक बड़ी बाधा है|

Monday, March 14, 2011

स्विस बैंक के ज्यादा खाते नहीं खंगाल पाएगा भारत


 काले धन को लेकर चौतरफा सवालों से घिरी भारत सरकार की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। स्विट्जरलैंड के बैंकों ने अपनी सरकार से अपील की है कि वह किसी भी देश द्वारा बड़ी संख्या में खातों की जानकारी देने के अनुरोध को ठुकरा दे। इससे भारत सरकार द्वारा वहां से काला धन वापस लाने की कोशिशों को झटका लग सकता है। अनुमान है कि भारतीयों की करीब 70 लाख करोड़ रुपये की काली कमाई विदेशी बैंकों में जमा है। मालूम हो कि अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते स्विट्जरलैंड सरकार ने 15 फरवरी को गोपनीय बैंक खातों के बारे में सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के नियमों में ढील देने की घोषणा की थी। काले धन का पता लगाने को कोशिशों में जुटे भारत और उसके जैसे अन्य देशों को स्विस सरकार के इस कदम से फायदा होने की उम्मीद है। भारत सरकार ने भी पिछले सप्ताह संसद को स्विट्रलैंड के नियमों में ढील के प्रस्ताव की जानकारी दी थी। स्विट्जरलैंड के बैंकों को अपने ग्राहकों की संपत्तियां और खातों की जानकारी गुप्त रखने के लिए जाना जाता है। इन बैंकों ने सरकार को आगाह किया है कि वह किसी भी दूसरे देश के साथ स्वत: सूचना आदान-प्रदान के करार पर दस्तखत न करे। स्विस बैंकों ने अपने शीर्ष संगठन स्विस बैंकर्स एसोसिएशन (एसबीए) के माध्यम से सरकार तक यह बात पहुंचाई है। एसबीए ने सरकार से कहा कि वैश्विक बैंकिंग प्रणाली में स्विस वित्तीय केंद्र के हितों की रक्षा के लिए ऐसा करना जरूरी है। एसबीए ने एक बयान के जरिए सरकार को बैंकिंग सूचना आदान-प्रदान के नियमों में ढील देने के प्रस्ताव पर बैंकों के विचारों से अवगत कराते हुए ये बातें कहीं। हालांकि यूरोपीय देश भारत जैसे देशों को बैंकिंग जानकारी उपलब्ध कराने के अपने नियमों में ढील देने की तैयारी कर रहे हैं। ज्ञात हो कि यदि किसी दूसरे देश का स्विट्जरलैंड के साथ सूचना आदान-प्रदान करार है, तो वह देश स्विस सरकार को कर चोरी करने वाले संदिग्ध लोगों के नाम और पते बताकर सरकार से मदद ले सकता है। भारत सरकार पर काले धन को विदेशों से लाने को लेकर विपक्ष के अलावा अदालत का भी काफी दबाव है। उच्चतम न्यायालय कह चुका है कि सरकार को विदेशों में काला धन जमा कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। भारतीयों द्वारा स्विट्जरलैंड के बैंकों में जमा कराए गए काले धन का पता लगाने के लिए भारत और स्विट्जरलैंड के बीच संधि का प्रस्ताव इस समय स्विस संसद के पास है। अपनी सरकार के कदम के बारे में स्विस बैंकों का कहना है कि सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि इन संशोधनों से मौजूदा प्रशासनिक सहयोग प्रक्रियाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा|

हसन अली का स्वर्ग


मुंबई की अदालत में मिंट चबा रहा हसन अली दरअसल भारत के कानून को चबा रहा था। हसन अली को जमानत देते हुए अदालत पूरी दुनिया को बता रही थी कि भारत की जांच एजेंसियों का डायनासोरी तंत्र अपने सबसे पुराने और मशहूर कर चोर व काले धन के सरगना के खिलाफ एक कायदे का मुकदमा भी नहीं बना सकता। दो माह पहले वित्त मंत्री बड़े भोलेपन के साथ विश्व को बता चुके हैं कि हसन अली के स्विस बैंक खाते तो खाली हैं। होने भी चाहिए, काले धन पर इतनी चिल्ल-पों के बाद कोई अहमक ही खातों में पैसा रखेगा। हसन अली हमारी व्यवस्था की शर्मिंदगी का शानदार प्रतीक है। स्विस बैंक की गर्दन दबाकर अमेरिका अपने 2000 हसन अलियों का सच उगलवा लेता है और प्रख्यात टैक्स हैवेन केमैन आइलैंड का धंधा ही बंद करा देता है। फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन के डपटने पर लीचेंस्टाइन, वर्जिन आइलैंड पैसा व जानकारी समर्पित कर देते हैं, लेकिन हसन अली का देश यानी भारत तो दुनिया के उन मुल्कों में शुमार है, जिनका भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में रिकॉर्ड संदिग्ध है, क्योंकि भारत ने आज तक भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय संधि पर दस्तखत नहीं किए हैं। इस संधि के बिना किसी कर स्वर्ग से जानकारी कैसे मिलेगी। दरअसल हसन अली ने जो छिपाया है, उससे ज्यादा खोल दिया है। वह काले धन, कर चोरी, हथियारों की दलाली और वित्तीय जरायम से निबटने की हमारी क्षमताओं का नंगा सच उघाड़ रहा है। हसन अलियों के लिए भारत स्वर्ग यूं ही नहीं बन गया है। हसन अली के मौके एक्साइज इंस्पेक्टर का बेटा हसन अली भारत में सर्वसुलभ रास्तों पर चलकर काले धन की दुनिया का सितारा बना है। काले धन के उत्पादन पर उपलब्ध टनों शोध व अध्ययनों के मुताबिक कर चोरी काले धन की पैदावार का सबसे बड़ा जरिया है। याद कीजिए भारत में तस्करी की दंतकथाएं कर कानूनों के कारण ही बनी थीं। कर नियमों में स्थिरता और पारदर्शिता कर चोरी रोकती है। मगर भारत में तो हर वित्त मंत्री अपने हर बजट में कर व्यवस्था मनचाहे ढंग से कहीं भी मोड़ देता है। इसलिए भारत में कंपनियां व करदाता कर की दीर्घकालीन नहीं, बल्कि सालाना योजना बनाते हैं और अगले साल कर कानूनों के बदलाव के बाद बचने के रास्ते तलाशते हैं। दुनिया के देश कर कानूनों को बिरले ही बदलते हैं, उनके कर प्रशासन अपनी ऊर्जा काले धन की फैक्टि्रयों को बंद करने पर लगाते हैं और हमारे कर अधिकारी खुद को बेचने पर मेहनत करते हैं। भारत की कालिख शेष दुनिया से फर्क है। वहां काला धन विशुद्ध आपराधिक गतिविधियों मसलन नशीली दवाओं या हथियारों के कारोबार से उपजता है, लेकिन भारत में कालिख सार्वजनिक और कानूनी कारोबारों को अवैध ढंग से करने से उपजती है। हमारे काले धन की फैक्टि्रयां कानून तोड़कर नहीं कानूनों से डरकर बनी हैं। भारत की काली इकोनॉमी खुदरा है, कर से बचने के लिए वह आधिकारिक वित्तीय तंत्र ( बैंकिंग) से बाहर हाथों हाथ चलती है और अंतत: मुठ्ठी भर लोगों के पास पहुंचकर थोक में बदल जाती है, जो कि नीतियां बनाने, बदलने या प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। भारत मे काले धन का यह तंत्र स्पष्ट, आधिकारिक और क्रिकेट व फिल्म की तरह दैनिक जीवन का हिस्सा है। हसन अली की मेहनत ने उसे काले धन के थोक डीलरों तक पहुंचा दिया और वह हर कानून से ऊपर हो गया। हसन अली की ढाल हसन अली को हिरासत की जगह जमानत मिल गई या कहिए कि कमजोर पुरानी हिफाजत मिल गई। अदालत कहती है कि इस पर मनी लॉन्डि्रंग का मामला भी नहीं बनता, क्योंकि इसके खेल तो भारत में मनी लॉन्डि्रंग कानून (2005) के जन्म से पहले के हैं। समझ सकते हैं कि हसन अली कितना पुराना खिलाड़ी है और आज तक अभियोजन के पास उसे घेरने के साक्ष्य नहीं हैं। वह तो खुद स्विस बैंक (यूबीएस) ने अगर हसन अली को संदेश (जांच एजेंसियों के हाथ यह मैसेज लगा था) भेजकर न बताया होता तो हम जान भी न पाते कि एक कबाड़ी (स्क्रैप डीलर- हसन अली का आधिकारिक कारोबार) स्विस बैंकों में नौ अरब डॉलर रखता है। सरकारें संसद से लेकर अदालत तक बताती रही हैं कि हसन अली हर बड़े जरायम में शामिल है। हथियार व्यापारी अदनान खशोगी का फंड मैनेजर हसन अली की सेवा में रहा है और दाऊद के उससे रिश्ते रहे हैं। मगर इतने नायाब हसन अली को जेल भेजने के लिए हमारी जांच एजेंसियों के पास कोई सबूत नहीं है। हसन को नोटिस जारी करते-करते भारत में आयकर अधिकारियों की एक पीढ़ी इंस्पेक्टर से कमिश्नर हो गई है। ताजा नोटिस 75,000 करोड़ रुपये की वसूली का है। भारत की जांच एजेंसियां और कर प्रशासन उदार हैं, उनकी जांच अपराधियों को बचाती है। भारत का जांच तंत्र अभियोजन की कमजोरी के लिए कुख्यात है। हमारा राजस्व विभाग अदालती लड़ाई में कनाडा की क्रिकेट टीम है। हसन अली जमानत पर बाहर है, सरकार किस मुंह से स्विस बैंकों से जानकारी मांगेगी, जब हमारा अपना कानून उस पर अभियोजन तक नहीं बना पाता। हसन अली की सुविधा अमेरिका की इंटरनल रेवेन्यू सर्विस (आइआरएस) को अपने करीब 4450 हसन अलियों (टैक्स हैवेन में पैसा रखने वालों) की जानकारी चाहिए थी। उसने 78 करोड़ डॉलर के जुर्माने वाले एक मुकदमे के साथ 2009 में स्विट्जरलैंड के सबसे बड़े निजी बैंक यूबीएस की गर्दन दबाई और बैंक ने पिछले साल 2000 अमेरिकियों का सच सौंप दिया। बचे अमेरिकियों की जानकारी देने का जिम्मा स्विस सरकार ने अपने सर ले लिया है। इसी दशक की शुरुआत तक केमैन आइलैंड दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा वित्तीय केंद्र था, न्यूयॉर्क, लंदन, हांगकांग, टोक्यो के बाद। टैक्स हैवेन की दुनिया का नया सितारा। अमेरिका ने सूचना के आदान-प्रदान का समझौता कर पर्दे नोच दिए और केमैन का खेल लगभग खत्म हो गया। फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी ने कर स्वगरें को अपनी ताकत दिखाकर रिकवरी शुरू कर दी है। इधर अपने वित्त मंत्री सिर्फ इसी में (बजट भाषण) खुश हैं कि भारत ने सूचना आदान-प्रदान के लिए दुतरफा समझौते किए हैं और फत्फ (मनी लॉन्डि्रंग के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समूह) की सदस्यता मिल गई है। किसी मुगालते में मत रहिए भारत की ये कोशिशें दरअसल आतंक के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहमति और आतंकवाद का वित्त पोषण रोकने के लिए हैं। भ्रष्टाचार व विदेश में जमा काले धन की वापसी इस इंतजाम का लक्ष्य नहीं है। क्योंकि कर स्वगरें से सच उगलवाने के लिए तो भारत को भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र संघ की अंतरराष्ट्रीय सहमति का हिस्सा बनना पड़ेगा और अपने देश के कानून बदलने होंगे। हसन हली की सबसे बड़ी सुविधा यही है कि भारत अमेरिका या यूरोप नहीं है। हमारी सरकार काला धन वापस लाने के लिए ऐसा कोई जोखिम नहीं लेगी, जिससे बडे़ चेहरों से नकाब उतर जाए। भ्रष्टाचार, काले धन और कर स्वगरें से पैसे की वापसी भारत के नीतिगत एजेंडे में कभी भी किसी वरीयता पर नहीं रही। न हमारे पास दमदार कानून है, न प्रभावी जांच, न अचूक अभियोजन और न ही इतनी ताकत कि हम भारत से चुराई गई पूंजी वापस ला सकें। सुप्रीम कोर्ट फालतू में मगजमारी करता है तो सरकार भी पूरी गंभीरता के साथ नाटक करती है। अंतत: हमें पता चलता है कि हसन अली के विदेशी खाते खाली हैं और हैदराबादी घोड़ेवाला (मुंबई रेस कोर्स में हसन अली का नाम) देश के कानून को मिंट की तरह चबाता हुआ जमानत पर बाहर आ जाता है। काले धन के खिलाफ भारत की लड़ाई सिर्फ एक कॉमेडी है और हसन अली इस ड्रामे का हीरो है। हसन अली ने भले ही दुनिया के किसी भी कर स्वर्ग में अपना पैसा छिपाया हो, लेकिन उसका स्वर्ग कहीं नहीं, बस यहीं है भारत में। ..जिओ हसन अली वाहे वाहे!!