Tuesday, March 22, 2011
संगीन इल्जाम, लचर दलीलें
भ्रष्टाचार के तमाम आरोपों से चौतरफा घिरी मनमोहन सरकार के लिए विकिलीक्स के खुलासे के बाद मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार की साख पर लगातार लग रहे बट्टे ने प्रधानमंत्री की छवि को कमजोर किया है। संप्रग-एक के दौरान जिस तरह से न्यूक्लियर डील पर सरकार बचाने के लिए सांसदों की खरीद-फरोख्त का खुलासा हुआ है, उसके बारे में उस वक्त भी काफी चर्चा हुई थी और जांच वगैरह भी हुई थी, लेकिन ताजा खुलासे ने विपक्ष को सरकार पर एक बार फिर हमला करने का मौका दे दिया। खुलासे पर फजीहत होते देख सरकार के कद्दावर मंत्री और संकटमोचक प्रणब मुखर्जी ने मोर्चा संभाला। संसद में विपक्ष के हमलावर तेवर पर पलटवार करते हुए वित्तमंत्री ने यह कहकर विपक्ष के आरोपों की हवा निकालने की कोशिश की कि यह पूरा मामला चौदहवीं लोकसभा का है और पंद्रहवीं लोकसभा पिछली लोकसभा में हुई घटनाओं पर विचार नहीं कर सकती। इतने संगीन इल्जाम पर सरकार की ओर से वित्तमंत्री और कानून, संसदीय परंपरा और सरकारी नियमों के चलते-फिरते इंसाइक्लोपीडिया माने जाने वाले प्रणब मुखर्जी ने बेहद हल्की बात करके पूरे देश को चौंका दिया। प्रणब मुखर्जी की याददाश्त का लोहा पूरा देश मानता है। क्या प्रणब मुखर्जी यह भूल गए कि जब इमरजेंसी के खत्म होने के बाद हुए चुनाव के बाद सातवीं लोकसभा का गठन हुआ था तो सदन ने इंदिरा गांधी को उसके पहले के लोकसभा के दौरान उनके किए कार्यो पर कार्रवाई की थी। उस वक्त इंदिरा गांधी के निकट सहयोगी रहे प्रणब दा क्या यह भी भूल गए कि जब जनता सरकार के पतन के बाद 1980 में इंदिरा गांधी फिर से सत्ता में आई और आठवीं लोकसभा का गठन हुआ तो उसने फिर से पिछली लोकसभा के इंदिरा गांधी के मुतल्लिक लिए गए फैसलों को पलट दिया था। इन दोनों उदाहरणों से यह साबित होता है कि सरकार के सबसे बड़े संकटमोचक से चूक हो गई। क्या प्रणब मुखर्जी और कांग्रेस पार्टी कुछ ही दिन पहले लिए गए सरकार के निर्णय को ही भूल गई। कुछ ही दिन पहले सरकार ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय दल का गठन किया है, जो पिछली लोकसभा के दौरान लिए गए निर्णयों को कसौटी पर कसेगा। इन आधारहीन तर्को को खारिज करते हुए विपक्ष ने सरकार पर अपना हमला जारी रखा और प्रधानमंत्री से सदन में बयान देने का दबाव बढ़ा दिया। नतीजे में प्रधानमंत्री को संसद में बयान देना पड़ा। आक्रमण की स्थिति में सबसे अच्छे बचाव की तर्ज पर प्रधानमंत्री ने संसद के दोनों सदनों में बयान दिया। अपनी सरकार और पार्टी का जोरदार बचाव करते हुए प्रधानमंत्री ने नोट के बदले वोट के आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। मनमोहन सिंह ने अपनी पिछली सरकार को बचाने के लिए सांसदों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विपक्ष को यह कहते हुए आईना दिखाने की कोशिश की कि जनता ने आमचुनाव में विपक्ष के इन आरोपों को तवज्जो नहीं दी। कांग्रेस पार्टी को पिछले आमचुनाव में 2004 के चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीटें मिली। प्रधानमंत्री मनमोहमन सिंह ने संसद में दिए अपने बयान में बीजेपी और वामदलों को चुनाव में मिली कम सीटें भी गिना दीं। मनमोहन सिंह ने यह तर्क दिया कि विपक्ष जनता द्वारा नकारे गए आरोपों को फिर से हवा देकर बेवजह सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। अपने वित्तमंत्री की राह पर चलते हुए प्रधानमंत्री ने भी बेहद लचर तर्को का सहारा लिया। क्या चुनाव जीत जाने से सारे आरोप और जुर्म खारिज हो जाते हैं। क्या सही-गलत का फैसला जनता की अदालत में ही हुआ करेगा, क्या अब जांच एजेंसी और जांच कमेटियां बेमानी हो जाएंगी। अगर प्रधानमंत्री के इन बयानों को मान लिया जाए तो तमाम अपराधी और गुंडे जो विधायक या सांसद बन जाते हैं, उनके जुर्म चुनाव जीतते ही खत्म हो जाते हैं। इस तर्क के आधार पर बिहार के बाहुबली सांसद रहे शहाबुद्दीन के तमाम जुर्म गलत हैं, क्योंकि अदालत द्वारा मुजरिम करार दिए जाने और कोर्ट से चुनाव लड़ने पर रोक लगाने के पहले तो शहाबुद्दीन को जनता लगातार चुनकर लोकसभा में भेजती रही थी। क्या अपने बयान से प्रधानमंत्री यह संदेश देना चाह रहे हैं कि आप चाहे जितना भी बड़ा अपराध करें, अगर जनता ने आपको चुन लिया है तो आपके सारे पाप धुल जाते हैं। क्या प्रधानमंत्री अपने इस बयान से डीएमके के नेताओं को यह संदेश देना चाह रहे हैं कि ए राजा पर चाहे एक लाख छिहत्तर हजार करोड़ के टेलीकॉम घोटाले का आरोप लगा हो, लेकिन अगर वह फिर से चुनाव जीत जाते हैं तो सारे आरोप खारिज हो जाएंगे। देश के शीर्ष पद पर बैठा एक जिम्मेदार व्यक्ति अगर देश की सबसे बड़ी पंचायत में इस तरह का गैर जिम्मेदाराना बयान देता है तो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंता की बात है। चिंता इस बात को लेकर भी होती है कि जिसके हाथ में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को चलाने और उसकी गरिमा को बचाने की जिम्मेदारी है, वह लोकतंत्र और जनता के समर्थन को ही घोटालों से बचने की ढाल बना रहा है। संसद में प्रधानमंत्री के उक्त बयान को कांग्रेस के लोग बेहद आक्रामक और हमलावर बयान करार देकर खुद की पीठ थपथपा रहे हैं। आक्रामक दिखने वाले उक्त बयान में न तो गंभीरता है और न ही दम। जिस तरह की लचर दलील और जनता के समर्थन की आड़ लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नोट के बदले वोट के आरोपों को नकारने वाला बयान दिया है, उसी से मिलता जुलता बयान लंदन में भारत के हाई कमिश्नर रहे बीके नेहरू ने भी दिया था। जब 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को चुनावी गड़बडि़यों के आधार पर खारिज कर दिया था, तब बीके नेहरू ने कहा था कि अदालत के इस फैसले से इंदिरा गांधी के राजनीतिक भविष्य पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। श्रीमती गांधी को अब भी देश की जनता का जबरदस्त समर्थन हासिल है और मुझे लगता है कि भारत के प्रधानमंत्री को उस वक्त तक अपने पद पर बने रहना चाहिए जब तक कि जनादेश उनके खिलाफ ना हो। उस वक्त इंदिरा गांधी के चमचों ने उन्हें देश में इमरजेंसी लगाने की सलाह दी थी और पद छोड़ने के भयानक दबाव में श्रीमती गांधी ने देश में इमरजेंसी लगा थी। उसके बाद क्या हुआ यह इतिहास है। अब वक्त आ गया है कि सरकार देश को गुमराह करना छोड़े, जनता की आड़ लेकर लोकतंत्र को कमजोर करने वालों लोगों की ईमानदारी से पहचान की जाए और उन्हें सख्त सजा मिले ताकि भविष्य में इस तरह की हरकतें नहीं दोहराई जाएं। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)
फेमा के तहत कलमाड़ी के खिलाफ कार्रवाई तय
ठोस सबूत के अभाव में राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी भले ही अब तक भ्रष्टाचार के मामलों मेंसीबीआइ के शिकंजे से बचते रहे हों, लेकिन विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) के उल्लंघन के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का उनके खिलाफ शिकंजा कसना तय है। ईडी ठोस सबूतों के साथ कलमाड़ी को फेमा उल्लंघन के मामले में कारण बताओ नोटिस भेजने की तैयारी में जुटा है। फेमा के तहत भेजा गया कारण बताओ नोटिस आरोप पत्र के समान ही होता है और इसके आधार पर फेमा उल्लंघन के मामलों की सुनवाई के लिए बने विशेष ट्रिब्युनल में सुनवाई होती है। वैसे तो फेमा उल्लंघन के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने का कोई प्रावधान नहीं है, पर आरोपी को फेमा उल्लंघन की राशि का तीन गुना तक जुर्माना देना पड़ सकता है। राजस्व विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लंदन में हुई क्वींस बेटन रिले के दौरान लगभग 11 करोड़ रुपये खर्च किए गए। वैसे आयोजन समिति ने विदेशी मुद्रा में किए गए इस खर्च के लिए रिजर्व बैंक से अनुमति ले ली थी लेकिन इनमें से एक करोड़ रुपये से अधिक (एक लाख 46 हजार पौंड) का भुगतान रिजर्व बैंक की अनुमति लिए बिना ही किया गया। रिजर्व बैंक की अनुमति के बिना भुगतान साफ तौर पर फेमा का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति के दफ्तर और रिजर्व बैंक से जुटाए गए दस्तावेजों से साफ है कि सुरेश कलमाड़ी के निर्देश के बाद ही एक करोड़ रुपये से अधिक की इस राशि को रिजर्व बैंक अनुमति लिए बिना खर्च कर दिया गया। फेमा के तहत कलमाड़ी को इस राशि के तीन गुना यानी तीन करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना देना पड़ सकता है|
हसन अली का स्टिंग करने वाला आइपीएस निलंबित
देश के नंबर एक कर चोर हसन अली खान से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर स्टिंग ऑपरेशन करने वाले आइपीएस अशोक देशभारतर को महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को निलंबित कर दिया। उनके निलंबन को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा हुआ। महाराष्ट्र गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार सीआइडी की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस उपायुक्त (जीआरपी) अशोक देशभारतर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि स्टिंग ऑपरेशन की जो सीडी मीडिया को लीक की गई उसमें छेड़छाड़ की गई थी। मुंबई में 2008 में फर्जी पासपोर्ट मामले में अली की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ के दौरान देशभारतर ने उसकी सीडी बनाई, जिसमें पुणे के इस कारोबारी के साथ मुंबई के पुलिस आयुक्त की नियुक्ति के बारे में चर्चा के दौरान कांग्रेस और राकांपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम आया। सीडी में अली ने कथित तौर पर आरआर पाटिल और कांग्रेस तथा राकांपा के अन्य नेताओं से अपनी करीबी होने का दावा करते हुए कहा था कि गफूर को मुंबई का पुलिस आयुक्त बनाने का फैसला उसकी और कुछ नेताओं की मुलाकात के दौरान किया गया। देशभारतर के निलंबन को लेकर विधानसभा में भाजपा सदस्य देवेन्द्र फड़नवीस ने आरोप लगाया कि सरकार आइपीएस के खिलाफ काम कर रही है, क्योंकि उन्होंने हाईकोर्ट में चल रहे हसन अली मामले में हस्तक्षेप के लिए सरकार से इजाजत मांगी थी। इसके बाद शिवसेना, मनसे एवं भाजपा के विधायक सदन के बींचोंबीच आ गए|
Monday, March 21, 2011
अरसे से हसन पर मेहरबान आयकर विभाग
विदेशी बैंकों में अरबों की राशि रखने के मामले में घिरे हसन अली खान को केंद्र सरकार का समर्थन काफी पुराना है। वर्ष 2009-10 में आयकर विभाग ने हसन अली को 3250 करोड़ रुपये का फायदा पहुंचाने की कोशिश की। दरअसल, उस पर बकाया कर की राशि के तौर पर 4056 करोड़ रुपये का ब्याज बतौर जुर्माना लगाया जाना था, लेकिन आय कर विभाग ने सिर्फ 706 करोड़ रुपये का ही जुर्माना तय किया था। इस बात का खुलासा सीएजी की एक रिपोर्ट में हुआ है, जिसे शुक्रवार को सदन पटल पर रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक छह वर्षो (वर्ष 2001-02 से वर्ष 2006-07) के दौरान पुणे स्थित इस व्यापारी की आय 529 करोड़ रुपये से बढ़ कर 54,298 करोड़ रुपये हो गई। लेकिन इस दौरान उसने कर भुगतान में खूब गड़बडि़यां कीं। अली ने वर्ष 2001-02 से लेकर 2003-04 और फिर 2005-07 में कर का भुगतान नहीं किया। लेकिन बाद में जब आयकर विभाग ने उस पर दबिश दी तो मई, 2007 में एकमुश्त कर अदायगी की। सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2009-10 में देश भर में कुल दो लाख करोड़ रुपये की राशि बतौर आयकर बकाया थी। इसमें से लगभग 35 फीसदी यानी 71,874 करोड़ रुपये की राशि सिर्फ हसन अली समूह पर बकाया थी। इस पर ब्याज का आकलन करने में आयकर विभाग ने काफी गड़बडि़यां की हैं। सीएजी के मुताबिक हसन अली पर अग्रिम कर की गणना तो वास्तविक राशि (9756.9 करोड़ रुपये) से ज्यादा (10,033.3 करोड़ रुपये) की गई है। लेकिन समय पर रिटर्न नहीं भरने के मामले में बकाया आयकर पर ब्याज लगाने के मामले में हसन अली पर 3250 करोड़ रुपये कम बोझ डाला गया। सीएजी की रिपोर्ट हसन अली को बचाने का आरोप झेल रही केंद्र सरकार की मुश्किलें और बढ़ा सकती है। विपक्षी दलों को सरकार पर आक्रमण करने का एक और मौका मिल गया है। हसन अली मामला सरकार के लिए काफी परेशानी पैदा कर रहा है। सरकार पर विपक्षी दल आरोप लगा रहे हैं कि वह हसन अली को बचाने में जुटी है। जबकि उसके तार विदेशी बैंकों में जमा राशि और हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वालों से जुड़े हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले पर केंद्र सरकार को झाड़ लगाई थी। दरअसल, निचली अदालत ने तो हसन अली को जमानत भी दे दी थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को न केवल उसकी जमानत खारिज कर दी बल्कि निचली अदालत के न्यायाधीश पर तीखी टिप्पणियां भी कीं। इसके बाद हसन अली ने प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है|
सीबीआई से कम कुछ भी नहीं मंजूर
विकिलीक्स के खुलासे में सांसद खरीद कर सरकार बचाने के मामले में विपक्ष प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बख्शने के मूड में कतई नहीं है। एक तरफ विशेषाधिकार हनन के मामले में सदन के भीतर उनको घेरने की कोशिशें शुरू हो गई हैं, वहीं दूसरी तरफ इस मामले में किशोर चंद्र देव समिति की सिफारिशों के आलोक में सीबीआइ जांच से कम पर विपक्ष मानने को तैयार नहीं है। विपक्ष ने प्रधानमंत्री के संसद में दिए बयान को गलतबयानी करार देते हुए इसके लिए दबाव बढ़ा दिया है। राजग ने इस मामले पर गुरुवार को अपने शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी को उतारा था तो शुक्रवार को मोर्चा संभाला लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने। दोनों नेताओं ने संसद के भीतर प्रधानमंत्री पर तमाम सवाल दागने के बाद बाहर भी संयुक्त बयान व पत्रकार वार्ता कर दो टूक कहा कि इस मामले के आपराधिक पहलू की सीबीआइ जांच तत्काल कराई जानी चाहिए। दोनों नेताओं ने कहा कि इस मामले में मनमोहन सिंह भले ही खुद को अपराधी न मानें, लेकिन इस अपराध से मिले विश्वास मत के सबसे बड़े लाभार्थी तो वही हैं। सुषमा स्वराज ने कहा कि किशोर चंद्र देव समिति ने विपक्ष के विरोध के बावजूद बहुमत के निर्णय में स्पष्ट तौर पर माना था कि इस मामले में घूसखोरी हुई थी और मामले की जांच किसी उचित एजेंसी से कराने की सिफारिश की थी। इसमें संजीव सक्सेना का नाम भी था जिसने सरकार के पक्ष में वोट देने के लिए सांसदों को रिश्वत दी थी। सरकार ने इतने दिनों तक सच्चाई छिपाई और जांच नहीं कराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कहना कुतर्क है कि 2008 की इस घटना के बाद 2009 में आम चुनाव में संप्रग ज्यादा सीटें जीतकर आया और विपक्ष की सीटें घट गई। ऐसा बयान राजनीति में अपराधीकरण को बढ़ावा देता है। क्या इससे यह माना जाएगा कि अपराधी चुनाव जीतने पर दोषी साबित होने पर भी मुकदमों से बच जाएंगे? माकपा ने भी सीबाआइ जांच की मांग की। अपना दामन साफ करने की कोशिश में सपा विकिलीक्स के नए रहस्योद्घाटन के बाद भाजपा व वामदलों की ओर से बढ़ते दबाव के बीच सपा भी जांच के लिए सहमत है। अमेरिका से परमाणु करार को लेकर 2008 में संसद में विश्वासमत हासिल करने के कठिन वक्त पर सरकार को बचाने में समाजवादी पार्टी ने सबसे अहम भूमिका निभाई थी। पार्टी की कोशिश है कि जांच के सहारे उसका दामन पाक साफ हो जाएगा। इसलिए पार्टी ने किसी भी तरह की जांच कराने की चुनौती दी है। माना जा रहा है कि यदि मामला जांच के लिए फिर खुला तो सपा भी उसकी लपेट में होगी। परिस्थिति को भांपते हुए पार्टी प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य मोहन सिंह ने कहा, पार्टी प्रधानमंत्री से जवाब चाहती थी। उन्होंने संसद में जवाब दे दिया, फिर भी जांच हो जाए क्योंकि विश्वासमत के दौरान पार्टी ने किसी से धन का कोई लेन-देन किया ही नहीं था। प्रधानमंत्री की दो टूक सरकार बचाने के लिए रिश्वत के आरोपों को हम दृढ़ता से पूरी तरह नकारते हैं। जुलाई 2008 में 14वीं लोकसभा में सरकार ने सरकार ने लोकसभा में विश्वास मत 256 के मुकाबले 275 मतों से जीता था। रिश्वत के आरोपों की जांच 14वीं लोकसभा द्वारा गठित एक समिति ने भी की थी। समिति ने निष्कर्ष दिया कि रिश्वत के मामले में कोई निष्कर्ष निकालने के लिए अपर्याप्त सबूत हैं। विपक्षी सदस्य भूल गए हैं कि उसके बाद आम चुनाव में विपक्षी दलों ने रिश्वत के अपने आरोप दोहराए। जनता ने उसका जवाब ऐसे दिया कि मुख्य विपक्षी पार्टी की 14वीं लोकसभा में 138 सीटें थीं जो 15वीं लोकसभा में घटकर 116 रह गईं। वाम दलों की संख्या 59 से घटकर 24 रह गई। अकेले कांग्रेस पार्र्टी के सदस्यों की संख्या 145 से बढकर 206 हुई। वित्त विधेयक में भी परेशानी मंगलवार को संसद में सरकार ने अगर अडि़यल रुख दिखाया तो उसे वित्त विधेयक पारित कराने में भी खासी परेशानी होगी। मुख्य विपक्षी दल भाजपा वित्त विधेयक को फंसाने के मूड में नहीं है, लेकिन अगर सरकार विकिलीक्स मसले पर चर्चा न कराने पर अड़ी तो फिर न सिर्फ भाजपा और वाम दल, बल्कि तेलुगूदेशम जैसे दूसरे दलों की तरफ से हंगामा तय है। एंटनी बोले राजनयिकों से संभलकर करें बात विकिलीक्स के खुलासे के बाद रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने राजनयिकों से बातचीत में चौकस रहने की सलाह दी। एंटनी ने विकि लीक्स के खुलासों की प्रामाणिकता के बारे में कुछ भी बोलने से इंकार करते हुए सुझाव दिया कि व्यवहार कितने भी मित्रवत हों, राजनयिकों से बातचीत में सतर्क होना चाहिए। उन्होंने इसके आगे कुछ भी कहने से मना कर दिया|
Subscribe to:
Posts (Atom)
