देश के नंबर एक कर चोर हसन अली खान से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर स्टिंग ऑपरेशन करने वाले आइपीएस अशोक देशभारतर को महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को निलंबित कर दिया। उनके निलंबन को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा हुआ। महाराष्ट्र गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार सीआइडी की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस उपायुक्त (जीआरपी) अशोक देशभारतर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि स्टिंग ऑपरेशन की जो सीडी मीडिया को लीक की गई उसमें छेड़छाड़ की गई थी। मुंबई में 2008 में फर्जी पासपोर्ट मामले में अली की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ के दौरान देशभारतर ने उसकी सीडी बनाई, जिसमें पुणे के इस कारोबारी के साथ मुंबई के पुलिस आयुक्त की नियुक्ति के बारे में चर्चा के दौरान कांग्रेस और राकांपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम आया। सीडी में अली ने कथित तौर पर आरआर पाटिल और कांग्रेस तथा राकांपा के अन्य नेताओं से अपनी करीबी होने का दावा करते हुए कहा था कि गफूर को मुंबई का पुलिस आयुक्त बनाने का फैसला उसकी और कुछ नेताओं की मुलाकात के दौरान किया गया। देशभारतर के निलंबन को लेकर विधानसभा में भाजपा सदस्य देवेन्द्र फड़नवीस ने आरोप लगाया कि सरकार आइपीएस के खिलाफ काम कर रही है, क्योंकि उन्होंने हाईकोर्ट में चल रहे हसन अली मामले में हस्तक्षेप के लिए सरकार से इजाजत मांगी थी। इसके बाद शिवसेना, मनसे एवं भाजपा के विधायक सदन के बींचोंबीच आ गए|
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment