सर्वोच्च न्यायालय की फटकार और सख्त कार्रवाई की ताकीद के बाद हरकत में आए आयकर और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के प्रयासों ने सोमवार को असर दिखाया। निदेशालय ने दो साल से चकमा दे रहे कालेधन के सम्राट हसन अली व उनकी पत्नी को पुणे के कोरेगांव पार्क स्थित आवास से हिरासत में ले लिया। ईडी आफिस में अधिकारी अली दंपति से पूछताछ कर रहे है, जो रात भर चल सकती है। बताया जाता है कि उनकी हिरासत किसी भी समय गिरफ्तारी में तब्दील हो सकती है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा हसन अली के मामले में सरकारी रवैये पर तल्ख टिप्पणी किए जाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय के अफसरों ने अली के पुणे व कोलकाता स्थित हसन आवासों पर सुबह से डेरा जमा लिया था। दोपहर को अफसरों ने अली दंपति को पुणे स्थित आवास से पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया और उन्हीं की मर्सिडीज कार (एमएच-04, सीज़ेड-4297) से मुंबई ले आए। इसके बाद अली दंपति को कई स्थानों पर ले जाकर छानबीन की। इसी क्रम में उन्हें पैडर रोड के आनंद भवन स्थित आवास भी ले जाया गया। रात 9.45 पर दोनों को ईडी आफिस लाया गया,जहां देर रात तक अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, निदेशालय की टीम मंगलवार को विभिन्न बैंकों में स्थित अली के खातों एवं लॉकरों की जांच करेगी। प्रवर्तन निदेशालय ने सात मार्च को अली को हाजिर होने के लिए समन जारी किया था। हसन अली पर गैरकानूनी विदेशी मुद्रा और हवाला रैकेट चलाने के अलावा आयकर विभाग के 50 हजार करोड़ रुपए कर न चुकाने का आरोप है। यह रकम भरने का आदेश उसे दिसंबर, 2008 में हुआ था।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment