Wednesday, April 6, 2011
शुंगलू समिति की रिपोर्ट और देश के गुनाहगार
शुंगलू समिति की अंतिम रिपोर्ट निराशा पैदा करने वाली है। अचरज लगता है कि यह समिति कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए कई सौ करोड़ की लूट के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान तक नहीं कर पाई है और निष्कर्ष के तौर पर यह मान बैठी है कि इस महाघोटाले में संलिप्तता उन सबकी रही है, जो प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप में खेल से जुड़े हुए थे। देखा जाए तो समिति का यह निष्कर्ष भ्रष्टाचारियों के लिए औषधि का काम कर गया है, लेकिन देश के उन करोड़ों लोगों के हाथ जरूर निराशा लगी है, जो यह उम्मीद लगाए थे कि समिति अपनी जांच में दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए हजारों करोड़ रुपये आवंटित किया गया था और उसे सफल बनाने का उत्तरदायित्व आयोजन समिति, खेल मंत्रालय, मंत्रियों का समूह और सचिवों के समूह के कंधे पर था। निर्माण कार्य के दौरान सारे नियम-कानूनों को ताक पर रखकर इन समूहों द्वारा जमकर जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा गया, लेकिन शुंगलू समिति की रिपोर्ट आने के बाद महालूट के लिए इनमें से किसी को भी सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। होना तो यह चाहिए था कि अगर कॉमनवेल्थ गेम्स की सफलता का श्रेय इन्हें जाता है तो इसमें मची लूट और अंधेरगर्दी के लिए भी यही लोग जिम्मेदार ठहराए जाते, लेकिन शुंगलू समिति की रिपोर्ट ने सच्चाई पर ग्रहण लगा दिया है। सीधे तौर पर किसी को भी जिम्मेदार न ठहराकर सरकार को एक बार फिर उसके आस्तीन में छिपे भ्रष्टाचारियों को बचाने का मौका उपलब्ध करा दिया है। निष्कर्ष के तौर पर शुंगलू समिति की रिपोर्ट में हैरानी जताई गई है कि इतना बड़ा खेल आयोजन एक गैर सरकारी संगठन को कैसे सौंप दिया गया है। साथ ही यह भी आशंका जाहिर की गई है कि कुछ मामलों में प्रधानमंत्री कार्यालय ने हस्तक्षेप तो जरूर किया, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों पर ठोस कार्रवाई नहीं की। समिति की रिपोर्ट में नया क्या शुंगलू समिति ने अपनी रिपोर्ट में वही बातें कही हैं, जो विपक्षी दलों द्वारा कही जाती रही हैं। भ्रष्टाचार के मसले पर प्रधानमंत्री कार्यालय की चुप्पी शुरू से ही हैरान करने वाली रही है। रिपोर्ट के अंत में कहा गया है कि भविष्य में कॉमनवेल्थ जैसे आयोजन प्रधानमंत्री की निगरानी में होने चाहिए, लेकिन देखा जाए तो समिति का यह खुलासा बिल्कुल हैरानी पैदा करने वाला नहीं है। जब कॉमनवेल्थ गेम्स में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी दलों द्वारा सरकार को घेरा जा रहा था तो सरकार अंत तक यही तोतारट लगाती रही कि सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा है, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर गुजरने लगा और भ्रष्टाचार की गंगा में डुबकी लगाने वाले लुटेरे उतराने लगे, तब जाकर सरकार हरकत में आई और खेल समाप्ति के बाद जांच कराने की बात कहकर विपक्षी दलों को शांत किया। गनीमत रही कि कोई दुर्घटना बगैर आयोजन सफल रहा, लेकिन खेल संपन्न होने के बाद जब एक बार फिर सरकार पर हमला तेज हुआ तो सरकार सीबीआइ के माध्यम से लूट के महाखेल में शामिल कुछ छोटी मछलियों को फांसने लगी और फजीहत से बचने के लिए जांच समिति का गठन कर डाला। लेकिन अब जब जांच समिति की रिपोर्ट आ गई है तो भी नहीं लगता है कि सरकार कानून का डंडा दोषियों पर चला पाएगी। सरकार भी कम कसूरवार नहीं प्रत्यक्ष रूप से भले ही शुंगलू समिति द्वारा सीधे तौर पर किसी एक को भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है, लेकिन परोक्ष रूप से देखा जाए तो इसके लिए सबसे ज्यादा सरकार ही जिम्मेदार है, क्योंकि उसी के निगरानी तंत्र में सब घालमेल संपन्न हुआ है। शुंगलू जांच समिति ने भी स्पष्ट तौर पर कहा है कि पैसों की कमी नहीं की धारणा ने भ्रष्टाचार को चरम पर पहुंचा दिया। क्या सरकार की जिम्मेदारी नहीं बनती थी कि खेल आयोजकों से वह पूछे कि निर्धारित बजट के बावजूद अधिक पैसा खर्च क्यों किया जा रहा है? लेकिन सरकार पूछने के बजाए आंख बंद कर भ्रष्टाचारियों पर जनता की गाढ़ी कमाई लुटाती रही। रिपोर्ट में बताया गया है कि कई ऐसे कार्यो पर धन पानी की तरह बहाया गया, जहां इसकी जरूरत ही नहीं थी। बानगी के तौर पर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भूतल पार्किग पर 27 करोड़ और मेजर ध्यानचंद की पार्किग पर 20 करोड़ खर्च किया गया, जिसका कोई औचित्य ही नहीं था। दूसरी महत्वपूर्ण बात यह कि किसी भी कार्य को समय से पूरा करने के बजाए जान-बूझकर उसमें देरी की गई। सिर्फ इसलिए कि बजट को बढ़ाया जा सके। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर समय पर कार्य पूरा किया गया होता तो कई सौ करोड़ रुपये की बचत की जा सकती थी, लेकिन सरकार द्वारा इस ओर तनिक भी ध्यान नहीं दिया गया। मगर जब भ्रष्टाचार के आरोप में भ्रष्टाचारियों की गर्दन फंसने लगी तो सत्ता मे बैठे हुए लोगों ने खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को ही निशाने पर लेना शुरू कर दिया। इसमें कोई शक नहीं कि महालूट के इस खेल में कलमाड़ी की भूमिका सबसे रोचक और रहस्यात्मक रही है। सच यह भी है कि कलमाड़ी की मनमानी के आगे किसी का जोर नहीं चला, लेकिन सवाल यह उठता है कि सरकार में अगर कोई भी कलमाड़ी की मनमानियों पर रोक लगाने में सक्षम नहीं था तो आखिर इसकी वजह क्या थी? क्या कलमाड़ी के ऊपर किसी और का हाथ था? क्या कलमाड़ी सीधे तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय से नियंत्रित हो रहे थे? शुंगलू समिति की रिपोर्ट तो कुछ ऐसा ही बयां कर रही है। शीला से लेकर पीएमओ तक कॉमनवेल्थ खेल घोटाले की जांच के जो आधिकारिक और गोपनीय निष्कर्ष सरकार के सामने आया है, उसके मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय, दिल्ली का मुख्यमंत्री कार्यालय, दिल्ली का उपराज्यपाल कार्यालय और खेल मंत्रालय की भूमिकाएं भी संदेहों के घेरे में है। रिपोर्ट में आधारभूत ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और दिल्ली के उपराज्यपाल तेजिंदर खन्ना की भूमिका पर उंगली उठाते हुए पीडब्लूडी, सीपीडब्लूडी, एमसीडी और डीडीए के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। शुंगलू समिति की रिपोर्ट पर विश्वास किया जाए तो दिल्ली में फ्लाई ओवर, पुल, बाईपास आदि बनवाने के खेल में खूब धन बनाया गया है। कंपनियों के चयन में मनमानी, अपारदर्शी टेंडरिंग और बढ़ा-चढ़ाकर भुगतान भी किया गया है। परियोजना के कुल बजट का 80 फीसदी हिस्सा अपने चहेते तीन ठेकेदारों को ही अलॉट कर दिया गया। अगर प्रधानमंत्री कार्यालय हस्तक्षेप करने के बजाए जान-बूझकार इस पर चुप्पी साधे रहा तो इसका मतलब तो यही निकलता है कि इस महालूट की स्वीकृति सरकार से मिली हुई थी। ऐसे में सरकार की मंशा और नीयत पर सवाल उठना तो स्वाभाविक ही है। मजे वाली बात तो यह है कि राष्ट्रमंडल खेल में अहम भूमिका निभाने वाले खेल मंत्रालय के अधिकारियों के कारनामों पर शुंगलू समिति ने चुप्पी साध रखी है। सिर्फ कलमाड़ी ही नहीं हैं खिलाड़ी खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष रहे सुरेश कलमाड़ी शुरू से गला फाड़ रहे हैं कि कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए भ्रष्टाचार के लिए सिर्फ वे ही जिम्मेदार नहीं हैं। उन्हें तो सिर्फ बलि का बकरा बनाया जा रहा है। देखा जाए तो कलमाड़ी की बातों में सच्चाई है। अगर आज तक सीबीआइ कलमाड़ी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है तो मानकर चलना चाहिए कि यह संयोग मात्र नहीं है। सच तो यह है कि अगर कलमाड़ी गिरफ्तार किए जाते तो वे उन रहस्यों को उगलने में देर नहीं लगाते, जो अभी तक अपने सीने में दफन हैं। शायद सरकार चलाने वालों को भी यह बात अच्छी तरह मालूम है। मजे वाली बात तो यह है कि अभी तक खेल आयोजन समिति के जिन अधिकारियों को सीबीआइ द्वारा गिरफ्तार किया गया है, उनके खिलाफ आज तक चार्जशीट तक दाखिल नहीं की गई है। और अब तो उन्हें हिरासत से छोड़ा भी जा रहा है। ऐसे में यह अनुमान लगाना गलत नहीं होगा कि केंद्र की संप्रग सरकार शुंगलू समिति की रिपोर्ट पर कुछ कार्रवाई करने नहीं जा रही है। दरअसल, देखा जाए तो महालूट के इस खेल का सबसे बड़ा खिलाड़ी तो सरकार ही है। भला उसे क्या आन पड़ी है कि कानून का डंडा अपनी ही पीठ पर चलाए। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं).
Tuesday, April 5, 2011
शासन तंत्र की ईमानदारी
देश का नागरिक आज पशोपेश में है। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की व्यक्तिगत ईमानदारी निर्विवादित है, परंतु उनके नेतृत्व में चल रही संप्रग सरकार में भ्रष्टाचार का शीर्ष पर होना भी उतना ही निर्विवादित है। इस अंतर्विरोध को कैसे समझा जाए? विषय ईमानदारी को पारिभाषित करने का है। सामान्य तौर पर ईमानदारी को व्यक्तिगत सच्चाई के तौर पर समझा जाता है। जैसे कोई व्यक्ति कहे कि मैं तुम्हें दस रुपये दूंगा और वह रुपये दे दे अर्थात यदि व्यक्ति अपने कथन के अनुरूप आचरण करे तो उसे ईमानदार कहा जाता है, परंतु चोर यदि कहे कि मैं चोरी करने जा रहा हूं तो उसे ईमानदार नहीं कहा जाता है यद्यपि वह अपने कथन के अनुरूप आचरण कर रहा है। दरअसल, ईमानदारी के दो पहलू होते हैं-व्यक्तिगत एवं सामाजिक। ईमानदार उसी को कहा जाना चाहिए जो अपने विचारों के प्रति सच्चा होने के साथ-साथ समाज के प्रति भी सच्चा हो। स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा प्रकाशित दर्शनशास्त्र के विश्वकोष में इस संदर्भ में रोचक उदाहरण दिए गए हैं। यदि व्यक्ति कहे कि वह विलासिता के सिद्धांत के अनुसार व्यवहार करता है तो उसे ईमानदार कहा जाएगा? अथवा व्यक्ति कहे कि धन संचय करने के लिए वह न्याय, मित्रता अथवा सत्य को बाधा नहीं बनने देता है तो उसे ईमानदार कहा जाएगा? या फिर नाजी समर्थक यदि ईमानदारी से यहूदियों का सफाया करे तो उसे ईमानदार कहा जाएगा? तात्पर्य यह कि ईमानदार कहलाने के लिए सामाजिक ईमानदारी जरूरी है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री की ईमानदारी कैबिनेट की ईमानदारी में दिखनी चाहिए। ईमानदार व्यक्ति के आचरण का परिणाम भी ईमानदार होना चाहिए। जैसे चोर ईमानदारी से चोरी करे तो उसका सामाजिक परिणाम झूठा हो जाता है इसलिए चोर को ईमानदार नहीं कहा जाता है। ईमानदार व्यक्ति की समाज के प्रति जवाबदेही भी होती है। जैसे ईमानदार व्यक्ति को बताना होगा कि उसके पास संचित धन का श्चोत क्या था? इसी प्रकार कैबिनेट के मुखिया प्रधानमंत्री को कैबिनेट मंत्रियों द्वारा संचित धन के श्चोतों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। समस्या तब विकट हो जाती है जब नेता दो में से केवल एक मानदंड पर खरा उतरता है। तब हमें चयन करना पड़ता है कि व्यक्तिगत ईमानदारी को ज्यादा महत्व दिया जाए अथवा नीतिगत ईमानदारी को? मुझे मनमोहन सिंह की नीतियां ईमानदार नहीं लगती हैं। उनकी सरकार ने सर्वत्र बड़ी-बड़ी कंपनियों को छूट दे रखी है। ये कंपनियां आम आदमी को मनमोहन सिंह की छतरी तले कुचल रही हैं और मनमोहन सिंह के कानों पर जूं भी नहीं रेंग रही है। पॉस्को स्टील प्लांट एवं जैतापुर परमाणु संयंत्र को जनता के घोर विरोध के बावजूद स्वीकृति दे दी गई है। देश के हितों को किनारे करते हुए अमेरिकी दबाव में ईरान से तेल की पाइपलाइन की योजना को ढीला छोड़ दिया गया है। प्रधानमंत्री के लिए देश हित से ज्यादा महत्वपूर्ण गांधी परिवार है। जनता को राहत पहुंचाने के नाम पर प्रधानमंत्री सरकारी कर्मचारियों की भ्रष्ट एवं स्वार्थी फौज खड़ी कर रहे हैं। मनरेगा के अंतर्गत जनता में ठाले बैठे रहकर आय अर्जित करने की प्रवृत्ति घर कर रही है। खाद्यान्न के घरेलू दाम ऊंचे होने पर इसका आयात करके किसान को लाभ कमाने से वंचित किया जा रहा है। गरीब द्वारा खरीदे गए पंखे और अमीर द्वारा खरीदे गए एयर कंडीशनर पर एक ही दर से टैक्स लगाया जा रहा है। संपूर्ण पहाड़ी गंगा पर बांध बनाकर मृतकों की अस्थियों को सड़े हुए पानी में विसर्जित करने को बाध्य करने की योजना है। देश के आदिवासी क्षेत्रों में वनकर्मियों एवं ठेकेदारों के माफिया से त्रस्त जनता को राहत देने के स्थान पर सेना से कुचलवाने की मुहिम चलाई जा रही है। हमारे ईमानदार प्रधानमंत्री द्वारा ऐसी नीतियां लागू की जा रही हैं जो देश के ऊपरी और मध्यम वर्ग-मुख्यत: सरकारी कर्मियों-के लिए लाभप्रद हैं, जबकि आम आदमी के लिए हानिप्रद। मेरी समझ से मनमोहन सिंह द्वारा प्रमुख जनहितकारी कार्यो में सूचना का अधिकार लागू करना है। ऋण माफी, रोजगार गारंटी, शिक्षा का अधिकार आदि केवल दिखावटी रूप से जनहितकारी है। जिन कारणों से किसान ऋणों से दबे हैं, श्रमिक रोजगार से वंचित हैं और गरीब शिक्षा हासिल नहीं कर पा रहे हैं उन कारणों को दूर करने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। हां, इतना जरूर है कि वह आर्थिक विकास दर बढ़ाने के लिए घरेलू बड़ी कंपनियों को छूट देने को आतुर हैं। मनमोहन सिंह की इस नीति का अंतिम आकलन परिणाम से किया जाना चाहिए। इस समय देश में माओवादी, आरक्षण, भूमिपुत्र आदि आंदोलन पैठ कर रहे हैं। भ्रष्टाचार एवं असंतोष का वातावरण बन रहा है। अत: मुझे मेरे द्वारा किया गया आकलन ठीक लगता है। फिर भी हर कोई ईमानदारी के मूल विषय पर अपने ढंग से विचार करने के लिए स्वतंत्र है। क्या कारण है कि व्यक्तिगत रूप से ईमानदार मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सामाजिक झूठ पनप रहा है? व्यक्तिगत और नीतिगत ईमानदारी के भेद को एक प्रसंग से समझा जा सकता है। किसी समय इंद्र और वृत्तासुर के बीच युद्ध हुआ था। इंद्र यज्ञ करते थे। यहां यज्ञ का अर्थ निवेश से लिया जाना चाहिए। इंद्र ने पहाड़ों को समतल करके खेती करने योग्य बनाया। उनके साथी मरुद् गणों ने व्यापार किया। इंद्र की नीतियां विकासोन्मुख और समाज के लिए हितकारी थीं। इसके विपरीत वृत्तासुर यज्ञ नहीं करता था यानी निवेश नहीं करता था। संभवत: वह समाज की यथास्थिति बनाए रखता था, जैसा सामंतवादी जमींदारों द्वारा किया जाता है। अत: नीतिगत स्तर पर वृत्तासुर पीछे था, परंतु व्यक्तिगत स्तर पर परिस्थिति बिल्कुल विपरीत थी। वाल्मीकि रामायण के उत्तरकांड में कहा गया है कि वृत्तासुर तीनों लोकों को आत्मीय समझ कर प्यार करता था। वह स्थिर प्रज्ञ था। लोक में उसका बड़ा आदर था। अर्थात व्यक्तिगत स्तर पर वृत्तासुर ईमानदार था। व्यक्तिगत स्तर पर इंद्र चंचल थे। उन्होंने तपस्या में लीन वृत्तासुर का छल-कपट से वध किया। वृत्तासुर व्यक्तिगत स्तर पर ईमानदार और सामाजिक स्तर पर जड़ था। इंद्र व्यक्तिगत स्तर पर चंचल, किंतु सामाजिक स्तर पर सकारात्मक थे। हमारी परंपरा में इंद्र को पूजा जाता है, न कि वृत्तासुर को। निष्कर्ष निकलता है कि सामाजिक नीतियां प्रमुख होती हैं और व्यक्तिगत ईमानदारी का दर्जा नीचे है। यही मनमोहन सिंह की समस्या है। वह नुकसानदेह सामाजिक नीतियां लागू कर रहे हैं अत: उनकी व्यक्तिगत ईमानदारी का महत्व नहीं रह जाता है। (लेखक आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ हैं)
राजा के लिए लॉबिंग की बात टाटा ने मानी
केंद्र सरकार में अपनी पसंद के मंत्री बनवाने के लिए कंपनियों की लामबंदी की बात अब पुष्ट हो गई है। देश के प्रमुख्र उद्योगपति रतन टाटा ने स्वीकार किया है कि ए. राजा को संचार मंत्री बनवाने के लिए उन्होंने द्रमुक अध्यक्ष करुणानिधि को चिठ्ठी लिखी थी और इसे कारपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया के जरिए भिजवाया था। संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के सामने पेश हुए टाटा से लगभग तीन घंटे की पूछताछ में स्वीकार किया राडिया के बातचीत में टेप की गई आवाज उनकी है। इसके पहले समिति के सामने पेश हुई नीरा राडिया को जवाब देने के लिए समिति को फटकार और अवमानना का डर दिखाने का सहारा लेना पड़ा। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन की जांच कर रही संसद की लोक लेखा समिति सामने पेश हुए टाटा ने बिना किसी हील हुज्जत के स्वीकार कर लिया कि तत्कालीन संचार मंत्री मारन से उनको दिक्कत आ रही थी और इसीलिए उन्होंने ए. राजा को मंत्री बनवाने के लिए लामबंदी की थी। उन्होंने यूनिटेक वायरलेस को 1600 करोड़ रुपए देने की बात भी स्वीकार की और कहा कि यह राशि उन्हें मय सूद के वापस भी मिल गई थी। लोक लेखा समिति के अध्यक्ष डा. मुरली मनोहर जोशी ने बताया कि उद्योगपति अनिल अंबानी, अतुल झाम (एतिलासात), यूनिटेक के प्रबंध निदेशक एस विर्क, एस टेल सीईओ समित दास से मंगलवार को पूछताछ होगी। टाटा ने इस बात से इंकार किया कि 2जी आवंटन में उनको किसी तरह का लाभ नहीं हुआ। वैसे टाटा इस सवाल का ठीक से जवाब नहीं दे सके कि सरकार से परेशानी आने पर उन्होंने 2001 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पत्र लिखा था, लेकिन इस बार वह मंत्री बनवाने की लामबंदी में क्यों लग गए। इसके पहले समिति के सामने पेश हुई नीरा राडिया ने समिति से कहा कि बातचीत के कुछ टेप से छेड़छाड़ हुई, लेकिन उन्होंने यह स्वीकार किया कि सीबीआइ जो टेप उन्हें सुनवाया है, वह सही है। समिति ने उनसे इस टेप की सूची मांगी है। शुरुआत में राडिया सवालों को टालती रहीं। डॉ. जोशी ने कहा कि राडिया बहुत साफ-साफ तथ्य सामने नहीं रख रही थी। टेप के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कभी कहा कि सुना नहीं, कभी कहा कि याद नहीं। इस पर उन्हें उन्हें यह चेतावनी भी दी गई कि इसके लिए उनको संसदीय अवमानना का सामना भी करना पड़ सकता है|
Friday, April 1, 2011
भ्रष्टाचार से जमीनी संघर्ष
जन लोकपाल बिल के लिए अन्ना हजारे के संघर्ष का महत्व रेखांकित कर रहे हैं लेखक
अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं व विद्वजनों के साथ अन्ना हजारे भी एक दिसंबर से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से लोकपाल बिल लाने की गुहार लगा रहे थे, किंतु प्रधानमंत्री ने एक भी पत्र का जवाब नहीं दिया। थक-हार कर जब अन्ना हजारे ने आमरण अनशन की घोषणा की तब जाकर प्रधानमंत्री ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया। दोनों के बीच 7 मार्च को बैठक हुई। अन्ना के साथ आंदोलनरत दस और लोग थे। भारत के प्रसिद्ध कानूनविद शांतिभूषण ने प्रधानमंत्री से कहा-मैं वकील होने के साथ-साथ कानून मंत्री भी रह चुका हूं। मैंने जन लोकपाल विधेयक का अध्ययन किया है। यह अब तक का सबसे बेहतरीन कानूनी दस्तावेज है। अगर यह कानून लागू कर दिया जाता है तो पांच से दस साल के भीतर भ्रष्टाचार में काफी कमी आ जाएगी। प्रधानमंत्री को यह भी बताया गया कि जन लोकपाल बिल का प्रारूप देश के सबसे योग्य कानूनविदों, प्रशासकों और जांचकर्ताओं ने तैयार किया है। इंटरनेट पर लोगों से मिले सुझावों तथा सार्वजनिक चर्चाओं के आधार पर इस बिल के प्रस्ताव को दसियों बार संशोधित किया जा चुका है। अब कहा जा सकता है कि बिल का मसौदा असल में भारत के लोगों द्वारा तैयार किया गया है। अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री से कहा कि जब बकौल राजीव गांधी देश के कुल सरकारी खर्च का 85 प्रतिशत हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है तो ऐसे में बजट का क्या मतलब रह जाता है। इस पर प्रधानमंत्री ने जवाब दिया कि 13 मई तक उनके पास इस बिल को देखने का समय नहीं है। पहले तो वह बजट सत्र में व्यस्त रहे और इसके बाद चुनावों में। कितने आश्चर्य की बात है कि एक ऐसे समय जब पूरा देश भ्रष्टाचार को लेकर आक्रोशित है, फिर भी प्रधानमंत्री के पास भ्रष्टाचार से निपटने का समय ही नहीं है। ऐसे में वह लोगों के पास जाकर उनसे वोट मांगने की सोच भी कैसे सकते हैं! काफी जोर देने पर प्रधानमंत्री सहमत हुए कि मानसून सत्र में लोकपाल विधेयक पेश किया जाएगा। अगला सवाल था-कौन सा लोकपाल बिल पेश किया जाएगा? प्रधानमंत्री को बताया गया था कि लोकपाल बिल का सरकारी प्रारूप बहुत खराब है। इस बिल को तैयार करने वाले मंत्रियों के समूह में कुछ मंत्रियों की भ्रष्टाचार की पृष्ठभूमि को देखते हुए बिल से कुछ उम्मीद की भी नहीं जा सकती। बैठक में वीरप्पा मोइली भी शामिल थे। उन्होंने सुझाव दिया कि मंत्रियों की एक उप समिति बना दी जाए, जो इंडिया अगेंस्ट करप्शन के सदस्यों के साथ दो बार वार्ता करेगी, उनसे सुझाव लेगी और यह तय करेगी कि इन सुझावों में से किन सुझावों को बिल में शामिल किया जाए। इसके बाद उप समिति मंत्रियों के समूह के समक्ष अपनी रिपोर्ट रखेगी। मंत्रियों का समूह लोकपाल बिल का अंतिम मसौदा तैयार करेगा और इसे मानसून सत्र में पेश किया जाएगा। अन्ना ने मांग रखी कि एक संयुक्त समिति गठित की जाए और वही लोकपाल बिल का प्रारूप तैयार करे। इसके आधे सदस्य नागरिक समाज से होने चाहिए। यह समिति जन लोकपाल बिल को कार्यकारी प्रारूप मानते हुए काम करे। पहले भी संयुक्त समितियों का गठन होता रहा है। महाराष्ट्र में कम से कम सात कानून इसी तरह से बनाए गए हैं। कुछ साल पहले जब 25,000 आदिवासी दिल्ली आए थे तो सरकार ने उसी दिन प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में संयुक्त समिति गठित कर दी थी। यद्यपि प्रधानमंत्री ने आज तक इस समिति की एक भी बैठक नहीं बुलाई है। कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जो सरकार को इस प्रकार की संयुक्त समिति गठित करने से रोके, लेकिन प्रधानमंत्री ने संयुक्त समिति गठित करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने जोर दिया कि मंत्रियों की उप समिति और मंत्रिसमूह ही लोकपाल विधेयक का मसौदा तैयार करेगा। लोकपाल बिल 1968 से संसद में लंबित है। इसे संसद में कई बार पेश किया गया है, किंतु अभी तक पारित नहीं हो पाया है। अब तक संसद में पेश सभी लोकपाल बिल बेहद कमजोर थे। उन्हें भी हमारे माननीय सांसदों ने पारित नहीं होने दिया। इससे पता चलता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ तंत्र विकसित करने में राजनेता ही सबसे बड़ी बाधा हैं। उन्हें डर है कि ऐसा बिल पारित होने पर उनके तमाम काले कारनामे एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के दायरे में आ जाएंगे। पिछले अनुभवों को देखते हुए हम संबंधित मंत्रिसमूह से कैसे अपेक्षा कर सकते हैं कि वह भ्रष्टाचार रोधी कानून बनने से अपने आप पर पड़ने वाले प्रत्यक्ष और विपरीत प्रभाव के लिए तैयार हो जाएगा और पूरी सत्यता व ईमानदारी से प्रभावी लोकपाल कानून का प्रारूप तैयार करेगा। अभी मंत्रिसमूह ने लोकपाल बिल का जो प्रारूप तैयार किया है यदि उसे लागू किया जाता है तो यह भ्रष्ट लोगों को दंडित करने की बजाय उन्हें संरक्षण ही अधिक देगा। इसलिए हर किसी को संदेह है कि क्या गठित मंत्रिसमूह कभी भी मजबूत भ्रष्टाचार विरोधी कानून का सुझाव दे सकेगी। यह बहुत दुखद है कि सरकार शांतिभूषण, प्रशांतभूषण, जस्टिस संतोष हेगड़े, जेएम लिंगदोह जैसे ख्यातिलब्ध लोगों की नि:शुल्क सेवा लेने से इनकार कर रही है। स्वाभाविक है कि सलाह लेना सिर्फ एक औपचारिकता भर है। लोकपाल बिल पर पिछले 42 वर्ष का अनुभव यही बताता है कि भ्रष्ट पृष्ठभूमि वाले हमारे कुछ तथाकथित ईमानदार मंत्रिगण जो अंतिम प्रारूप लाएंगे वह जन लोकपाल बिल से काफी कमजोर होगा। यह हमारा जीवन है जो दांव पर है। यह हमारा धन है जो लूटा जा रहा है। सब जानते हैं कि राजनेता और नौकरशाह भ्रष्ट उद्योगपतियों के साथ मिलकर इस लूट को अंजाम दे रहे हैं। ये लोग कभी भी मजबूत भ्रष्टाचाररोधी कानून खुद से नहीं पारित करने वाले। आज देश भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ मजबूत कार्रवाई की अपेक्षा कर रहा है, न कि समिति के ऊपर नई समितियों के गठन का अनवरत सिलसिला। सरकार से इस बात को मनवाने के लिए अन्ना हजारे पांच अप्रैल से अनशन करने जा रहे हैं। उन्होंने पूरे देश से अपील की है कि सभी लोग कम से कम एक दिन अनशन रखें। उन्होंने प्रधानमंत्री, सोनिया गांधी समेत दूसरे तमाम राजनेताओं को इस दिन अनशन करने और भ्रष्टाचारमुक्त भारत के लिए प्रार्थना करने के लिए आमंत्रित किया है। 73 वर्ष की उम्र में अन्ना खुद अपने लिए जीवन का दांव नहीं लगा रहे हैं। वह हमारे-आपके लिए और भविष्य के हमारे बच्चों के लिए अनशन कर रहे हैं। जब वह अनशन पर बैठे होंगे तो क्या आप अपने घरों में बैठना पसंद करेंगे? मैं उनके साथ जंतर-मंतर पर उपस्थित रहूंगा। मेरी आप सबसे यही प्रार्थना है कि अपने काम से कुछ समय निकालकर हमारे साथ जंतर-मंतर पर शामिल हों। (लेखक मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता हैं)
लूट के लिए फैसलों में की जानबूझ कर देरी
राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के दौरान फैसला लेने में देरी कर टीम कलमाड़ी ने लूट को अंजाम दिया। राष्ट्रमंडल खेल की आयोजन समिति के कामकाज पर वीके शुंगलू की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय समिति की ताजा रिपोर्ट के अनुसार अहम फैसले में जानबूझकर देरी की गई और अंतिम समय में मनचाही कंपनियों को दो से तीन गुना अधिक कीमत पर ठेका दे दिया गया। इस तरह से आयोजन समिति ने सैकड़ों करोड़ रुपये की फिजूलखर्ची की। ओवरले, टीएसआर, विदेशी प्रसारण का अधिकार, विज्ञापन जुटाना, खेल प्रबंधन प्रणाली, खान-पान के काम को अंतिम समय तक जानबूझकर लटकाए रखा गया और अंतिम समय में हायतौबा मचाकर मनचाही कंपनियों को यह ठेके दे दिए गए। अंतिम समय में ठेके देने के कारण न तो कंपनियों से मोलभाव हो पाया और न ही उनके द्वारा सप्लाई किए सामानों की गुणवत्ता की जांच की जा सकी। खेलों के सर पर होने के कारण इन ठेकों पर उंगली उठाने की हिम्मत किसी ने नहीं की। इस तरह टीम कलमाड़ी ने देश को हजार करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगा दिया। शुंगलू समिति के अनुसार राष्ट्रमंडल खेल की तैयारियों के दौरान सारी शक्ति आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और उनके करीबी लोगों तक सीमित थी। कहने को आयोजन समिति में 500 सदस्यों वाली आम सभा और एक कार्यकारी बोर्ड भी था, लेकिन हकीकत में ये दोनों ही सिर्फ नाम भर के लिए थे। शुंगलू समिति ने एक व्यक्ति के आसपास शक्ति के अत्यधिक केंद्रित हो जाने को तमाम गड़बडि़यों के लिए जिम्मेदार ठहराया है। शुंगलू समिति के अनुसार पूरी आयोजन समिति को सुरेश कलमाड़ी मनमाने तरीके से चला रहे थे। आयोजन समिति के कार्यालय में नियुक्तियों से लेकर प्रोन्नति तक में किसी नियम-कानून का पालन नहीं किया गया। आयोजन समिति कार्यालय में नियुक्ति के लिए प्रतिभा के बजाय कलमाड़ी व उनके नजदीकी अधिकारियों की सिफारिश पर ध्यान दिया जाता था। इसके साथ ही शुंगलू समिति ने आयोजन समिति में परामर्शदाताओं और सलाहकारों की नियुक्ति पर सवाल उठाया है। उसके अनुसार जरूरत नहीं होने पर भी सिर्फ खास लोगों को खुश करने के लिए उन्हें परामर्शदाता या सलाहकार नियुक्त कर दिया गया। समिति ने पूर्व विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर को विदेशी सलाहकार के रूप में 13.5 लाख रुपये दिए जाने पर भी सवालिया निशान लगाया ह|
Subscribe to:
Posts (Atom)
