प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हवाला कारोबारी पंकज कपूर के यहां से 9.28 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। ईडी के इतिहास में नकदी की यह सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है। ईडी के सहायक निदेशक राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंकज कपूर पिछले छह महीने के भीतर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की रकम हवाला के मार्फत विदेश भेज चुका है। ईडी ने उसके खिलाफ फेमा कानून के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। राजेश्वर सिंह के अनुसार हवाला का शातिर अपराधी पंकज कपूर बिना तराशे हुए हीरे के आयात और उन्हें तराश कर निर्यात के फर्जीवाड़े के माध्यम से हजारों करोड़ रुपये हर साल विदेश भेज देता था। बिना तराशे हीरे की कीमत काफी कम दिखाई जाती थी और तराशने के बाद उनकी अनाप-शनाप कीमत दिखाई जाती थी। इस तरह रुपये विदेश भेज दिए जाते थे। उन्होंने कहा कि पंकज कपूर का हीरे का पूरा कारोबार फर्जी है और यह सिर्फ हवाला के लिए इस्तेमाल किया जाता था। हीरे के कारोबार की आड़ में वह बाकायदा बैंकों के माध्यम से विदेश में पैसे भेजता था। इस सिलसिले में कुछ बैंकों की भूमिका की जांच की जा रही है। ईडी अधिकारियों के अनुसार कुछ बैंक खातों में पंकज कपूर लगभग हर दिन 10 करोड़ रुपये से अधिक जमा करता था, लेकिन बैंकों ने न तो कभी इस पर कभी संदेह किया और न ही इसकी सूचना भारतीय रिजर्व बैंक को दी। संदेह है कि हवाला के इस कारोबार में इन बैंकों के कुछ अधिकारी भी कपूर के साथ संलिप्त हो सकते हैं। सोमवार को देर रात तक चले आपरेशन की जानकारी देते हुए राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंकज कपूर के दुबई और इंग्लैंड के दो बैंक खातों का पता चला है और इनमें जमा रकम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कपूर के ठिकानों से मिले दस्तावेजों से उसके साथ लेन-देन करने वाली कुछ देशी-विदेशी कंपनियों का पता चला है। इन कंपनियों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही ईडी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पंकज कपूर के माध्यम से कौन-कौन से लोग विदेश में पैसे भेज रहे थे।
Wednesday, June 29, 2011
9.28 करोड़ रुपये बरामद
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment