Saturday, October 15, 2011
येदियुरप्पा पहुंचे जेल
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने विशेष लोकायुक्त न्यायालय के जमीन को गैरअधिसूचित करने के एक मामले में शनिवार को गैरजमानती गिरफ्तारी वारंट जारी करने के उपरांत शुरुआती ढिलाई के बाद अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद अदालत ने उन्हें 22 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत के इस फैसले से राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की साख को तगड़ा झटका लगा है। येदियुरप्पा इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। इससे पहले लोकायुक्त अदालत ने सरकारी भूमि को गैर अधिसूचित करने में कथित अनियमितता के मामले में आज उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। कोर्ट ने येदियुरप्पा मंत्रिमंडल में मंत्री रहे एसएन कृष्णैया शेट्टी की भी जमानत याचिका खारिज कर दी लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री के पु़त्र बी वाई राघवेंद्र और बी वाई विजयेंद्र तथा दामाद सोहन कुमार समेत 14 अन्य आरोपियों को राहत दी। कोर्ट ने शेट्टी को 22 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कोर्ट में जैसे ही फैसला सुनाया गया, वहां मौजूद शेट्टी गिर पड़े। इसके बाद न्यायाधीश ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनका समुचित उपचार कराया जाए। खचाखच भरी अदालत में अपना आदेश सुनाते हुए न्यायाधीश एनके सुधींद्र राव ने जमानत पर छोड़े गए लोगों में से प्रत्येक को निर्देश दिया कि वे पांच लाख रुपए की जमानत राशि भरें, सबूतों के साथ छेड़छाड़ न करें और देश छोड़कर न जाएं। कोर्ट ने येदियुरप्पा और शेट्टी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। येदियुरप्पा खराब सेहत के कारण अदालत में मौजूद नहीं थे पर अदालत ने इसे ध्यान देने योग्य नहीं मानते हुए उन्हें आज ही अदालत में पेश करने का आदेश दिया। इसके बाद येदियुरप्पा ने कानूनी विचार विमर्श किया तथा अदालत में समर्पण करने का निर्णय लिया। भूमि को गैर अधिसूचित करने में अनियमितता का आरोप लगाने वाली शिकायतें अधिवक्ता सिराजिन बाशा ने दर्ज कराई थीं। कोर्ट का आदेश भाजपा और येदियुरप्पा के लिए परेशान करने वाला है। कर्नाटक के इतिहास में पहली बार किसी पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। येदियुरप्पा को दक्षिण भारत में पार्टी की पहली सरकार बनाने का श्रेय जाता है। येदियुरप्पा को गत जुलाई में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया था। (शेष पेज 2)
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment