Sunday, October 2, 2011

भ्रष्टाचार विरोधी जंग में पिछड़े आगे आएं

लखनऊ भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने यहां रविवार को पिछड़े व अति पिछड़े समाज से एकजुट हो भ्रष्टाचार विरोधी जंग में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने सत्ता में आने पर अतिपिछड़ों की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने का आश्र्वासन भी दिया। वह गोमती के तट पर झूलेलाल पार्क में रविवार को हुए सामाजिक न्याय महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसे पिछड़े वर्ग की वोट हासिल करने की बेकरारी ही माने जो राजधानी में चार दिन के भीतर भाजपा के शीर्ष नेताओं ने खुद को पिछड़ों व अतिपिछड़ों का शुभचिंतक साबित करने के लिए कई घोषणाएं की। बीते 29 सितंबर को भी पार्टी ने चारबाग स्थित बाल मंदिर में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ द्वारा सामाजिक न्याय सम्मेलन का आयोजन किया था। उसमें राजनाथ सिंह, उमा भारती, सूर्यप्रताप शाही, सुशील शाक्य व लाल जी टंडन जैसे वरिष्ठ नेताओं ने सपा और बसपा को पिछड़ा विरोधी करार देते हुए भाजपा सरकारों में हुए कार्यो की जानकारी दी थी। ठीक तीन दिन बाद गोमती तट पर भाजपा ट्रेड एंड इंडस्ट्री प्रकोष्ठ एवं साहू राठौर चेतना समिति के संयुक्त तत्वावधान में उन्हीं भाजपा नेताओं ने कमोवेश वहीं बातें दोहराई। पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने साहू समाज को महात्मा गांधी से जोड़ते हुए देश निर्माण में उनकी भूमिका को सराहा। कहा कि गांधी जी के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस उन्हें भूल चुकी है, जबकि भाजपा ही उनके स्वदेशी, स्वराज और ग्रामोत्थान के सिद्धांतों को बढ़ावा दे रही है। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने खुद को पिछड़े वर्ग की बेटी होने पर गर्व की बात दोहराते हुए कहा कि प्रदेश को उत्तम प्रदेश व भारत को विश्र्व शक्ति बनाने के लिए पिछड़ों को आगे आकर अहम भूमिका निभानी होगी। उन्होंने गऊ व गंगा अभियान में भी पिछड़ों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश की राजनीति भी मैली हो चुकी है। इसके शुद्धिकरण की भी जरूरत है। सपा बसपा ने लोहिया व अंबेडकर जैसे महापुरुषों को भूल अपराधियों व भ्रष्टाचारियों को शामिल कर लिया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कलराज मिश्र का कहना था कि दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलने वाले भाजपा ही समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास चाहती है। प्रदेशाध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही व सांसद लालजी टंडन ने पिछड़ों व दलितों के नाम पर वोट की राजनीति करने वाले विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। पिछड़ों को पार्टी में भरपूर सम्मान का आश्र्वासन दिया। प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी व पूर्व सांसद रामनारायण साहू ने आगंतुकों का आभार जताते हुए भाजपा की सत्ता में वापसी को पिछड़ा वर्ग को एक जुट कर कंधे से कंधा मिला सहयोग करने का एलान किया

No comments:

Post a Comment