प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने आंदोलन को धार देने के लिए नई टीम बनाएंगे। वर्तमान टीम के प्रमुख सदस्यों पर आरोप लग रहे हैं कि वे अपने राजनीतिक एजेंडे के तहत अन्ना को बहका कर रहे हैं। ऐसे में सोमवार को हजारे ने यहां कहा कि नई टीम में अल्पसंख्यकों, आदिवासियों, दलितों और युवाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा, पुरानी कोर कमेटी ढाई माह के लिए थी, लेकिन इस बार की कमेटी का कार्यकाल अधिक दिनों का होगा। अन्ना ने पत्रकारों से यहां कहा, हम कोर कमेटी में दलित, मुस्लिम, आदिवासी और समाज के अन्य सभी वर्ग को शामिल करेंगे। किसी को भी यह शिकायत नहीं रहेगी कि उन्हें मौका नहीं मिला। युवाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलेगा। कोर कमेटी पुनर्गठन के संबंध में समय सीमा बताए बिना हजारे ने कहा, सभी मौजूदा सदस्य कोर कमेटी में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के विचार पर सर्वसम्मति से राजी हैं। अन्ना ने सफाई देते हुए कहा, पहले हमने कोर कमेटी में उन कार्यकर्ताओं को शामिल किया, जिन्हें हम व्यक्तिगत रूप से जानते थे और जो भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारे आंदोलन में लंबे समय से जुड़े थे, लेकिन अब हम कोर कमेटी के विस्तार के संबंध में गंभीरता से विचार कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि सभी राज्यों, केंद्रशासित क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व मिले। अन्ना ने कहा कि उन्हें और उनकी टीम को किसी का डर नहीं है। उन्होंने सरकार को चुनौती दी कि उनकी टीम के किसी भी सदस्य ने गलत आचरण या अनियमितता की हो तो उसका सबूत पेश करे। उल्लेखनीय है कि वर्तमान टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य अरविंद केजरीवाल और किरण बेदी पर वित्तीय अनियमितता के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा, जिन लोगों को लोकपाल आंदोलन के खतरे से डर है, वे हमारे समर्थकों और सहयोगियों को निशाना बनाकर टीम को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें डर है कि मजबूत लोकपाल की व्यवस्था लागू हो जाएगी तो उनका राजनीतिक करियर खतरे में पड़ जाएगा। इसके जवाब में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि लोकपाल कानून से भ्रष्टाचार खत्म होने को लेकर अन्ना जरूरत से ज्यादा उम्मीद लगा बैठे हैं। सिर्फ कानून बनाने से कुछ नहीं होगा। शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे ने अन्ना पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि देश में महंगाई को लेकर कांग्रेस के खिलाफ बने माहौल का श्रेय अन्ना खुद न लें।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment