Monday, April 30, 2012
रीता बहुगुणा का करीबी खाद्यान्न घोटाले में गिरफ्तार
यूपी में काम के बदले अनाज योजना में 350 करोड़ के घोटाले की जांच कर रही सीबीआइ ने सोमवार को कांग्रेस की अखिल भारतीय समिति (एआइसीसी) के सदस्य और ट्रांसपोर्टर सरदार दलजीत सिंह व मोहनलालगंज के गोदाम प्रभारी सुरेश धर दुबे को गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के करीबी दलजीत और सुरेश ने पूछताछ में अहम जानकारियां दी हैं, इसके आधार पर जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वहीं,सीबीआइ कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने बिना देर किए दलजीत को पार्टी से निष्कासित कर पल्ला झाड़ लिया। खाद्यान घोटाले में सीबीआइ ने शनिवार को लखनऊ में 13 जगह छापे मारे थे। इससे पहले दो फरवरी को मारे गए छापे में नाका निवासी दलजीत सिंह तथा तत्कालीन गोदाम प्रभारी सुरेश के खिलाफ कई साक्ष्य मिले थे। इसी सिलसिले में दोनों को सोमवार को पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया गया। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। दलजीत का नाम घोटाले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में भी आया था। दलजीत की ही ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास 2004-05 में गोदामों से खाद्यान्न उठाने का ठेका था। सुरेश के पास 2004-05 व 05-06 के बीच मोहनलालगंज के गोदाम का प्रभार था। सीबीआइ को इस बाबत अदालत में 26 अप्रैल को रिपोर्ट पेश करनी है। 2004-2005 में काम के बदले अनाज योजना में करीब 350 करोड़ का घोटाला सामने आया है। आरोप है 18 जिलों में बीपीएल-अंत्योदय योजना के तहत गरीबों को मिलने वाला अनाज व्यापारियों को सस्ते दामों पर बेचा गया, जिसे विदेशों में भी भेजा गया था। मामले की जांच के लिए 2005 में एक जनहित याचिका दायर की गई। जिसके आधार पर अदालत ने 2007 में सीबीआइ जांच का आदेश दिया।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment