Tuesday, December 21, 2010

बिना पैसा दिए नहीं होती पुलिस में भर्ती : पिल्लै

नई दिल्ली, एजेंसी : सर्वोच्च न्यायालय के बाद केंद्रीय गृह सचिव जीके पिल्लै ने भी पुलिस महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार पर निशाना साधा है। पिल्लै का कहना है कि लगभग सभी राज्यों में पुलिस भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार व्याप्त है। लोग तब तक सिपाही या सब इंस्पेक्टर (दारोगा) पद पर नियुक्त नहीं हो पाते, जब तक धन नहीं देते। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस में व्यापक सुधारों के लिए विधेयक संभवत: संसद के बजट सत्र में पेश किया जाएगा। इसके जरिए पुलिस सुधारों की गति तेज होगी। केंद्रीय गृह सचिव ने सोमवार को ब्यूरो आफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उक्त उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने पुलिस महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा कि उन्हें इस बात में जरा भी संदेह नहीं है कि राज्यों में पुलिस बल का दुरुपयोग हुआ है और उसका स्तर गिरा है। हालांकि मुझे इस बात की खुशी है कि उत्तर प्रदेश में 39 हजार सिपाहियों की भर्ती की गई। मैं काफी पारदर्शी ढंग से सोचता हूं। पिल्लै ने कहा, कानून प्रवर्तन एजेंसियों को कानून व्यवस्था के मोर्चे पर उभर रही चुनौतियों के लिए खुद को तैयार करना चाहिए क्योंकि आने वाले वर्षों में स्थितियां काफी गंभीर हो सकती हैं। उन्होंने कहा, देश में अगले दशकों के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति संकटपूर्ण होने जा रही है। इसमें कोई संदेह नहीं है। कोई इंतजार नहीं करना चाहता। आने वाले कुछ दशकों में हम कानून व्यवस्था की संतोषजनक स्थिति का सामना नहीं करेंगे। गृहसचिव ने कहा, देश आठ से नौ प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है। संचार क्रांति हो रही है। लोगों की आकांक्षाएं बढ़ रही हैं और वे जीवन में बेहतर चीजें चाहते हैं। उन्हें बेहतर अवसरों की तलाश है।

No comments:

Post a Comment