भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू हुई एक व्यापक लड़ाई नेताओं और वकीलों के बीच बातचीत की एक संदिग्ध सीडी में उलझ गई है। सीडी प्रकरण सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से लेकर गृह मंत्रालय तक फैल गया। पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण ने इसी सीडी के पीछे पूर्व सपा महासचिव अमर सिंह का हाथ मानते हुए सुप्रीम कोर्ट में अदालत की तौहीन की याचिका दायर कर दी है जबकि गृह मंत्री चिदंबरम ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। शांतिभूषण की अवमानना नोटिस के जवाब में अमर सिंह भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें अवमानना नोटिस देने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने खुली चुनौती दी कि शांतिभूषण अपनी आवाज का सैंपल गृहमंत्रालय को दें। उनके अनुसार सीडी की लैबोरेटरी में जांच हो तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने अन्ना हजारे को भी आगाह किया कि ईमानदार की पहचान करें और राम जेठमलानी जैसे लोगों को शामिल करें जिन्होंने काले धन को लेकर लड़ाई शुरू की थी। सीडी प्रकरण पर अहम मोड़ सोमवार को तब आया जब शांति भूषण ने अमर सिंह को प्रतिवादी बनाते हुए सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दायर कर दी। जबकि दूसरी तरफ अमर सिंह ने दिल्ल पुलिस को चार सीडी सौंपी जिसमें शांति भूषण की बातचीत होने का दावा किया गया है। लोकपाल बिल का मसौदा बनाने वाली साझा समिति के सह-अध्यक्ष शांति भूषण ने अपनी याचिका में कहा कि उनकी, अमर सिंह और मुलायम सिंह की कथित बातचीत की एक फर्जी सीडी बांटी जा रही है। इसमें न्यायपालिका को भी अपमानित करने वाली बातें की गई हैं। भूषण ने याचिका में कहा है कि टेप में एक खास जज का नाम लिए जाने की वजह से यह 2 जी मामले को प्रभावित करने की कोशिश भी हो सकती है। उन्होंने इस सीडी की फारेंसिक लैब में की गई जांच की रिपोर्ट भी कोर्ट को सौंप दी है। इस मामले में दिल्ली पुलिस पर जांच में ढिलाई के आरोप लगने के बाद खुद गृह मंत्री उसके बचाव में उतरे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में भरोसा दिलाया कि वे यह सुनिश्चित करेंगे कि इस मामले की सही और निष्पक्ष जांच हो। अमर सिंह ने थाने जाकर लिखित रूप में शिकायत दर्ज कराई कि शांतिभूषण और प्रशांत भूषण, दोनों गैर कानूनी सीडी बांट रहे हैं। उन्होंने चार अलग अलग तरह की सीडी भी पुलिस में जमा कराईं। अमर सिंह ने कहा कि कुछ वर्ष पहले जब उनकी एक गैर कानूनी सीडी आई थी तो प्रशांत भूषण उसे सार्वजनिक करने की बात कह रहे थे। अब वह खुद इसकी आंच से बचने की कोशिश में जुटे हैं। परोक्ष रूप से उन्होंने कोर्ट के उस निर्णय पर भी सवाल उठाया जिसमें प्रशांत भूषण को एमाइकस क्यूरी बनाया गया था|
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment