आयकर छापे में तीन करोड़ रुपये नकद जब्त होने के बाद चर्चा में आए निलंबित आइएएस दंपती अरविंद और टीनू जोशी 360 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। आयकर विभाग ने मंगलवार को लोकायुक्त को सौंपी रिपोर्ट में कहा है कि दोनों ने यह संपत्ति 1989 से 2010 के दौरान बनाई। रिपोर्ट में जोशी दंपती द्वारा देश भर में खरीदी गई संपत्ति के अलावा शेयर कारोबार, शराब और खाद के धंधे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई है। पिछले साल फरवरी में आयकर छापे में मिले सबूतों के आधार पर आयकर विभाग ने छानबीन शुरू की थी। अरविंद जोशी की बहनों और अन्य परिजन के बैंक खातों में जमा राशि और उनके नाम से खरीदी गई जमीनें व भुगतान के भी सबूतों की जानकारी इस रिपोर्ट में शामिल है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में रिपोर्ट को अंतिम रूप देकर इसे मुख्य सचिव को सौंप दिया गया। रिपोर्ट सेबी और प्रवर्तन निदेशालय को भी भेजी जा रही है। गौरतलब है कि पिछले माह राज्य के लोकायुक्त संगठन ने भी जोशी दंपती के घर की तलाशी ली थी। लोकायुक्त पुलिस ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया था। 3 करोड़ 55 लाख का प्रीमियम : जोशी दंपती आइसीआइसीआइ प्रुडेंशियल में 3 करोड़ 55 लाख का सालाना प्रीमियम जमा करती है। इसमें 50 लाख अरविंद जोशी, 70 लाख उनके बेटे ईशान जोशी, 75 लाख बेटी आसमी जोशी, 51 लाख उनके पिता एचएम जोशी और 1.10 करोड़ मां निर्मला जोशी के नाम से जमा होता है। ईशान और आसमी पढ़ाई कर रहे हैं। हर पॉलिसी में जोशी ने फर्जी पते और गलत नाम दिए। जिन पतों पर यह पॉलिसी पाई गईं वे थे ई-15/3, एफ-68 मिनाल रेसीडेंसी (सीमा जायसवाल का पता) एफ-95 इंद्रप्रस्थ राज होम्स (सीमा जायसवाल के भाई मिराज अली का पता)। सभी पॉलिसी में उत्तराधिकारी या तो जोशी हैं या उनके परिवार के सदस्य। 274 करोड़ का शेयर कारोबार : जोशी ने अपने नाम से 274 करोड़ की फ्यूचर ऑप्शन शेयर ट्रेडिंग की है। अरविंद और टीनू जोशी के नाम से 3 करोड़ रुपये के शेयर मिले हैं। अरविंद के क्रेजी इंफोटेक में 50 हजार शेयर, होन्किल इंडिया लिमिटेड में 10 हजार सहित सेंचुरी, भारती एयरटेल, आइडिया, एनडीटीवी, आइसीआइसीआई, यूटीआई बैंक, आइडीबीआइ बैंक, देना बैंक, पीएनबी, केएस आइल, एचडीएफसी और टाटा स्टील कंपनी में शेयर हैं। जबकि टीनू के पास हिंडाल्को के 1500,जेपी के 1600, इंडियन होटल के 1000 और यूको बैंक के 2000 शेयर हैं। रिश्वत का भी जिक्र : रिपोर्ट के अनुसार जोशी के निवास पर मिले 3 करोड़ रुपये उन्हें रिश्वत में मिली राशि है। जोशी ने दावा किया था कि यह राशि उनके पिता के अरेरा कॉलोनी स्थित मकान के सौदे से मिली थी, लेकिन विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट में सुबूतों के साथ सिद्ध किया है कि यह राशि कहां से और कब मिली। गुवाहाटी में 18 फ्लैट : अरविंद जोशी के पास गुवाहाटी के कामरूप हाउसिंग प्रोजेक्ट में 18 फ्लैट हैं। 1999 से 2004 के बीच रक्षा विभाग में संयुक्त सचिव रहते हुए जोशी श्रीदेव शर्मा ग्रुप के संपर्क में आए। दोनों ने गुवाहाटी में 15 बीघा जमीन खरीदी। कामरुप हाउसिंग प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली के नाम से कंपनी बनाई गई। जोशी के भोपाल में छह फ्लैट और सात प्लॉट हैं। बेटे ईशान के नाम इथोस एक्सपोर्ट प्रा. लिमिटेड कंपनी बनाकर 100 एकड़ भूमि खरीदी। उन्होंने भोपाल, रायसेन, सीहोर, बालाघाट, कान्हा और बांधवगढ़ में भी करीब 400 एकड़ जमीन खरीदी।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment