Thursday, January 20, 2011

रिश्तेदारों की फौज गई थी बेटन लेने


सुरेश कलमाड़ी की पत्नी, सानिया मिर्जा की मां और दिल्ली के उपराज्यपाल के ओएसडी के परिवार का लंदन में क्वींस बेटन रिले आयोजन से क्या रिश्ता है। .. यह उन 52 खास लोगों में शामिल थे जो सरकारी खर्चे पर लंदन गए थे जबकि खेल मंत्रालय ने सिर्फ 36 लोगों को ले जाने की इजाजत दी थी। इन्हीं वीआईपी रिश्तेदारों के लिए ही आयोजन समिति के खजांची संजय महेंद्रू ने होटल क्राउन प्लाजा को आधे से ज्यादा भुगतान एडवांस कर दिया। सानिया की मां नसीमा मिर्जा के कमरे पर दोगुना खर्च आया। सुरेश कलमाड़ी निर्धारित संख्या से डेढ़ गुना ज्यादा लोगों को लंदन ले गए और नियम को रौंद कर इनकी इनकी सेवा टहल पर लाखों खर्च कर दिये। खास लोगों को विदेश घुमा कर पटाना भ्रष्टाचार का पुराना शगल है जिसका इस्तेमाल क्वींस बेटन रिले के दौरान जमकर हुआ। खेल मंत्रालय ने क्वींस बेटन के लिए आयोजन समिति को केवल 36 लोगों को ले जाने की इजाजत दी थी, लेकिन आयोजन समिति ने अपने आप तय कर लिया कि 52 लोग सरकार के खर्चे पर आयोजन की शोभा बढ़ायेंगे। नियमों का यह उल्लंघन खेल मंत्री एमएस गिल की मौजूदगी में हुआ जो कि कलमाड़ी के साथ क्वींस बेटन समारोह की अगुआई कर रहे थे। जांच व ऑडिट आगे बढ़ने के साथ अब खेल मंत्रालय व आयोजन समिति को इन सवालों का जवाब देना मुश्किल हो रहा है। दैनिक जागरण के पास उपलब्ध दस्तावेज बताते हैं कि आयेाजन समिति के कोषाध्यक्ष संजय महेंद्रूक्राउन प्लाजा होटल में 52 कमरे बुक कराये थे। टेनिस स्टार सानिया मिर्जा बेटन लेने वाले खिलाडि़यों में थीं। इसके लिए आयोजन समिति तो उनकी मां नसीमा मिर्जा की आवभगत भी करनी पड़ी। नसीमा जिस कमरे में ठहरीं उसके लिए होटल ने 856 पाउंड लिये थे जो निर्धारित दर से दोगुना था। सूत्र बताते हैं कि सानिया को उनके स्तर से ऊंचा कमरा मिला। सुरेश कलमाड़ी की पत्नी मीरा कलमाड़ी, दिल्ली के उप राज्यपाल तेजेंद्र खन्ना के ओएसडी राजन मुखर्जी दंपती सहित तमाम वीआईपी रिश्तेदारों पर आयोजन समिति को मोटी रकम खर्च करनी पड़ी। क्वींस बेटन आयोजन में जुटे इन अधिकारी, खिलाड़ी और वीआईपी रिश्तेदारों को ठहराने के लिए होटल बुकिंग भी अपने आप में एक घोटाला है। आयोजन समिति के खजांची संजय महेंद्रू ने आयोजन की खर्च समिति से मंजूरी लिए बगैर ही सितंबर 2009 में लंदन के होटल क्राउन प्लाजा को 15000 पाउंड (करीब दस लाख रुपये) का एडवांस भुगतान कर दिया। ठीक एक सप्ताह के बाद क्राउन प्लाजा को करीब 15000 पाउंड का भुगतान दोबारा किया गया। आयोजकों ने पंद्रह दिन बाद अक्टूबर 2009 में क्राउन प्लाजा को 95000 पाउंड का एडवांस भुगतान कर डाला। होटल को अंतिम भुगतान 67000 पाउंड का था और बेटन लेने गई 56 लोगों की फौज के लिए होटल ने करीब 92,399 पाउंड का बिल दिया। जांच एजेंसियां बगैर मंजूरी विदेशी मुद्रा में हुए इतने बड़े एडवांस भुगतानों पर हैरत में हैं और आयोजकों से जवाब तलब कर रही हैं।
 

No comments:

Post a Comment