Wednesday, January 26, 2011

शेयर बाजार में जा सकता है काला धन


विदेशी बैंक में काला धन रखने वालों के नाम उजागर होने की संभावना को देखते हुए सरकार ने देश की प्रमुख नियामक एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। सरकार को इस बात की चिंता है कि कहीं नाम खुलने से पहले ही इन बैंकों से राशि भारत पहुंचाने की कोशिश न हो। ऐसी आशंका है कि विदेशी बैंकों से राशि निकाल कर शेयर बाजार या कॉरपोरेट क्षेत्र में निवेश की जा सकती है। सरकार ने खास तौर पर रिजर्व बैंक और बाजार नियामक एजेंसी सेबी को सतर्क रहने को कहा है। भारत में बाहरी धन आने की गतिविधियों पर ये दोनों एजेंसियां ही नजर रखती हैं। देश में विदेशी स्रोतों से धन आने का दो प्रमुख जरिया है। विदेशी संस्थागत निवेशकों के जरिए शेयर बाजार में निवेश किया जा सकता है या प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के रास्ते भारतीय कंपनियों में निवेश किया जा सकता है। बताते चलें कि विकीलीक्स की वेबसाइट पर स्विस बैंक में गैर-कानूनी तरीके से पैसा रखने वालों के नाम उजागर होने की बात सामने आ रही है। इससे दुनिया भर में हड़कंप है। इसमें कुछ भारतीयों के भी नाम हैं। वैसे भी स्विस बैंक में खाता रखने वाले भारतीयों को लेकर देश में जबरदस्त राजनीति हो रही है। प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा इस बारे में सरकार पर लगातार दबाव बना रही है कि वह उन भारतीयों का नाम उजागर करे जो स्विस बैंक में अकूत धन छिपा कर रखे हुए हैं। पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में सुनवाई करते हुए सरकार के प्रयासों को नाकाफी ठहराते हुए लताड़ लगाई थी। हालांकि सरकार ने खाताधारकों के नाम बताने से फिलहाल साफ इंकार किया है। इसकी वजह से देश में यह मुद्दा काफी संवेदनशील बन गया है। सेबी और आरबीआइ ने इस बात के इंतजाम किए हैं कि विदेशी स्रोतों से आने वाली राशि की कड़ी निगरानी की जाए। विदेशी नियामक एजेंसियों से भी संपर्क बनाया गया है। खास तौर पर रियल एस्टेट और ढांचागत क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है क्योंकि इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा विदेशी स्रोतों से राशि प्राप्त होती है। सूत्रों के मुताबिक विदेशी निवेश के स्रोतों की जांच-पड़ताल करने की एक व्यवस्था देश में पहले से मौजूद है, लेकिन फिलहाल अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। शुरुआत में सिर्फ सेबी और आरबीआइ अपने स्तर पर ही निगरानी कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर अन्य एजेंसियों की भी मदद ली जा सकती है।


No comments:

Post a Comment