Thursday, September 15, 2011

2जी घोटाले की पुन: जांच कर चिदंबरम को भी आरोपी बनाएं

नई दिल्ली जनता पार्टी के अध्यक्ष सुब्रह्मण्यम स्वामी ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की फिर से जांच कराने के साथ ही गृह मंत्री पी. चिदंबरम को भी आरोपी बनाए जाने की मांग की है। स्वामी ने गुरुवार को पटियाला हाउस की विशेष अदालत में अर्जी दाखिल की, जिसमें कहा गया है कि चूंकि स्पेक्ट्रम आवंटन के वक्त चिदंबरम वित्त मंत्री थे और उनकी सहमति से ही आवंटन हुआ। अत: उन्हें आरोपी बनाया जाए। अदालत स्वामी की अर्जी पर 26 सितंबर को सुनवाई करेगी। सुब्रह्मण्यम स्वामी ने विशेष अदालत के न्यायाधीश ओपी सैनी के समक्ष व्यक्तिगत अर्जी दाखिल कर आइपीसी की धारा 311 के तहत चिंदबरम को आरोपी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा, ए.राजा व चिदंबरम ने मिलकर 2जी स्पेक्ट्रम आवंटित किए थे। सीबीआइ ने अपने आरोप पत्र में चिदंबरम का नाम तक नहीं लिया,जबकि तत्कालीन दूर संचार मंत्री और तत्कालीन वित्त मंत्री ने संयुक्त रूप से स्पेक्ट्रम की कीमत और प्रवेश शुल्क 2001 के स्तर तक रखने के बारे में फैसला लिया था। प्रधानमंत्री ने रास में 24 फरवरी 2011 को अपने संबोधन में इसकी पुष्टि की थी। स्वामी ने अदालत से अनुरोध किया कि वह आरोपियों व अन्य लोगों के गठजोड़ को उजागर करने के लिए संबद्ध उन सीबीआई अफसरों की भी जांच करने की मांग की है, जिन्हें अभियोजन एजेंसी ने इरादतन आरोपी नहीं बनाया। उन्होंने इस मामले में खुद को गवाह बनाए जाने का अनुरोध करते हुए कहा, वह अपनी गवाही के जरिए अदालत की जानकारी में कुछ नई चीजें लाना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि स्वामी इस मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय गए थे, पर शीर्ष अदालत ने उनसे कहा कि 2जी घोटाले के लिए विशेष अदालत बनी है वे वहां जाकर अपनी बात रखें

No comments:

Post a Comment