Saturday, September 10, 2011
अमर ने मुंह खोला तो मुश्किल में पड़ेंगे कई
अभिनेत्री से सांसद बनीं जयाप्रदा ने शुक्रवार को दावा किया कि अगर अमर सिंह ने मुंह खोला तो कई लोग मुश्किल में पड़ जाएंगे। पूर्व सपा नेता अमर नोट के बदले वोट कांड में तिहाड़ जेल में बंद हैं। अमर के साथ ही सपा से निष्कासित की गईं जयाप्रदा ने कहा कि मुसीबत के वक्त अमर सिंह से मदद लेने वाले लोग आज उन्हें पीठ दिखा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के रामपुर से सांसद जयाप्रदा ने कहा, अमर जेल में खाना नहीं खा रहे। उन्हें उल्टियां हो रही हैं। जेल के टॉयलेट में साफ-सफाई न होने से उन्हें परेशानी हो रही है। किडनी की बीमारी से जूझ रहे अमर को जेल में संक्रमण का खतरा है। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उन्हें जेल में रखना ठीक नहीं है। जयाप्रदा ने गुरुवार को तिहाड़ जेल में अमर से मुलाकात की थी। जयाप्रदा ने कहा, सरकार बचाने के लिए अमर द्वारा किए गए प्रयास से कई लोगों को फायदा पहुंचा। मुझे न्यायपालिका पर भरोसा है। लेकिन, आम आदमी यह सवाल कर रहा है कि वह जेल में क्यों है? सरकार के विश्वास मत जीतने से उन्हें तो कोई फायदा नहीं हुआ, फायदा उठाने वाले तो और ही हैं। जयाप्रदा ने कहा, सरकार और विपक्ष द्वारा बार-बार निशाना बनाए जाने के बावजूद अमर ने चुप्पी साध रही है। यदि उन्होंने मुंह खोला तो कई लोग मुश्किल में पड़ जाएंगे। लेकिन, वे ऐसे नहीं हैं..वे अपनी बात पर कायम रहते हैं, यही उनका स्वभाव है। अदालत को भेजी अमर की स्वास्थ्य रिपोर्ट वोट के लिए नोट मामले में तिहाड़ जेल में बंद राज्यसभा सांसद अमर सिंह की स्वास्थ्य रिपोर्ट दिल्ली की एक अदालत में पेश की गई। तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने कहा कि अमर का स्वास्थ्य स्थिर है। साथ ही सिंह की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है। शुक्रवार को यह रिपोर्ट फैक्स के जरिये विशेष न्यायाधीश संगीता ढींगरा सहगल को भेजी गई। सिंह को सेंट्रल जेल-3 में रखा गया है। जेल के एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि निगरानी के दौरान सिंह ने कोई चिकित्सकीय शिकायत नहीं की है। जेल अधीक्षक ने बताया कि सिंह को एक अलग वॉर्ड में रखा गया है। दरअसल, सिंह ने चिकित्सकीय आधार पर जमानत अर्जी दी थी। इसके बाद वोट के लिए नोट मामले की सुनवाई के दौरान विशेष अदालत ने जेल अधिकारियों से सिंह की स्वास्थ्य रिपोर्ट पेश करने को कहा था। कोर्ट ने सिंह को 19 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment