Monday, September 5, 2011

रेड्डी बंधुओं के करीबी श्रीरामुलु ने बढ़ाई भाजपा की मुश्किलें

कर्नाटक में रेड्डी बंधुओं के करीबी बी श्रीरामुलु ने रविवार को राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। बताया जाता है कि वह राज्य मंत्रिमंडल में दोबारा मंत्री न बनाए जाने से नाराज थे। इसे भाजपा की नई सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके श्रीरामुलु ने कहा कि अवैध खनन पर लोकायुक्त की रिपोर्ट में नाम आने से उनकी छवि धूमिल हुई है जबकि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। अवैध खनन पर कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त एन. संतोष हेगड़े की रिपोर्ट में रेड्डी बंधुओं जी. जनार्दन और जी करुणाकर के साथ-साथ बेल्लारी ग्रामीण विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके श्रीरामुलु पर भी उंगली उठाई गई है। रिपोर्ट में तीनों को मंत्रिमंडल से बाहर करने की सिफारिश की गई थी। बताया जाता है कि रेड्डी बंधुओं के करीबी श्रीरामुलु को बेल्लारी, रायचूर और चित्रदुर्ग जिले के करीब 40 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। हालांकि उन्होंने इस आशंका को खारिज किया है कि वे रेड्डी बंधुओं के साथ मिलकर गौड़ा सरकार को गिरा सकते हैं। राजनीतिक हलकों में श्रीरामुलु के इस्तीफे को भाजपा पर उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए दबाव बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। अभी मंत्रिमंडल में सात और मंत्रियों को शामिल करने की गुंजाइश है। श्रीरामुलु के भाजपा से इस्तीफे और क्षेत्रीय पार्टी के गठन की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। लेकिन उन्होंने रणनीति का खुलासा करने से इंकार किया है। वह सोमवार से राज्य का दौरा करेंगे और अवैध खनन के मामले में अपने साथ हुए अन्याय के बारे में लोगों को बताएंगे

No comments:

Post a Comment