Tuesday, August 2, 2011

करुणा की पत्नी का सहायक गिरफ्तार

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हार और 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से फजीहत में फंसी द्रमुक को भूमि कब्जाने के मामलों में भी अन्नाद्रमुक सरकार की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को द्रमुक प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि की पत्नी रजथिअम्मल के एक सहायक को जमीन हड़पने के मामले में गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई से आहत द्रमुक ने सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी रमेश को निर्मला देवी और 31 अन्य की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2007 में रमेश ने राजीव गांधी नगर मे उनके घर जबरन खाली कराए। आरोपी ने राजस्व विभाग पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उनके घरों को तोड़कर उन्हें बेचना शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि मद्रास हाई कोर्ट के निर्देश के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। राज्य में ऐसे मामलों की शिकायतों से निपटने लिए अलग से विशेष शाखा बनाई गई है। पुलिस ने सबसे पहले सलेम क्षेत्र के द्रमुक नेता और पूर्व कृषि मंत्री वीरापांडि अरुमुगम को गिरफ्त में लिया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री एमके अलागिरी के करीबी सहयोगियों थलापति और पोट्टू सुरेश को को भी गिरफ्तार किया गया है। केक नेहरू और आई पेरियासामी जैसे पूर्व मंत्रियों के खिलाफ भी भूमि कब्जाने के मामले सामने आए हैं। सत्ता में आने के बाद अन्नाद्रमुक सरकार ने अपने शुरुआती आदेशों में पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार के दौरान भूमि हथियाने के मामलों में कार्रवाई की घोषणा की। राज्य सरकार के पास अब तक ऐसी 2,000 से अधिक शिकायतें चुकी हैं। द्रमुक नेता करुणानिधि ने जयललिता सरकार पर राजनीतिक शत्रुता के चलते कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।


No comments:

Post a Comment