Tuesday, August 30, 2011

आमिर ने रामलीला मैदान में बिताए चार घंटे

नई दिल्ली आमिर खान ने फिर दिखा दिया कि वह बिना किसी की परवाह किए जन आंदोलनों का साथ देते हैं। शनिवार को वह न सिर्फ अन्ना के आंदोलन का समर्थन करने पहुंचे, बल्कि उनके साथ चार घंटे भी बिताकर अपना समर्पण भी जाहिर किया। उनके साथ फिल्म निर्देशक राजकुमार हिरानी भी मौजूद थे। आमिर खान जिस समय रामलीला मैदान पहुंचे, टीम अन्ना बेहद ऊहापोह की स्थिति में थी। कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने कह दिया था कि संसद में कोई प्रस्ताव पास नहीं होगा, सिर्फ चर्चा होगी। टीम अन्ना बैठक से मुंह लटकाए लौटी तो मंच के पीछे बने टैंट में आमिर पहले से मौजूद थे। लेकिन उनका गर्मजोशी से स्वागत करने की स्थिति में कोई नहीं था। टीम अन्ना के लोगों के साथ आमिर भी बैठक के नतीजों पर मंथन करने और आगे की रणनीति बनाने में जुट गए। इस दौरान दूसरे कार्यकर्ताओं की तरह, उन्होंने भी अपनी बातें रखीं। फिर आमिर चले अन्ना की कुटिया की ओर। देर तक उनकी सेहत पर बात करते रहे। मंच पर बताया भी कि जन लोकपाल मसौदे का अध्ययन कर के ही यहां आया हूं। सरकारी बिल से लाख गुना अच्छा है। हर कोई इसका समर्थन करे। उन्होंने यह भी माना कि इस मामले पर सीधे सांसदों को उनके घर पर ही घेरने का विचार उन्होंने ही दिया था। लोगों से कहा कि जब तक यह बिल पास नहीं हो जाता, अपने सांसदों पर दबाव बनाए रखना है। खुद कहा भी कि वे अपने क्षेत्र की सांसद प्रिया दत्त को इस बारे में जरूर कहेंगे। लोगों की मांग पर उन्होंने लगान फिल्म में खुद पर फिल्माया गया गाना सच और साहस है जिसके मन में गा कर भी सुनाया। शाम को उन्होंने अन्ना का आशीर्वाद ले कर वहीं दूसरे मुसलमान साथियों के साथ अपना रोजा खोला। आमिर के आने से पहले दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में भीड़ को संभालने के लिहाज से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। इसकी वजह से अन्ना समर्थकों को काफी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। आमिर पढ़ाएंगे यातायात नियम के पाठ : दिल्ली के चौराहे पर अमीर आपको यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते नजर आएं तो चौंकिएगा नहीं। दिल्ली यातायात पुलिस आमिर खान को भी सड़क सुरक्षा अभियान में शामिल करने जा रही है। शनिवार को अन्ना को समर्थन देने आमिर रामलीला मैदान में आए तो दिल्ली यातायात पुलिस के संयुक्त आयुक्त सत्येंद्र गर्ग ने मौके का फायद उठाकर उन्हें यातायात नियम जागरूकता कार्यक्रम से जुड़ने के लिए सहमत कर लिया। अन्नागीरी पर फिल्म बनाएंगे राजू हिरानी : मुन्ना भाई एमबीबीएस और लगे रहो मुन्नाभाई जैसी फिल्में बनाने वाले राजू हिरानी शनिवार को अप्रत्याशित रूप से आमिर खान के साथ रामलीला मैदान अन्ना के आंदोलन में शिरकत करने पहुंचे। आमिर के साथ-साथ अन्ना व उनके सहयोगियों के साथ करीब एक घंटा उन्होंने मंच पर बिताया और उसके बाद करीब ढाई घंटे मंच के पीछे सिर्फ अन्ना व उनके सहयोगियों के साथ। इसके बाद अन्ना के इस आंदोलन से वह इस कदर प्रभावित हुए कि झट से फिल्म बनाने का फैसला कर लिया है। सूत्रों की मानें तो इस फिल्म में मुख्य किरदार आमिर खान निभाएंगे।


No comments:

Post a Comment