Sunday, August 28, 2011

संसद परिसर में गूंजे अन्ना के समर्थनमें नारे

अन्ना के जन लोकपाल पर संसद में चर्चा को लेकर सत्तापक्ष-विपक्ष की खींचतान के बीच शुक्रवार को एक अन्ना समर्थक न सिर्फ संसद परिसर पहंुच गया, बल्कि भारत माता की जय के नारे भी लगाए। अन्ना समर्थक के हरकत में आते ही सुरक्षाकर्मियोंने उसे कब्जे में ले लिया। आंध्र के कांग्रेस सांसद वेंकटरामी रेड्डी की सिफारिश पर हरियाणा के इस युवक का संसद परिसर में दाखिले का पास बना था। लोकसभा में हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद लगभग तीन बजे केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, सचिन पायलट के अलावा कांग्रेस सांसद जगदंबिका पाल, संदीप दीक्षित और मीनाक्षी नटराजन समेत दर्जन भर सांसद अन्ना के जन लोकपाल व दूसरे मसौदों पर चर्चा न होने के लिए पत्रकार वार्ता में भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। तभी हरियाणा के रोहतक निवासी मंजीत ने अपनी शर्ट उतारी और अकस्मात भारत माता की जय के नारे लगाने लगा। उसकी टी-शर्ट पर अन्ना की तस्वीर थी और मैं अन्ना हूं लिखा था। संसद भवन देखने आए स्कूली बच्चों के पास खड़े युवक के इस तरह की हरकत में आते ही अफरातफरी मच गयी। संसद परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया, फिर भी उसकी नारेबाजी जारी रही। उसने कहा, 74 साल के बूढ़े अन्ना 11 दिन से अनशन पर बैठे हैं और सरकार को उनकी परवाह ही नहीं है। दिल्ली पुलिस व खुफिया अधिकारी मंजीत से पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन देर शाम तक उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।


No comments:

Post a Comment